
लखनऊ/उन्नाव। उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) को अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र से शराब तस्करी गिरोह के एक सदस्य रंजीत को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 2,808 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने सहयोगियों अजय और विपिन के साथ मिलकर अवैध शराब की तस्करी करता था। गिरोह उत्तर प्रदेश से शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचता था, जिससे अवैध रूप से मोटा मुनाफा कमाया जाता था।
एसटीएफ के अनुसार, फरार आरोपियों अजय और विपिन की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना औरास, जनपद उन्नाव में संबंधित गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ का कहना है कि प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


































