Home Blog Page 4

सपा के ठहराव से सुशासन और प्रगति के नए दौर तक पहुँचा उत्तर प्रदेश- डॉ.राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मार्च 2017 से प्रदेश में बुनियादी ढाँचे, जनसुविधाओं और विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है। भाजपा सरकार ने सुशासन, स्पष्ट नीतियों और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है।

डॉ. सिंह ने कहा कि सपा सरकार की तुलना में शिक्षा, ऊर्जा और शहरी विकास सहित प्रमुख क्षेत्रों के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। शिक्षा का बजट लगभग ₹48 हजार करोड़ से बढ़कर ₹1.13 लाख करोड़ से अधिक, ऊर्जा क्षेत्र का ₹22 हजार करोड़ से बढ़कर ₹67 हजार करोड़ तथा शहरी विकास का बजट लगभग ₹6 हजार करोड़ से बढ़कर ₹27 हजार करोड़ हो गया है। ये आँकड़े प्रदेश की विकास प्राथमिकताओं और जनसुविधाओं के विस्तार को दर्शाते हैं।

लखनऊ के विकास का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में लखनऊ नगर निगम का बजट लगभग ₹900 करोड़ से बढ़कर ₹5,200 करोड़ हो गया है, यानी करीब 5.5 गुना वृद्धि। यह राजधानी की बढ़ती आवश्यकताओं, आधुनिक शहरी सुविधाओं और विकास कार्यों के विस्तार का प्रमाण है।

सपा पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने के लिए केवल राजनीतिक घोषणाएँ पर्याप्त नहीं होतीं। इसके लिए स्पष्ट नीति, मजबूत नेतृत्व और धरातल पर निरंतर काम करने की प्रतिबद्धता जरूरी है। सपा शासन के ठहराव के मुकाबले श्रद्धेय योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी, निवेश और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सड़कें, मजबूत जनसुविधाएँ और रोजगार के अवसर किसी भी प्रदेश की प्रगति के प्रमुख आधार हैं। योगी सरकार इन क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर प्रदेश की विकास संभावनाओं को लगातार विस्तार दे रही है।

डॉ. सिंह ने कहा कि लखनऊ केवल उत्तर प्रदेश की राजधानी नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति और आधुनिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और विस्तारित जनसुविधाओं के साथ राजधानी को नई पहचान मिल रही है।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि श्रद्धेय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन, विकास और जनकल्याण के नए मानक स्थापित करते हुए विकसित प्रदेश बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा और लखनऊ इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

श्री गुरु रामदास जी के प्रकाश पर्व पर कार सेवा एवं अन्य सेवा कार्यों के लिए बस का लोकार्पण तीन विशिष्ट सेवादारों को ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान : डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्व. एस. गुरुमुख सिंह आनंद के परिवार के सहयोग से गुरुद्वारा आलमबाग की बस का किया लोकार्पण ; मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरण कर बढ़ाया उत्साह, शिक्षा और कौशल विकास को मिला प्रोत्साहन

लखनऊ: गुरुद्वारा आलमबाग में सिखों के चौथे गुरु श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरुद्वारा आलमबाग को प्रदान की गयी बस का लोकार्पण किया। बस का उपयोग कार सेवा एवं अन्य सामुदायिक सेवा कार्यों के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम में गुरबाणी कीर्तन, सेवादारों का सम्मान और संगत की सहभागिता प्रमुख आकर्षण रहे।

सेवा और मानव कल्याण की भावना से जुड़ी इस पहल का उद्देश्य गुरुद्वारे के माध्यम से संचालित होने वाले कार सेवा एवं अन्य सेवा कार्यों को सहयोग प्रदान करना है। बस मिलने से इन गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी और सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरु साहिब की शिक्षाओं में निहित सेवा, विनम्रता, मानवता और परोपकार के मूल्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस पहल को समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा-भाव से जोड़ते हुए स्वर्गीय श्री एस. गुरुमुख सिंह आनंद के परिवार के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा में सेवा को विशेष स्थान प्राप्त है और ऐसे प्रयास समाज में सहयोग तथा सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में संदीप सिंह आनंद का विशेष सहयोग रहा। भाई दविंदर सिंह खानने वाले एवं भाई तरनवीर सिंह रब्बी जी ने मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा परिसर में गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया गया। संगत ने गुरु चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और उनकी शिक्षाओं के अनुरूप सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

तीन सेवादारों को ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए ऑक्सीजन मैन गुरप्रीत सिंह रामी, धर्मबीर सिंह बग्गा (टांडा) एवं गुरप्रीत सिंह बग्गा (सहारनपुर) को संत कश्मीर सिंह भूरी वाले डेरा की ओर से ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने सेवादारों के कार्यों की सराहना की।

छात्रों को बांटे गये लैपटॉप

कार्यक्रम में शिक्षा एवं युवाओं के सशक्तीकरण की दिशा में गुरुद्वारा द्वारा संचालित दशमेश पब्लिक स्कूल के पाँच मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप प्रदान किए। इसके अतिरिक्त युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर का अवलोकन किया गया।

अनेक गणमान्यजन और संगत रही उपस्थित

इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के भूपिंदर सिंह गिन्नी, डीएसजीएमसी के सचिव जस्मन सिंह नानी, को मनजीत सिंह तलवार, बिहार अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य लखविंदर सिंह तथा राजेंद्र सिंह बग्गा लकी उपस्थित रहे।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान निर्मल सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह सरला, राजेंद्र सिंह राजू, इकबाल सिंह, त्रिलोक सिंह तुतेजा, चरनजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह एवं गुरदीप सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में संगत ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का समापन गुरु का अटूट लंगर वितरित किए जाने के साथ हुआ। प्रकाश पर्व के अवसर पर संगत ने गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए सेवा, विनम्रता, सद्भाव और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

डॉ.राजेश्वर सिंह की पहल से सरोजनीनगर में युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन : 187 सप्ताह से निरंतर जारी डॉ. राजेश्वर सिंह का “आपका विधायक-आपके द्वार” अभियान, जनसुनवाई के साथ-साथ साबित हो रही जनकल्याणकारी पहल

लखनऊ। सरोजनीनगर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत लगातार 187वें सप्ताह जनसुनवाई शिविर एवं विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

डिफेंस कॉलोनी, वार्ड खरीका प्रथम, सरोजनीनगर दक्षिण तृतीय मंडल में आयोजित इस शिविर के माध्यम से स्थानीय नागरिकों की समस्याएँ सुनी गईं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

शिविर में सड़क एवं नाली निर्माण, राजस्व विभाग, सोलर लाइट, आर्थिक सहायता, साइकिल, लैपटॉप, बिजली विभाग, सिलाई मशीन, शस्त्र लाइसेंस एवं सीवर लाइन सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। सभी प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से आगे बढ़ाया गया।

निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 70 लोगों की जाँच, 55 वृद्धजनों को मिलेंगे चश्मे

साईं ऑप्टिकल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 70 लोगों की आँखों की जाँच की गई। इनमें से 55 जरूरतमंद वृद्धजनों को हमारी ओर से निःशुल्क चश्मे प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें बेहतर दृष्टि और दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।

युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में नई पहल

युवाओं में खेल भावना विकसित करने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 194वें बॉयज यूथ क्लब एवं 134वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया। बॉयज यूथ क्लब के बच्चों को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट प्रदान की गईं, जबकि गर्ल्स यूथ क्लब की बच्चियों को कैरम, बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल किट वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।

चार विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए मिलीं साइकिलें

शिक्षा को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों की राह आसान बनाने की प्रतिबद्धता के अंतर्गत वैष्णवी शर्मा, सामिया ख़ातून, हिमांशु सिंह एवं सैफ खान को साइकिलें प्रदान की गईं। इस पहल से विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और वे अपनी शिक्षा सुगमता से जारी रख सकेंगे।

डॉ. राजेश्वर सिंह का संकल्प है कि सरोजनीनगर के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए, उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएँ और विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जाए। ‘आपका विधायक, आपके द्वार’ अभियान इसी प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा, जनसंवाद और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

“चाय पर चर्चा” के जरिए सरोजनीनगर में जनसंवाद, विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान पर हुई चर्चा : डॉ राजेश्वर सिंह

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंवाद और जनसमस्याओं के समाधान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वार्ड संख्या 18, सरोजनीनगर द्वितीय के अलीनगर सुनहरा तथा वार्ड संख्या 56, विद्यावती द्वितीय स्थित एलडीए कॉलोनी रोड पर ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। अलीनगर सुनहरा में पार्षद राम नरेश रावत तथा एलडीए कॉलोनी रोड पर पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी के आवास पर आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को सुना गया।

अलीनगर सुनहरा में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कुछ समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया गया तथा अन्य के समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रकरण भेजे गए। दोनों कार्यक्रमों में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

चर्चा के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, “सरोजनीनगर हमारा परिवार है और इस परिवार के प्रत्येक सदस्य की समस्या का समाधान करना हमारी जिम्मेदारी है। हमारा प्रयास है कि हर नागरिक की बात सुनी जाए और उसकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव पहल की जाए। जनसेवा के संकल्प के साथ यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”

पिछले लगभग पौने पांच वर्षों में सरोजनीनगर में 19,000 से अधिक पत्राचार के माध्यम से जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाया गया है। इनमें लगभग 3,900 मांगें सड़क एवं नाली से संबंधित थीं, जबकि 2,200 से अधिक सड़क निर्माण एवं संबंधित कार्य पूरे किए गए हैं। क्षेत्र में ₹48,000 करोड़ की लागत के 5,725 विकास कार्यों को पूरा करने, स्वीकृत कराने और आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य किया गया है।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में विधायक निधि और मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से लगभग ₹27 करोड़ की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। करीब 3,500 आवेदकों में से 2,000 से अधिक लोगों को उपचार के लिए सहायता मिली है। वहीं, शिक्षा के क्षेत्र में 70 विद्यालयों एवं कॉलेजों में डिजिटल लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाओं के विकास तथा 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को साइकिल, टैबलेट और लैपटॉप सहित विभिन्न माध्यमों से प्रोत्साहित करने के प्रयास किए गए हैं।

खेलों के माध्यम से युवाओं को अवसर देने के लिए सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग में 10,000 से अधिक बच्चों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभाग किया है। महिला सशक्तीकरण के लिए तारा शक्ति केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के साथ तारा शक्ति रसोई के जरिए प्रतिदिन हजारों लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। राम रथ के माध्यम से 8,500 से अधिक लोगों को अयोध्या दर्शन का अवसर भी मिला है।

क्षेत्र में एक्सप्रेसवे, फ्लाईओवर, एयरपोर्ट विस्तार, मेट्रो और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं के माध्यम से आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। इन प्रयासों का उद्देश्य क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को मजबूत करना है।

अलीनगर सुनहरा में आयोजित कार्यक्रम में मंडल मंत्री अभय द्विवेदी, मंडल कार्यालय प्रभारी ऋषि राम यादव, मंडल उपाध्यक्ष राहुल मिश्रा, मंडल महामंत्री नीरज श्रीवास्तव एवं राजन गुप्ता, पार्षद राम नरेश रावत, मंडल अध्यक्ष के. के. श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता, विधानसभा संयोजक मुन्ना सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, प्रदीप मिश्रा, कुलदीप कुमार, संतोष देवी, अशोक ओझा, सूर्यप्रकाश मिश्रा, अनिल दुबे, उमाशंकर वर्मा, सौरभ सिंह, विमला परिमार, प्रज्ञा सिंह, नंदनी देवी सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

एलडीए कॉलोनी रोड पर आयोजित कार्यक्रम में सेक्टर संयोजक अनिल तिवारी, बबली त्रिवेदी, अमित शर्मा, सर्वेश पांडे, मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य, पार्षद कौशलेन्द्र द्विवेदी, के. सिंह, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष नीता दीक्षित, वीरेंद्र सिंह, अजेंद्र पांडे, शिखर त्रिवेदी, राकेश श्रीवास्तव, विजयभूषण मालवीय, अरविंद चौबे, मनीष अवस्थी, शिवबालक सिंह चौहान, रामशंकर त्रिपाठी, श्रीराम गुप्ता, पवन चड्ढा, दुर्गेश शुक्ला, गीता वर्मा, शिवम द्विवेदी सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

दोनों कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि जनसंवाद केवल समस्याएं सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल का आधार है। क्षेत्रवासियों के सुझावों और सहयोग के साथ सरोजनीनगर के समग्र विकास तथा जनकल्याण के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात: सौंपे क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई प्रस्ताव

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे।

मुलाकात के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर के तेजी से विकसित हो रहे उन क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया, जहां सड़क, सीवर, नाला और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। पंडित खेड़ा, गौरी और नीलमथा समेत अन्य क्षेत्रों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के विशेष अवस्थापना विकास पैकेज की स्वीकृति का अनुरोध किया गया। इसमें करीब 404.18 करोड़ रुपये के आकलित आवश्यक कार्यों को भी शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।

जलभराव और यातायात व्यवस्था का मुद्दा

शहरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 10 प्रमुख नालों के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति दिए जाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। वहीं, अवध विहार योजना और अंसल API क्षेत्र के निवासियों की शहीद पथ तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए शहीद पथ पर रैम्प निर्माण की मांग की गई।

चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बंगला बाजार की ओर से शहीद पथ के ऊपर बिजनौर रोड की दिशा में एलिवेटेड रोड निर्माण का प्रस्ताव भी सौंपा गया।

एयरो सिटी और AI City परियोजनाओं में तेजी की मांग

विधायक ने सरोजनीनगर के आर्थिक एवं तकनीकी विकास से जुड़ी अमौसी Aero City और नादरगंज AI City परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा इनके कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही किसानों और कृषि व्यापार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बंथरा मंडी क्षेत्र में विशिष्ट मंडी स्थल के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की मांग रखी गई।

‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ का प्रस्ताव

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सिख गुरुओं के इतिहास, त्याग और बलिदान को समर्पित प्रस्तावित ‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ को राज्य कार्य योजना 2026-27 में शामिल करने और इसके लिए आवश्यक स्वीकृति एवं धनराशि उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।

इसके अलावा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए कार्यरत बिजली कर्मियों पर पूर्व में की गई कार्रवाई वापस लिए जाने से संबंधित विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना। मुलाकात के दौरान सरोजनीनगर के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, जल निकासी, औद्योगिक एवं तकनीकी विकास तथा जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।