
लखनऊ: गुरुद्वारा आलमबाग में सिखों के चौथे गुरु श्री गुरु रामदास जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरुद्वारा आलमबाग को प्रदान की गयी बस का लोकार्पण किया। बस का उपयोग कार सेवा एवं अन्य सामुदायिक सेवा कार्यों के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम में गुरबाणी कीर्तन, सेवादारों का सम्मान और संगत की सहभागिता प्रमुख आकर्षण रहे।

सेवा और मानव कल्याण की भावना से जुड़ी इस पहल का उद्देश्य गुरुद्वारे के माध्यम से संचालित होने वाले कार सेवा एवं अन्य सेवा कार्यों को सहयोग प्रदान करना है। बस मिलने से इन गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी और सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने गुरु साहिब की शिक्षाओं में निहित सेवा, विनम्रता, मानवता और परोपकार के मूल्यों को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने इस पहल को समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा-भाव से जोड़ते हुए स्वर्गीय श्री एस. गुरुमुख सिंह आनंद के परिवार के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुरु परंपरा में सेवा को विशेष स्थान प्राप्त है और ऐसे प्रयास समाज में सहयोग तथा सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में संदीप सिंह आनंद का विशेष सहयोग रहा। भाई दविंदर सिंह खानने वाले एवं भाई तरनवीर सिंह रब्बी जी ने मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा परिसर में गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया गया। संगत ने गुरु चरणों में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और उनकी शिक्षाओं के अनुरूप सेवा तथा मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
तीन सेवादारों को ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट सेवा कार्यों के लिए ऑक्सीजन मैन गुरप्रीत सिंह रामी, धर्मबीर सिंह बग्गा (टांडा) एवं गुरप्रीत सिंह बग्गा (सहारनपुर) को संत कश्मीर सिंह भूरी वाले डेरा की ओर से ‘फख्र-ए-कौम’ सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से आयोजित इस सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने सेवादारों के कार्यों की सराहना की।
छात्रों को बांटे गये लैपटॉप

कार्यक्रम में शिक्षा एवं युवाओं के सशक्तीकरण की दिशा में गुरुद्वारा द्वारा संचालित दशमेश पब्लिक स्कूल के पाँच मेधावी विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप प्रदान किए। इसके अतिरिक्त युवाओं को आधुनिक कौशल से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिजिटल एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर का अवलोकन किया गया।
अनेक गणमान्यजन और संगत रही उपस्थित

इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के भूपिंदर सिंह गिन्नी, डीएसजीएमसी के सचिव जस्मन सिंह नानी, को मनजीत सिंह तलवार, बिहार अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य लखविंदर सिंह तथा राजेंद्र सिंह बग्गा लकी उपस्थित रहे।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान निर्मल सिंह, रतपाल सिंह गोल्डी, हरजीत सिंह सरला, राजेंद्र सिंह राजू, इकबाल सिंह, त्रिलोक सिंह तुतेजा, चरनजीत सिंह, भूपिंदर सिंह, परमजीत सिंह, परविंदर सिंह एवं गुरदीप सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में संगत ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन गुरु का अटूट लंगर वितरित किए जाने के साथ हुआ। प्रकाश पर्व के अवसर पर संगत ने गुरु साहिब की शिक्षाओं से प्रेरणा लेते हुए सेवा, विनम्रता, सद्भाव और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


































