Home Blog Page 836

Indian Idol 15 Winner: मानसी घोष ने बानी विजेता , ट्रॉफी के साथ मिली 25 लाख रुपये की इनामी राशि।

सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 15’ का सफर आज खत्म हो गया है। इस सीजन को अपना विनर मिल गया है, जिनका नाम है मानसी घोष। मानसी घोष को इस सीजन की ट्रॉफी के साथ 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और नई कार भी मिली है। इतना ही नहीं मानसी घोष इसके पहले ‘सुपर सिंगर’ की पहली रनर-अप भी रह चुकी हैं। शो के पहले रनरअप शुभोजीत चक्रवर्ती बनें तो वहीं दूसरी रनरअप स्नेहा शंकर रहीं। बता दें इस शो ने लगभग पांच महीने तक दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

मानसी घोष हुईं इमोशनल

फाइनल में तीन बेहतरीन फाइनलिस्ट मानसी घोष, शुभोजीत चक्रवर्ती और स्नेहा शंकर के बीच ट्रॉफी के लिए जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। तीनों ने अपनी आवाज से सभी का दिल जीत लिया, लेकिन विनर मानसी घोष बनीं। इस सीजन को जीतते ही मानसी इमोशनल हो गईं और अपनी फैमिली को स्टेज पर बुलाया। इस दौरान जज ने मानसी की तारीफ करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया।

विजेता मानसी घोष को मिली बधाई

इंडियन आइडल के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी इस सीजन के विनर की घोषणा की गई। ट्वीट में लिखा था, ‘इंडियन आइडल सीजन 15 जीतने पर मानसी घोष को बहुत-बहुत बधाई! क्या आवाज है, क्या यादगार सफर रहा! वाकई में आप इस जीत की हकदार हैं, आपने हर परफॉर्मेंस को शानदार बना दिया।’

इंडियन आइडल 15 के फिनाले में मची धूम

शो के जज श्रेया घोषाल, बादशाह और विशाल ददलानी थे, जिन्होंने विजेता का ऐलान किया। शो के होस्ट आदित्य नारायण थे। इंडियन आइडल सीजन 15 का ग्रैंड फिनाले बहुत ही धमाकेदार रहा है। इस दौरान रवीना टंडन, शिल्पा शेट्टी और सिंगर मीका सिंह जज के साथ खूब मस्ती करते नजर आए। इस सीजन के ग्रैंड फिनाले में इस बार सिंगर्स ने 90 के दशक का तड़का लगाया था। बता दें कि पहले शो का फिनाले 30 मार्च को होने वाला था, लेकिन इसे 1 हफ्ते आगे पोस्टपोन कर दिया गया।

लेटेस्ट स्पोर्ट्स न्यूज़ :शुभमन गिल की शानदार कप्तानी पारी से GT ने पूरी की जीत की हैट्रिक, SRH को झेलनी पड़ी लगातार चौथी हार।

IPL 2025 के 19वें मैच में गुजरात टाइटन्स की टीम बाजी मारने में सफल रही। गुजरात ने कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतक और मोहम्मद सिराज की घातक गेंदबाजी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद को 7 विकेट से हराया। इसके साथ ही गुजरात की टीम ने जीत की हैट्रिक लगा दी। दूसरी तरफ हैदराबाद की टीम को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा। SRH की घर में यह दूसरी बड़ी हार है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 152 रन ही बना सकी। मोहम्मद सिराज ने गुजरात की ओर से 17 रन देकर सबसे ज्यादा 4 विकेट अपने नाम किए। सिराज ने IPL में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। SRH के 152 रन के जवाब में गुजरात ने 17वें ओवर में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान गिल ने शानदार अर्धशतक जड़ा और नाबाद रहे।

गिल और सुंदर के बीच मजबूत साझेदारी

सनराइजर्स के 152 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी गुजरात की पारी का आगाज बेहद खराब रहा। साई सुदर्शन तीसरे ओवर में 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी चौथे ओवर में सस्ते में पवेलियन लौट गए। इस दौरान कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाले रखा और वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 13 ओवर में 100 रन के पार ले गए। इसी ओवर में गिल 36 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा करने में सफल रहे। अगले ओवर में वाशिंगटन सुंदर के पास अर्धशतक पूरा करने का मौका था लेकिन शमी ने पहली ही गेंद पर चलता कर दिया। सुंदर अपने अर्धशतक से एक रन दूर रह गए। उन्होंने 29 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 49 रनों की पारी खेली। गिल और सुंदर के बीच तीसरे विकेट के लिए 90 रनों की पार्टनरशिप हुई।

शुभमन गिल ने खेली कप्तानी पारी

सुंदर के पवेलियन लौटने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड कप्तान गिल का साथ देने आए और 15वें ओवर में चौकों की झड़ी लगा दी। रदरफोर्ड ने अभिषेक शर्मा के इस ओवर में 4 चौके जड़ते हुए कुल 18 रन बटोरे। इसके बाद 17वें ओवर की चौथी गेंद पर गिल ने सिंगल लेते हुए अपनी टीम को 7 विकेट से बड़ी जीत दिला दी। इस तरह गुजरात ने सनराइजर्स के खिलाफ लगातार चौथी जीत दर्ज की। कप्तान गिल ने 43 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके जड़े। रदरफोर्ड ने 16 गेंदों पर 35 रन बनाए और नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 1 छक्का जड़ा।

प्रधानमंत्री मोदी:‘रामनवमी के अवसर पर रामेश्वरम आकर बेहद आनंदित हूं, सुशासन की प्रेरणा ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु के दौरे पर हैं। रामनवमी के अवसर पर पीएम मोदी ने रामेश्वरम के रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पहले उन्होंने भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट समुद्री ब्रिज का उद्घाटन किया। यहां पहुंचने पर पीएम मोदी ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर रामेश्वरम आकर बहुत खुश हूं। सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है।

रामेश्वरम में आकर बहुत खुश हूं- पीएम मोदी

तमिलनाडु के लोगों के लिए कनेक्टिविटी को मजबूत करने और ‘जीवन को आसान बनाने’ के उद्देश्य से विकास कार्यों के शुभारंभ पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि रामनवमी के विशेष अवसर पर रामेश्वरम आकर बहुत ज्यादा खुश हूं।

पंबन ब्रिज का निर्माण हुआ पूरा

पीएम मोदी ने कहा कि आप नॉर्थ में देखेंगे तो जम्मू कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज में से एक चिनाब ब्रिज बना है। पश्चिम में जाएंगे तो मुंबई में देश का सबसे लंबा सी ब्रिज अटल सेतु बना है। पूर्व में जाएंगे तो असम के बोगीबील ब्रिज के दर्शन होंगे। अब दक्षिण में आते हैं तो दुनिया के गिने-चुने वर्टिकल लिफ्ट ब्रिज में से एक पंबन ब्रिज का निर्माण पूरा हुआ है।

सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज श्रीराम-नवमी का पावन पर्व है। अब से कुछ समय पूर्व अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला का सूर्य की किरणों ने भव्य तिलक किया है। भगवान श्रीराम का जीवन, उनके राज्य से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है।

तमिलनाडु को तीन गुना अधिक धन आवंटित

पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु विकसित भारत या विकसित भारत की ओर बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मेरा मानना ​​है कि तमिलनाडु की क्षमता का एहसास होने पर देश का समग्र विकास बेहतर होगा। पिछले दशक में केंद्र सरकार ने 2014 से पहले की अवधि की तुलना में तमिलनाडु को तीन गुना अधिक धन आवंटित किया है।

अर्थव्यवस्था और उद्योग के विकास में योगदान

इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि जब इंडी गठबंधन सत्ता में था, तब मोदी सरकार ने तमिलनाडु को तीन गुना धन मुहैया कराया था। इस समर्थन ने राज्य में अर्थव्यवस्था और उद्योग के विकास में योगदान दिया है।

नई दिल्ली/नेपीडॉ: भारत ने म्यांमार के लिए बढ़ाई सहायता, भूकंप पीड़ितों के लिए C-17 विमान से पहुंचाई 31 टन अतिरिक्त राहत सामग्री।

भारत ने म्यांमार में आए भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद का दायरा बढ़ा दिया है। रविवार को भारत ने म्यांमार भूकंप पीड़ितों के लिए 31 टन और राहत सामग्री भेजी है। इसमें भारतीय सेना के ‘फील्ड अस्पताल’ के लिए जरूरी सामान भी शामिल है। यह सहायता ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ से भेजी गई। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान ने रविवार सुबह गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘ ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत सी-17 विमान 31 टन मानवीय सहायता के साथ मांडले के लिए रवाना हुआ, जिसमें भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल इकाई के लिए जरूरी सामान भी शामिल है।’’ पिछले सप्ताह म्यांमा में 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

म्यांमार को भारत ने सैकड़ों टन अनाज भी भेजा

भारत ने म्यांमार के भूकंप पीड़ितों के लिए दवाइयों, कपड़ों के अलावा सैकड़ों टन अनाज भी भेजा है। ताकि भूकंप पीड़ितों को भुखमरी से बचाया जा सके। बता दें कि भारत ने भूकंप से हुई तबाही के बाद ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम से राहत अभियान शुरू किया था। इस बीच, भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि 405 टन चावल सहित 442 टन राहत सामग्री लेकर ‘आईएनएस घड़ियाल’ शनिवार सुबह यांगून पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने राहत सामग्री यांगून क्षेत्र के मुख्यमंत्री यू सोई थीन को सौंपी। इससे पीड़ितों को राहत मिलेगी।

वाशिंगटन:अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो दक्षिण सूडान पर क्यों हुए नाराज़, वीजा होंगे रद्द?

 अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अवैध अप्रवासियों को लेकर दक्षिणी सूडान पर भड़क गए हैं। इसके बाद इस देश के लोगों का वीजा रद्द करना शुरू कर दिया गया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि अमेरिका अब दक्षिण सूडान के पासपोर्ट धारकों के सभी वीजा रद्द कर रहा है।

अमेरिका के विदेश मंत्री रुबियो ने दक्षिण सूडान की सरकार पर अमेरिका का फायदा उठाने का आरोप लगाया। रुबियो ने एक बयान में कहा, “अमेरिका समेत कोई भी देश अगर किसी देश के नागरिकों को अपने यहां से निकालता है, तो उस देश को समय रहते अपने नागरिकों को वापस बुला लेना चाहिए। हालांकि दक्षिण सूडान की सरकार इस नियम का सही ढंग से पालन नहीं कर रही।” इसलिए रुबियो दक्षिणी सूडान पर भड़के हुए हैं।

दक्षिण सूडान के लोगों का अब होगा अमेरिका में घुसना वर्जित

दक्षिण सूडान के इस रवैये से रुबियो इतना अधिक खफा हो गए हैं कि उन्होंने इस देश के लोगों का अमेरिका में प्रवेश तक बंद करवाने की जिद ठान ली है।  रुबियो ने कहा कि अमेरिका वीजा रद्द करने के अलावा दक्षिण सूडान के पासपोर्ट धारकों को अमेरिका में प्रवेश से रोकने के लिए भविष्य में वीजा जारी करने पर भी रोक लगाएगा। इसके बाद दक्षिण सूडान के लोग अमेरिका में घुस नहीं सकेंगे।