Home Blog Page 929

कीव:रूस ने यूक्रेन के परमाणु रिएक्टर पर हमला किया? दोनों देशों की ओर से आए बड़े बयान

 यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा कि खतरनाक विस्फोटकों से लैस एक रूसी ड्रोन ने रात के समय कीव स्थित चर्नोबिल न्यूक्लियर एनर्जी प्लांट के बाहरी सुरक्षात्मक आवरण पर निशाना साधा। जेलेंस्की और संयुक्त राष्ट्र परमाणु एजेंसी ने कहा कि हालांकि हमले से रेडिएशन का लेवल नहीं बढ़ा है। वहीं, रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने शुक्रवार को यूक्रेन के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया। पेस्कोव ने कहा,‘परमाणु बुनियादी ढांचे, परमाणु ऊर्जा प्रतिष्ठान पर हमला करने जैसी कोई बात ही नहीं है, ऐसा कोई भी दावा सच नहीं है। हमारी सेना ऐसा नहीं करती।’

‘यूक्रेन में कुछ लोग नहीं चाहते कि बातचीत हो’

रूसी सरकार के प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यूक्रेनी अधिकारियों ने हमले का दावा इसलिए किया क्योंकि वे बातचीत के माध्यम से जंग को खत्म करने की कोशिशों को नाकाम करना चाहते थे। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शांति समझौता करने को कहा है। पेस्कोव ने कहा,‘यह साफ है कि यूक्रेन की सरकार में ऐसे लोग हैं जो बातचीत की प्रक्रिया के किसी भी प्रयास का विरोध करना जारी रखेंगे और यह भी स्पष्ट है कि वे लोग इस प्रक्रिया को पटरी से उतारने की भरपूर कोशिश करेंगे।’

‘ड्रोन हमले से सुरक्षा आवरण को नुकसान पहुंचा’

वहीं संयुक्त राष्ट्र परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने हमले के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन यह भी कहा कि घटनास्थल पर तैनात उसकी टीम ने ब्लास्ट की आवाज सुनी तथा उन्हें बताया गया कि एक ड्रोन ने बम गिराया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि ड्रोन हमले से सुरक्षा आवरण को नुकसान पहुंचा और वहां आग लग गई, जिसे बुझा दिया गया है। यह हमला अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा यह कहे जाने के 2 दिन बाद हुआ कि वह जंग खत्म कराने के लिए बातचीत के वास्ते रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।

वार्ता में पुतिन को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं ट्रंप

ट्रंप के इस बयान से ऐसा इशारा मिलता है वह पुतिन को ही ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं और किसी भी शांति वार्ता में जेलेंस्की के साथ-साथ यूरोपीय सरकारों को भी दरकिनार किया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा कि चर्नोबिल पर हमला स्थानीय समयानुसार देर रात 1:50 बजे हुआ। एजेंसी ने कहा कि आंतरिक कवच में किसी भी तरह का नुकसान नजर नहीं आया है। IAEA प्रमुख राफेल रॉसी ने ‘X’ पर कहा कि चर्नोबिल हमला और जापोरिजिया परमाणु संयंत्र के पास सैन्य गतिविधि में हाल ही में वृद्धि ‘लगातार परमाणु सुरक्षा जोखिमों को रेखांकित करती है।’

लेटेस्ट बॉलीवुड न्यूज़ :वैलेंटाइन डे पर स्टारकिड एक्टर ने रचाई शादी, सेलिब्रेशन की तस्वीरें हुईं वायरल

बॉलीवुड के स्टारकिड और एक्टर प्रतीक बब्बर ने वेलेनटाइन डे पर अपनी गर्लफ्रेंड पूजा बनर्जी से शादी रचा ली है। प्रतीक और पूजा लंबे समय से रिलेशनशिप में थे और शादी की तैयारी कर रहे थे। आज वेलेनटाइन्स डे पर प्रतीक बब्बर ने अपने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए फैन्स को ये जानकारी दी है। शादी की इन तस्वीरों पर बधाइयों का सिलसिला कमेंट सेक्शन में शुरू हो गया है। बॉबी देओल समेत तमाम बॉलीवुड सितारों ने प्रतीक को जिंदगी की नई शुरुआत के लिए बधाई दी है। फैन्स ने भी उन्हें शादी के इस शुभ अवसर पर बधाइयां भेजी हैं। प्रतीक ने मुंबई के बांद्रा में दिवंगत मां स्मिता पाटिल के घर पर आयोजित एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी कर ली।

इस मौके पर उनके करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल रहे। प्रतीक बब्बर और प्रिया बनर्जी ने अपने इंस्टाग्राम पर मुंबई में अपने खूबसूरत विवाह समारोह की तस्वीरों की एक सीरीज शेयर की है। पहली तस्वीर में जोड़े को अपने बड़े दिन पर हाथ पकड़कर दिखाया गया है। इस बीच अगली फोटो में प्रतीक अपनी दुल्हन के गले में मंगल सूत्र बांधते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में वे एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं, जबकि एक तस्वीर में प्रतीक भावुक होते नजर आ रहे हैं। प्यारी तस्वीरें साझा करते हुए जोड़े ने एक संयुक्त पोस्ट साझा किया जिसमें कैप्शन लिखा था, ‘मैं तुमसे हर जीवन में शादी करूंगा।’

4 साल से डेट कर रहे थे प्रतीक और पूजा

साढ़े चार साल के साथ के बाद अभिनेता प्रतीक और प्रिया बनर्जी ने शादी की है। इससे पहले दोनों 4 साल तक रिलेशनशिप में रहे। प्रतीक बब्बर और प्रिया बनर्जी ने दो साल पहले वैलेंटाइन डे 2023 पर अपने रिश्ते को इंस्टाग्राम ऑफिशियल किया था। अब ठीक दो साल बाद उन्होंने शादी कर ली है। दूल्हा और दुल्हन ने अपने बड़े दिन के लिए डिजाइनर तरूण ताहिलियानी के हाथी दांत के परिधान को चुना।

बॉलीवुड एक्टर राज बब्बर के बेटे हैं प्रतीक बब्बर

बॉलीवुड के एक्टर और राजनेता राज बब्बर और दिवंगत स्मिता पाटिल के बेटे प्रतीक बब्बर अब शादी के बंधन में बंध गए हैं। हालांकि प्रतीक की ये दूसरी शादी है। इससे पहले भी एक बार प्रतीक शादी कर चुके हैं जो ज्यादा लंबी नहीं चली और तलाक ले लिया। प्रतीक की पहली शादी सान्या सागर से हुई थी। शादी के ठीक एक साल बाद दोनों अलग हो गए और जनवरी 2023 में आधिकारिक तौर पर तलाक हो गया।

लेटेस्ट स्पोर्ट्स न्यूज़ :चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ही पाकिस्तान की घरेलू मैदान पर शर्मनाक हार! ट्राई सीरीज के फाइनल में करारी शिकस्त

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच ट्राई सीरीज खेली गई। जिसका फाइनल मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच हुआ, जिसमें न्यूजीलैंड ने आसानी से पांच विकेट से जीत दर्ज कर ली। ट्राई सीरीज के पहले मैच में भी पाकिस्तानी टीम को करारी हार मिली थी। ऐसे में चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले ही उसे अपने घर पर बुरी हार का सामना करना पड़ा। ट्राई सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान के गेंदबाज और बल्लेबाज बेसर रहे।

पाकिस्तान की शुरुआत रही खराब

फाइनल में पाकिस्तानी कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो गलत साबित हुआ। उन्होंने शायद सोचा होगा कि जिस तरह की बैटिंग टीम ने पिछले मैच में की थी। वैसी ही अब करेगी। लेकिन उनका पहले बैटिंग का दांव उल्टा पड़ गया। पाकिस्तान की तरफ से कोई भी बल्लेबाज टिक कर बैटिंग नहीं कर पाया। टीम की शुरुआत बहुत ही खराब रही। जब फखर जमां (10 रन) और सुपर स्टार बल्लेबाज बाबर आजम सिर्फ 29 रन बना सके। पाकिस्तान ने 53 रनों पर ही तीन विकेट गंवा दिए थे।

पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई पाकिस्तानी टीम

मोहम्मद रिजवान और सलमान अली आगा ने तीन विकेट गिरने के बाद रन बनाने की जिम्मेदारी संभाली, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रिजवान ने 46 रन और सलमान ने 46 रन बनाए। तैयब ताहिर ने 38 रन बनाए। बाकी के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। इसी वजह से पाकिस्तानी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और सिर्फ 242 रनों पर ही सिमट गई।

विलियम ओ रुर्के ने हासिल किए चार विकेट

न्यूजीलैंड के लिए विलियम ओ रुर्के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 43 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। माइकल ब्रेसबेल और मिचेल सेंटनर ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इन प्लेयर्स ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों को हाथ खोलने के मौका नहीं दिया।

अबरार अहमद ने लुटाए खूब रन

न्यूजीलैंड के लिए डेवोन कॉन्वे, केन विलियमसन, डेरिल मिचेल और टॉस लैथम सबसे बड़े हीरो साबित हुए। इन प्लेयर्स ने न्यूजीलैंड को मैच जिताने में अहम भूमिका अदा की। मिचेल ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। वहीं लैथम ने 56 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान के गेंदबाज बुरी तरह से फ्लॉप हुए। अबरार अहमद ने 10 ओवर में 67 रन लुटाए। वहीं सलमान अली आगा ने 10 ओवर में 45 रन दिए।

ट्राई सीरीज में पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल सहित दो मैच हारने पड़े हैं। जबकि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मुकाबला पाकिस्तान को न्यूजीलैंड के खिलाफ ही 19 फरवरी को खेलना है। ऐसे में दो मैच हारना उसके लिए बिल्कुल भी शुभ संकेत नहीं है।

बीजिंग न्यूज़ : “किसी तीसरे को नुकसान न पहुंचे” – पीएम मोदी और ट्रंप की बैठक पर चीन का बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बैठक पर चीन ने बेहद सधी हुई प्रतिक्रिया दी है। चीन ने शुक्रवार को कहा है कि द्विपक्षीय सहयोग में चीन को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए और इससे किसी तीसरे देश के हितों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात पर कहा कि एशिया-प्रशांत शांतिपूर्ण विकास का केंद्र है, न कि जियो-पॉलिटिक्स की लड़ाई का क्षेत्र।

‘चीन को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए’

बता दें कि पीएम मोदी और ट्रंप के बीच हुई बातचीत में रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर बात हुई। इसके अलावा दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता में अमेरिका और भारत के बीच घनिष्ठ साझेदारी को स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण एवं समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण मानने सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा हुई। गुओ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चीन का मानना ​​है कि देशों के बीच संबंधों और सहयोग में चीन को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए या अन्य के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अनुकूल होना चाहिए।

‘गुटीय टकराव में शामिल होने से सुरक्षा नहीं आएगी’

गुओ ने कहा कि विशेष समूह बनाने तथा गुटीय राजनीति और गुटीय टकराव में शामिल होने से सुरक्षा नहीं आएगी और किसी भी तरह से एशिया-प्रशांत एवं पूरी दुनिया को शांतिपूर्ण और स्थिर नहीं रखा जा सकेगा। पीएम मोदी और ट्रंप के बीच गुरुवार (भारतीय समय के मुताबिक शुक्रवार) को हुई बातचीत के बाद जारी ज्वाइंट स्टेटमेंट में कहा गया कि दोनों देश भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। दोनों नेताओं ने इस बात की भी पुष्टि की कि अमेरिका और भारत के बीच घनिष्ठ साझेदारी एक स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।

क्वाड साझेदारी को मजबूत करने की बात हुई

पीएम मोदी और ट्रंप ने अन्य मुद्दों के अलावा क्वाड साझेदारी को मजबूत करने की बात भी कही। बता दें कि भारत क्वाड गठबंधन का सदस्य है जिसमें अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। चीन को क्वाड को लेकर आशंका होती है और उसका कहना है कि इस गठबंधन का उद्देश्य उसके उभार को रोकना है। अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर दूसरे कार्यकाल के लिए पदभार ग्रहण करने के कुछ हफ्ते बाद ट्रंप के साथ पीएम मोदी की बैठक को लेकर चीन में हलचल रही। इसमें भी चीन की नजर खासतौर पर दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग के क्षेत्र में निकलने वाले परिणाम पर थी।

नई दिल्ली:महाकुंभ के लिए विशेष वंदे भारत ट्रेन की घोषणा, जानें शेड्यूल और ठहराव

 प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ में हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। इस दौरान प्रयागराज के लिए देश के अलग-अलग जगहों से चलने वाली ट्रेनों में काफी ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। वहीं रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। वहीं अब रेलवे की ओर से प्रयागराज महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए वंदे भारत ट्रेन चलाने का भी ऐलान किया गया है। रेलवे ने नई दिल्ली से प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक के लिए महाकुंभ स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाने का फैसला लिया है।

वीकेंड में तीन दिन चलेगी ट्रेन

दरअसल, महाकुंभ अब अपने आखिरी चरण में है। 26 फरवरी तक चलने वाले इस महाकुंभ के आखिरी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली से प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक के लिए वंदे भारत ट्रेन के संचालन की घोषणा की गई है। इसमें इस सप्ताह महाकुंभ मेले में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 15, 16 और 17 फरवरी को नई दिल्ली और वाराणसी के बीच (प्रयागराज के रास्ते) महाकुंभ स्पेशल वंदे भारत ट्रेन के संचालन की घोषणा की है। यह ट्रेन नई दिल्ली से वाराणसी जाएगी और वापसी में वाराणसी से नई दिल्ली तक आएगी।

नई दिल्ली से वाराणसी तक का सफर

एक अधिकारी ने इस महाकुंभ स्पेशल ट्रेन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वीकेंड पर महाकुंभ में स्नान करने वाले स्नानार्थियों को विशेष सुविधा देने की दृष्टि से भारतीय रेल द्वारा स्पेशल वंदे भारत ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 15,16 और 17 फरवरी को चलेगी। इस ट्रेन का नंबर 02252 होगा। ये वंदे भारत स्पेशल ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुबह 5.30 बजे चलेगी और प्रयागराज होते हुए दोपहर 2.20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसके बाद दोपहर 3.15 बजे यह ट्रेन वाराणसी स्टेशन से चलेगी और प्रयागराज होते हुए रात को 11.50 बजे वापस नई दिल्ली पहुंचेगी।