Home Blog Page 964

Latest Sports News: के.एल.राहुल को लेकर बड़ा अपडेट, रणजी ट्रॉफी में इस बैटिंग पोजीशन पर उतरेंगे मैदान में

कर्नाटका के कोच येरे गौड़ को उम्मीद है कि हरियाणा के खिलाफ आगामी रणजी ट्रॉफी मैच में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। राहुल, जो कि एक इंटरनेशनल क्रिकेटर हैं, ने हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान यशस्वी जायसवाल के साथ ओपनिंग की थी। हालांकि, मेलबर्न में चौथे टेस्ट के दौरान जब रोहित शर्मा ने टीम में वापसी की, तो राहुल को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने का अवसर मिला। इसके बाद, सिडनी टेस्ट में रोहित की अनुपस्थिति के कारण राहुल एक बार फिर ओपनिंग करने के लिए वापस आ गए।

इंग्लैंड दौरे पर केएल राहुल कर सकते हैं ओपन

राहुल की बल्लेबाजी का क्रम भारतीय टेस्ट टीम में अभी भी कुछ असमंजस का विषय है। यदि रोहित शर्मा को इंग्लैंड सीरीज के लिए चुना जाता है, तो राहुल को छठे नंबर पर बल्लेबाजी करनी पड़ सकती है, क्योंकि शुभमन गिल के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, अगर रोहित को नहीं चुना जाता, तो राहुल एक बार फिर ओपनिंग करने की संभावना है। इन सबके बावजूद, कोच गौड़ का मानना है कि रणजी ट्रॉफी के आगामी मैचों में राहुल तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, हालांकि बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की परिस्थितियों के अनुसार उनका बल्लेबाजी क्रम बदल सकता है।

कोच गौड़ ने पीटीआई से बात करते हुए कहा कि राहुल बहुत अनुभव लेकर आए हैं और खेल के सभी पहलुओं में टीम के लिए बहुत मूल्यवान साबित हुए हैं। हम परिस्थितियों का आकलन करेंगे और उसके आधार पर बल्लेबाजी क्रम तय करेंगे। लेकिन फिलहाल राहुल के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है।

रणजी खेल रहे कई स्टार खिलाड़ी

इसके अलावा, कई अन्य प्रमुख भारतीय क्रिकेटर भी इस रणजी ट्रॉफी के अंतिम लीग दौर में खेलेंगे। दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने पुष्टि की है कि विराट कोहली रेलवे के खिलाफ चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, जबकि रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और रियान पराग जैसे क्रिकेटरों ने भी अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। कर्नाटक की टीम इस समय अपने ग्रुप में छह मैचों में 19 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है। हरियाणा और केरल क्रमशः 26 और 21 अंकों के साथ पहले और दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, बंगाल 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश और बिहार क्रमशः पांचवें, छठे, सातवें और आठवें स्थान पर हैं।

 न्यूयॉर्क: Hush Money Case, ट्रंप ने दोषसिद्धि के खिलाफ अपील दायर करके केस खारिज करने की मांग की

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ‘हशमनी’ (मुंह बंद रखने के लिए धन देना) मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील की है। बता दें कि ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले न्यूयॉर्क की अदालत ने उन्हें पोर्न स्टार का मुंह बंद रखने के लिए गुप्त धन देने के मामले में दोषी ठहराते हुए 4 साल की सजा सुनाई थी। अब ट्रंप ने उस फैसले को हटाने का अनुरोध किया है जिसके तहत वह राष्ट्रपति पद जीतने वाले पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है।

ट्रंप के वकीलों ने बुधवार को एक अपील का नोटिस दायर किया जिसमें अदालत से अनुरोध किया गया है कि वह पिछले साल मई में व्यापारिक अभिलेखों में हेराफेरी करने के 34 मामलों में उनकी दोषसिद्धि को रद्द कर दे। यह मामला ट्रंप के 2016 के रिपब्लिकन अभियान के दौरान पॉर्न अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स को मुंह बंद करने के लिए पैसे के भुगतान को छिपाने की कथित साजिश से जुड़ा है। ट्रंप ने अपना पक्ष रखने के लिए ‘सुलीवन एंड क्रॉमवेल एलएलपी’ नामक फर्म से एक नई कानूनी टीम को नियुक्त किया, जिसका नेतृत्व फर्म के सह-अध्यक्ष रॉबर्ट जे.गिफ़्रा जूनियर कर रहे हैं। (एपी)

राष्ट्रपति बनने से पहले भी कर चुके हैं अपील

ट्रंप राष्ट्रपति पद का शपथ ग्रहण करने से पहले भी काई बार कोर्ट से इस मामले में फैसला नहीं सुनाए जाने और कोर्ट से केस रद्द करने की अपील कर चुके हैं, लेकिन जज ने उनकी सभी दलीलों और याचिकों को खारिज कर दिया था। इतना ही नहीं अदालत ने उनके शपथ ग्रहण से करीब 10 दिन पहले इस मामले में उन्हें सजा का भी ऐलान कर दिया था।

ओटावा: भारत के खिलाफ ट्रूडो की साजिश हुई उजागर, कनाडा की रिपोर्ट में निज्जर मामले का कोई सबूत नहीं मिला

 भारत को विश्वमंच पर बदनाम करने की जस्टिन ट्रूडो की साजिश पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो गई है। खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या मामले में कनाडा के आयोग को भारत के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। बता दें कि कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकी की जून 2023 में हुई हत्या के लिए भारत पर निराधार आरोप मढ़ा था। हालांकि भारत ने ट्रूडो के आरोपों को बेतुका, निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए तत्काल प्रभाव से खारिज कर दिया था। अब कनाडा आयोग की रिपोर्ट से भी यह साफ हो गया है कि ट्रूडो नाहक भारत को बदनाम करने की साजिश रच रहे थे।

बता दें कि कनाडा के एक आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह साबित नहीं हुआ है कि कनाडाई सिख कार्यकर्ता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का किसी अन्य देश से ठोस संबंध है। इस रिपोर्ट ने कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के उन आरोपों को दरकिनार कर दिया है, जिसमें उन्होंने निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संलिप्तता का आरोप लगाया था। दरअसल सितंबर 2023 में ट्रूडो ने कहा था कि कनाडा के पास विश्वसनीय सबूत हैं कि जून 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया में निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंट शामिल थे।

123 पन्नों की रिपोर्ट में भारत को क्लीन चिट

कनाडा के आयोग ने खुद ही भारत को इस मामले में क्लीन चिट दे दी है। यह पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो के लिए सबसे बड़ा झटका है। ‘संघीय चुनाव प्रक्रियाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं में विदेशी हस्तक्षेप की सार्वजनिक जांच’ शीर्षक वाली रिपोर्ट मंगलवार को जारी की गई। रिपोर्ट में आयुक्त मैरी-जोसे हॉग ने कहा, ‘‘देश के हितों के विपरीत निर्णय लेने वालों को दंडित करने के लिए गलत सूचना का प्रयोग प्रतिशोधात्मक रणनीति के रूप में किया जाता है।’’ इस 123 पृष्ठ की रिपोर्ट में छह भारतीय राजनयिकों को निष्कासित करने का भी जिक्र है। इसमें कहा गया है, ‘‘अक्टूबर 2024 में, कनाडा ने छह भारतीय राजनयिकों और वाणिज्य दूतावास अधिकारियों को निष्कासित कर दिया था।  भारत ने भी छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया था और अपने उच्चायुक्त को वापस बुलाने की घोषणा की थी। ,

Latest India News :महाकुंभ भगदड़ मामले पर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर, उठाई गई ये मांगें

प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ से हुई मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिका में प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ पर स्टेटस रिपोर्ट और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के वकील विशाल तिवारी ने जनहित याचिका दाखिल की है। याचिका में यह भी कहा गया है कि धार्मिक आयोजनों में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।

क्या है याचिका में मांगें?

कुंभ मेला क्षेत्र में सुविधा सेंटर

याचिका में सभी राज्यों द्वारा कुंभ मेला क्षेत्र में सुविधा सेंटर खोलने की मांग की गई है, जिससे गैर-हिंदी भाषी लोगों को सुविधा मिले।

VIP मूवमेंट पर नियंत्रण

याचिका में मांग की गई है कि ऐसे आयोजनों में VIP मूवमेंट सीमित किया जाए, ज्यादा से ज्यादा स्पेस आम आदमी के लिए रखा जाए।

प्रमुख भाषाओं में जानकारी का प्रसार

याचिका में बड़े धार्मिक आयोजनों में भगदड़ से बचने और लोगों को सही जानकारी दिए जाने के लिए देश की प्रमुख भाषाओं में डिस्पले बोर्ड लगाने, मोबाइल, व्हाट्सएप पर राज्यों द्वारा अपने तीर्थयात्रियों को जानकारी दिए जाने की मांग की गई है।

मेडिकल हेल्प डेस्क की स्थापना

याचिका में मांग की गई है कि कु़ंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों में देश के दूसरे राज्यों से आने वाले गैर-हिंदी भाषी लोगों की सुविधा के लिए सभी राज्यों द्वारा कुंभ में मेडिकल हेल्प डेस्क स्थापित किए जाने की मांग की गई है।

महाकुंभ का आज 18वां दिन

बता दें कि प्रयागराज महाकुंभ का आज 18वां दिन है। मौनी अमावस्या पर मची भगदड़ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न्यायिक आयोग से जांच करवाने का आदेश दिया है। साथ ही पुलिस इन्क्वायरी के भी आदेश दिए गए हैं। 3 फरवरी को बसंत पंचमी पर अमृत स्नान होगा। इसके लिए यूपी के मुख्य सचिव और डीजीपी प्रयागराज का दौरा करेंगे। पूरे मेला क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है। सभी वीआईपी पास रद्द कर दिए गए हैं। 4 फरवरी तक श्रद्धालुओं को पैदल ही संगम तक जाना होगा। प्रयागराज शहर में भी चार पहिया गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। केवल बाइक, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को ही शहर में जाने की इजाजत होगी।

कल हुए हादसे में 90 लोग घायल हुए, जिनमें से 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 36 लोगों का इलाज चल रहा है। 24 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। मरने वालों में यूपी से सबसे ज्यादा 19 श्रद्धालु हैं, 4 कर्नाटक के जबकि गुजरात और असम के एक-एक श्रद्धालु की मौत भगदड़ में हुई है। 5 शवों की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है।

दुबई:India-UAE की रणनीतिक साझेदारी को मिलेगी एक नई दिशा, जयशंकर ने डिप्टी पीएम से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा किया

 भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच रणनीतिक साझेदारी अब पहले से और अधिक मजबूत होने वाली है। इस बाबत विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को दुबई के शहजादे और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री हमदान बिन मोहम्मद से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात-भारत रणनीतिक साझेदारी को नया मुकाम देने के तरीकों पर चर्चा की। जयशंकर दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और संबंधों को नयी गति देने के लिए तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार को यूएई पहुंचे थे।

जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दुबई के शहजादे और यूएई के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री हमदान मोहम्मद से मिलकर प्रसन्नता हुई। दोस्ती के गहरे संबंधों और हमारे लोगों की भलाई के लिए उन्हें आगे बढ़ाने पर गर्मजोशी से बातचीत हुई।’’ वहीं यूएई के शहजादे ने कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री के साथ ‘‘यूएई-भारत रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा लोगों के बीच संबंधों को बढ़ाने के तरीकों’’ पर चर्चा की। जयशंकर ने उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से अप्रैल में नयी दिल्ली आने का निमंत्रण दिया।

पीएम मोदी ने दिया है यूएई के शहजादे को भारत आने का न्योता

हमदान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे भारत के प्रधानमंत्री की ओर से अप्रैल में देश की यात्रा करने का निमंत्रण पाकर खुशी हुई। हमारे देशों के बीच स्थायी संबंधों ने यूएई-भारत संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी साझेदारी द्विपक्षीय सहयोग के लिए एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में कार्य करती है और क्षेत्रीय तथा वैश्विक स्थिरता में योगदान देती है।’’ सोमवार को जयशंकर ने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की थी और प्रधानमंत्री मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं।