Home Blog Page 890

SuryaKumar Yadav on Rohit Sharma:रोहित शर्मा की फिटनेस पर सवाल उठे तो सूर्यकुमार यादव ने दिया करारा जवाब, बयान सुनकर फैंस हुए खुश!

 भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस वक्त चर्चा में हैं। भारतीय टीम उन्हीं की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां 9 मार्च को दुबई में न्यूजीलैंड से उसका खिताबी मुकाबला होगा। इस बीच उनकी फिटनेस पर भी सवाल उठे थे। कांग्रेस नेता ने रोहित शर्मा की काफी आलोचना की थी, इसके बाद वे भी कठघरे में नजर आईं थीं। अब टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी और टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रोहित शर्मा की आलोचना करने वालों को अपने अंदाज में मुस्कराते हुए आईना दिखाने का काम किया है।

सूर्यकुमार यादव ने अपने अंदाज में दिया जवाब

रोहित शर्मा पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सूर्यकुमार यादव ने कहा कि रोहित शर्मा की क्षमता पर कोई भी संदेह नहीं किया जाना चाहिए, उनकी नजर में रोहित आज की तारीख में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी हैं। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि एक कप्तान के तौर पर देखें तो पिछले चार साल में रोहित शर्मा टीम इंडिया को चार आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में ले जाने में कामयाब हुए हैं। ये कोई आसान काम नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जो आदमी पिछले 15-20 साल से क्रिकेट खेल रहा है, ये बड़ी बात है। एएनआई से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि उन्होंने रोहित शर्मा को काफी करीब से देखा है और वे कड़ी मेहनत करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने की भी शुभकामनाएं दी हैं।

शमा मोहम्मद ने क्या बयान दिया था

अभी कुछ ही दिन पहले कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शमा मोहम्मद ने टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की आलोचना करते हुए उन्हें अधिक वजन वाला और भारत का अब तक का सबसे अप्रभावी कप्तान कहा था। इसके बाद शमा मोहम्मद की जमकर आलोचना हुई थी। हालांकि बाद में शमा मोहम्मद ने ये भी कहा कि ये उनके व्यक्तिगत विचार हैं, इसका उनकी पार्टी से कोई भी लेना देना नहीं है।

9 मार्च को चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल खेलेगी टीम इंडिया

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया चार साल में चौथा आईसीसी टूर्नामेंट का फाइनल खेलने की तैयारी में है। टीम इंडिया ने साल 2023 में डब्ल्यूटीसी का फाइनल खेला था। जहां ऑस्ट्रेलिया से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उसी साल रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची, लेकिन वहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा। साल 2024 में टीम इंडिया रोहित की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची। वहां साउथ अफ्रीका को हराकर टीम ने खिताब भी अपने नाम किया। इसके बाद अब साल 2025 में टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में जा पहुंची है। अब  नौ मार्च को दुबई में भारत और न्यूजीलैंड के ​बीच खिताबी भिड़ंत होगी।

चंद्रयान-3 के डेटा से हुआ बड़ा खुलासा: चांद पर अनुमान से ज्यादा बर्फ की मौजूदगी!

नई दिल्ली: चंद्रयान-3 मिशन के दौरान एकत्र किए गए आंकड़ों के अध्ययन से पता चला है कि पूर्व के अनुमानों की तुलना में चंद्रमा के ध्रुवों पर अधिक स्थानों पर सतह के ठीक नीचे बर्फ मौजूद हो सकती है। अहमदाबाद स्थित भौतिक अनुसंधान प्रयोगशाला के संकाय सदस्य एवं प्रमुख लेखक दुर्गा प्रसाद करणम ने कहा कि सतह के तापमान में बड़े, लेकिन अत्यधिक स्थानीय परिवर्तन सीधे बर्फ के निर्माण को प्रभावित कर सकते हैं और इन बर्फ कणों को देखने से ‘‘उनके उद्गम एवं इतिहास के बारे में अलग-अलग कहानियां सामने आ सकती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इससे हमें यह भी पता चल सकता है कि समय के साथ बर्फ कैसे जमा हुई और चंद्रमा की सतह पर कैसे पहुंची, जिससे इस प्राकृतिक उपग्रह की शुरुआती भूगर्भीय प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मिल सकती है।’’ इससे संबंधित निष्कर्ष पत्रिका ‘कम्युनिकेशंस अर्थ एंड एनवायरनमेंट’ में प्रकाशित हुआ है।

23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा पर उतरा था चंद्रयान-3

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा बेंगलुरु से प्रक्षेपित चंद्रयान-3 ने 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की थी। इसके तीन दिन बाद 26 अगस्त को ‘लैंडिंग’ स्थल का नाम ‘शिव शक्ति पॉइंट’ रखा गया।

चंद्रमा पर बर्फ के पानी में बदलने की संभावना से जुड़े सवाल पर करणम ने कहा, ‘‘चंद्रमा की सतह पर अत्यधिक उच्च निर्वात के कारण तरल रूप में पानी मौजूद नहीं रह सकता। इसलिए, बर्फ तरल में परिवर्तित नहीं हो सकती, बल्कि वाष्प रूप में परिवर्तित हो जाएगी।’’ करणम ने कहा, ‘‘वर्तमान समझ के अनुसार, चंद्रमा पर अतीत में रहने योग्य स्थितियां नहीं रही होंगी।’

Latest Bollywood News :सीढ़ियों से गिर गई एक्ट्रेस, फैशन शो के बीच अचानक हुआ हादसा!

फैशन का जलवा दिखाते हुए अक्सर गड़बड़ हो जाती है। कई बार रैंप पर चलते हुए सितारों का बैलेंस बिगड़ जाता है। कई बार वो बुरी तरह गिर जाते हैं। वहीं इवेंट्स में भी पैप्स के सामने ऊप्स मोमेंट का शिकार होते हैं। अब हाल में ही एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें अभिनेत्री-मॉडल कंगना शर्मा सभी के सामने एक दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति का शिकार हुईं। बीती शाम एक्ट्रेस को एक रेस्टोरेंट में बाहर स्पॉट किया गया था। वो काफी स्टाइलिश और फैशनेबल लुक में नजर आई थीं। पैपराजी ने उन्हें देखते ही पोज देने के लिए कहा और तभी वो गिर पड़ी। ये पूरी घटना कैमरों में कैद हो गई और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो रहा है।

धड़ाम से गिरीं एक्ट्रेस

सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाली कंगना शर्मा पैपराजी के सामने ब्लैक ग्लिटरी ड्रेस में बाहर आईं, जिसमें अलग से अटैच्ड ट्रेल थी। इसके साथ ही उन्होंने हाई हील्स कैरी की थीं। पोज देने के बाद वो सीढ़ियों से उतर ही रही थीं कि तभी धड़धड़ाते हुए गिर गई। हाई हील्स के चलते उनका बैलेंस ऐसे बिगड़ा की वो खुद को संभाल नहीं पाई और कैमरों के सामने ही नीचे आ गई। एक और वो लड़खड़ाकर गिरीं और दूसरी ओर लोग चौंक गए। संतुलन खोने के बाद एक्ट्रेस जरा भी खुद को संभाल नहीं पाईं। इस घटना के बाद पैपराजी उन्हें उठाते दिखे। इस दौरान वो लोगों से मुस्कुराते हुए बात कीं और खुद को संभालती दिखीं।

लोगों का रिएक्शन

धड़धड़ाते हुए सीढ़ियों से गिरते हुए एक्ट्रेस कंगना शर्मा का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद लोग अटपटे कमेंट भी कर रहे हैं। एक शख्स ने लिखा, ‘धरा का धरा रह गया सारा फैशन।’ एक और शख्स ने लिखा, ‘जब हील में चल नहीं पातीं तो पहनती क्यों हैं।’ एक यूजर ने लिखा, ‘इतनी ऊंची हील्स पहनने का मतलब ही है कि ये गिरेंगी।’ एक और शख्स ने लिखा, ‘अटपटे फैशन का नतीजा है ये।’ वैसे ऐसे कमेंट्स से कमेंट बॉक्स भरा पड़ा है। वहीं दूसरी ओर कंगना शर्मा के फैंस ये जानने की कोशिश भी कर रहे हैं कि उन्हें चोट तो नहीं आई। कई लोग फिक्र जाहिर करते और उनका हाल पूछते भी दिखे।

इस शो में आई थीं नजर

बता दें, ‘द कपिल शर्मा शो’ में स्वीटी के किरदार में कंगना शर्मा नजर आया करती थीं। उन्होंने ‘मस्ती’ जैसी सुपरहिट फिल्म में काम किया है। अपने क्रेजी फैशन सेंस के लिए कंगना शर्मा जानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है।

वॉशिंगटन:जज आमिर अली ने डोनाल्ड ट्रंप को करारा झटका देते हुए USAID से जुड़ा अहम आदेश जारी किया।

 अमेरिका में एक फेडेरल जज ने गुरुवार को ट्रंप प्रशासन को अगले सोमवार तक USAID और राज्य विभाग के साझेदारों को लगभग $2 बिलियन चुकाने का आदेश दिया है। जज आमिर अली के आदेश के बाद ट्रंप प्रशासन द्वारा सभी विदेशी सहायता पर 6 हफ्ते के लिए लगाई गई रोक हट गई। यूएस डिस्ट्रिक्ट जज आमिर अली ने NGOs और व्यवसायों के पक्ष में फैसला सुनाया, जिन्होंने फंडिंग की इस रोक के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। फंडिंग रोके जाने के चलते दुनिया भर में संगठनों को अपनी सेवाओं में कटौती करनी पड़ी और हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकालना पड़ा।

जज ने ट्रंप प्रशासन के तर्कों पर किया संदेह

अली के सवालों से लग रहा था कि वह ट्रंप प्रशासन के इस तर्क पर संदेह व्यक्त कर रहे हैं कि राष्ट्रपतियों के पास विदेश नीति, जिसमें विदेशी सहायता भी शामिल है, के मामले में खर्च पर कांग्रेस के निर्णयों को दरकिनार करने का व्यापक अधिकार है। अली ने कहा, ‘यह कहना कि विनियोग वैकल्पिक है, एक धरती को हिला देने वाला, देश को हिला देने वाला प्रस्ताव होगा।’ उन्होंने सरकारी वकील इंद्रनील सूर से पूछा, ‘मेरे मन में यह सवाल है कि आप संवैधानिक दस्तावेज़ में यह कहां से ला रहे हैं?’ गुरुवार को दिए गए आदेश के बाद अब USAID से जुड़े अन्य मामलों पर सभी की नजर है।

ट्रंप ने 20 जनवरी को लगाई थी फंडिंग पर रोक

अली का यह फैसला ट्रम्प प्रशासन द्वारा USAID के माध्यम से मिलने वाली फंडिंग को रोकने के प्रस्ताव को सुप्रीम कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने के एक दिन बाद आया है। हाई कोर्ट ने अली को यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया कि सरकार को उनके पिछले आदेश का पालन करने के लिए क्या करना चाहिए, जिसमें पहले से किए गए काम के लिए फंड को तुरंत जारी करने की जरूरत थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 20 जनवरी को हस्ताक्षरित एक कार्यकारी आदेश के तहत धनराशि पर रोक लगाई गई थी।

60 बिलियन डॉलर की फंडिंग पर पड़ा असर

ट्रंप प्रशासन ने अपील तब की जब अली ने एक अस्थायी रोक आदेश जारी किया और पहले से किए गए कार्य के लिए भुगतान जारी करने की समय सीमा तय की। प्रशासन ने कहा कि उसने खर्चों पर पूरी तरह रोक लगाने के स्थान पर व्यक्तिगत निर्धारण को लागू कर दिया है, जिसके नतीजे में 5800 USAID अनुबंध और 41000 विदेश विभाग अनुदान रद्द कर दिए गए, जिनकी कुल सहायता लगभग 60 बिलियन डॉलर की है।

बेंगलुरुःडीजीपी रामचंद्र राव ने सोने की तस्करी में सौतेली बेटी के जुड़ाव को लेकर दिया बड़ा बयान

 कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के महानिदेशक (डीजीपी) रामचंद्र राव ने बृहस्पतिवार को अपनी सौतेली बेटी एवं अभिनेत्री रान्या राव की सोने की तस्करी में कथित संलिप्तता के बारे में किसी भी जानकारी से इनकार किया और स्थिति को ‘अकल्पनीय’ बताया। हाल में यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य के सोने की छड़ें जब्त कीं।

रामचंद्र राव ने कही ये बात

सीनियर आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव ने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि आजीवन समर्पण के बावजूद, मेरी प्रतिष्ठा और परिवार का भविष्य किसी चीज़ से धूमिल हो रहा है जो अब हमारे नियंत्रण से परे है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से यह मानने को आह्वान करता हूं कि मैं भी दुखी अभिभावक हूं। मेरे जीवन में सामने आ रही इस अकल्पनीय स्थिति की मुझे भी कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रान्या ने यदि किसी कानून का उल्लंघन किया है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रान्या वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं।

अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका पर अपना फैसला

उधर, गुरुवार को यहां की एक अदालत ने कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। डीआरआई की दलीलों के बाद आर्थिक अपराध अदालत शुक्रवार को अपना फैसला सुनाएगी। डीआरआई ने आगे की जांच के लिए रान्या राव की हिरासत मांगी है। अदालती कार्यवाही के दौरान, डीआरआई ने संभावित राष्ट्रीय सुरक्षा निहितार्थों के कारण गहन जांच की आवश्यकता पर बल देते हुए राव की तीन दिन की हिरासत मांगी। एजेंसी ने जोर देकर कहा कि उनकी पूछताछ से एक बड़े तस्करी सिंडिकेट से संबंध का पता चल सकता है, जिसके लिए बहुस्तरीय जांच की आवश्यकता है।

अभिनेत्री की लीगल टीम ने डीआरआई का विरोध करते हुए कहा कि इस तरह की हिरासत अनावश्यक है। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने यह कहते हुए जवाब दिया कि इस तरह के संवेदनशील मामलों में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाना चाहिए।