इजरायल और गाजा के बीच शुरू हुए युद्ध विराम के बीच आज हमास 3 इजरायली समेत कुल 8 बंधकों की रिहाई करेगा। इजरायल के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि हमास बृहस्पतिवार को होने वाली बंधकों की रिहाई के तहत दो महिलाओं और 80 वर्षीय एक पुरुष समेत तीन इजरायली नागरिकों को रिहा करेगा। इसके अतिरिक्त थाइलैंड के भी पांच बंधकों को रिहा करेगा। इस प्रकार हमास आज कुल 8 बंधकों की रिहाई करेगा। बदले में सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को इजरायल भी आजाद करेगा।
बंधकों की रिहाई का यह सिलसिला 19 जनवरी को इजरायल हमास के बीच गाजा में युद्ध विराम लागू होने के बाद से ही जारी है। अधिकारी ने बताया कि आज हमास की ओर से रिहा किए जाने वाले बंधकों में इजरायल की महिलाएं अर्बेल येहूद (29) और अगम बर्गर (19) और एक पुरुष जिसका नाम गादी मोजेस (80) है, शामिल हैं।
जवाब में सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदी होंगे आजाद
हमास इजरायल के अलावा थाईलैंड के भी 5 नागरिकों की रिहाई करेगा। हालांकि अधिकारी ने रिहा किये जाने वाले थाइलैंड के नागरिकों के नाम नहीं बताये। यह रिहाई इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम का हिस्सा है, जिसके तहत फिलस्तीनी क्षेत्र में बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों और इजरायल द्वारा पकड़े सैकड़ों फिलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा। आज युद्ध विराम का 11 वां दिन है।
महाकुम्भ का दूसरा अमृत स्नान संपन्न, मौनी अमावस्या पर सभी 13 अखाड़ों ने सादगी के साथ त्रिवेणी में लगाई पुण्य डुबकी
अखाड़ों ने दिखाई संवेदनशीलता, पहले श्रद्धालुओं को कराया अमृत स्नान फिर सांकेतिक स्नान कर पूरी की परंपरा
अखाड़ों से पहले शंकराचार्यों ने भी लगाई संगम में पुण्य डुबकी, श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील
महाकुम्भ नगर, 29 जनवरी 2025: प्रयागराज महाकुम्भ का दूसरा अमृत स्नान पर्व संपन्न हो गया। मौनी अमृत स्नान पर्व पर घटी घटना के बाद अखाड़ों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले श्रद्धालुओं को अमृत स्नान करने का अवसर दिया और बाद में सांकेतिक रूप से अमृत स्नान किया।
मौनी अमावस्या अमृत स्नान पर अखाड़ों ने दिखाई संवेदनशीलता त्रिवेणी के तट पर लगे आस्था के महाकुम्भ का दूसरा अमृत स्नान पर्व संपन्न हो गया। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मौनी अमावस्या के अमृत स्नान पर्व पर शाम 6 बजे तक करोड़ों लोगों ने पुण्य की डुबकी लगाई। महाकुम्भ में घटी घटना के बाद अखाड़ों के संतों ने संवेदनशीलता दिखाई। यह पहला मौका था जब साधु-संतों, नागा संन्यासी और अखाड़ों ने संगम में ऐतिहासिक प्रथम स्नान की प्रतिज्ञा तोड़ दी। परिस्थिति को देखते हुए अखाड़ों ने अपने ब्रह्म मुहूर्त के अमृत स्नान को स्थगित कर दिया और श्रद्धालुओं को पहले स्नान का अवसर दिया। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी का कहना है कि सर्व सम्मति से सभी अखाड़ों ने निर्णय लिया कि हालात को देखते हुए पहले श्रद्धालुओं को अमृत स्नान का अवसर दिया जाय। स्थिति सामान्य होने पर अखाड़ों ने अपनी भव्य अमृत स्नान की परम्परा का त्याग कर दिया और सांकेतिक रूप से स्नान कर परम्परा का निर्वहन किया।
शंकराचार्यों ने भी संगम में किया अमृत स्नान प्रयागराज महाकुम्भ के दूसरे अमृत स्नान में मौनी अमावस्या पर देश के तीन पीठों के शंकराचार्यों ने भी त्रिवेणी के संगम में डुबकी लगाई। शंकराचार्य ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने की अपील की। श्रृंगेरी शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी विधु शेखर भारती जी, द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती जी और ज्योतिष पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी ने मौनी अमावस्या अमृत स्नान पर्व पर त्रिवेणी संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। तीनों पीठ के शंकराचार्य मोटर बोट के माध्यम से त्रिवेणी संगम पहुंचे, जहां पूरे धार्मिक विधि विधान से तीनों ने पुण्य की डुबकी लगाई और देश की जनता के कल्याण के लिए आशीष दिया।
महाकुंभ में सुगम यातायात के लिए CM योगी के सख्त निर्देश, हर श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोपरि
मेला क्षेत्र और प्रयागराज के बाहर जाने वाले मार्गों पर यातायात न रुके।
हर श्रद्धालु को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी।
भीड़ नियंत्रण के लिए प्रयागराज रेलवे स्टेशनों पर अधिकाधिक मेला स्पेशल ट्रेनें और परिवहन निगम की अतिरिक्त बसें चलाई जाएं।
प्रयागराज आने वाले सभी मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए, ताकि यातायात अवरुद्ध न हो।
होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं के लिए भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो।
CM योगी ने उच्च स्तरीय बैठक में दिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश
मौनी अमावस्या पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार देर रात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान प्रयागराज, कौशांबी, वाराणसी, अयोध्या, मीरजापुर, बस्ती, जौनपुर, चित्रकूट, बांदा, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, संतकबीरनगर, भदोही, रायबरेली, गोरखपुर समेत अन्य जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एडीजी और जिलाधिकारी प्रयागराज से अपडेट जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र में सतर्कता और सावधानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अयोध्या, वाराणसी, मीरजापुर और चित्रकूट के अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर किए गए इंतजामों की समीक्षा की। साथ ही, प्रयागराज से सीमा साझा करने वाले जिलों को लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
CM के निर्देश: सुगम यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष प्रबंध
👉 रेलवे स्टेशनों और परिवहन सुविधा पर जोर: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित किया जाए और रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। परिवहन निगम की अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाए, ताकि कोई भी यात्री परेशान न हो।
👉 होल्डिंग एरिया में भोजन-पानी की पूर्ण व्यवस्था: सीमावर्ती क्षेत्रों में होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां से श्रद्धालुओं को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। हर होल्डिंग एरिया में भोजन, पेयजल और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
👉 महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात सुचारु रखने के निर्देश: मुख्यमंत्री ने अयोध्या-प्रयागराज, कानपुर-प्रयागराज, फतेहपुर-प्रयागराज, लखनऊ-प्रतापगढ़-प्रयागराज, वाराणसी-प्रयागराज समेत सभी मार्गों पर पेट्रोलिंग बढ़ाने और यातायात अवरुद्ध न होने देने के सख्त निर्देश दिए।
👉 महाकुंभ क्षेत्र में सुचारु आवागमन: मेला क्षेत्र में अनावश्यक भीड़ न बने, इसके लिए सख्त निगरानी रखी जाए। मार्गों पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए स्ट्रीट वेंडर्स को उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्थित किया जाए।
👉 बसंत पंचमी स्नान की तैयारियों की समीक्षा: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 3 फरवरी को बसंत पंचमी के अवसर पर ‘अमृत स्नान’ के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक महाकुंभ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करें।
👉 वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती: महाकुंभ की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कुंभ 2019 में प्रयागराज के मंडलायुक्त रहे आशीष गोयल और एडीए के वीसी रहे भानु गोस्वामी की विशेष तैनाती की गई है। इसके अलावा 5 विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों को भी प्रयागराज भेजा गया है, जो 12 फरवरी तक महाकुंभ में व्यवस्थाओं को मजबूत करेंगे।
👉 सुरक्षा के व्यापक प्रबंध: महाकुंभ में भारी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी, अयोध्या, चित्रकूट और मीरजापुर में भी दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। आगामी दो दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए तीनों नगरों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि महाकुंभ का आयोजन भव्य और सफल हो सके। 🚩
महाकुम्भ हादसा अपडेट: मौनी अमावस्या के अमृत स्नान में हुए हादसे पर पत्रकारों को जानकारी देते हुए भावुक हुए सीएम योगी, दिए न्यायिक जांच के आदेश के साथ ही मुआवजे का भी ऐलान, योगी बोले- भारी भीड़ और बैरिकेड्स टूटने से हुआ हादसा
सीएम योगी की आंखें हुईं नम, बात करते-करते रुंध आया गला
मुख्यमंत्री ने दिए न्यायिक जांच के आदेश, 3 सदस्यीय आयोग का किया गठन
पूर्व न्यायाधीश हर्ष कुमार होंगे आयोग के अध्यक्ष, पूर्व डीजी वी.के. गुप्ता और रिटायर्ड आईएएस डी.के. सिंह भी आयोग में शामिल
घटना की गहराई से होगी जांच, पुलिस भी हादसे के कारणों की करेगी जांच
मुख्य सचिव और डीजीपी गुरुवार को जाएंगे प्रयागराज, घटना की करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए के मुआवजे का भी किया ऐलान
महाकुम्भ नगर, 29 जनवरी 2025: महाकुम्भ हादसे को लेकर बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पत्रकारों से वार्ता करते हुए भावुक हो गए। घटना का जिक्र करते हुए उनका गला रुंध गया और आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा, “भारी भीड़ और बैरिकेड्स टूटने के कारण यह दुखद हादसा हुआ।” मुख्यमंत्री ने हादसे की न्यायिक जांच के आदेश देते हुए तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया। इस आयोग के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश हर्ष कुमार होंगे, जबकि पूर्व डीजी वी.के. गुप्ता और रिटायर्ड आईएएस डी.के. सिंह को आयोग में शामिल किया गया है। यह आयोग एक समय सीमा के अंदर अपनी रिपोर्ट देगा। पुलिस भी मामले की जांच करेगी और हादसे के कारणों की गहराई से पड़ताल की जाएगी। यही नहीं, गुरुवार को मुख्य सचिव और डीजीपी भी प्रयागराज जाकर घटना की समीक्षा करेंगे।
मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख का मुआवजा मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा, “प्रशासन ने कई दौर की समीक्षा बैठकें की थीं, फिर भी यह हादसा कैसे हुआ? इसकी गहन जांच होगी।” सरकार ने मृतकों के परिवारों को ₹25-25 लाख की सहायता राशि देने की भी घोषणा की है। इसके अतिरिक्त मुख्य सचिव और डीजीपी को गुरुवार को घटनास्थल का दौरा कर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। वे हालात का जायजा लेंगे और रिपोर्ट सौंपेंगे।
हादसे से मर्माहित सीएम योगी घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भावुक हो गए और बोले, “इतनी तैयारियों के बावजूद यह हादसा बेहद दुखद है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो।” उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम 7 बजे से ही काफी बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन प्रयागराज पहुंचकर स्नान भी कर रहे थे और काफी बड़ी संख्या में ब्रह्म मुहूर्त का भी इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अखाड़ा मार्ग पर संगम तट पर यह हादसा हुआ। यह हादसा भारी भीड़ के द्वारा अखाड़ा मार्ग के बैरिकेड्स को तोड़ने और उसके बाद उससे कूदकर जाने के कारण हुआ है, जिसमें 30 के आसपास लोगों की मृत्यु हुई है। 36 घायलों का प्रयागराज में उपचार चल रहा है। शेष घायलों को उनके परिवार से सदस्य लेकर चले गए हैं।
हादसे की तह में जाने की आवश्यकता सीएम योगी ने कहा कि प्रयागराज में बुधवार को 8 करोड़ से अधिक लोगों का दबाव था। यद्यपि अगल बगल के जनपदों मिर्जापुर, भदोही, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशांबी, में भी होल्डिंग एरिया बनाकर श्रद्धालुजनों को रोका गया था, जिन्हें अखाड़ों का अमृत स्नान संपन्न होने के बाद रिलीज किया गया है। रेलवे स्टेशनों पर भी लगातार दबाव बना रहा। रेलवे ने भी इस दौरान रूटीन और मेला स्पेशल को मिलाकर लगभग 300 से अधिक ट्रेनें चलाई हैं। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने भी 8000 से अधिक बसें संचालित की हैं। ये सभी घटनाएं मर्माहत करने वाली भी हैं और एक सबक भी हैं, लेकिन हादसे की तह में भी जाने की आवश्यकता है।
सरोजनीनगर विधानसभा का ऐतिहासिक गढ़ी चुनौटी मामला: विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विधिक संघर्ष से बचा सैकड़ों परिवारों का आशियाना, डॉ. सिंह की कानूनी रणनीति से न्यायालय से स्थगन आदेश प्राप्त हुआ, जिससे विध्वंस पर लगी रोक
राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) ने 9 नवंबर 2022 और 30 दिसंबर 2022 को गढ़ी चुनौटी में अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया।
रिपोर्ट के अनुसार 36.909 हेक्टेयर भूमि में से केवल 3.1859 हेक्टेयर क्षेत्र पर अतिक्रमण था, लेकिन सैकड़ों परिवार विस्थापन के खतरे में आ गए।
सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने स्थानीय निवासियों की कानूनी लड़ाई लड़ी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायालय में मजबूती से पक्ष रखा।
उन्होंने तर्क दिया कि अतिक्रमण हटाने के आदेश में प्राकृतिक न्याय का उल्लंघन हुआ और पुनर्वास योजना के बिना विस्थापन अनुचित है।
8 अगस्त 2024 को न्यायाधिकरण ने जिलाधिकारी को अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने का निर्देश दिया था।
19 नवंबर 2024 को हुई सुनवाई में प्रशासन ने तीन महीने में अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने प्रशासन से यह सुनिश्चित करने को कहा कि पहले अतिक्रमण मुक्त भूमि का विकास किया जाए और पुनर्वास योजना को प्राथमिकता दी जाए।
यह संघर्ष न्याय, गरीबों के अधिकारों और मानवीय मूल्यों की जीत के रूप में सामने आया।
लखनऊ (सरोजनी नगर), 29 जनवरी 2025: लखनऊ का गढ़ी चुनौटी क्षेत्र हाल ही में एक बड़े संकट से गुजरा, जब राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (NGT) ने इस इलाके में अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया। यह आदेश 9 नवंबर 2022 और 30 दिसंबर 2022 को गठित संयुक्त समिति की रिपोर्ट के आधार पर दिया गया था, जिसमें यह बताया गया था कि गढ़ी चुनौटी स्थित चांदे बाबा तालाब के आसपास अतिक्रमण हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, कुल 36.909 हेक्टेयर भूमि में से 3.1859 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताया गया था, जबकि बाकी भूमि को अतिक्रमण मुक्त घोषित किया गया था।
हालांकि, इस आदेश से गढ़ी चुनौटी के सैकड़ों परिवारों पर बेघर होने का संकट मंडराने लगा। कई परिवार दशकों से यहां निवास कर रहे थे और उन्होंने दावा किया कि यह भूमि उनकी वैध संपत्ति है। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद, स्थानीय निवासियों में भय और अनिश्चितता फैल गई।
इसी संकट की घड़ी में सरोजिनी नगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह गरीब और वंचित वर्ग के रक्षक बनकर सामने आए। उन्होंने न केवल प्रशासन से बातचीत की, बल्कि न्यायालय में कानूनी लड़ाई भी लड़ी, ताकि निवासियों के मूलभूत अधिकारों की रक्षा की जा सके और उनके पुनर्वास के बिना कोई भी कार्रवाई न हो।
डॉ. राजेश्वर सिंह की न्याय की लड़ाई
डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस आदेश को प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के उल्लंघन के रूप में देखा और इसे चुनौती दी। उन्होंने न्यायाधिकरण में यह तर्क दिया कि अतिक्रमण हटाने के आदेश में स्थानीय निवासियों को अपनी बात रखने का कोई अवसर नहीं दिया गया, जो कि संवैधानिक अधिकारों का हनन था।
इसके अलावा, उन्होंने यह भी तर्क दिया कि सिर्फ 3.1859 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण का दावा किया गया था, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई से पूरा क्षेत्र प्रभावित हो रहा था। कई लोग ऐसे भी थे, जिनके पास वैध दस्तावेज थे, लेकिन बिना किसी जांच के उन्हें भी अतिक्रमणकारी मान लिया गया।
8 अगस्त 2024 को न्यायाधिकरण ने जिलाधिकारी, लखनऊ को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया तीव्र गति से पूरी की जाए। इसके बाद 19 नवंबर 2024 को हुई सुनवाई में यह दर्ज किया गया कि जिलाधिकारी ने इस प्रक्रिया को तीन महीने के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस कार्रवाई पर गंभीर आपत्ति जताते हुए पुनर्वास नीति को लागू करने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की कोई स्पष्ट योजना नहीं बनाई जाती, तब तक किसी भी प्रकार का विस्थापन करना अनुचित होगा।
स्थगन आदेश: डॉ. सिंह की कानूनी सफलता
डॉ. राजेश्वर सिंह के सशक्त कानूनी प्रयासों और मजबूत दलीलों के कारण, न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक (Stay Order) लगा दी। यह आदेश गढ़ी चुनौटी के निवासियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया, क्योंकि इसके बाद प्रशासन बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के किसी को बेघर नहीं कर सकता था।
डॉ. सिंह ने यह भी सुनिश्चित किया कि न्यायालय से निर्देश प्राप्त किए जाएं कि प्रशासन को पहले पुनर्वास नीति पर काम करना होगा, जिससे विस्थापित होने वाले परिवारों को रहने की वैकल्पिक व्यवस्था मिल सके।
अतिक्रमण हटाने से पहले पुनर्वास की मांग
डॉ. राजेश्वर सिंह ने न्यायालय में यह तर्क भी दिया कि यदि सरकार अतिक्रमण हटाने की योजना बना रही है, तो उसे पहले अतिक्रमण मुक्त 33 हेक्टेयर भूमि का संरक्षण और विकास करना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से यह भी मांग की कि जिन परिवारों को हटाया जाना है, उन्हें सरकार की पुनर्वास योजनाओं के तहत रहने के लिए स्थान और मुआवजा दिया जाए। उनके इस तर्क से न्यायालय सहमत हुआ और प्रशासन को निर्देश दिया कि कोई भी विस्थापन बिना पुनर्वास के नहीं किया जाना चाहिए।
गरीबों और वंचितों के सच्चे हितैषी
डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल से यह स्पष्ट हो गया कि वे हमेशा गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहते हैं। उन्होंने विशेष रूप से अनुसूचित जाति और अन्य कमजोर वर्गों के लिए न्याय की लड़ाई लड़ी और यह सुनिश्चित किया कि उन्हें अनावश्यक रूप से विस्थापित न किया जाए।
उनका यह कदम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गरीबों के उत्थान की नीति के अनुरूप था, जो हमेशा वंचितों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए कार्य करती है।
उनके प्रयासों का सीधा प्रभाव यह हुआ कि प्रशासन को इस मामले में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की जरूरत महसूस हुई। इस फैसले ने यह साबित कर दिया कि जब कोई जनप्रतिनिधि जनता के हित में पूरी निष्ठा के साथ खड़ा होता है, तो न्याय की जीत निश्चित होती है।
गढ़ी चुनौटी के लिए ऐतिहासिक जीत
डॉ. राजेश्वर सिंह की संघर्षशील मानसिकता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण गढ़ी चुनौटी के निवासियों को नया जीवन और सुरक्षा मिली। यह केवल एक कानूनी लड़ाई नहीं थी, बल्कि न्याय और मानवाधिकारों की जीत भी थी।
उनके प्रयासों के कारण यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी विध्वंस या विस्थापन तब तक नहीं किया जाएगा, जब तक कि उचित कानूनी प्रक्रिया और पुनर्वास योजना को पूरा नहीं किया जाता।
डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा लड़ी गई यह लड़ाई सिर्फ एक कानूनी संघर्ष नहीं थी, बल्कि गरीब और वंचितों के लिए न्याय का प्रतीक बन गई। उन्होंने न केवल कानूनी रूप से, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी इस मुद्दे को उठाया और यह साबित किया कि सच्चा नेतृत्व वही होता है, जो जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहे।