Home Blog Page 984

बिगबॉस अपडेट :चुम दरांग ने ‘बिग बॉस 18’ से बाहर आते ही जश्न मनाया, फैंस के लिए लिखा खास संदेश

बिग बॉस 18 के ग्रैंड फिनाले में करण वीर मेहरा और विवियन डीसेना के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वहीं चुम दरंग और ईशा सिंह ने टॉप 6 में अपनी जगह बनाई थी। ‘बिग बॉस 18’ के विनर करण वीर की दोस्त चुम ने बिग बॉस के घर से बाहर आते ही अपने फैंस के लिए पहला पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उनके परिवार वाले और कुछ स्पेशल दोस्त भी नजर आ रहे हैं। चुम दरंग इस वीडियो में जश्न मानते हुए दिखाई दे रही हैं। वह अपनी मां, पिता, भाई और दोस्त को केक खिलाती नजर आईं। इस पोस्ट के कमेंट बॉक्स में उनके फैंस उन पर जमकर प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं।

चुम दरांग ने फैंस पर लुटाया प्यार

चुम दरांग ने पोस्ट शेयर कर लिखा, ‘मेरी बिग बॉस जर्नी को इतना यादगार बनाने के लिए आप सभी का धन्यवाद। यह खुशी आप सभी के कारण है।’ सोशल मीडिया पर एक्ट्रेस का यह वीडियो चर्चा में बना हुआ है। बिग बॉस सीजन 18 में करण वीर मेहरा के साथ चुम दरांग की अच्छी बॉन्डिंग देखने को मिली। लोगों को लगने लगा कि शायद दोनों के बीच कुछ रोमांटिक कनेक्शन है, लेकिन हाल ही में चुम ने खुलासा किया कि वह सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। बिग बॉस के घर से बाहर आते ही चुम दरांग ने करण वीर मेहरा की जीत को लेकर कहा था,’मैं खुश हूं… थोड़ी निराश भी हूं कि मैं ट्रॉफी नहीं जीत पाई, लेकिन मैं टॉप 5 में थी और मेरे दोस्त ने ट्रॉफी जीत ली है।’

चुम दरांग कौन हैं?

चुम अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट की रहने वाली हैं। चुम दरांग ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके साथ ही वह ‘मिस नॉर्थ ईस्ट दिवा 2014’ में फाइनलिस्ट थीं। बता दें कि चुम अपना एक्टिंग डेब्यू भी कर चुकी हैं, उन्होंने 2020 में अमेजॉन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई ‘पाताल लोक’ सीरीज से एक्टिंग में डेब्यू किया। अब ‘पाताल लोक 2’ भी आ चुका है। फिल्म ‘बधाई दो’ में भूमि पेडनेकर और राजकुमार राव के साथ भी काम किया। चुम संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में आलिया भट्ट के साथ नजर आईं थी।

Virat Kohli Set To Play In Ranji Trophy: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले विराट कोहली का अहम निर्णय, इस टूर्नामेंट में भाग लेंगे

 भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में बुरी तरह से फ्लॉप साबित हुए थे और उनके बल्ले से रन निकलना मुश्किल हो गए थे। पहले मैच में तो उन्होंने शतक लगाया था, लेकिन इसके बाद उनकी फॉर्म चली गई और वह रन बनाना तो दूर, क्रीज पर टिकने के लिए तरसते रहे। सीरीज में वह ज्यादातर मौकों पर वह ऑफ स्टंप की गेंद पर स्ट्रोक लगाते हुए आउट हुए। ऑस्ट्रेलिया में भारत के 1-3 से सीरीज हारने के बाद बीसीसीआई ने अपने अनुबंधित क्रिकेटरों के लिए फिटनेस से जुड़ी कोई समस्या नहीं होने पर घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य कर दिया है। अब कोहली रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए तैयार हैं।

आखिरी बार साल 2012 में खेला था रणजी ट्रॉफी मुकाबला 

विराट कोहली को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले भारतीय टीम की स्क्वाड में भी मौका मिला है। अब इस बड़े टूर्नामेंट से पहले वह रणजी ट्रॉफी में खेलकर लय हासिल करना चाहेंगे। खास बात ये है कि उन्होंने 30 जनवरी से  रेलवे के खिलाफ होने वाले दिल्ली के मुकाबले के लिए खुद को उपलब्ध रखा है। ये मुकाबला दिल्ली के मैदान पर ही खेला जाएगा। जो उनका होम ग्राउंड भी है। उन्होंने साल 2012 में दिल्ली के लिए उत्तर प्रदेश के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मुकाबला खेला था।

सौराष्ट्र के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे मुकाबला

विराट कोहली गर्दन में खिंचाव के कारण सौराष्ट्र के खिलाफ 23 जनवरी से शुरू होने वाले दिल्ली के आगामी मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे लेकिन उन्होंने दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) को सूचित कर दिया है कि वह टीम के रणजी ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे। दिल्ली के मुख्य कोच सरनदीप सिंह ने पीटीआई से कहा कि विराट ने डीडीसीए अध्यक्ष (रोहन जेटली) और टीम प्रबंधन को बता दिया है कि वह रेलवे के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध हैं।

फर्स्ट क्लास करियर में बना चुके 11000 से ज्यादा रन

विराट कोहली की गिनती भारत के महान खिलाड़ियों में होती है। उनकी टेक्निक और क्लास कमाल की है। एक बार वह क्रीज पर टिक गए, तो बड़ी पारी खेलते हैं। उन्होंने अभी तक अपने करियर में कुल 155 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 11479 रन निकले हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके नाम पर 37 शतक दर्ज हैं। वहीं उनका हाईएस्ट स्कोर 254 रन रहा है। दूसरी तरफ 329 लिस्ट-ए क्रिकेट में उन्होंने 15348 रन बनाए हैं। जिसमें उन्होंने 54 शतक जड़े हैं।

ताइपे:ताइवान आधी रात को भूकंप से दहल उठा, 15 से अधिक लोग घायल हुए

 ताइवान की धरती सोमवार की आधीरात भूकंप के जोरदार झटकों से हिल गई है। अचानक आए भूकंप से लोगों के बीच अफरातफरी मच गई और सभी अपने घरों से निकलकर बाहर की ओर भागने लगे। यह भूकंप ताइवान के दक्षिणी इलाके में सोमवार की रात आया। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमान पर 6 बताई जा रही है। भूकंप का झटका महसूस किए जाने के बाद लोगों में दहशत फैल गई।  अमेरिका के भूगर्भिक सर्वेक्षण विभाग ने यह जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि इस भूकंप की वजह से 15 व्यक्ति मामूली रूप से घायल हो गए। अमेरिकी भूगर्भिक सर्वेक्षण विभाग (यूएसजीएस) के मुताबिक भूकंप के यह झटके स्थानीय समयानुसार देर रात 12 बजकर 17 मिनट पर महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र ताइवान के युजिंग से 12 किलोमीटर उत्तर में स्थित था। ताइवान के केन्द्रीय मौसम प्रशासन के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.4 दर्ज की गयी।

तात्कालिक रूप से किसी की मौत की सूचना नहीं

ताइवान के अधिकारियों के मुताबिक भूकंप के कारण किसी व्यक्ति की मौत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है, यद्यपि बचावकर्मी अभी भी क्षति का आकलन कर रहे हैं। ताइवान के अग्निशमन विभाग ने बताया कि 15 लोगों को मामूली चोटों के कारण अस्पताल भेजा गया है। विभाग ने बताया कि इनमें एक बच्चे सहित वे छह लोग शामिल हैं, जिन्हें ताइनान शहर के नानक्सी जिले में एक मकान के मलबे से निकाला गया। एक प्रांतीय राजमार्ग पर स्थित झूवेई पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। अन्य ब्यौरा जुटाया जा रहा है।

वाशिंगटन:ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के साथ ही व्हाइट हाउस की वेबसाइट में बदलाव हुआ , लिखा गया, “America Is Back”

 डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में सोमवार को शपथ लेने के कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट का रंग-रूप बदला-बदला नजर आने लगा है। अब ह्वाइट हाउस की वेबसाइट नए रंग रूप में दिख रही है। उस पर ‘‘अमेरिका इज बैक’’ का बैनर लगाया गया है। इसके साथ ही ट्रंप की एक फोटो भी लगी है।

इतना ही नहीं ‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट पर ट्रंप (78) के हस्ताक्षर वाला संदेश है, जिसमें उन्होंने कहा है, ‘‘मैं हर दिन अपनी हर सांस के साथ आपके लिए लड़ता रहूंगा। मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा, जब तक हम मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध अमेरिका नहीं बना देते, जिसके हमारे बच्चे और आप हकदार हैं। यह वास्तव में अमेरिका का स्वर्णिम युग होगा।’’ सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी ‘व्हाइट हाउस’ का नया रूप सामने आया है।

ट्रंप, जेडी वेंस और मेलानिया ट्रंप का लिखा गया परिचय

वेबसाइट पर डोनाल्ड ट्रंप के अलावा प्रथम अमेरिकी महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे डी वेंस का संक्षिप्त परिचय दिया है। इसके अलावा इस वेबसाइट पर ट्रंप के पहले कार्यकाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया गया है। इनमें मध्य वर्ग को कर में राहत, रोजगार समेत अन्य पहल का भी उल्लेख किया गया है। ‘व्हाइट हाउस’ ने यह भी कहा है कि ट्रंप अमेरिका को दूसरे देशों के युद्धों से दूर रखेंगे, इसकी सैन्य तैयारियों में सुधार करेंगे और देश को सभी खतरों और संकटों से बचाएंगे। अमेरिका में स्वर्णिम युग के शुरुआत की बात कही गई है।

बड़ी खबर: सहारनपुर का कुख्यात अरशद और तीन साथी UPSTF के साथ मुठभेड़ में ढेर

बड़ी खबर: सहारनपुर का कुख्यात अरशद और तीन साथी UPSTF के साथ मुठभेड़ में ढेर
बड़ी खबर: सहारनपुर का कुख्यात अरशद और तीन साथी UPSTF के साथ मुठभेड़ में ढेर
बड़ी खबर: सहारनपुर का कुख्यात अरशद और तीन साथी UPSTF के साथ मुठभेड़ में ढेर

दिनांक 20-21 जनवरी 2025 की मध्य रात्रि को सहारनपुर के कुख्यात अपराधी और मुस्तफा कग्गा गैंग के सदस्य अरशद पुत्र जमील, निवासी बड़ी माजरा, थाना गंगोह, सहारनपुर, अपने तीन साथियों – मंजीत, सतीश और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ एसटीएफ मेरठ टीम और अपराधियों के बीच थाना झिंझाना, जिला शामली के क्षेत्र में हुई। मुठभेड़ में चारों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अरशद पर इनाम और संगीन आरोप

अरशद थाना बेहट, सहारनपुर में दर्ज एक डकैती के मामले में वांछित था और उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह हत्या, डकैती और लूट के दर्जनों मामलों में शामिल था, जिसकी वजह से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

इंस्पेक्टर सुनील घायल, मेदांता रेफर

मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एसटीएफ टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर सुनील को कई गोलियां लगीं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए करनाल के अमृतधारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेदांता अस्पताल, गुड़गांव रेफर कर दिया गया है।

अरशद का आपराधिक इतिहास

अरशद के खिलाफ सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 17 मामले दर्ज थे। ये मामले इस प्रकार हैं:

  1. FIR संख्या 123/13, धारा 395/397/412 आईपीसी (थाना बेहट, सहारनपुर)।
  2. FIR संख्या 235/13, धारा 395/397/412 आईपीसी (थाना बेहट, सहारनपुर)।
  3. FIR संख्या 75/13, धारा 392/395 आईपीसी (थाना ननौता, सहारनपुर)।
  4. FIR संख्या 144/13, धारा 394/307/34/506/511 आईपीसी (थाना गंगोह, सहारनपुर)।
  5. FIR संख्या 297/11, धारा 397/411 आईपीसी (थाना रामपुर मंनिहरन, सहारनपुर)।
  6. FIR संख्या 372/11, धारा 302/34/506 आईपीसी (थाना गंगोह, सहारनपुर)।
  7. FIR संख्या 601/13, धारा 392/395/397/411 आईपीसी (थाना बिहारीगढ़, सहारनपुर)।
  8. FIR संख्या 405/11, धारा 302 आईपीसी (थाना रामपुर मंनिहरन, सहारनपुर)।
  9. FIR संख्या 76/13, धारा 302/34/506 आईपीसी (थाना गंगोह, सहारनपुर)।
  10. FIR संख्या 35/12, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट (थाना कोतवाली, शामली)।
  11. FIR संख्या 216/11, धारा 392/395/406 आईपीसी (थाना कोतवाली, शामली)।
  12. FIR संख्या 281/11, धारा 414 आईपीसी (थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर)।
  13. FIR संख्या 279/11, धारा 25 आर्म्स एक्ट (थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर)।
  14. FIR संख्या 278/11, धारा 307/34 आईपीसी (थाना जानसठ, मुजफ्फरनगर)।
  15. FIR संख्या 234/13, धारा 307/506 आईपीसी (थाना कैराना, शामली)।
  16. FIR संख्या 45/13, धारा 392/427/307/420/467/468/471/120बी आईपीसी और 25 आर्म्स एक्ट (थाना बापौली, पानीपत, हरियाणा)।
  17. FIR संख्या 380/2024, धारा 310(2) बीएनएस (थाना बेहट, सहारनपुर)।

घटना की पुलिस प्रतिक्रिया

मेरठ जोन के एडीजी ने इस मुठभेड़ को बड़ी सफलता करार दिया और कहा कि अरशद जैसे कुख्यात अपराधी का खात्मा क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने एसटीएफ टीम की बहादुरी की सराहना की।

जांच और बरामदगी

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जा रही है। पुलिस ने अरशद के अन्य साथियों और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

जनता में राहत का माहौल

अरशद और उसके साथियों के मारे जाने के बाद सहारनपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल खत्म हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने इस कार्रवाई पर पुलिस और एसटीएफ टीम की सराहना की है।

अरशद जैसे कुख्यात अपराधी के खात्मे से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।