Home Blog Page 1142

IND vs AUS, ऑस्ट्रेलिया का स्टार खिलाड़ी हुआ फिट, भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट में लौटने को तैयार

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज के पहले मुकाबले को टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है। सीरीज के पहले मैच में मिली जीत के कारण भारतीय टीम इस सीरीज में 1-0 से आगे चल रही है। इस सीरीज में खराब शुरुआत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम काफी परेशान नजर आ रही है। स्टार गेंदबाज जोश हेजलवुड इंजरी के कारण दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे इसी बीच भारत के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के दूसरे टेस्ट मैच से पहले, ऑस्ट्रेलिया को एक बड़ी राहत मिली है। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मिशेल मार्श ने 6 दिसंबर से एडिलेड में शुरू होने वाले टेस्ट मैच के लिए खुद को फिट घोषित कर दिया है।

इस खिलाड़ी को किया गया था शामिल

मिशेल मार्श को पर्थ टेस्ट की दूसरी पारी में गेंदबाजी करते वक्त दिक्कत महसूस हुई थी, और इसके बाद उनके दूसरे मैच के लिए फिट होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह तस्मानिया के अनकैप्ड ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर को टीम में शामिल किया था। हालांकि, अब मार्श ने खुद को फिट बताते हुए पिंक बॉल टेस्ट के लिए खेलने की अनुमति दे दी है। यह खबर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट फैंस के लिए राहत की बात है, क्योंकि जोश हेजलवुड को साइड स्ट्रेन के कारण पहले ही बाहर हो चुके हैं। हेजलवुड के स्थान पर ऑस्ट्रेलिया ने सीन एबॉट और अनकैप्ड ब्रेंडन डॉगेट को टीम में शामिल किया है। अब, तेज गेंदबाजी आक्रमण में पैट कमिंस और मिशेल स्टार्क के साथ-साथ अनुभवी स्कॉट बोलैंड को भी शामिल किया जा सकता है।

साबित करनी होगी फिटनेस

यदि मिशेल मार्श ट्रेनिंग सेशन में अपनी फिटनेस को साबित करने में सफल होते हैं, तो उनकी प्लेइंग इलेवन में वापसी की उम्मीद है। पर्थ में 295 रनों से हारने के बाद, ऑस्ट्रेलिया अपने प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव नहीं करेगा। टीम इस समय अपनी पूरी ताकत से भारत के खिलाफ अगले टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी। इस मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए यह राहत की बात है कि मार्श फिट हो गए हैं, और अब उनकी वापसी से टीम को काफी फायदा हो सकता है।

दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड

ऑस्ट्रेलिया: उस्मान ख्वाजा , नाथन मैकस्वीनी, मार्नस लाबुशेन, स्टीवन स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिशेल मार्श, एलेक्स केरी (विकेट कीपर), मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), नाथन लियोन , जोश इंग्लिस, स्कॉट बोलैंड, सीन एबॉट, ब्यू वेबस्टर, ब्रेंडन डॉगेट।

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुबमन गिल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली , ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, नितीश रेड्डी, रविचंद्रन अश्विन, आकाश दीप, जसप्रित बुमरा , मोहम्मद सिराज, सरफराज खान, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जड़ेजा, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर, अभिमन्यु ईश्वरन।

चीन की चाल में फंसा नेपाल! ओली सरकार ने स्वीकार की 2 करोड़ अमेरिकी डॉलर की मदद।

काठमांडू: नेपाल ने चीन से अनुदान सहायता के रूप में दो करोड़ अमेरिकी डॉलर की परियोजनाएं स्वीकार की हैं। यह जानकारी तब सामने आई है जब प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली चीन की यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री के तौर पर चौथी बार पदभार ग्रहण करने के बाद यह ओली की पहली चीन यात्रा है। सूचना एवं संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने संवाददाताओं से कहा कि चीन से अनुदान सहायता के रूप में दो करोड़ अमेरिकी डॉलर (लगभग 2.70 अरब नेपाली रुपये) की परियोजनाओं को स्वीकार करने का निर्णय लिया गया है।

चीन की यात्रा पर हैं पीएम ओली

सरकारी प्रवक्ता गुरुंग के अनुसार, इसके अलावा मंत्रिमंडल ने चीन सरकार द्वारा प्रस्तावित 5.60 अरब नेपाली रुपये मूल्य की परियोजनाओं के लिए 30 करोड़ चीनी युआन (लगभग 41 लाख अमेरिकी डॉलर) की राशि स्वीकार करने का भी निर्णय लिया है। नेपाल के प्रधानमंत्री ओली सोमवार को ही चीन की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए हैं। इस यात्रा के दौरान उनका चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर बातचीत करने का कार्यक्रम है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ओली अपने चीनी समकक्ष ली क्विंग के निमंत्रण पर बीजिंग की यात्रा कर रहे हैं।

पीएम ओली ने कहा क्या था?

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली चीन दौरे से पहले कह था कि उनकी यात्रा के दौरान ऋण के संबंध में कोई समझौता नहीं होगा। ओली ने साफ कहा था, ‘‘हम अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर किसी भी देश या एजेंसी से ऋण या अनुदान तब लेते हैं, जब हमें इनकी जरूरत होती है। हमें इस आधारहीन अफवाह से प्रभावित नहीं होना चाहिए कि देश को कर्ज के बोझ तले फंसाने के लिए ऋण लिया जा रहा है।’’ उन्होंने कहा था, ‘‘चीन के साथ हमारे मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। हम संप्रभुता, स्वतंत्रता और आजादी के साथ-साथ राष्ट्र कल्याण और वैश्विक कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं।’’

बांग्लादेश ने अपनी टीम का किया ऐलान, शाकिब अल हसन को इस कारण किया गया बाहर।

WI vs BAN: बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का आयोजन किया जाना है। इस सीरीज के लिए बांग्लादेश ने अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस सीरीज के लिए बांग्लादेश के स्क्वाड में कई सीनियर खिलाड़ी मौजूद नहीं हैं। जिसके कारण बांग्लादेश को भारी नुकसान हो सकता है। बांग्लादेश के कई खिलाड़ी चोटिल हैं। इस सीरीज का पहला मुकाबला 8 दिसंबर से खेला जाएगा। इस सीरीज में कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। टीम को नया कप्तान मिला है।

बांग्लादेश के कई खिलाड़ी हुए चोटिल

बांग्लादेश ने वनडे सीरीज के लिए मेहदी हसन मिराज को कप्तान बनाया गया है। वहीं टीम के नियमित कप्तान नजमुल हुसैन शांतो इंजरी के कारण टीम से बाहर हैं। शाकिब अल हसन भी स्क्वाड का हिस्सा नहीं हैं। शाकिब अल हसन ने भी अपनी अनुपस्थिति का कारण बताया है कि वह देश के लिए खेलने की मानसिक स्थिति में नहीं हैं। जिसके कारण वह टीम से बाहर हैं। तौहीद ह्रदय को फुटबॉल खेलते समय कमर में चोट लगी थी, जिसके चलते वह भी इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। मुशफिकुर रहीम और मुस्ताफिजुर रहमान भी अपनी चोटों और निजी कारणों के चलते चयन से बाहर हैं। हालांकि, टीम के लिए राहत की बात यह है कि लिटन दास, जो नवंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर थे, इस सीरीज में वापसी कर रहे हैं।

शाकिब ने कही ये बात

शाकिब अल हसन ने सितंबर में टेस्ट और टी20 से संन्यास ले लिया था और वह अफगानिस्तान के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज भी नहीं खेल पाए थे। हालांकि, बीसीबी अध्यक्ष फारुक अहमद ने कहा कि शाकिब को जब भी वह तैयार होंगे, टीम में वापस लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह अभी भी टीम के लिए खेल सकते हैं, लेकिन उन्हें मानसिक रूप से तैयार होना पड़ेगा, क्योंकि किसी फ्रेंचाइजी के लिए खेलना और राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना अलग चीजें हैं। वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 8 दिसंबर से शुरू होकर 12 दिसंबर को खत्म होगी। सभी मैच सेंट किट्स में खेले जाएंगे।

बांग्लादेश की वनडे टीम: मेहदी हसन मिराज (कप्तान), लिटन दास (विकेटकीपर), तंजीद हसन, सौम्य सरकार, परवेज हुसैन, महमूदुल्लाह, जकर अली, अफीफ हुसैन, रिशाद हुसैन, नसुम अहमद, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, शोरफुल इस्लाम, तंजीम हसन, नाहिद राणा।

कराची से लाहौर तक, पाकिस्तान में इंटरनेट की स्पीड हुई धीमी; जानिए इसके पीछे की वजह

इस्लामाबाद: पाकिस्तान में इंटरनेट यूजर्स को विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफार्म का उपयोग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट से इस बारे में जानकारी मिली है। व्हाट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और टिकटॉक जैसे प्लेटफॉर्म या तो निलंबित कर दिए गए हैं या धीमी गति से काम कर रहे हैं। यूजर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक सीमित पहुंच से बेहद निराश हैं। लगभग 52 प्रतिशत यूजर्स ने संदेश भेजने में हो रही परेशानियो के बारे में बताया है। ‘डॉन’ अखबार के अनुसार, कराची, लाहौर, इस्लामाबाद, पेशावर और देश के अन्य हिस्सों में भी इंटरनेट से जुड़ी परेशानियां देखने को मिल रही हैं।

इंटरनेट की स्लो स्पीड

पाकिस्तान में लोगों को इंटरनेट की स्लो स्पीड का सामना करना पड़ रहा है, ऐसा इसलिए क्योंकि सरकार ने सोशल मीडिया ऐप पर राष्ट्र विरोधी सामग्री की निगरानी के लिए कथित तौर पर सुरक्षात्मक उपाय के तहत ‘फायरवॉल’ स्थापित किए हैं। सरकार ने लोगों की शिकायतों को तवज्जो नहीं दी। सरकार ने ‘फायरवॉल’ की स्थिति के बारे में चिंताओं को ‘‘बेहद बढ़ा-चढ़ाकर बताई गईं’’ कहकर खारिज कर दिया।

‘पाकिस्तान में हर दिन होते हैं लाखों साइबर हमले’

सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार राज्य मंत्री शाजा फातिमा ख्वाजा ने रविवार को ‘जियो न्यूज’ से कहा कि ‘फायरवॉल’ की स्थिति को ‘‘बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है और देश में 10 वर्षों से एक वेब प्रबंधन प्रणाली जारी है।’’ मंत्री ने कहा, ‘‘किसी देश के अपनी साइबर सुरक्षा पर काम करने में कोई विवाद नहीं है।’’ उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अलग-अलग साइबर सुरक्षा तंत्रों का इस्तेमाल करती है। फातिमा ने कहा कि चूंकि पाकिस्तान को हर दिन ‘‘लाखों साइबर हमलों’’ का सामना करना पड़ता है, इसलिए देश में आतंकवादी गतिविधियों का पता लगाना कठिन होता जा रहा है।

ऐश्वर्या-अभिषेक के तलाक की अफवाहों के बीच बिग बी का एक शब्द वाला ट्वीट वायरल, मचाई खलबली

ऐश्वर्या और अभिषेक इन दिनों अपने तलाक की अफवाहों की वजह से सुर्खियों में है। कपल की शादी 2007 में हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ सालों से बच्चन परिवार के बेटे-बहू अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। अभिषेक और ऐश्वर्या के अलग होने को लेकर खूब कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक दोनों इस मामले में अपनी चुप्पी साधे हुए हैं। इसी बीच बिग बी का एक ट्वीट चर्चा में आ गया है जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस एक शब्द के ट्वीट ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।

अमिताभ बच्चन का ट्वीट हुआ वायरल

हाल ही में कुछ दिन पहले अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर ऐश्वर्या और अभिषेक के तलाक की खबरों पर रिएक्ट किया था और अब फिर से उन्होंने अपने एक ट्विटर पोस्ट से खलबली मचा दी है। उन्होंने एक गुस्से भरा ट्वीट किया, जिससे सभी को हैरानी हो रही है। लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या यह अभिषेक और ऐश्वर्या के बारे में लगातार चल रही तलाक की चर्चा का जवाब था। 2 दिसंबर, 2024 को अमिताभ ने ‘चुप’ शब्द वाला एक ट्वीट किया, जिसके बाद गुस्से वाला इमोटिकॉन लगाया था। खैर, ये ट्वीट ऐश्वर्या राय द्वारा अपने नाम से ‘बच्चन’ हटाने के बाद आया।

ऐश्वर्या-अभिषेक डिवोर्स रूमर्स पर अमिताभ

यह 21 नवंबर, 2024 की बात है जब अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने ‘असत्य’ और ‘अटकलों’ के बारे में बात की। अभिनेता ने कहा कि वह अपने परिवार के बारे में ज्यादा बात नहीं करते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि परिवार की प्राइवेसी ज्यादा जरूरी है। ‘असत्य और सत्य’ के बारे में बात करते हुए, अमिताभ ने साझा किया कि ‘लोग अक्सर अटकलों और असत्यापित सत्य के साथ प्रश्न चिह्न का उपयोग करते हैं जो उनके लिए एक कानूनी सुरक्षा की तरह काम करता है, लेकिन यह दूसरों के मन में कई तह के सवालों का बीज बोता है।’

ऐश्वर्या राय ने हटाया बच्चन सरनेम

कुछ दिन पहले की बात है जब ऐश्वर्या राय बच्चन दुबई में एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। जहां एक्ट्रेस को केवल उनके पहले नाम से ही संबोधित किया गया था और स्क्रीन पर भी बच्चन के बिना ‘ऐश्वर्या राय’ दिखाया गया था। इस तरह की घटना ने एक बार फिर उनके अभिषेक बच्चन से अलग होने की चर्चा को हवा दे दी। इस बीच, SIIMA अवार्ड्स का एक और वीडियो फिर से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें कबीर खान ऐश्वर्या को स्टेज पर केवल उनके पहले नाम से बुलाते हुए दिखाई दिए, न कि ‘ऐश्वर्या राय बच्चन’ से।