उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन एजेन्सियों व उड़नदस्तों द्वारा अवैध शराब, नकदी आदि की जब्ती संबंधी निर्देशों का किया जा रहा कड़ाई से अनुपालन
01 मार्च से 22 अप्रैल तक कुल 31898.16 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग, बहुमूल्य धातुएं व नकदी जब्त की गयी
22 अप्रैल को कुल 239.20 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग व नकदी जब्त
लखनऊ: प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, नवदीप रिणवा ने बताया कि उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन एजेन्सियों व उड़नदस्तों द्वारा अवैध शराब, नकदी आदि की जब्ती संबंधी आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 16 मार्च, 2024 को लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की निर्वाचन तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, भयमुक्त, प्रलोभनमुक्त, समावेशी व सुरक्षित मतदान कराने के लिए पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आबकारी, आयकर, पुलिस एवं नार्कोटिक्स विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 01 मार्च से 22 अप्रैल, 2024 तक कुल 31898.16 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग, बहुमूल्य धातुएं व नगदी आदि जब्त किये गये। इसमें 3123.56 लाख रुपये नकद धनराशि, 4279.08 लाख रुपये कीमत की शराब, 21177.55 लाख रुपये कीमत की ड्रग, 2161.59 लाख रुपये कीमत की बहुमूल्य धातुएं एवं 1156.38 लाख रुपये कीमत की अन्य सामग्री जब्त की गयी। आबकारी, आयकर, पुलिस एवं नार्कोटिक्स विभाग एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा 22 अप्रैल, 2024 को कुल 239.20 लाख रुपये कीमत की शराब, ड्रग व नगदी आदि जब्त किया गया। इसमें 154.97 लाख रुपये नकद धनराशि, 56.43 लाख रुपये कीमत की 21047.32 लीटर शराब, 27.80 लाख रुपये कीमत की 297572 ग्राम ड्रग जब्त की गयी।
22 अप्रैल, 2024 को प्रमुख जब्ती में जनपद हमीरपुर की हमीरपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 23.09 लाख रुपये नकद, जनपद झांसी की झांसी नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 31.85 लाख रुपये नकद तथा जनपद कानपुर नगर की आर्य नगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 71 लाख रुपये नकद धनराशि पकड़ी गयी। इसके अतिरिक्त जनपद बिजनौर की चांदपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में 22.32 लाख रुपये अनुमानित कीमत की 279000 ग्राम ड्रग पकड़ी गयी।
गोरखनाथ मंदिर में हनुमान जी के दोनों विग्रहों के समक्ष सीएम योगी ने की लोकमंगल की प्रार्थना
हनुमत के प्रकटोत्सव के दिन सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में बजरंग बली की प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया और आरती उतारी
गोरखपुर: मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने चैत्र शुक्ल पूर्णिमा, हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सुखदायक और शोकनाशक श्रीहनुमत महाप्रभु की विधि विधान से आराधना की। सभी नागरिकों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं देने के साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके अरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन के लिए प्रभु हनुमान से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री हनुमान जयंती के पावन पर्व पर सभी लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। इसे लेकर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी लिखा। “श्री हनुमान जयंती की प्रदेश वासियों एवं सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं! अष्ट सिद्धि और नौ निधियों के दाता, प्रभु श्री राम के अनन्य भक्त, श्री हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे। संपूर्ण सृष्टि में सुख-शांति व समृद्धि का वास हो, उनसे यही प्रार्थना है। ॐ हनुमते नमः”
लोकसभा चुनाव में पार्टी (भाजपा) के लिए प्रचार में सीएम योगी की व्यस्तता देशव्यापी है। प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों में भी यह ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। युद्धस्तरीय चुनावी व्यस्तता के बीच सोमवार को अलीगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जनसभा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को गोरखपुर पहुंचे। गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने तथा अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर माथा टेकने के बाद उन्होंने रात विश्राम गोरखनाथ मंदिर में किया। मंगलवार सुबह सीएम योगी की परंपरागत दिनचर्या में हनुमान जयंती पर विशेष आराधना भी शामिल रही। चैत्र शुक्ल पूर्णिमा को होने वाले श्री हनुमत के प्रकटोत्सव के दिन उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में बजरंग बली की प्रतिमा के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन किया और आरती उतारी। गोरखनाथ मंदिर में हनुमान जी के दो विग्रह स्थापित हैं। मुख्यमंत्री ने दोनों विग्रहों के समक्ष आराधना कर हनुमान जी से लोकमंगल की प्रार्थना की।
स्थानीय जिम्मेदारों की मिलीभगत से नाका थाने से चंद कदमों की दूरी में शराब बेचने वाली महिला गिरफ्तार
खबर वायरल होने के बाद आबकारी विभाग ने लिया मामले का संज्ञान
विदेशी मदिरा बेचने वाली महिला को आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में रंगे हाथों पकड़ा गया
लखनऊ: लोकसभा चुनाव की अधिसूचना इस समय पूरे देश में लगी हुई है और पहले चरण का मतदान भी शुक्रवार 19 अप्रैल को हो गया है। उत्तरप्रदेश की 8 लोकसभा सीटों में सकुशल मतदान सम्पन्न होने का प्रेस नोट भी निर्वाचन आयोग ने जारी किया है। ऐसे में हमारी अपनी भी जिम्मेदारी है कि अगर हमारे आसपास किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि होती है तो उसकी जानकारी सम्बन्धित जिम्मेदारों को देकर उस अनैतिक कृत्य को बन्द करवाने में समाज के प्रति समर्पित हों। शुक्रवार को नाका थानाक्षेत्र में पान मसाले की एक दुकान में अवैध शराब बेचने का ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसके बाद मामले को tweet किया गया और Tweet के बाद सम्बन्धित जिम्मेदार अपनी कुंभकर्णी नींद से जागे भी और त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात चारबाग क्षेत्र में सघन चेकिंग भी हुई और खासतौर से मूलतः लखीमपुर निवासी उस महिला को भी पकड़ा जो ऐशबाग में रहती है और नाका थानाक्षेत्र में अपनी पान मसाले की दुकान की आड़ में विदेशी मदिरा और बीयर जैसी मादक पदार्थों को रातभर बेचती थी। महिला के खिलाफ सम्बन्धित थाने में अभियोग पंजीकृत करते हुए जिम्मेदारों ने गिरफ्तार किया है।
जिला आबकारी अधिकारी, लखनऊ राकेश कुमार सिंह के निर्देशन में अपराध निरोधक सेक्टर-7 व सेक्टर-8 लखनऊ की संयुक्त टीम द्वारा विजय कुमार शुक्ल आबकारी निरीक्षक के नेतृत्व में मयस्टॉफ थाना-हुसैनगंज व थाना-नाका अंतर्गत चारबाग़ क्षेत्र में संदिग्ध परचून दुकानों, ठेलों एवं स्टेशन से लगे अन्य संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई।
आबकारी विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्यवाही की छापेमारी में सेंट्रल ज़ोन के नाका थानाक्षेत्र में अवैध शराब बेचने वाली लखीमपुर निवासी महिला को “अवैध विदेशी मदिरा रॉयल स्टैग ब्रांड के पाँच अद्धे और ऑफ़िसर्स च्वाइस ब्रांड” के एक पौवा के साथ गिरफ्तार किया। लेकिन इन सबके बीच बड़ी बात यह है कि अवैध शराब बेचने वाली महिला तो गिरफ्तार की गई लेकिन यह शराब आई कहां से इस प्रकरण की भी गहनता से जांच होनी चाहिए।
कौन है ऐसा माफिया जो शरेआम महिला से शराब बेचवा रहा था ?
मतदान प्रातः 7.00 बजे से शुरू होकर सायं 6.00 बजे समाप्त हुआ
उत्तरप्रदेश में 9 जनपदों की 8 लोकसभा सीटों में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न
प्रथम चरण में सायं 5:00 बजे तक 57.54 प्रतिशत मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया
प्रदेश में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव हेतु व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई
मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बनाये रखे जाने के उद्देश्य से कुल 7582 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई
1510 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश के प्रथम चरण में 08 लोक सभा निर्वाचन क्षेत्रों 1-सहारनपुर, 2-कैराना, 3-मुजफ्फरनगर, 4-बिजनौर, 5-नगीना(अ0जा0), 6-मुरादाबाद, 7-रामपुर तथा 26-पीलीभीत के लिए आज दिनांक 19 अप्रैल, 2024 को मतदान शान्तिपूर्वक सम्पन्न हुआ। मतदान प्रातः 7.00 बजे से शुरू होकर सायं 6.00 बजे समाप्त हुआ। निर्वाचन क्षेत्र 09 जनपदों, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत तथा बरेली जनपद में अवस्थित हैं। सायं 5ः00 बजे तक जनपदों से प्राप्त सूचना के आधार पर प्रदेश के 08 लोक सभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 57.54 प्रतिशत मतदान हुआ है, जिसमें 1-सहारनपुर लोकसभा में 63.29 प्रतिशत, 2-कैराना लोकसभा में 58.68 प्रतिशत, 3-मुजफ्फरनगर-लोकसभा में 54.91 प्रतिशत, 4- बिजनौर-लोकसभा में 54.68 प्रतिशत, 5-नगीना(अ0जा0) लोकसभा में 58.05 प्रतिशत, 6-मुरादाबाद-लोकसभा में 57.65 प्रतिशत, 7-रामपुर-लोकसभा में 52.42 प्रतिशत, 26-पीलीभीत-लोकसभा में 60.23 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष के 7वें तल पर स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदान की प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष बनाये रखे जाने के उद्देश्य के लिए प्रभावी पर्यवेक्षण हेतु कुल 7582 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तरों पर किया गया। उक्त के अतिरिक्त 1510 मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई थी।
प्रथम चरण के पोस्टल बैलेट मतदान हेतु अर्ह श्रेणियों (यथा- 85 वर्ष की आयु से अधिक के मतदाता, दिव्यांग, अनिवार्य सेवायें तथा मतदान कार्मिक) में 14264 मतदाताओं द्वारा पोस्टल बैलेट कास्ट किया गया। 85 वर्ष की आयु से अधिक के मतदाता एवं दिव्यांग मतदाताओं में जिनके द्वारा पोस्टल बैलेट का विकल्प चुना गया था, उनके घर पर जाकर मतदान दल द्वारा मतदान कराया गया। प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाये जाने हेतु मतदान दल के साथ एक माइक्रो आब्जर्वर तथा वीडियोग्राफर की तैनाती की गई थी एवं प्रत्याशियों को सम्पूर्ण प्रक्रिया को देखने हेतु स्वयं अथवा अपने अभिकर्ता को भेजने के लिए मतदान दल का शिड्यूल उपलब्ध कराया गया था एवं इस श्रेणी के अर्ह मतदाताओं की सूची भी प्रत्याशियों को उपलब्ध कराई गई थी। इस मतदान प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
उपरोक्त के अतिरिक्त कुल 27938 सेवा मतदाताओं को भी रिटर्निंग अधिकारी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से (ईटीपीबीएस) पोस्टल बैलेट का प्रेषण किया गया। 7943 कार्मिकों को ई0डी0सी0 जारी किया गया है। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 08 सामान्य प्रेक्षक, 05 पुलिस प्रेक्षक तथा 10 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये थे। उक्त के अतिरिक्त 1272 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 150 जोनल मजिस्ट्रेट, 103 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 1861 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये थे। उपरोक्त के अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, 01 वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक तथा 01 वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये थे, जिनके द्वारा क्षेत्र में रहकर सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया गया। आज 19 अप्रैल, 2024 को विभिन्न राजनैतिक दलों द्वारा ईमेल के माध्यम से कतिपय शिकायतें प्राप्त हुई, जिन्हें जनपद के अधिकारियों से तत्परता से निस्तारण कराते हुए राजनैतिक दलों को ईमेल के माध्यम से अवगत भी कराया गया है। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई थी। ईवीएम के स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी अर्द्ध सैनिक बलों को दी गई है।
चुनाव में सभी 14845 मतदेय स्थलों हेतु मतदान के लिए आवश्यक ईवीएम एवं वीवीपैट तथा अलग-अलग जनपदों में पर्याप्त मात्रा में रिजर्व ईवीएम एवं वीवीपैट की व्यवस्था की गई थी एवं मतदान के दौरान जहॉं कहीं भी शिकायत प्राप्त हुई हैं, वहॉं तत्काल प्रभावी कार्यवाही करते हुए ईवीएम एवं वीवीपैट को बदलने की कार्यवाही की गई है। जनपदों से प्राप्त सूचना के अनुसार मॉक पोल के दौरान कुल 85 बी0यू0, 184 सी0यू0 एवं 259 वीवीपैट बदले गये एवं मतदान प्रारम्भ होने के पश्चात सायं 5:00 बजे तक कुल 50 बी0यू0, 50 सी0यू0 एवं 152 वीवीपैट बदले गये। चुनाव पूरी तरीके से शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया गया एवं कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एसएलएससी की 35 वीं बैठक आयोजित
बैठक में 2023-24 की विभागवार समीक्षा की गई
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में धान की खेती के प्रतिस्थापन कार्यक्रमों हेतु 30.00 करोड़ रूपए अनुमोदित
एटा, कासगंज एवं फर्रुखाबाद जनपदों में तम्बाकू की खेती के प्रतिस्थापन के कार्यक्रमों हेतु 3.55 करोड़ रूपए अनुमोदित
लखनऊ : मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृषि विकास योजनान्तर्गत राज्य स्तरीय स्वीकृति समिति (एसएलएससी) की 35वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य सचिव द्वारा गत वर्ष 2023-24 की विभागवार प्रगति की समीक्षा की गयी। योजना की गत वर्ष की समग्र प्रगति 88 प्रतिशत व्यय पर सन्तोष व्यक्त किया गया, साथ ही औसत प्रगति से कम व्यय करने वाले विभागों को सचेत करते हुए वर्ष 2024-25 की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। बैठक आर०के०वी० वाई०-डी०पी०आर० के अन्तर्गत एस०एल०एस०सी० द्वारा अनुमोदित विगत वर्षों की चालू परियोजनाओं (Ongoing) को पूर्ण कराने हेतु 266.06 करोड़ रुपए एवं एस०एल०एस०सी० से अनुमोदित ऐसी परियोजनाएं जिनका क्रियान्वयन अब तक प्रारम्भ नहीं हुआ है, के कार्य प्रारम्भ कराने के लिए 36.09 करोड़ रुपए सहित वर्ष 2024-25 हेतु कुल धनराशि 203.15 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा आर०के०वी०वाई० के ए०ए०पी० घटक स्वायल हेल्थ एण्ड फर्टिलिटी घटक हेतु 32.76 करोड़ रुपए की धनराशि वर्ष 2024-25 के लिए स्वीकृत की गई। योजनान्तर्गत 8.26 लाख मृदा नमूनों का परीक्षण कराया जायेगा। बैठक में ग्राम स्तरीय 375 मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं की स्थापना कराने पर बल दिया गया। इसी क्रम में रेनफेड एरिया डेवलेपमेन्ट योजनान्तर्गत प्रदेश के 65 जनपदों में 9127 हे0 में समेकित कृषि पद्धति के विकास हेतु 51.67 करोड़ रुपए की योजना वर्ष 2024-25 हेतु अनुमोदित की गई। परम्परागत कृषि विकास योजना एवं नमामि गंगे योजनान्तर्गत कृषि विभाग एवं यू०पी०डास्प द्वारा गठित 7099 आर्गेनिक क्लस्टरों के अवशेष कार्यों को पूर्ण कराने हेतु 240.68 करोड़ रुपए की योजना अनुमोदित की गई। इसी प्रकार सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन के अन्तर्गत किसानों के लिए उपयोगी कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु 166.67 करोड़ रूपए एवं सी०आर०एम० योजनान्तर्गत पराली प्रबन्धन में उपयोगी कृषि यन्त्रों हेतु 166.67 करोड़ रूपए सहित कुल 333.34 करोड़ रूपए की योजना वर्ष 2024-25 हेतु अनुमोदित की गई। योजनान्तर्गत लाभार्थियों का चयन लाटरी के माध्यम से किया जायेगा। इसी तरह पर ड्राप मोर क्राप के अन्तर्गत खेत तालाब योजना में 8499 तालाबों के निर्माण हेतु 60.00 करोड़ रूपए एवं माइक्रो इरीगेशन के अन्तर्गत ड्रिप/मिनी/माइक्रो इरीगेशन एवं स्प्रिंकलर सिचाई प्रणाली के विकास पर अनुदान हेतु 656.30 करोड़ रूपए सहित कुल 716.30 करोड़ रूपए की योजना अनुमोदित की गई। प्रदेश में एग्रोफारेस्ट्री योजनान्तर्गत उच्च गुणवत्तायुक्त पौधरोपड़ सामग्री के उत्पादन हेतु वन विभाग, उद्यान, रेशम तथा बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय-बॉदा द्वारा संचालित संयुक्त कार्यक्रमों हेतु वर्ष 2024-25 में 21.30 करोड़ रूपए की योजना के क्रियान्वयन का अनुमोदन प्रदान किया गया। क्राप डायवर्सीफिकेशन प्रोग्राम के अन्तर्गत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 11 जनपदों में धान की खेती के प्रतिस्थापन कार्यक्रमों हेतु 30.00 करोड़ रूपए एवं प्रदेश के एटा, कासगंज एवं फर्रुखाबाद जनपदों में तम्बाकू की खेती के प्रतिस्थापन के कार्यक्रमों हेतु 3.55 करोड़ रूपए सहित कुल 33.55 करोड़ रूपए की योजना वर्ष 2024-25 के लिए अनुमोदित की गई। योजनान्तर्गत यू०पी०डास्प की धीमी प्रगति को देखते हुए वर्ष 2024-25 में योजना का क्रियान्वयन कृषि विभाग के माध्यम से कराने के निर्देश दिये गये। एस०एल०एस०सी० की बैठक में मुख्य सचिव द्वारा निर्देश दिये गये कि समस्त सम्बन्धित विभाग / संस्थाएं अनुमोदित योजनाओं के क्रियान्वयन में लोक सभा चुनावों के दृष्टिगत आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करेंगे। आर०के० वी०वाई० के अन्तर्गत दिनांक 01 अप्रैल, 2024 के अनुसार उपलब्ध अप्रयुक्त धनराशि का व्यय ऑनगोइंग कार्यों एवं लम्बित दायित्वों के भुगतान आदि हेतु तेजी के साथ कराते हुए भारत सरकार के स्तर से केन्द्रॉश की प्रथम किश्त माह मई, 2024 के प्रथम पक्ष में प्राप्त करने के निर्देश दिये गये। बैठक में अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।