सलमान खान की बहुप्रतीक्षित वॉर ड्रामा फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है। 10 नवंबर को जारी किए गए इस ट्रेलर में सलमान खान एक सैन्य अधिकारी के दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं। फिल्म की पहली झलक में देशभक्ति, सैनिकों का साहस, बलिदान और युद्ध की भयावह तस्वीर देखने को मिलती है। ट्रेलर सामने आने के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है।
रिलीज हुआ ‘मातृभूमि’ का ट्रेलर
मेकर्स ने मंगलवार को फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का ट्रेलर जारी किया। इसमें सलमान खान सेना के एक अधिकारी की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, आमने-सामने की खतरनाक लड़ाई और शानदार विजुअल्स देखने को मिलते हैं।
फिल्म की कहानी सिर्फ युद्ध और सैन्य कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इसके मानवीय पहलुओं को भी सामने लाती है। ट्रेलर यह संदेश देता है कि युद्ध में किसी की भी जीत पूरी तरह खुशियां नहीं ला सकती। दोनों तरफ सैनिकों की जान जाती है, परिवार प्रभावित होते हैं और जंग का दर्द सीमाओं से बाहर तक महसूस किया जाता है।
ट्रेलर में सलमान खान के अंदाज को दर्शकों की ओर से पसंद किया जा रहा है। इसकी झलक देखने के बाद फैंस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं।
इस दिन सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म
ट्रेलर के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। सलमान खान की ‘मातृभूमि’ 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के ट्रेलर को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से यू/ए सर्टिफिकेट मिला है। इसका रनटाइम 4 मिनट 43 सेकंड बताया गया है।
पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था फिल्म का नाम
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। इसकी कहानी साल 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प से प्रेरित है।
फिल्म को शुरुआत में अप्रैल में रिलीज करने की योजना थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। मेकर्स ने स्वतंत्रता दिवस के आसपास भी इसे रिलीज करने पर विचार किया था, हालांकि उस समय भी फिल्म सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारी मंजूरी से पहले फिल्म को इसकी कहानी, विषय और चीन से जुड़े संदर्भों को लेकर कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। इसी वजह से इसकी रिलीज में देरी हुई।
कर्नल संतोष बाबू की भूमिका में दिखेंगे सलमान खान
‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में सलमान खान कर्नल बिक्कुमाला संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। वह 16 बिहार रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर थे और गलवान घाटी में 2020 के दौरान हुई झड़प में भारतीय सैनिकों का नेतृत्व कर रहे थे। इस संघर्ष में उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
फिल्म में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर उनके नेतृत्व, साहस और देश के लिए दिए गए बलिदान को पर्दे पर दिखाया जाएगा। कहानी मुख्य रूप से कर्नल संतोष बाबू के किरदार और गलवान घाटी की घटनाओं के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
फिल्म में मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, जेन शॉ और अभिलाष चौधरी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ये कलाकार सैन्य अधिकारियों और सीमा पर हुए ऑपरेशन से जुड़े अन्य किरदार निभा रहे हैं। वहीं, अभिनेता विजय राज ने फिल्म में सूत्रधार के रूप में अपनी आवाज दी है।

































