Home Blog Page 938

Latest Bollywood News: ‘मारको’ से ‘धूमधाम’ तक: इस हफ्ते OTT पर रोमांस के साथ दिखेगा जबरदस्त एक्शन और सस्पेंस!

हर हफ्ते की तरह ही इस हफ्ते स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर नए OTT रिलीज की भरमार है। यामी गौतम और प्रतीक गांधी की मस्ती भरी ‘धूम धाम’ से लेकर मलयालम एक्शन थ्रिलर ‘मार्को’ रिलीज हो रही है। इस हफ्ते अमेजन प्राइम वीडियो, जी5, डिजनी प्लस हॉटस्टार और नेटफ्लिक्स जैसे कई प्लेटफॉर्म पर फिल्में और वेब सीरीज धमाल मचाएंगी। एक्शन और हल्की-फुल्की रोमांटिक-कॉमेडी की इस हफ्ते धूम रहने वाली है। यहां देखें इस हफ्ते रिली होने वाली फिल्मों और शोज की पूरी लिस्ट।

बॉबी और ऋषि की लव स्टोरी

डिजनी प्लस हॉटस्टार पर 11 फरवरी को ‘बॉबी और ऋषी की लव स्टोरी’ रिलीज हो रही है। कुणाल कोहली द्वारा निर्देशित यह फिल्म दो युवायों बॉबी और ऋषि के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कैम्ब्रिज में अपने समय के दौरान एक-दूसरे के लिए भावनाएं विकसित करते हैं। हालांकि, जीवन उन्हें अलग होने के लिए मजबूर करता है। सालों बाद वे एक बार फिर से मिलते हैं, लेकिन क्या उन्हें प्यार का एक और मौका मिलेगा, ये देखने वाली बात होगी।

धूम धाम

‘धूम धाम’ भी इसी हफ्ते 14 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है। फिल्म की कहानी दिलचस्प है जिसमें अपनी शादी की रात को एक नवविवाहित जोड़ा गलत पहचान के मामले में उलझ जाता है, जिससे उन्हें रहस्यमय चार्ली की तलाश करते हुए निर्दयी गुंडों से भागना पड़ता है – जो उनकी आजादी की कुंजी रखता है। फिल्म में यामी गौतम और प्रतीक गांधी मुख्य भूमिका में हैं।

प्यार टेस्टिंग

14 फरवरी को जी5 पर वेब सीरीज ‘प्यार टेस्टिंग’ रिलीज हो रही है। ध्रुव और अमृता नामक दो व्यक्तियों को उनके परिवारों द्वारा संभावित साथी के रूप में एक-दूसरे से मिलवाया जाता है। दोनों अपनी अनुकूलता को परखने के लिए साथ रहने का विचार करते हैं। हालांकि वे एक-दूसरे को जानने की कोशिश करते हैं और इसी बीच उनका निर्णय जल्द ही अराजकता में बदल जाता है।

मारको

14 फरवरी को मच अवेटेड ब्लॉकबस्टर ‘मारको’ सोनी लिव पर रिलीज हो रही है। सिनेमाघरों में इस फिल्म को काफी पसंद किया गया है। यह मलयालम एक्शन थ्रिलर मार्को उन्नी मुकुंदन द्वारा अभिनीत है। इसकी कहानी में एक अपराधी है जो अपने भाई की मौत का बदला लेना चाहता है, जिसे एक खतरनाक सिंडिकेट के नेता ने मार डाला था। हनीफ अदेनी द्वारा निर्देशित यह फिल्म अब तक की नौवीं सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली मलयालम फ़िल्म है।

कदालीकि नेरामिलाई

‘कदालीकि नेरामिलाई’ 14 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इस फिल्म में जयम रवि और नित्या मेनन एक साथ नजर आएंगे। ये एक लव स्टोरी है जो इस वैलेंटाइन डे को और भी रोमांटिक बनाने में मदद करेगी। इसे आप भी अपने पार्टनर के साथ देख सकते हैं।

Latest Sports News: चैंपियंस ट्रॉफी से पहले जसप्रीत बुमराह के भविष्य पर संकट, अगले 24 घंटे में होगा अंतिम फैसला

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का 19 फरवरी से आगाज होने जा रहा है, जिसमें अब सिर्फ कुछ ही दिन बचे हैं। लेकिन अब तक जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर कोई बड़ा अपडेट सामने नहीं आया है।  बुमराह की जनवरी में सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें टेस्ट में पीठ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था और उन्होंने दूसरी पारी में गेंदबाजी नहीं की थी। उन्होंने तब से भारत के लिए गेंदबाजी नहीं की है, हालांकि उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है, लेकिन अब तक ये साफ नहीं है कि वह कब तक गेंदबाजी करने के लिए फिट होंगे। उनकी फिटनेस को लेकर अब तक अनिश्चितता बनी हुई है।

चैंपियंस ट्रॉफी की उल्टी गिनती शुरू

बता दें, भारत चैंपियंस ट्रॉफी में जसप्रीत बुमराह की भागीदारी पर अंतिम फैसला 11 फरवरी को लेगा, जो ICC को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी अंतिम टीम सौंपने की आखिरी तारीख है। ऐसे में फैंस BCCI की ओर से पॉजिटिव अपडेट आने की उम्मीद कर रहे हैं। बुमराह इस समय नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं और इंग्लैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की सीरीज के लिए वनडे टीम में नहीं हैं। स्पोर्ट्स साइंटिस्ट स्पेशलिस्ट से BCCI को उनकी फिटनेस पर अपडेट देने की उम्मीद है जिसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी पर फैसला लिया जाएगा जो पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित की जाएगी। चैंपियंस ट्रॉफी का पहला मैच 19 फरवरी को कराची में होना है जबकि भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। भारत और पाकिस्तान 23 फरवरी को दुबई में भिड़ेंगे।

बुमराह के खेलने पर संशय

ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह ने हाल ही में बेंगलुरु में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी पीठ का स्कैन कराया था। BCCI का मेडिकल स्टाफ अब चयनकर्ताओं और भारतीय टीम प्रबंधन के साथ समन्वय करेगा और फिर कोई फैसला लिया जाएगा। अगर अनफिट होने के कारण बुमराह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो जाते हैं, तो उनकी जगह हर्षित राणा को टीम में शामिल किया जा सकता है। हर्षित इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे मैच खेले थे और अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 12 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

नेपाल पुलिस ने 23 भारतीय नागरिकों को किया गिरफ्तार , इन पर लगाया गया ये गंभीर आरोप,जाने पूरी खबर

भारत के पड़ोसी देश नेपाल में पुलिस ने करीब दो दर्जन भारतीय नागरिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। जानकारी के मुताबिक, नेपाल की पुलिस ने एक साथ 23 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है। हिमालयी देश नेपाल की पुलिस ने सोमवार को बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों की गिरफ्तारी की कार्रवाई को अंजाम दिया है। आइए जानते हैं गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिकों पर क्या आरोप लगाए  हैं।

क्या है भारतीय लोगों पर आरोप?

दरअसल, नेपाल की पुलिस ने देश के बागमती प्रांत में 23 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। नेपाल पुलिस ने इन भारतीय नागरिकों पर ऑनलाइन जुआ रैकेट चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस उपाधीक्षक अपिल कुमार बोहरा ने इस कार्रवाई के बारे में बताया है कि ये गिरफ्तारियां काठमांडू से 10 किलोमीटर उत्तर में स्थित बुधनीलकांठा नगरपालिका में दो मंजिला इमारत से की गईं है।

छापे में क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी है कि उन्होंने एक गुप्त सूचना के आधार पर इमारत पर छापा मारा था। इमारत से 23 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया है कि भारतीय नागरिकों के पास से 81 हजार रुपये नकद, 88 मोबाइल फोन और 10 लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए भारतीय नागरिकों पर जुआ रोधी अधिनियम के तहत आरोप लगे  हैं।

एक हफ्ते पहले भी 10 भारतीय गिरफ्तार

करीब एक हफ्ते पहले भी नेपाल पुलिस ने तीन अरब रुपये से अधिक के ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था और दस भारतीय नागरिकों सहित 24 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस की एक विशेष टीम ने बीते शनिवार को ललितपुर महानगर के सानेपा इलाके में दो घरों पर छापेमारी की और 10 भारतीय नागरिकों तथा 14 नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया, जो ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों को ठगते हुए पाए गए थे। नेपाल की पुलिस ने बताया था कि गिरफ्तार किए गए ज्यादातर भारतीय लोग उत्तर प्रदेश से हैं। आरोपी ललितपुर के सानेपा स्थित किराये के दो मकानों से अवैध ऑनलाइन सट्टा चलाया गया था ।

पेरिस: पीएम मोदी पेरिस पहुंचे, भारतीय समुदाय ने शानदार स्वागत किया, एआई समिट में लेंगे हिस्सा

 पीएम मोदी पेरिस पहुंच गए हैं। यहां भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया है। बता दें कि पीएम मोदी 3 दिवसीय यात्रा पर फ्रांस पहुंचे हैं। यहां वह AI समिट में शामिल होंगे। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पेरिस पहुंचने की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘थोड़ी देर पहले पेरिस में उतरा। यहां विभिन्न कार्यक्रमों का इंतजार कर रहा हूं, जो एआई, तकनीक और नवाचार जैसे भविष्य के क्षेत्रों पर ध्यान करेंगे केंद्रित ।’

    क्या है कार्यक्रम?

पीएम मोदी फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ ‘एआई एक्शन समिट’ की सह-अध्यक्षता करेंगे और उनके साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। मोदी, राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा शासनाध्यक्षों और राष्ट्राध्यक्षों के सम्मान में एलिसी पैलेस में आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। इस रात्रिभोज में प्रौद्योगिकी क्षेत्र के सीईओ और शिखर सम्मेलन में आमंत्रित कई अन्य लोगों के शामिल होने की है संभावना।

मजारगुएज युद्ध स्मारक और मार्सिले में भारत के नये महावाणिज्य दूतावास का उद्घाटन

पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत-फ्रांस सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे और बुधवार को प्रथम विश्व युद्ध में बलिदान देने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए मजारगुएज युद्ध स्मारक का दौरा करेंगे। वह मार्सिले में भारत के नये महावाणिज्य दूतावास का भी उद्घाटन करेंगे।

रणनीतिक लिहाज से अहम है मार्सिले

रणनीतिक रूप से मार्सिले बेहद अहम शहर है और भारत मार्सिले बंदरगाह का उपयोग करने का इच्छुक भी है। खास बात यह है कि यहां किसी अन्य विदेशी शक्ति की कोई भूमिका या उपस्थिति नहीं है। मार्सिले का बंदरगाह फ्रांस का सबसे बड़ा बंदरगाह है और भूमध्य सागर में सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक है। यह बंदरगाह फ्रांस के आयात और निर्यात में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसे यूरोप, अफ्रीका, मध्य पूर्व और एशिया के बीच माल की आवाजाही के लिए प्रवेश द्वार के रूप में भी देखा जाता है।

कैडारैचे का दौरा करेंगे

मोदी और मैक्रों कैडारैचे का दौरा करेंगे, जो एक उच्च-विज्ञान परियोजना, अंतरराष्ट्रीय थर्मोन्यूक्लियर प्रायोगिक रिएक्टर (आईटीईआर) का स्थल है। अधिकारियों के अनुसार, यह मोदी की फ्रांस की छठी यात्रा है।

ढाका:बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव के बीच जल्द होगी पहली उच्च स्तरीय बैठक, जाने पूरी खबर

बांग्लादेश और भारत में चल रहे तनाव के बीच पहली उच्च स्तरीय बैठक होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों में और तनाव को रोकने के प्रयासों के तहत अगले सप्ताह ओमान में हिंद महासागर सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री एस.जयशंकर के साथ बैठक कर सकते हैं। आठवां हिंद महासागर सम्मेलन (आईओसी 2025) 16-17 फरवरी को मस्कट में आयोजित होगी ।

नयी दिल्ली स्थित शोध संस्थान ‘इंडिया फाउंडेशन’ द्वारा ओमान के विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित यह सम्मेलन क्षेत्रीय संवाद के लिए एक प्रमुख मंच के रूप में कार्य करता है। ‘प्रोथोम आलो’ अखबार की खबर के मुताबिक दोनों नेताओं के बीच सम्मेलन के दौरान बैठक तय है। राजनयिक सूत्रों ने रविवार को संकेत दिया कि बांग्लादेश इस बैठक का इस्तेमाल दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में और तनाव रोकने के लिए संदेश देने के वास्ते कर सकता है।

जयशंकर ने बांग्लादेश को दिया था निमंत्रण

खबर में कहा गया है कि पिछले महीने विदेश मंत्री जयशंकर ने बांग्लादेश के विदेश सलाहकार को सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। यदि हुसैन और जयशंकर के बीच प्रस्तावित बैठक होती है, तो यह पांच महीनों में उनकी वार्ता का दूसरा दौर होगा। हुसैन और जयशंकर की पहली मुलाकात पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान न्यूयॉर्क में हुई थी। पिछले साल अगस्त में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शन के चलते शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और भारत चली गई थीं। इसके बाद दोनों देशों के संबंध काफी तनावपूर्ण हुए ।

हिंदू नेता चिन्मय दास की गिरफ्तारी से और बिगड़े हालात

हसीना के भारत चले जाने के कुछ दिनों बाद मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख बने। हिंदुओं पर हमलों और संत चिन्मय कृष्ण दास की गिरफ्तारी के बाद दोनों देशों के रिश्ते और बिगड़ गए। हसीना के पद से हटने के बाद बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हुई, साथ ही मंदिरों पर हमले भी हुए थे, जिससे भारत में गहरी चिंताएं पैदा हुई थीं। दिसंबर में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने ढाका का दौरा किया। अपनी संक्षिप्त यात्रा के दौरान, उन्होंने बांग्लादेश के विदेश सचिव मोहम्मद जसीम-उद्दीन से मुलाकात की।