Home Blog Page 960

Latest Bollywood News: रिलीज से पहले ही ‘देवा’ ने कमाए करोड़ों, ओपनिंग डे की कमाई तय करेगी भविष्य

शाहिद कपूर स्टारर फिल्म ‘देवा’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म में शाहिद कपूर ने एक दबंग पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। शाहिद के साथ लीड रोल में पूजा हेगड़े नजर आने वाली हैं। फिल्म आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। सेकनिल्क वेबसाइट के मुताबिक फिल्म ने पहले ही दिन एडवांस बुकिंग में देवा ने 3.29 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है। अब फिल्म का भविष्य आज ओपनिंग डे के कलेक्शन पर निर्भर करता है। अब शाहिद कपूर के फैन्स का भी इंतजार खत्म हो गया है। आज सिनेमाघरों में ये फिल्म रिलीज हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फिल्म को लेकर काफी बज बना हुआ है।

लोगों को पसंद आ रहा शाहिद का किरदार

शाहिद कपूर ने फिल्म में एक दबंग पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। इस किरदार में शाहिद कपूर दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं। शाहिद कपूर की इस फिल्म को रोशन एंड्रूस ने डायरेक्ट किया है। फिल्म की कहानी सुमित अरोड़ा, बॉबी और अब्बास दलाल ने लिखी है। शाहिद कपूर के साथ पूजा हेगड़े लीड रोल में नजर आ रही हैं। दोनों के बीच अच्छी कैमिस्ट्री देखने को मिल रही है। साल के पहले महीने के आखिरी दिन रिलीज हुई इस फिल्म का भविष्य अब ओपनिंग डे पर निर्भर करता है। अब देखना होगा कि ये फिल्म दर्शकों को कितना लुभाने में सफल हो पाती है।

बीते साल भी दी एक हिट फिल्म

शाहिद कपूर के लिए बीता साल भी काफी शानदार रहा है। बीते साल शाहिद कपूर की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ रिलीज हुई थी। शाहिद कपूर और कृति सैनन की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। इससे पहले शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी फ्लॉप रही थी। लेकिन इससे पहले 2019 में रिलीज हुई फिल्म कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल का धमाल दिखाया था। ये फिल्म साल की सबसे कमाऊ फिल्म साबित हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश करा दी थी। अब शाहिद कपूर अपनी फिल्म देवा में भी एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि ये फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कितनी सफल रह पाती है।

IND vs ENG Latest Sports News: पुणे की पिच पर किसका दबदबा रहेगा—बल्लेबाजों का या गेंदबाजों का?

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज के अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से पहले 2 मैचों में टीम इंडिया का दबदबा देखने को मिला था, तो वहीं तीसरे मुकाबले को इंग्लैंड की टीम ने 26 रनों से अपने नाम करने के साथ सीरीज में भारतीय टीम को अजेय बढ़त लेने से रोक दिया। अब दोनों टीमों के बीच इस सीरीज का चौथा मुकाबला महाराष्ट्र क्रिकेट संघ के पुणे स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें सभी की नजरें टीम इंडिया के बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर रहने वाली है। तीसरे टी20 मैच में भारतीय टीम की हार का सबसे बड़ा कारण बल्लेबाजों का उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन ना कर पाना था, जिसमें एक भी प्लेयर 50 रनों का आंकड़ा पार करने में कामयाब नहीं हुआ था। ऐसे में इस मुकाबले की पिच भी काफी अहम हो जाती जिसको लेकर सभी की नजरें टिकी हुईं हैं।

पुणे की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद

एमसीए स्टेडियम पुणे की पिच को लेकर बात की जाए तो ये बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद मानी जाती है। शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों को थोड़ा मदद मिल सकती है, लेकिन इसके बाद बल्लेबाज अपना कमाल दिखाने में कामयाब हो सकते हैं। यहां पर पहले बल्लेबाजी का औसत देखा जाए तो वह 165 से 170 रनों के करीब देखने को मिलता है। मुकाबले के समय तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जिससे पिच थोड़ा सूखी हो सकती है और ऐसे में पुरानी गेंद से स्पिनर्स को थोड़ा टर्न मिल सकता है। हालांकि यदि पिच पर थोड़ी घास रहती है तो ये बल्लेबाजों के लिए मददगार हो सकती है। इसके बावजूद खेल आगे बढ़ने के साथ ये थोड़ा धीमी जरूर हो सकती है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला कर सकती है।

अब तक यहां पर खेले गए हैं चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले

पुणे के मैदान पर अब तक चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जा चुके हैं, जिसमें से 2 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है तो वहीं 2 बार टारगेट का पीछा करने वाली टीम को जीत मिली है। भारतीय टीम इस मैदान पर दूसरी बार इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेलने मैदान पर उतर रही है, जिसमें इससे पहले साल 2012 में खेले गए मैच को टीम इंडिया ने 5 विकेट से अपने नाम किया था। टीम इंडिया को अब तक इस मैदान पर 2 टी20 मैचों में जहां जीत मिली है तो 2 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।

Latest Bollywood News: डिंपल गर्ल ने चारों खान के साथ किया काम, अब इंडस्ट्री से बनाई दूरी

बॉलीवुड की डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा 31 जनवरी को 50 साल की हो गई हैं। प्रीति का नाम इंडस्ट्री की सबसे सफल और मल्टीटैलेंटेड एक्ट्रेसेस की लिस्ट में शुमार हैं। उन्होंने ‘कल हो ना हो’, ‘कभी अलविदा ना कहना’, ‘कोई मिल गया’, ‘सलाम नमस्ते’, ‘वीर जारा’ समेत कई सुपरहिट फिल्मों में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में खास जगह बनाई है। हालांकि, पिछले कुछ सालों से वह फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं और बतौर बिजनेस वूमेन दुनिया भर में छाई हुई हैं। प्रीति अपने पति जीन गुडइनफ संग अब अमेरिका में सेटल हो चुकी हैं। एक्ट्रेस भले ही आज फिल्म इंडस्ट्री से दूर हैं, लेकिन वे अपनी खूबसूरती और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हमेशा चर्चा में रहती हैं।

डेब्यू फिल्म से चमकी प्रीति की किस्मत

प्रीति जिंटा का जन्म हिमाचल प्रदेश के शिमला में राजपूत परिवार में हुआ। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग के तौर की थीं। मॉडलिंग के दौरान प्रीति जिंटा की मुलाकात शेखर कपूर से हुई, जिन्हें उन्होंने अपना ऑडिशन दिया। वह ‘तारा रमपमपम’ में प्रीति को ऋतिक रोशन के अपोजिट कास्ट करने वाले थे, लेकिन कुछ कारणों की वजह से ये फिल्म कैंसल हो गई। इसके बाद एक्ट्रेस प्रीति को मणि रत्नम की ‘दिल से’ में शाहरुख खान के साथ काम करने का ऑफर मिला। प्रीति को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए उनकी डेब्यू फिल्म ‘दिल से’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नई अदाकारा का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।

चारों खान संग दीं सुपरहिट फिल्में

प्रीति जिंटा ने फिल्म ‘दिल चाहता है’ में आमिर खान के साथ, ‘जानेमन’ फिल्म में सलमान खान के साथ, ‘कल हो ना हो’ में शाहरुख खान के साथ और ‘क्या कहना’ फिल्म में सैफ अली खान के साथ स्क्रीन शेयर कर बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया। बता दें कि अब प्रीति जिंटा लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं और आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में अपनी टीम को लेकर चर्चा में रहती हैं। साल 2008 में प्रीति ने इंडियन प्रीमियर लीग में क्रिकेट टीम पंजाब किंग्स खरीदी थी।

नई दिल्ली: आज से शुरू होगा संसद का बजट सत्र, राष्ट्रपति मुर्मू संयुक्त सत्र को करेंगी संबोधित

 संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सबसे पहले आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें होंगी जिसमें वित्त मंत्री आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। 1 फरवरी यानी कि शनिवार को वित्त मंत्री मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी। संसद का ये बजट सत्र 4 अप्रैल तक चलेगा। इस बजट सत्र में सरकार कई अहम बिल पेश कर सकती है जिनमें वक्फ संशोधन बिल भी शामिल है।

बजट सत्र से पहले बुलाई गई थी सर्वदलीय बैठक

बता दें कि बजट सत्र को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक में सभी दलों से संसद की कार्यवाही सुचारू ढंग से चलाने के लिए सहयोग की अपील की गई, लेकिन विपक्षी दलों ने इसमें अपने इरादे साफ कर दिए। समाजवादी पार्टी ने महाकुंभ में हुए हादसे के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की और इस घटना पर पारदर्शिता के साथ जांच कराने की भी मांग की गई। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन संसद के बजट सत्र में सभी मुद्दों को उठाएगा।

सरकार पेश कर सकती है 16 महत्वपूर्ण विधेयक

बता दें कि आज से शुरू हो रहा संसद का बजट सत्र काफी अहम रहने वाला है। एक तरफ जहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट और अपना लगातार आठवां बजट पेश करेंगी, वहीं सरकार इस सत्र में वक्फ संशोधन बिल समेत 16 महत्वपूर्ण बिल भी पेश कर सकती है। ये 16 विधेयक हैं:

  1. वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024
  2. मुसलमान वक्फ (रिपील) विधेयक, 2024
  3. बैंकिंग (संशोधन) विधेयक, 2024
  4. रेलवे (संशोधन) विधेयक, 2024
  5. आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024
  6. वित्त विधेयक, 2025
  7. विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक, 2025
  8. “त्रिभुवन” सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक, 2025
  9. आप्रवासन और विदेशी विधेयक, 2025
  10. बिल ऑफ लैडिंग विधेयक, 2024
  11. तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक, 2024
  12. बॉयलर बिल, 2024
  13. समुद्र द्वारा माल की ढुलाई विधेयक, 2024
  14. तटीय नौवहन विधेयक, 2024
  15. मर्चेंट शिपिंग बिल, 2024
  16. गोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SC/ST के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन बिल, 2024

दो चरणों में होगा संसद का बजट सत्र

बता दें कि संसद के बजट सत्र की शुरुआत शुक्रवार को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी और बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा।

बमाको: माली की सोने की खदान में हुआ भयानक हादसा, भूस्खलन में फंसे कई खनिकों की हुई मौत

पश्चिम अफ्रीकी देश माली में एक सोने की खदान में बड़ा हादसा हुआ है। खनन के दौरान काफी संख्या में मजदूर लैंडस्लाइड की चपेट में आ गए हैं। इससे उनकी मौत हो गई है। हालांकि मौतों की कोई संख्या नहीं बताई गई है। कौलिकोरो क्षेत्र के गवर्नर कार्यालय ने गुरुवार को बताया कि माली में मुख्य रूप से महिला सोना खनिकों का एक समूह भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिससे उनमें से कई की मौत हो गई।

माली के राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारित एक बयान में कौलिकोरो के गवर्नर कर्नल लैमिन कपोरी सनोगो ने कहा, “सोने की तलाश में खनन के दौरान महिलाएं बड़ी संख्या में थीं। वह सभी एक खनन बांध से घिरी हुई थी, जिससे रास्ता खुल गया और पानी कीचड़ के साथ अंदर घुस गया। सभी महिलाओं को चपेट में ले लिया।

पहले भी हो चुका है कई हादसा

यह पहली बार नहीं है, जब अफ़्रीका के तीन सोना उत्पादक देशों में से एक माने जाने वाले माली में सोने की खदान में ऐसे हादसे हुए हैं। पिछले साल जनवरी में भी माली में एक अनियमित सोने की खदान ढह गई थी, जिससे राजधानी बमाको के पास 70 से अधिक लोग मारे गए थे। अमेरिकी वाणिज्य विभाग के साथ अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रशासन के अनुसार, “सोना माली का अब तक का सबसे महत्वपूर्ण निर्यात है, जिसमें 2021 में कुल निर्यात का 80 प्रतिशत से अधिक शामिल है।”

इसमें कहा गया है कि 20 लाख से अधिक लोग, या माली की 10 प्रतिशत से अधिक आबादी आय के लिए खनन क्षेत्र पर निर्भर हैं। खनन से प्रति वर्ष लगभग 30 टन सोने का उत्पादन होने का अनुमान है और यह माली के वार्षिक सोने के उत्पादन का 6 प्रतिशत प्रतिनिधित्व करता है।