Home Blog Page 822

बोका रैटन(अमेरिका): अमेरिका में 24 घंटे के भीतर दूसरी हवाई दुर्घटना, फ्लोरिडा में छोटा विमान क्रैश हुआ; पहले हेलीकॉप्टर दुर्घटना में 6 लोगों की हुई थी मौत

 अमेरिका में 24 घंटे में दूसरी हवाई दुर्घटना हुई है। बृहस्पतिवार को हडसन में हेलीकॉप्टर दुर्घटना के बाद अगले दिन शुक्रवार को दक्षिण फ्लोरिडा में एक छोटा विमान भी हवाई हादसे का शिकार हो गया। इसमें 3 लोग सवार थे। इसमें तीनों लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। दुर्घटनास्थल से अब भी धुआं उठता दिखाई दे रहा है। यह दुर्घटना शुक्रवार सुबह हुई।

अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि विमान एक प्रमुख अंतरराज्यीय राजमार्ग और रेल पटरियों के पास पूर्वाह्न करीब सवा दस बजे गिरा। संघीय विमानन प्रशासन ने विमान की पहचान सेसना 310 के रूप में की है, जिसमें तीन लोग सवार थे। हालांकि, यह तत्काल पता नहीं चल पाया है कि इस दुर्घटना में किसी की मौत हुई है या नहीं। बोका रैटन के मेयर स्कॉट सिंगर ने कहा कि जांच अभी शुरू ही हुई है।

न्यूयॉर्क में हेलीकॉप्टर हादसाः बच्चे के जन्मदिन से चंद घंटे पहले आई मौत

फ्लोरिडा विमान हादसे से 1 दिन पहले ही न्यूयॉर्क के हडसन में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार होकर हडसन नदी में गिर गया था। इसमें सवार सभी 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक 8 साल का बच्चा भी शामिल था, जिसका अगले ही कुछ घंटों बाद जन्मदिन मनाया जाना था। बताया जा रहा है कि जर्मन बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी समूह ‘सीमेंस’ के स्पेन इकाई के सीईओ अपने परिवार के साथ एक बच्चे का नौवां जन्मदिन मनाने वाले थे, तभी उनका हेलीकॉप्टर न्यूयॉर्क शहर और न्यू जर्सी के बीच हडसन नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

मृतकों में पायलट के अलावा जर्मन बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी समूह ‘सीमेंस’ के अधिकारी अगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी एवं ऊर्जा प्रौद्योगिकी कंपनी में वैश्विक प्रबंधक मर्स कैम्परुबी मोंटाल और तीन बच्चे शामिल हैं। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि बच्चों की आयु 4, 8 और 10 साल थी और आठ वर्षीय बच्चे का जन्मदिन शुक्रवार को मनाया जाना था

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई, एक बिल्डिंग की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई

दिल्ली-NCR में शुक्रवार शाम आंधी और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचाई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मधु विहार में 6 मंजिला इमारत की दीवार गई है जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और 6 लोग घायल हैं। इसके अलावा सराय रोहिल्ला में आंधी और तेज हवाओं की वजह से पेड़ों के गिरने से दहशत है, और एक कार भी पेड़ के नीचे दब गई। खराब मौसम के बीच द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक विशाल ‘साइनेज’ के कार पर गिर जाने से 2 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कार साइनेज के नीचे फंस गई और उसमें सवार 2 लोगों को चोट आई।

‘घायलों की पहचान नहीं हो पाई’

साइनेज गिरने से कार में फंसे लोगों को राहगीरों ने किसी तरह बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे की वजह से द्वारका एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और हालात को संभालने के लिए पुलिस की तैनाती करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि जब वे काम से घर पर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ और उनकी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, लोधी रोड में भी तेज आंधी के चलते पेड़ों के उखड़ने की खबर सामने आ रही है। इस दौरान सड़क पर यात्रा कर रहे लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

‘बालकनी गिरने से लड़का घायल’

वहीं, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में शुक्रवार शाम को धूल भरी आंधी के दौरान एक नवनिर्मित इमारत की बालकनी गिर जाने से 13 साल का लड़का घायल हो गया। उन्होंने बताया कि घटना शाम को करीब 06:51 पर दिल्ली के करोल बाग में स्थित सिद्धिपुरा इलाके में हुई। बता दें कि राजधानी में शुक्रवार शाम धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने पर मौसम विभाग ने आने वाले समय में खराब मौसम की चेतावनी जारी कर दी और दिल्ली-NCR के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी कर दिया। दिल्ली में खराब मौसम के चलते शुक्रवार की शाम को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 15 से ज्यादा फ्लाइट्स का रास्ता बदल दिया गया।

मुकाबले में हार के बाद छलका एमएस धोनी का दर्द, मैच को लेकर क्या बोले कप्तान एमएस धोनी

साल 2023 के आईपीएल फाइनल के बाद शुक्रवार को पहली बार ऐसा हुआ कि चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी एमएस धोनी कर रहे थे। जो हाल टीम का रुतुराज गायकवाड की कप्तानी में था, काफी हद तक करीब करीब वही हश्र अभी भी है। पहले मैच में मिली जीत के बाद टीम की गाड़ी पटरी पर नहीं आ पा रही है। मैच के बाद कप्तान एमएस धोनी का भी दर्द साफ तौर पर दिखाई दिया। मैच के बाद धोनी क्या कुछ कहा, वो आपको जरूर जानना चाहिए।

हार के बाद क्या बोले कप्तान एमएस धोनी

केकेआर के खिलाफ मिली आठ विकेट से शर्मनाक हार के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने कहा ​कुछ मैच ऐसे होते हैं, जब हम अपने हिसाब से नहीं खेल पाते हैं। धोनी ने माना कि टीम बोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं लगा सकी। उन्होंने कहा कि जब आप जल्दी ज्यादा विकेट खो देते हैं तो टीम पर दबाव आता है। टीम को एक भी बड़ी साझेदारी नहीं मिली। उन्होंने बताया कि पावरप्ले यानी पहले छह ओवर में टीम केवल 31 ही रन बना सकी। सलामी बल्लेबाजों के फेल होने पर धोनी ने कहा कि वो दोनों यानी रचिन रवींद्र और डेवोन कॉन्वे शानदार बल्लेबाज हैं।

कप्तान एमएस धोनी के लिए भी खराब रहा कमबैक

खुद एमएस धोनी के लिए भी ​बतौर कप्तान कमबैक करने वाला ये मैच काफी निराशाजनक रहा। भले ही वे टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे, लेकिन टॉस हारकर भी टीम को वही काम मिला। टीम इसके बाद भी संघर्ष करती हुई नजर आई। कप्तान एमएस धोनी इस मुकाबले में 9 नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए। वैसे तो ये देर लग सकती है, लेकिन धोनी 16वें ओवर में मैदान थे, लेकिन वे तीन बॉल खेलकर केवल एक ही रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें सुनील नारायण ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। धोनी हालांकि अंपायर के फैसले से खुश नहीं थे, उन्होंने डीआरएस भी लिया, लेकिन तीसरे अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया। धोनी विकेट के पीछे डीआरएस को लेकर ​जितने शानदार हैं, उतने विकेट से सामने से शायद नहीं।

अब टीम का टॉप 4 में जाना करीब करीब असंभव

केकेआर के खिलाफ चेन्नई की पूरी टीम मिलकर केवल 103 रन ही बना सकी। हालांकि राहत की बात ये रही पूरी टीम आउट नहीं हुई और आईपीएल में अपना सबसे छोटा स्कोर बनाने से भी बच गई। लेकिन चेन्नई में टीम का ये सबसे छोटा स्कोर है। वहीं केकेआर ने केवल 10.1 ओवर में ही 107 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। केकेआर ने इस मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया है। अभी बाकी सीजन भी धोनी ही टीम के कप्तान रहेंगे, लेकिन टीम टॉप 4 में पहुंच पाएगी, इसकी संभावना नगण्य ही है। देखना होगा कि टीम क्या जीत की पटरी पर लौट पाएगी।

लेटेस्ट स्पोर्ट्स न्यूज़ :चेन्नई की हार का सबसे बड़ा जिम्मेदार साबित हुआ ये खिलाड़ी, जिसने टीम की पूरी रणनीति पर पानी फेर दिया

चेन्नई की टीम को आईपीएल में एक और हार का सामना करना पड़ा है। टीम की इस साल के आईपीएल में ये बैक टू बैक पांचवीं हार है। टीम की कमान तो अब एमएस धोनी के हाथ में आ गई है। यानी कप्तान बदल गया है, लेकिन टीम की किस्मत में कोई बदलाव नहीं आ रहा है। चेन्नई के लिए अब प्लेऑफ में जाना करीब करीब असंभव हो गया है। इस बीच वैसे तो केकेआर के खिलाफ पूरी की पूरी सीएसके की टीम ने ही खराब खेल दिखाया, लेकिन एक खिलाड़ी ऐसा है, जो इस हार का सबसे बड़ा विलेन माना जा सकता है। उससे उम्मीदें तो बहुत थी, लेकिन उसी खिलाड़ी ने टीम की खटिया खड़ी करा दी है।

चेन्नई के मैदान पर सीएसके बना सकी केवल 103 ही रन

एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए सीएसके बनाम केकेआर मुकाबले में चेन्नई की टीम केवल 103 रन ही बना सकी। वे तो कहिए शिवम दुबे की पारी की वजह से टीम 100 का आंकड़ा पार कर गई और आलआउट नहीं हुई। एक वक्त तो टीम पर आईपीएल इतिहास के सबसे छोटे टोटल पर आउट होने का भी खतरा मंडरा रहा था, लेकिन शिवम दुबे ने 29 बॉल पर 31 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। इस बीच हम ​जिस विलेन की बात कर रहे हैं, वो कोई और नहीं, बल्कि रविचंद्रन अश्विन हैं। कप्तान एमएस धोनी ने अश्विन को इस मैच में खुद और रवींद्र जडेजा से पहले बल्लेबाजी के ​लिए भेजा था। उद्देश्य शायद ये रहा होगा कि विकेट ना गिरे, ताकि आखिरी के ओवर में जाकर खुद धोनी और जडेजा तेजी के साथ कुछ रन बना सकें। लेकिन अश्विन ने सात बॉल का सामना किया और एक ही रन बना सके।

अभी तक अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं अश्विन

अश्विन इस साल के आईपीएल में एक भी मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ सके हैं। वैसे तो उनकी गिनती ऑलराउंडर्स में होती है, लेकिन वे ना तो यहां गेंदबाजी में अपनी टीम को ठीक से विकेट दिला पा रहे हैं और ना ही रन बनाने में ही कामयाब हो रहे हैं। इस साल आईपीएल में चेन्नई का पहला मुकाबला मुंबई से हुआ था। इसमें उन्होंने एक विकेट लिया, लेकिन 31 रन खर्च कर दिए। इसके बाद दूसरे मैच में उन्होंने 22 रन देकर एक विकेट लिया और केवल 11 ही रन बना सके। तीसरे मैच में तो राजस्थान के खिलाफ अश्विन ने 46 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ तो अश्विन को विकेट ही नहीं मिला और वे 21 रन देकर गए। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्हें दो सफलताएं जरूर मिली, लेकिन 48 रन खर्च करने के बाद ऐसा कर पाए।

केकेआर के स्पिनर्स ने किया कमाल, लेकिन सीएसके यहां चूकी

शुक्रवार के मैच की बात करें तो केकेआर के स्पिनर्स ने गदर मचाकर रखा। केकेआर के तीन स्पिनर्स ने 6 विकेट अपनी टीम के लिए लेने का काम किया। सुनील नारायण ने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए, वहीं वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके। मोईन अली ने भी चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। इसके बाद जब चेन्नई की गेंदबाजी आई तो उम्मीद की जा रही ​थी कि टीम के स्पिनर्स मैच जिता पाएं या ना जिता पाएं, लेकिन कम से कम मैच बना तो सकते ही हैं, लेकिन वो भी नहीं हो सका।

अश्विन ने खर्च कर दिए 30 रन, नूर अहमद को मिला विकेट

कप्तान एमएस धोनी ने पावरप्ले में ही अश्विन को गेंदबाजी भी सौंपी, लेकिन वे कुछ नहीं कर सके। उन्होंने इस मुकाबले में तीन ओवर डालकर 30 रन दिए और कोई भी सफलता उन्हें हाथ नहीं लगी। उनसे बेहतर तो नूर अहमद साबित हुए, जिन्होंने आते ही पहली ही बॉल पर विकेट लेकर थोड़ा सा रोमांच पैदा करने की कोशिश की। हालांकि उन्हें दूसरी सफलता नहीं मिली, लेकिन दो ओवर में उन्होंने केवल 8 ही रन दिए। लेकिन अश्विन को ना तो विकेट मिला और ना ही रन रोकने में ही वे सफल रहे।

मेलबर्न स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में अराजक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया से कड़ा विरोध दर्ज कराया

मेलबर्न: मेलबर्न स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास परिसर में अराजकों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भारत ने इसे लेकर ऑस्ट्रेलिया के सामने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। भारत ने वाणिज्य दूतावास में तोड़फोड़ करने वाले अराजकों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मुद्दे को कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष उठाया।

‘द ऑस्ट्रेलिया टुडे’ की खबर के अनुसार, मेलबर्न स्थित वाणिज्य दूतावास परिसर पहले भी इसी प्रकार की उकसावे वाली घटनाओं का गवाह रह चुका है, जहां विगत वर्षों में बढ़े हुए अंतरराष्ट्रीय तनाव के दौरान परिसर में नारेबाजी की गई थी। विक्टोरिया पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात करीब एक बजे राजनयिक परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार की दीवारों पर नारे लिखे मिले। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘अधिकारियों का मानना ​​है कि इमारत के सामने वाले हिस्से पर बुधवार और बृहस्पतिवार के दरमियानी रात में नारे लिखे गये थे। नुकसान की जांच अब भी जारी है।’’

दूतावास की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

उच्चायोग ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में कहा कि उसने यह मुद्दा ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष उठाया है। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘मेलबर्न में भारतीय महावाणिज्य दूतावास के परिसर को उपद्रवियों द्वारा विरूपित करने की घटना को ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष उठाया गया है। देश में भारतीय राजनयिक और वाणिज्य दूतावास परिसरों और कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’’ पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि बृहस्पतिवार की घटना में किसी संदिग्ध की पहचान हुई है या नहीं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि उसके पास कोई सूचना है तो वे साझा करे।

भारतीय ने कहा- हमारे समुदाय को डराने का प्रयास

इस घटना ने भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदायों के बीच एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। भारत ने मेलबर्न में हिंदू मंदिरों और भारतीय सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर की जाने वाली घटनाओं की बढ़ती प्रवृत्ति पर निराशा व्यक्त की है। एक भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई ने कहा, ‘‘यह दीवार पर लिखें महज नारे नहीं है- यह हमारे समुदाय को डराने-धमकाने का संदेश है।’’ उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थानों पर बार-बार होने वाले हमले अत्यंत दुखद हैं। विक्टोरिया की प्रीमियर जेसिंटा एलन सरकार ने इस वर्ष घृणा या धार्मिक पूर्वाग्रह से प्रेरित कृत्यों के लिए दंड को कड़ा करने हेतु निंदा-विरोधी कानून पारित किया।