Home Blog Page 900

तेहरान: रियाल में गिरावट के बाद इस देश ने अचानक बदला वित्त मंत्री, जानिए पूरा मामला

देश में रियाल की कीमतों में गिरावट आने पर एक देश बौखला गया। इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि इस घटना के बाद उसने अपने विदेश मंत्री को चलता कर दिया। मामला ईरान से जुड़ा है, जहां इन दिनों रियाल में तेज गिरावट दर्ज की गई है। इससे ईरान की अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लगा है।

लिहाजा ईरान की संसद ने रविवार को अपनी मुद्रा रियाल के मूल्य में गिरावट और आर्थिक कुप्रबंधन के कारण देश के वित्त मंत्री को बर्खास्त करने के लिए मतदान किया। संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर कलीबाफ ने कहा कि 273 सांसदों में से 182 ने अब्दुलनासर हेममती के खिलाफ मतदान किया। बता दें कि सदन में 290 सीटें हैं। इस प्रकार वित्तमंत्री को उनके पद से हटा दिया गया। अब नये वित्त मंत्री की तलाश की जा रही है, जो रियाल में हो रही गिरावट को न सिर्फ रोक सके, बल्कि इस मुद्रा को ऊपर भी उठा सके।

मसूद पेजेशकियान की कैबिनेट में हुई पहली बर्खास्तगी

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की कैबिनेट में यह पहली बर्खास्तगी बताई जा रही है। यह बर्खास्तगी पेजेशकियान के पदभार संभालने के छह महीने बाद की गई है। ईरान की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। रियाल में सुधार लाने के लिए कैबिनेट सभी उपायों और सुझावों पर विचार कर रही है।

Latest Bollywood News :संगम में कैटरीना का वीडियो बना रहे थे दो शख्स, देख रवीना टंडन ने जताई नाराजगी

प्रयागराज में इस बार महाकुंभ 2025 में आम लोगों से लेकर वीवीआईपी तक ने संगम में डुबकी लगाई। त्रिवेणी संगम में स्नान के लिए हर रोज लाखों-करोड़ों की संख्या में लोग प्रयागराज पहुंच रहे थे, जिसका असर सिर्फ प्रयागराज में ही नहीं बल्कि पूरे देश में देखने को मिला। अंबानी परिवार से लेकर कई बॉलीवुड सितारों ने भी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ भी 24 फरवरी को अपनी सास यानी वीना कौशल के साथ संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंची थीं। अभिनेत्री के कई वीडियो-फोटो सामने आए, लेकिन अब एक्ट्रेस का जो वीडियो सामने आया है, वह देखकर रवीना टंडन भड़क उठी हैं।

शांत और बेपरवाह कैटरीना

दरअसल, संगम में स्नान के दौरान दो लड़कों ने अभिनेत्री का वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इन लड़कों की इस हरकत पर रवीना टंडन ने नाराजगी जाहिर की है। वीडियो में कैटरीना संगम में नजर आ रही हैं और उनके आस-पास कई लोग मौजूद हैं। इस वीडियो में दो शर्ट लेस लड़के भी दिखाई दिए, जिनमें से एक वीडियो बनाते हुए कहता है- ‘ये मैं हूं, ये मेरा भाई है और ये कैटरीना कैफ है।’ इसके बाद लड़का कैमरा कैटरीना की तरफ घुमा देता है। इस दौरान कैटरीना पूजा में व्यस्त नजर आईं।

रवीना टंडन भी हुईं नाराज

वीडियो में कैटरीना भक्ति में लीन आंखें बंद किए आस-पास के शोरगुल से बेपरवाह नजर आ रही हैं। लेकिन, अब कई लोग इस वीडियो को डरावना बता रहे हैं। वहीं रवीना टंडन ने भी वीडियो पर कमेंट किया और इसे घिनौना बताया है। एक्ट्रेस ने लिखा- ‘ये घिनौना है। इस तरह के लोग एक शांतिपूर्ण और मीनिंगफुल पल को खराब कर देते हैं।’ रवीना के रिएक्शन से साफ है कि वह इस वीडियो को लेकर काफी नाराज हैं।

लोगों का रिएक्शन

वीडियो पर कमेंट करते हुए कई नेटिजंस ने भी इसे डिस्टर्बिंग बताया है। एक यूजर ने लिखा- ‘मुझे समझ नहीं आता कि ये क्या मजाक है? जब आप किसी मशहूर हस्ती को देखते हैं तो ऐसे क्यों रिएक्ट करते हैं।’ एक अन्य ने लिखा- ‘ये दुखद और परेशान करने वाला है।’ एक और लिखता है- ‘फिर कहते हैं कि वीआईपी घाट क्यों बनाए हैं। ये हर तरह से दुखद है।’ एक ने कहा- ‘इसलिए वीआईपी ट्रीटमेंट जरूरी है। वरना ऐसे लोग पाप धोके पाप कर लेते हैं। मन साफ कहां से होगा।’

इस्लामाबाद:पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पहली बार वैश्विक सहायता की अपील की, दिया यह संदेश

 जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने पहली बार खुद को संकट से उबारने के लिए वैश्विक मदद मांगी है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय, विशेष रूप से अमेरिका से लोकतंत्र, मानवाधिकारों और क्षेत्रीय स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने की अपील की है। समाचार पत्र ‘डॉन’ ने बताया कि ‘टाइम’ पत्रिका में खान के नाम से प्रकाशित एक लेख में नेता ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनकी ‘‘राजनीतिक वापसी’’ के लिए बधाई दी। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अमेरिका आर्थिक साझेदारी एवं स्थिरता को प्रोत्साहित करने और संघर्ष एवं उग्रवाद को बढ़ावा देने वाली स्थितियों को रोकने के लिए पाकिस्तान के साथ काम करेगा।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि यह लेख वास्तव में खान ने लिखा है या नहीं और इसे पत्रिका तक कैसे पहुंचाया गया। खान ने पाकिस्तान में ‘‘राजनीतिक उथल-पुथल’’ और लोकतंत्र के लिए अपनी लड़ाई का लेख में जिक्र किया। उन्होंने देश में लोकतंत्र के कथित क्षरण पर गहरी चिंता व्यक्त की और वर्तमान समय को देश के इतिहास में सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में से एक बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनके खिलाफ राजनीतिक रूप से प्रेरित कदमों के तहत उन्हें गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ आरोप लगाए गए ताकि लोकतांत्रिक सिद्धांतों के लिए उनके समर्थन को दबाया जा सके।

इमरान ने कहा-उनका संघर्ष वैश्विक स्थिरता के लिए 

उन्होंने दावा किया कि उनका संघर्ष व्यक्तिगत नहीं है, बल्कि लोकतंत्र के व्यापक मुद्दे से जुड़ा है, जिसके न केवल देश के लिए, बल्कि क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता के लिए भी दूरगामी परिणाम हैं। खान ने पाकिस्तान के रणनीतिक महत्व को देखते हुए इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस संकट से निपटने की तत्काल आवश्यकता को समझना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महत्वपूर्ण आतंकवाद-रोधी प्रयासों से संसाधनों को हटाकर उन्हें पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस बीच, पाकिस्तान के ऊपरी सदन सीनेट की विदेश मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष इरफान सिद्दीकी ने शनिवार को ‘डॉन न्यूज’ टीवी के ‘दूसरा रुख’ कार्यक्रम में कहा कि पीटीआई के बारे में ‘‘भविष्यवाणी करना असंभव है।’’ ‘पीएमएल-एन’ सीनेटर ने कहा कि पार्टी समझौते का संकेत दे रही है और साथ ही कानूनों की अवज्ञा करने का आह्वान कर रही है, पत्र भेज रही है और ‘टाइम’ पत्रिका में ‘‘विस्फोटक’’ लेख प्रकाशित कर रही है।

Latest Bollywood News :फिरोज़ खान की ‘यलगार’ में इस अभिनेता को संजय दत्त से भी बड़ा रोल मिला था, अब कहां हैं वो?

सिनेमा की दुनिया में कुछ ऐसे भी स्टार हैं, जो फिल्मी दुनिया में कुछ ही साल एक्टिव रहे, लेकिन अपनी डेब्यू फिल्म और एक हिट सॉन्ग से ऐसे फेमस हुए कि इन्हें आज भी जाना जाता है। अब ‘ये दिल आशिकाना’ के लीड स्टार्स को ही ले लीजिए। ये दिल आशिकाना के गाने, कहानी आज भी हिट है, लेकिन कम ही लोग इसके लीड एक्टर्स के नाम जानते होंगे। ऐसे ही एक गुमनाम स्टार विक्की अरोड़ा भी हैं। विक्की अरोड़ा को फिल्म ‘यलगार’ के लिए जाना जाता है। फिरोज खान की फिल्म में विक्की अरोड़ा को एक गाने से ऐसी पहचान मिली कि आज भी लोग इन्हें नहीं भूले हैं। हम जिस गाने की बात कर रहे हैं, वो गाना है ‘हो जाता है कैसे प्यार’। इस गाने में विक्की के साथ मनीषा कोइराला दिखाई दी थीं। तो चलिए जानते हैं विक्की अरोड़ा अब कहां हैं?

फिल्मों में कैसे हुई एंट्री?

विक्की अरोड़ा की फिल्मों में एंट्री के बारे में बात करें तो विक्की दिखने में बेहद हैंडसम थे, ऐसे में उन्होंने कॉलेज के दिनों से ही मॉडलिंग शुरू कर दी थी। मॉडलिंग के दौरान विक्की को नामी-गिरामी ब्रांड के असाइनमेंट भी मिले। विक्की अरोड़ा जिस कॉलेज में पढ़ते थे, उसमें फरदीन खान की बहन और फिरोज खान की बेटी लैला खान भी पढ़ती थीं। विक्की और लैला क्लासमेट थे। उन दिनों फिरोज खान ‘यलगार’ के लिए एक नए चेहरे की तलाश में थे। फिरोज खान को एक हैंडसम और गुड लुकिंग लड़के की तलाश थी, जो विक्की अरोड़ा पर आकर खत्म हुई।

लैला के जरिए विक्की तक पहुंचे फिरोज खान

लैला खान ने अपने पिता फिरोज खान को विक्की अरोड़ा के बारे में बताया। विक्की को देखते ही फिरोज समझ गए कि उनकी तलाश खत्म हो गई है और उन्होंने विक्की को फिल्म में संजय दत्त से बड़ा रोल उन्हें ऑफर कर दिया। हालांकि, विक्की को फिल्म में कुछ खास पसंद नहीं किया गया। खुद फिरोज खान को भी विक्की की एक्टिंग रास नहीं आई। विक्की को यलगार के चलते काफी आलोचनाएं झेलनी पड़ीं।

आलोचनाओं के बाद भी मिले ऑफर

विक्की अरोड़ा को भले ही यलगार में आलोचनाएं झेलनी पड़ीं, बावजूद इसके कई प्रोड्यूसर उनके गुड लुक्स के चलते उन्हें अपनी फिल्म में साइन करना चाहते थे। मगर विक्की, फिरोज खान के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट के चलते दूसरों के साथ काम नहीं कर पाए और फिरोज को पहले ही उनकी एक्टिंग पसंद नहीं आई थी। धीरे-धीरे विक्की अरोड़ा बॉलीवुड से गायब होते गए। अब विक्की गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं। विक्की अचानक इंडस्ट्री से क्यों गायब हो गए, इसकी कोई वजह कभी सामने नहीं आई।

Indian Team Champions Trophy 2025:भारत ने रचा इतिहास! पाकिस्तान का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर चैंपियंस ट्रॉफी में किया कमाल

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में मुकाबला 44 रनों से जीत लिया। भारतीय टीम मौजूदा टूर्नामेंट में बहुत ही शानदार प्रदर्शन कर रही है और उसने ग्रुप स्टेज के अपने तीनों मुकाबले जीते हैं। अब सेमीफाइनल में उसका सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय स्पिनर्स ने दमदार प्रदर्शन किया और उनके आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरसते रहे और टिक नहीं पाए।

भारतीय स्पिनर्स ने मैच में हासिल किए कुल 9 विकेट 

भारतीय टीम के लिए मैच में वरुण चक्रवर्ती सबसे बड़े हीरो बने। उन्होंने अपने 10 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनके अलावा कुलदीप यादव के खाते में दो विकेट गए। रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट चटकाया। इन स्पिनर्स की वजह से ही न्यूजीलैंड की टीम 205 रनों पर सिमट गई और टारगेट चेज नहीं कर पाई।

ध्वस्त हुआ पाकिस्तानी टीम का रिकॉर्ड 

मैच में भारतीय स्पिनर्स ने कुल 9 विकेट लिए हैं। ये चैंपियंस ट्रॉफी के एक पारी में स्पिनर्स द्वारा लिए गए सबसे ज्यादा विकेट हैं। भारत ने पाकिस्तान का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। चैंपियंस ट्रॉफी 2004 में पाकिस्तानी टीम के स्पिनर्स ने केन्या के खिलाफ मैच में 8 विकेट हासिल किए थे। अब ये कीर्तिमान रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय स्पिनर्स ने ध्वस्त कर दिया है।

वरुण चक्रवर्ती ने साबित कर दी काबिलियत

वरुण चक्रवर्ती आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रहे थे और उन्होंने अपने पहले ही मैच में 5 विकेट झटके। कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में हर्षित राणा की जगह शामिल किया था। दमदार प्रदर्शन से वरुण ने रोहित के फैसले को सही साबित किया। वरुण का वनडे क्रिकेट के अपने दूसरे मैच में ही ऐसा प्रदर्शन किया, जो आने वाले सालों तक याद रखा जाएगा। उनकी वजह से ही भारतीय टीम मैच जीतने में सफल रही और अच्छी गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी मिला।