Home Blog Page 958

Latest Sports News: जीत के बावजूद इस वजह से खुश नहीं दिखे कप्तान सूर्यकुमार यादव, इसे बताया बेहद खराब

भारतीय टीम ने चौथे टी20 मैच में इंग्लैंड को 15 रनों से हरा दिया और सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। मैच में इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या के अर्धशतकों की बदौलत 181 रन बनाए, जिसके जवाब में अंग्रेजों की टीम सिर्फ 166 रनों पर सिमट गई। मैच में टीम इंडिया की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब दूसरे ओवर में ही भारत ने धुरंधर बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन और तिलक वर्मा के विकेट गंवा दिए। इससे टीम इंडिया संकट में घिरी नजर आ रही थी। फिर हार्दिक और दुबे की पारियों से टीम इंडिया सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल हो पाई। मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक ही ओवर में तीन विकेट गंवाने को बहुत खराब बताया है।

हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की तारीफ की

सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा कि सभी ने बेहतरीन प्रयास किया। फैंस ने हमेशा हमारा समर्थन किया। एक ओवर में तीन विकेट गंवाना बहुत खराब था। हार्दिक और शिवम दुबे ने जिस तरह से अपना अनुभव दिखाया वह शानदार था। यह एक ऐसी चीज है जिसके बारे में हम बात कर रहे हैं। आप उसी तरह से बल्लेबाजी करें जैसे नेट्स पर करते हैं। मुझे लगता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

हर्षित राणा ने डेब्यू मैच में किया दमदार प्रदर्शन

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मैं जानता था कि पावरप्ले के बाद, 7 से 10 ओवर्स के बीच में वह समय था जब हम खेल को कंट्रोल कर सकते थे और वही हुआ। हमने कुछ विकेट लिए और खेल को कंट्रोल किया। ड्रिंक्स के बाद, जब दुर्भाग्य से शिवम दुबे अंदर नहीं आ सके। हर्षित राणा कनकशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर तीसरे पेसर के रूप में आए और हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया, यह अविश्वसनीय था। हर्षित ने मैच में चार ओवर में 33 रन देकर तीन अहम विकेट हासिल किए।

हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे ने दिखाया दम

भारत के लिए हार्दिक पांड्या ने 30 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 53 रन की पारी खेली। उनके अलावा शिवम दुबे (53 रन, 34 गेंद, सात चौके, दो छक्के) ने भी दमदार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। दोनों प्लेयर्स के बीच छठे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी हुई, जिससे टीम 12 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद नौ विकेट पर 181 रन बनाने में सफल रही।

कीव: रूस ने यूक्रेन के एक और गांव पर कब्जे का दावा किया, सेना अहम शहर के करीब पहुंची

 रूस ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में एक और गांव पर कब्जा कर लिया है। रूस की ओर से कहा गया कि लगभग तीन साल के युद्ध के बाद वह महत्वपूर्ण यूक्रेनी साजो-सामान केंद्र पोक्रोव्स्क के और नजदीक पहुंच गया है। हालांकि, रूस के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है कि उसकी सेना ने नोवोवासिलिव्का पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने भी तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।

रूसी सेना जंगलों में बना रही है रास्ता

रूसी सेना महीनों से पोक्रोव्स्क और पास के चासिव यार जैसे प्रमुख दोनेत्स्क गढ़ों पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है। सेना खेत और जंगलों में अपना रास्ता बना रही है साथ ही छोटी ग्रामीण बस्तियों को अपने कब्जे में ले रही है। नोवोवासिलिव्का गांव पोक्रोव्स्क से लगभग 11 किलोमीटर (दक्षिण पश्चिम) में स्थित है।

पोक्रोव्स्क और चासिव यार का है महत्व

यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि रूस पोक्रोव्स्क को घेरने के लिए एक बड़ा अभियान चला रहा है। पोक्रोव्स्क एक प्रमुख सड़क और रेल केंद्र है, जहां से अग्रिम क्षेत्रों के विस्तृत हिस्से को आपूर्ति प्रदान की जाती है। चासिव यार एक रणनीतिक पर्वतीय चोटी है।

रूसी सेना के 71 हमले हुए नाकाम

यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेनी सैनिकों ने पिछले 24 घंटों में पोक्रोव्स्क की ओर रूसी सेना के 71 हमलों को नाकाम कर दिया है, जिसका मतलब है कि पूरे 1,000 किलोमीटर की अग्रिम रेखा पर रूस के लगभग आधे हमले पोक्रोव्स्क के आसपास हुए हैं।

वाशिंगटन:अमेरिका में विमान हादसे के बाद बचाव अभियान रहा जारी, अब तक 40 से ज्यादा शव हुए बरामद

 अमेरिका में लगभग 25 वर्ष में हुई सबसे घातक विमान दुर्घटना के बाद बचाव कार्य जारी है और अब तक 40 से अधिक शव बरामद किए जा चुके हैं। अमेरिका में 2001 के बाद से यह सबसे घातक विमान दुर्घटना है। घटना बुधवार रात को उस समय हुई जब अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ान 5342, हवाई अड्डे के पास पहुंचते ही सेना के हेलीकॉप्टर से टकरा गई। हेलीकॉप्टर और यात्री विमान के बीच हुई टक्कर में 67 लोगों की मौत हो गई थी।

जांच में लगेंगे कई महीने

विमान दुर्घटना की जांच में कई महीने लग सकते हैं और संघीय जांचकर्ताओं ने कहा है कि वो इसके कारणों के बारे में अटकलें नहीं लगाएंगे। एक अधिकारी ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि पोटोमैक नदी से 40 से अधिक शव निकाले गए हैं, इस दुर्घटना के बाद व्यापक स्तर पर बचाव कार्य जारी है। शुक्रवार को भी बचाव कार्य जारी रहा।

डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि विमान दुर्घटना के समय बहुत ऊंचाई पर उड़ रहा था। ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मंच पर शुक्रवार सुबह एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह 200 फीट की सीमा से कहीं अधिक था। इसे समझना बहुत जटिल नहीं है।’’ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बृहस्पतिवार को कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि ऊंचाई दुर्घटना का एक कारण थी।

नहीं मिला हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स

हेगसेथ ने कहा कि हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स अभी तक बरामद नहीं हुआ है। शुक्रवार को ‘फॉक्स न्यूज’ चैनल पर हेगसेथ ने कहा कि अधिकारी अभी भी हेलीकॉप्टर के ब्लैक बॉक्स की तलाश कर रहे हैं। विमान से ‘कॉकपिट वॉयस’ और ‘फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर’ बरामद कर लिए गए हैं।

सिडनी:जब आप सोते हैं, तब जाग उठती है कीट-पतंगों की दुनिया – जानिए उनका रहस्यमय संसार कैसा है

 ऑस्ट्रेलिया के जंगलों, खेतों और बगीचों में जैसी ही सूरज ढलता है वैसे ही रात के कीड़ों की एक दबी-छिपी दुनिया जीवंत हो उठती है। ज्यादातर पारिस्थितिकी तंत्रों में विशेषकर दुनिया के गर्म हिस्सों में रात के समय कीड़ों की गतिविधियां चरम पर होती हैं। ये रात्रिचर जीव पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और परागण, अपशिष्ट अपघटन और कीट नियंत्रण जैसी सेवाएं प्रदान करते हैं। यहां कुछ महत्वपूर्ण कीड़ों के बारे में बताया गया हैं, जो अंधेरा होने के बाद बाहर आते हैं। आइए जानते हैं ये कीड़े क्यों महत्वपूर्ण हैं।

पतंगे पारिस्थितिकी तंत्र में निभाते हैं अहम भूमिका 

एक अनुमान के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में पतंगों की करीब 22,000 प्रजातियां पाई जाती हैं और इनमें से अधिकांश (प्रजातियां) रात के समय अपनी गतिविधियां करती हैं हालांकि कुछ पतंगों की प्रजातियां दिन में और कुछ सुबह व शाम को सक्रिय होती हैं। कई प्रजातियां अपने लंबे, ‘स्ट्रॉ’ जैसे मुंह के अंगों का उपयोग कर फूलों के रस से भोजन प्राप्त करती हैं और उड़ने से पहले फूलों के बीच पराग डालने का काम करती हैं। कुछ पतंगे कई तरह के पौधों पर भोजन करते हैं, वहीं अन्य पतंगों का कुछ विशिष्ट फूलों के साथ अत्यधिक विशिष्ट संबंध होता है।

पतंगों के बारे में यह भी जानें

पतंगों के लार्वा, ‘कैटरपिलर’ भी पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उदाहरण के तौर पर ‘मैली’ नाम के पतंगों (ओकोफोरिडे) का लार्वा पत्ती के कूड़े में सूखी पत्तियों को खाता है और इसलिए वह कठोर, सूखे पौधों के अपघटन के लिए आवश्यक हो जाता है। अगर ये पतंगे अपनी कड़ी मेहनत से इन जैविक पदार्थों को नष्ट नहीं करते हैं तो इन पत्तियों का ढेर मनुष्यों के लिए एक समस्या के रूप में सामने आ सकता है। पतंगे और उनके लार्वा मनुष्यों सहित कई जानवरों के लिए वसा और प्रोटीन युक्त भोजन स्रोत प्रदान करते हैं।

रात में व्यस्त जुगनू

गर्मी के मौसम में रात के समय अंधेरे में नाचते जुगनुओं की चमकती रोशनी को देखना एक जादुई अनुभव है। जुगनू वास्तव में लैम्पाइरिडे परिवार के भौरे हैं और ऑस्ट्रेलिया में इनकी 25 प्रजातियां पाई जाती हैं। जुगनू की प्रत्येक प्रजाति संभावित साथियों के साथ संवाद करने के लिए अपनी स्वयं की विशिष्ट रोशनी का उपयोग करती है। जब एक ही प्रजाति के बहुत से जुगनू इकट्ठा होते हैं, तो वो अपने प्रकाश स्पंदनों को मिला सकते हैं, जिससे एक लुभावना दृश्य बनता है। जुगनू की ये विशिष्ट रोशनी ‘ल्यूसिफेरिन’ नाम के अणु और ‘ल्यूसिफेरेज’ नाम के एंजाइम से जुड़ी एक जैव रासायनिक प्रतिक्रिया के जरिये उत्पन्न होती है। जब जुगनू ऑक्सीजन की उपस्थिति में परस्पर क्रिया करते हैं, तो रोशनी उत्सर्जित होती है।

लेसविंग्स और मेंटिसफ्लाइ के बारे में जानें

लेसविंग्स और मेंटिसफ्लाइ ‘लेसविंग्स’, कीटों के एक प्राचीन समूह (न्यूरोप्टेरा) से ताल्लुक रखते हैं, जिनका नाम उनके पंखों पर नसों के नाजुक जाल के कारण रखा गया है। अधिकांश वयस्क ‘लेसविंग्स’ रात में शिकार करते हैं और अपने शिकार से पोषक तत्वों को निकालने के लिए अपने खोखले, कैंची के आकार के मुंह का उपयोग करके छोटे-छोटे कीटों को खाते हैं। कई ‘लेसविंग्स’ प्रजातियां प्रभावी कीट नियंत्रक हैं और इनका उपयोग कृषि में ‘एफिड्स’ और ‘मीलीबग्स’ जैसे कीटों के प्रबंधन के लिए किया जाता है। ‘मैन्टिसफ्लाई’ नाम से मशहूर ‘मैन्टिड लेसविंग्स’ मैन्टिस और मक्खी के बीच एक अजीब संकर जैसा दिखता है लेकिन वास्तव में यह ‘लेसविंग्स’ के समान ही है। ‘मैन्टिसफ्लाई’ के लार्वा का बहुत कम अध्ययन किया गया है लेकिन अधिकांश प्रजातियों को कीटों का शिकारी माना जाता है हालांकि कुछ मकड़ी के अंडों को खाते हैं। ‘मैन्टिसफ्लाई’ अन्य कीटों को खाकर कीटों की आबादी को नियंत्रित करने में भूमिका निभाते हैं।

रात के समय कीटों की सुरक्षा है जरूरी

रात में कृत्रिम रोशनी, रात की पाली में काम करने वाले कीटों के लिए गंभीर व्यवधान पैदा कर रही है। कीट अक्सर भ्रमित हो जाते हैं और चमकदार रोशनी के इर्द-गिर्द अंतहीन घेरे में उड़ते रहते हैं तथा अपनी ऊर्जा खर्च करते रहते हैं, जिस कारण वह मर जाते हैं। भ्रम के कारण होने वाली ये थकावट उनकी मृत्यु का कारण बन सकती है। रात में कृत्रिम रोशनी कीटों के प्रजनन को भी बाधित कर सकती है। उल्लू और चमगादड़ आदि कृत्रिम रोशनी के इर्द-गिर्द शिकार करते हैं, क्योंकि इस प्रकार की रोशनी में उनका शिकार अधिक केंद्रित और कमजोर हो जाता है।

हम कैसे मदद कर सकते हैं

रात में अनावश्यक बाहरी लाइटें बंद करें, खासकर गर्मियों के दौरान जब कई कीट प्रजनन कर रहे होते हैं। प्रकाश प्रदूषण को कम करने के लिए ‘मोशन एक्टिवेटेड’ रोशनी का उपयोग करना और बगीचों में कीटनाशकों के उपयोग को कम या फिर समाप्त करना। हमारे पारिस्थितिकी तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए रात भर कड़ी मेहनत करने वाले कीटों की रक्षा करने में छोटे-छोटे बदलाव बहुत बड़ा अंतर ला सकते हैं।

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में हुआ बड़ा विमान हादसा, मॉल के पास हुआ क्रैश जाने पूरी खबर

अमेरिका में एक बार फिर प्लेन क्रैश की घटना देखने को मिली है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, यह प्लेन क्रैश फिलाडेल्फिया में देखने को मिला है। जानकारी के मुताबिक एक शॉपिंग मॉल के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 2 लोग सवार थे। इस क्रैश में जमीन पर कई लोग हताहत हुए हैं। फिलाडेल्फिया आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय ने सोशल मीडिया पर इस घटना की पुष्टि की कि कथित दुर्घटना के क्षेत्र में एक बड़ी घटना हुई है। हालांकि कार्यालय की तरफ से कोई अन्य जानकारी नहीं दी गई है। आपातकालीन प्रबंधन कार्यालय ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, रूजवेल्ट मॉल के सामने उत्तर-पूर्व फिलाडेल्फिया में कॉटमैन और बस्टेलटन एवेन्यू के पास बड़ी घटना हुई है। रूजवेल्ट बुलेवार्ड के कुछ हिस्सों सहित क्षेत्र में सड़कें बंद हैं। इस क्षेत्र में जाने से बचें।

सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा वीडियो

सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित जो वीडियो शेयर किया जा रहा है, उससे पता चलता है कि विमान कई घरों से टकरा गया, जिस कारण यह हादसा हुआ। इस घटना के बाद आनन-फानन में फायर ब्रिगेड की टीम घटना स्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट डेटा से पता चला कि एक छोटा जेट विमान शाम 6.06 बजे हवाई अड्डे स उड़ान भर रहा था। 1600 फीट की ऊंचाई पर जान के लगभग 30 सेकेंड बाद विमान रडार से गायब हो गया। बता दें कि दुर्घटनास्थल नॉर्थ ईस्ट फिलाडेल्फिया हवाई अड्डे से लगभग 4.8 किलोमीटर दूर है, जो मुख्य रूप से व्यावसायिक जेट और चार्टर उड़ानों की सेवा को संचालित करता है।

स्थानीय निवासी ने बताई कहानी

न्यूज एजेंसी एपी से बात करते हुए एक स्थानीय निवासी ने बताया कि उसने जोरदार धमाका सुना और उसका घर हिल गया। विस्फोट होने के बाद उसे ऐसा लगा कि उनपर हमला हुआ है। गौरतलब है कि इससे पहले वॉशिंगटन डीसी में एक विमान सेना के हेलीकॉप्टर से टकरा गया था। इस विमान में सवार सभी 64 लोगों की मौत हो गई है। वहीं हेलीकॉप्टर में सवार 3 लोगों की भी मौत हो गई है। बता दें कि अमेरिका में दो दशकों से अधिक समय बाद इतनी भयानक घटना देखने को मिली है।