Home Blog Page 930

वाशिंगटन:ट्रंप के ‘MAGA’ और भारत के ‘MIGA’ को PM मोदी ने बताया ‘MEGA’ पार्टनरशिप, जानें इसका मतलब

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चर्चित कथन ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) की तर्ज पर ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ (MIGA) का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि ये दोनों दृष्टिकोण मिलकर समृद्धि के लिए ‘‘MEGA’’ साझेदारी बनाते हैं। साथ ही द्विपक्षीय साझेदारी को नई ऊंचाई प्रदान करने वाले हैं। उन्होंने ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कीं। दोनों नेताओं ने यहां रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय साझेदारी को व्यापक बनाने के लिए एक नई रूपरेखा तैयार करने को लेकर मुख्य रूप से बातचीत की।

MAGA और MIGA मिलकर बनती है ‘‘MEGA’’ साझेदारी

पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आदर्श वाक्य, ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (अमेरिका को फिर से महान बनाएं) यानी ‘MAGA’ से सब परिचित हैं। भारत के लोग भी विरासत और विकास की राह पर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प के साथ तेज गति से विकास की ओर बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर मैं अमेरिका की भाषा में कहूं तो विकसित भारत का मतलब ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ (भारत को फिर से महान बनाएं) यानी ‘MIGA’ है। जब संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत एक साथ काम करते हैं, यानी MAGA और MIGA मिलकर समृद्धि के लिए ‘‘MEGA’’ साझेदारी बनती है तथा यह ‘‘MEGA’’ भावना हमारे लक्ष्यों को नया आकार और दायरा प्रदान करती है।’’

PM मोदी ने किया ‘MIGA’ का उल्लेख

जब दोनों नेताओं ने व्यापक द्विपक्षीय वार्ता के बाद मीडिया को संबोधित किया तो PM मोदी ने ट्रंप की उपस्थिति में ‘MIGA’ का उल्लेख किया। ओवल कार्यालय में अपनी मुलाकात के दौरान ट्रंप ने हाथ मिलाकर और गले लगाकर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमने आपको बहुत याद किया।’’ उन्होंने पीएम मोदी को ‘‘एक शानदार दोस्त’’ और ‘‘एक अद्भुत व्यक्ति’’ भी कहा। अपनी टिप्पणी में प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप को दूसरे कार्यकाल के लिए राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी और व्हाइट हाउस में अमेरिकी नेता के पहले कार्यकाल के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों के बढ़ते दायरे को याद किया।

भारत का हित सबसे ऊपर

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘मेरा दृढ़ विश्वास है कि आपके दूसरे कार्यकाल में हम और अधिक तेजी से काम करेंगे।’’ प्रधानमंत्री ने इस बात भी उल्लेख किया कि जैसे ट्रंप ‘‘अमेरिका के राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रखते हैं’’ वैसे ही ‘‘मैं भी भारत के राष्ट्रीय हित को शीर्ष पर रखूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप हमेशा अमेरिका के राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च रखते हैं और उनकी तरह मैं भी भारत के राष्ट्रीय हित को हर चीज से ऊपर रखता हूं।’’

पीएम मोदी ने एक्स पर किया पोस्ट

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप अकसर ‘MAGA’ के बारे में बात करते हैं। भारत में, हम एक विकसित भारत की दिशा में काम कर रहे हैं, जो अमेरिकी संदर्भ में ‘MIGA’ में है। भारत-अमेरिका के बीच समृद्धि के लिए एक ‘MEGA’ साझेदारी है।’’ बता दें कि ट्रंप अपने चुनावी भाषणों में ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ का उल्लेख अक्सर करते थे। इसके अलावा, राष्ट्रपति ट्रंप ने एक कॉफ़ी टेबल बुक ‘अवर जर्नी टुगेदर’ उपहार स्वरूप भेंट की। इस पर ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित संदेश लिखा था, ‘‘मिस्टर प्राइम मिनिस्टर, यू आर ग्रेट (प्रधानमंत्री जी, आप महान हैं)।’’ कॉफी टेबल बुक में दोनों नेताओं की दोस्ती के अविस्मरणीय क्षणों का उल्लेख है।

Health Benefits: बादाम का दूध पीने से हो सकते हैं कुछ नुकसान, जानें क्या हैं वो

आज के समय में लोग दूध में लैक्टोज फ्री ऑप्शन चुनना पसंद करते हैं और ऐसे में वे बादाम के दूध का सेवन करते हैं। यह काफी लाइट होता है और इसका नटी टेस्ट होता है। शायद यही वजह है कि बादाम के दूध को ऐसे ही पीने के साथ-साथ कॉफी व स्मूदी में भी इस्तेमाल करते हैं। चूंकि, इसमें अक्सर रेग्युलर दूध की तुलना में कैलोरी कम होती है, इसलिए वजन कम करने की जद्दोजहद करने वाले लोगों के लिए यह एक अच्छा ऑप्शन है। लेकिन हर किसी के लिए बादाम का दूध पीना उतना सेहतमंद ऑप्शन नहीं है।

जबकि बादाम के दूध के अपने फ़ायदे हैं, इसके कुछ साइड इफ़ेक्ट भी हैं, जिन्हें बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको बादाम का दूध पीने से होने वाले कुछ नुकसान के बारे में बता रहे हैं-

थायराइड से जुड़ी समस्याएं

जिन लोगों को थायराइड की शिकायत होती है, उनके लिए बादाम का दूध पीना शायद उतना अच्छा ऑप्शन नहीं है। दरअसल, बादाम में गोइट्रोजन होते हैं, जिन्हें अगर बहुत अधिक मात्रा में लिया जाता है, तो यह थायराइड फ़ंक्शन को बाधित कर सकते हैं। इसलिए, थायराइड से पीड़ित व्यक्ति को हर दिन बादाम का दूध पीने या फिर इसे बहुत अधिक मात्रा में पीने से बचना चाहिए।

किडनी स्टोन का बढ़ सकता है रिस्क

बादाम का दूध किडनी स्टोन की समस्या के रिस्क को भी बढ़ा सकता है। दरअसल, बादाम में ऑक्सालेट होते हैं, जो कुछ लोगों में किडनी स्टोन के गठन में योगदान कर सकते हैं। इसलिए, जिन लोगों को पहले से ही किडनी स्टोन होने का खतरा है, उन्हें बादाम के दूध सहित बादाम से बने बहुत सारे प्रोडक्ट्स का सेवन करने से बचना चाहिए।

पेट से जुड़ी समस्या

बादाम का दूध कुछ लोगों में पेट से जुड़ी समस्या का कारण भी बन सकता है। दरअसल, बादाम के दूध में कैरेजीनन होता है, जो एक गाढ़ा करने वाला एजेंट है। इसे पचाना कुछ लोगों के लिए मुश्किल हो सकता है। ऐसे में कुछ लोगों को ब्लोटिंग, गैस या पेट में हल्की ऐंठन की शिकायत भी हो सकती है।

Bollywood News: झुग्गियों में बीता बचपन, अब बॉलीवुड हीरोइनों को टक्कर देने वाली है यह वायरल गर्ल

इस साल महाकुंभ की खूब चर्चा रही और दर्जनों नए चेहरे सोशल मीडिया पर छाए रहे। इस डिजिटल युग में लगातार वायरल हो रहे फोटो, वीडियो और संवादों की झड़ी लोगों के फोन में लगी रही। महाकुंभ से ही अपनी किस्मत चमकाने वाली वायरल गर्ल मोनालिसा का बचपन भले ही झुग्गियों में बीता है लेकिन अब 5 सितारा होटल्स में उनका भविष्य संवर रहा है। मोनालिसा को एक फिल्म मिल गई है जिसकी बीते दिनों खूब चर्चा रही। अब इस फिल्म की तैयारी शुरू हो गई है और मोनालिसा भी इसमें साथ जुड़ गई हैं। मोनालिसा इन दिनों फिल्म की तैयारी में व्यस्त हैं। फिल्म के डायरेक्टर सनोज मिश्रा के साथ हाल ही में मोनालिसा एयरपोर्ट पर दिखाई दीं। यहां मोनालिसा को देखते ही लोगों ने उन्हें पहचान लिया। सनोज मिश्रा ने खुद इसके वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं।

झुग्गियों में कटा बचपन और संवरा भविष्य

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कही जाने वाली सिटी इंदौर के पास के गांव की रहने वाली 16 साल की एक लड़की मोनि भोसले महाकुंभ में रोजगार तलाशने पहुंची थी। कंजी आंखों और सांवले रंग की ये अट्रेक्टिव लड़की महज 16 साल की है और महाकुंभ में फूलों के साथ रुद्राक्ष की माला बेच रही थी। इसी दौरान वीडियो बनाने वाले लोगों की नजर पड़ी और उनकी तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दीं। फिर क्या था यहीं से मोनि भोसले अपने नए नाम मोनालिसा से वायरल हो गईं। मोनालिसा को सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब प्यार दिया और स्टार बना दिया। यहां जब फैन्स और फोटो खींचने वालों का जमावड़ा लगने लगा और मोनालिसा काम भी ठीक से नहीं कर पा रही थीं तो उन्होंने घर वापसी कर ली।

यहीं से चमकी किस्मत और बनी हीरोइन

मोनालिसा महाकुंभ के बीच में अपना काम छोड़कर अपने घर आ गईं। यहां पहुंचने के बाद बॉलीवुड के एक फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा उनके घर पहुंचे। यहां सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को फिल्म का ऑफर दे दिया। मोनालिसा ने भी अपने परिजनों की अनुमति के बाद इस प्रोजेक्ट के लिए हां कर दिया। मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने हीरोइन बनाने का वादा किया और अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया। बॉलीवुड में 5 फिल्में डायरेक्ट कर चुके डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को फिल्मों के लिए तैयार करने का फैसला लिया है। बीते कुछ दिनों से सनोज मिश्रा लगातार मोनालिसा पर काम कर रहे हैं। सनोज ने कुछ दिन पहले ही मोनालिसा को पढ़ाते हुए एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें मोनालिसा को पढ़ना सिखा रहे थे। अब गुरुवार को सनोज मिश्रा के साथ मोनालिसा एयरपोर्ट पर नजर आईं। सनोज ने खुद ही इस वीडियो को शेयर किया था।

बॉलीवुड हसीनाओं का डोलेगा सिंहासन?

मोनालिसा बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहीं। लोगों ने उनकी खूबसूरती की काफी तारीफ भी की। साथ ही कुछ लोगों ने यहां तक दावा किया कि मोनालिसा की खूबसूरती से अब बॉलीवुड हसीनाओं का सिंहासन डोलने वाला है। मोनालिसा के सपोर्ट में बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी एक पोस्ट शेयर किया था। जिसमें उन्होंने डार्क कॉम्पलेक्स को लेकर बात की थी। साथ ही मोनालिसा की भी काफी तारीफ करते हुए अपनी बात लोगों के सामने रखी थी। अब जल्द ही मोनालिसा फिल्म में नजर आने वाली हैं। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं।

Latest Sports News:IPL 2025 के आगाज को लेकर बड़ा अपडेट, इन दो टीमों के बीच हो सकता है पहला मुकाबला

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन का इंतजार सभी फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं, जिसमें बीसीसीआई की तरफ से अभी इसके आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान तो नहीं किया गया है, लेकिन मार्च के तीसरे सप्ताह में आईपीएल 2025 का आगाज हो सकता है। इस बार सभी 10 टीमों में कई बड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे जिसमें लंबे समय तक एक ही टीम से खेलने वाले कई खिलाड़ी दूसरी टीमों की जर्सी में दिखने वाले हैं। वहीं आईपीएल के 18वें सीजन को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार इसकी शुरुआत 22 मार्च से हो सकती है जिसमें फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जा सकता है।

केकेआर और आरसीबी के बीच हो सकता पहला मैच

आईपीएल 2025 के आगाज को लेकर क्रिकबज पर आई एक खबर के अनुसार आगामी सीजन का पहला मुकाबला 22 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के बीच में खेला जा सकता है। वहीं दूसरा मैच पिछले सीजन की उपविजेता रहने वाली सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच 23 मार्च को हैदराबाद टीम के होम ग्राउंड पर खेला जाएगा। बीसीसीआई की तरफ से भले ही अभी तक आधिकारिक शेड्यूल का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन सभी फ्रेंचाइजियों को उनके अहम मैचों की तारीखें बता दी गई हैं। बीसीसीआई की 12 जनवरी को हुई विशेष आम बैठक के बाद राजीव शुक्ला ने संकेत दिया था कि आईपीएल 23 मार्च से शुरू होगा। लेकिन अब बीसीसीआई ने तारीख में बदलाव करते हुए इसे एक दिन पहले शुरू करने का फैसला किया है, जिसमें पूरे शेड्यूल का ऐलान जल्द कर दिया जाएगा।

आईपीएल 2025 में गुवाहटी और धर्मशाला में भी खेले जाएंगे मुकाबले

आगामी आईपीएल सीजन में सभी मैच जहां फ्रेंचाइजियों के उनके होम ग्राउंड पर होंगे तो वहीं इसके अलावा क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार गुवाहटी और धर्मशाला में भी मुकाबला खेला जाएगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम ने जहां पिछले कुछ सीजन से गुवाहटी को अपना होम ग्राउंड बनाया है तो वहीं पंजाब किंग्स भी मुल्लानपुर के अलावा धर्मशाला के स्टेडियम में भी कुछ मुकाबले खेलती है। वहीं इस बार टूर्नामेंट का क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबला जहां हैदराबाद में खेला जाएगा तो वहीं क्वालीफायर-2 और फाइनल मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होगा।

Weather Update:राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं से बढ़ी ठंड

नई दिल्लीः देशभर में मौसम का मिजाज काफी तेजी से बदल रहा है। कुछ राज्यों में फरवरी में दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। उत्तर भारत में धीरे-धीरे गर्मी का मौसम शुरू हो रहा है। ठंड खत्म हो चुकी है और अब दिन में तेज धूप खिलने से काफी गर्मी महसूस हो रही है। राजधानी दिल्ली में भी लोगों को काफी गर्मी का एहसास हो रहा है। हालांकि ठंडी हवाओं के कारण हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।

इन राज्यों में होगी बारिश

इस बीच पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में अगले 24 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 14-15 फरवरी के दौरान अरुणाचल प्रदेश में गरज और बिजली के साथ छिटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई जिलों में 15 से 17 फरवरी तक आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है। राज्य के उत्तरी भागों में 16 फरवरी को कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

यहां पर बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 2 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस गिर सकता है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ सकता है। अगले 2-3 दिनों में पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि की संभावना है।

घना कोहरे का अलर्ट

आईएमडी ने 15 फरवरी तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है।

यहां पर शीतलहर की चेतावनी

14 फरवरी को हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति बनने की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी कड़ाके की सर्दी जारी रहेगी।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 14-15 फरवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह के समय कोहरा और दिन में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हवा की गति 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रह सकती है।