Home Blog Page 739

वेटिकन सिटी: क्या लियो पोप 14वें अब अमेरिकी नागरिक नहीं रह पाएंगे? जानिए इस सवाल के पीछे की वजह।

इतिहास में पहली बार एक अमेरिकी नागरिक को कैथोलिक चर्च का सर्वोच्च नेता चुना गया है। शिकागो में जन्मे रॉबर्ट प्रीवोस्ट जो अब पोप लियो 14वें के नाम से जाने जाएंगे, को हाल ही में पोप चुना गया है। इस नियुक्ति ने केवल धार्मिक नहीं, बल्कि कानूनी और नागरिकता से जुड़े कई जटिल सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल उठ रहा है कि अब भी क्या वह अमेरिकी नागरिक रह पाएंगे। आइये बताते हैं कि इस सवाल के उठने की वजह क्या है।

यूएस पोप और अमेरिकी नागरिकता

बता दें कि पोप लियो 14वें न केवल कैथोलिक चर्च के आध्यात्मिक प्रमुख हैं, बल्कि दुनिया के सबसे छोटे स्वतंत्र राष्ट्र वह वेटिकन सिटी के सरकारी प्रमुख (हेड ऑफ स्टेट) भी बन गए हैं। उन्होंने पिछले एक दशक में अमेरिका और पेरू दोनों की नागरिकता हासिल की थी। पेरू में वे एक मिशनरी और फिर बिशप के तौर पर कार्यरत रहे।

क्या अमेरिकी कानून इसकी अनुमति देता है?

अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार अगर कोई अमेरिकी नागरिक विदेशी सरकार के प्रमुख या विदेश मंत्री के रूप में काम करता है, तो उसकी नागरिकता की समीक्षा की जा सकती है। हालांकि यह नागरिकता अपने आप नहीं जाती। वहीं नागरिकता कानून विशेषज्ञ पीटर स्पिरो का मानना है कि “जब तक कोई अमेरिकी नागरिक अपनी नागरिकता को त्यागने की स्पष्ट और जानबूझकर घोषणा नहीं करता, तब तक नागरिकता छीनी नहीं जा सकती। वहीं पेरू के नागरिकता विभाग के अधिकारी जॉर्ज पुच ने पुष्टि की कि पोप लियो XIV की पेरू की नागरिकता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

क्या रोहित शर्मा आज इतिहास रच सकते हैं ? अब तक यह बड़ा रिकॉर्ड केवल क्रिस गेल के नाम दर्ज है

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के लीग स्टेज का रोमांच अपने चरम पर है। 26 मई को जब मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आमने-सामने होंगे, तो दोनों टीमों की नजरें टॉप-2 में फिनिश करने पर टिकी होगी। ऐसा करने से फाइनल में जगह बनाने का एक अतिरिक्त मौका मिलेगा। गुजरात टाइटंस (18 पॉइंट), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (17 पॉइंट), पंजाब किंग्स (17 पॉइंट) और मुंबई इंडियंस (16 पॉइंट) पहले ही प्लेऑफ का टिकट कटा चुकी हैं। अब इन टीमों के बीच टॉप-2 के लिए कड़ी होड़ है। फिलहाल पंजाब किंग्स 17 पॉइंट के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है। पंजाब को अगर मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार मिलती है, तो वह तीसरे या चौथे स्थान पर खिसक जाएगी और फिर उसे 30 मई को एलिमिनेटर खेलना पड़ेगा।

जयपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ वैसे तो मुंबई के सभी खिलाड़ियों पर निगाहें टिकी होंगी, लेकिन सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा से कुछ ज्यादा ही उम्मीदें होंगी, जो पिछले 2 मैचों में सिर्फ 5 और 7 रनों की पारी खेल पाए हैं। ऐसे में आज MI के आखिरी लीग स्टेज मैच में फैंस को हिटमैन से बड़ी पारी की आस होगी। इस दौरान रोहित के निशाने पर एक खास रिकॉर्ड भी होगा। अगर वह तीन छक्के जड़ने में सफल रहते हैं, तो वह IPL इतिहास में 300 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

अब तक सिर्फ क्रिस गेल ने जड़े हैं 300+ सिक्स

IPL इतिहास में अब तक सिर्फ वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल ही 300 से ज्यादा छक्के लगा पाए हैं। गेल के नाम कुल 357 छक्के दर्ज हैं। रोहित के नाम फिलहाल 297 सिक्स हैं। ऐसे में अगर आज उनका बल्ला चला तो वो इस मुकाम तक पहुंचने वाले दुनिया के दूसरे और भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।

IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज

  • क्रिस गेल – 357
  • रोहित शर्मा – 297
  • विराट कोहली – 291
  • एमएस धोनी – 264
  • एबी डिविलियर्स – 251
  • डेविड वॉर्नर – 236

दिलचस्प बात ये भी है कि इस खास लिस्ट में रोहित के ठीक पीछे विराट कोहली हैं, जो इस सीजन अपने 300 छक्के पूरे करने से बस 9 सिक्स दूर हैं। ऐसे में IPL 2025 में भारतीय बल्लेबाजों के बीच यह छक्कों की जंग भी खूब देखने लायक होगी।

ज़बरदस्त हार के बाद कप्तान रहाणे ने जताया कोई पछतावा नहीं, कहा- अगले साल और बेहतर होकर लौटेंगे

IPL 2025 का 68वां मुकाबला रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया, जहां सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को करारी शिकस्त दी। हेनरिक क्लासेन की धमाकेदार नाबाद 105 रनों की पारी के दम पर हैदराबाद ने 110 रनों से जीत दर्ज की। यह IPL इतिहास में कोलकाता की सबसे बड़ी हार है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए। यह टूर्नामेंट इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दिलचस्प बात यह है कि IPL के टॉप चार हाई स्कोर का रिकॉर्ड इसी टीम के नाम है। हैदराबाद ने इससे पहले 2024 में 287/3 और इसी सीजन 2025 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 286/6 का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में 279 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम 18.4 ओवर में 168 रनों पर सिमट गई और बड़ी हार झेलनी पड़ी।

SRH के हाथों करारी शिकस्त झेलने के बाद अजिंक्य रहाणे ने SRH के बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की। रहाणे ने कहा कि उन्हें लगता है कि SRH की टीम ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। हां, हमने गेंदबाजी करते समय कुछ गलतियां कीं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, उन्होंने खराब गेंदों का फायदा उठाया और सभी अच्छी गेंदों पर भी शॉट लगाए। इसका श्रेय SRH के बल्लेबाजों को जाता है।

KKR को कोई अफसोस नहीं

रहाणे ने कहा कि हमने स्लोअर गेंद डालने की कोशिश की लेकिन हम अपनी योजनाओं को पूरी तरह से अमली जामा नहीं पहना पाए। हमने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, यह लीग काफी कठिन है। लेकिन हमारे पास कई मौके भी आए थे लेकिन हम उन्हें भुना नहीं पाए। हमारे पास ऐसे मौके आए थे जिन्हें हम भुनाते तो पॉइट्स टेबल में पहले या दूसरे स्थान पर भी रह सकते थे। लेकिन हमें कोई अफसोस नहीं, इस सीजन से बहुत कुछ सीखने को मिला। सभी खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया। हम अगले साल और भी अधिक मजबूत होकर वापस आएंगे।

8वें स्थान पर किया फिनिश

पिछले साल की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स IPL 2025 में 14 मैचों में सिर्फ 5 मैच ही जीत सकी जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। 2 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका। टीम ने पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर फिनिश किया।

नूर खान एयरबेस पहले से कहीं ज्यादा तबाह हुआ, देखें नई सैटेलाइट तस्वीरें

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ऐसा लिया है, जिसे दुश्मन देश पाकिस्तान हमेशा के लिए याद रखेगा। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान के कई आतंकियों को मार गिराया गया। साथ ही भारत ने अपने हवाई हमलों में पाकिस्तान के कई एयरबेस को तबाह कर दिया है। भारत के हमले में पाकिस्तान के रावलपिंडी में स्थित नूर खान एयरबेस को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है। जो कि पाकिस्तानी सेना के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

भारत के हमले को देख पाक अधिकारियों के उड़े होश

भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पहले की तुलना में कहीं अधिक नुकसान नूर खान एयरबेस को हुआ है। एक ताजा आकलन से पता चलता है कि हमले वाली जगह के पास एक बड़ा परिसर ध्वस्त कर दिया गया है। भारतीय वायुसेना ने नूर खान एयरबेस पर इतना सटीक हमला किया कि पाकिस्तान के अधिकारियों के होश तक उड़ गए।

नूर खान एयरबेस के नुकसान की नई सैटेलाइट इमेज

इंटेल लैब के अनुसार, नूर खान एयरबेस की ताजा सैटेलाइट इमेज में क्षतिग्रस्त हुआ हिस्सा पहले की प्रारंभिक रिपोर्ट से कहीं अधिक है। रक्षा विश्लेषक डेमियन साइमन (Damien Symon) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस की समीक्षा से पता चलता है कि भारत के हमले के स्थान के पास का पूरा परिसर अब नष्ट हो चुका है, जिससे पता चलता है कि हमले का प्रभाव दो ट्रकों के बराबर वाली जगह से कहीं अधिक था। नई सैटेलाइट इमेज नूर खान एयरबेस के नुकसान को दिखाती है।

8 से 10 मई के बीच पाक के एयरबेस पर हुए हमले

सैटेलाइट इमेज की प्रारंभिक रिपोर्टों ने संकेत दिया था कि भारत ने 8 से 10 मई के बीच रावलपिंडी स्थित एयरबेस पर बुनियादी ढांचे और जमीनी सहायता प्रणालियों को निशाना बनाकर सटीक हमले किए थे। इस हमले को रणनीतिक और प्रतीकात्मक दोनों रूप से देखा गया, क्योंकि यह बेस पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय के करीब है और हवाई गतिशीलता संचालन के लिए कमांड सेंटर के रूप में कार्य करता है।

पाकिस्तान के लिए काफी महत्वपूर्ण है नूर खान एयरबेस

इस्लामाबाद से 25 किलोमीटर से भी कम दूरी पर रावलपिंडी में स्थित नूर खान एयरबेस पाक सेना के हिसाब से काफी महत्वपूर्ण है। इसमें पाकिस्तान वायु सेना की प्रमुख हथियार और विमान रखे हुए हैं। इनमें साब एरीये एयरबोर्न अर्ली वार्निंग सिस्टम, सी-130 ट्रांसपोर्टर और आईएल-78 मिड-एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट शामिल हैं। ये सब निगरानी और परिचालन समन्वय के लिए महत्वपूर्ण हैं। यहां पर तुर्की निर्मित बायरकटर टीबी2 और स्वदेशी शाहपार-आई ड्रोन को रखा गया है। इनका उपयोग टार्गेट की निगरानी अभियानों के लिए किया जाता है।

दीर अल-बलाह (गाजा पट्टी): इजरायल ने गाजा पर फिर किया बड़ा हमला, 2 बच्चों सहित 14 लोग हुए मृत

इजरायली सेना ने रविवार को गाजा पर एक और बड़ा हवाई हमला किया है। इस हमले में 2 बच्चों समेत 14 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रात भर गाजा पट्टी में इजरायली हमले होते रहे। इसमें कम से कम 14 फिलिस्तीनी मारे गए, जिनमें एक मां और उसके दो बच्चे भी शामिल हैं, जो एक तंबू के अंदर थे।

इजरायल ने हमास द्वारा युद्धविराम का उल्लंघन करने के आरोप में सीजफायर को तोड़ दिया था। इसके बाद से लगातार गाजा पर हमले कर रहा है। इजरायल ने 7 अक्टूबर, 2023 को हुए हमले में अभी भी बंधक बनाए गए अपने 58 लोगों को वापस लौटाने की कसम खाई है। इजरायल ने पिछले सप्ताह गाजा को पहुंचाई जाने वाली खाद्य, रशद और अन्य चिकित्सीय सहायता तक को रोक दिया था।

गाजा पर अब पूर्ण नियंत्रण हासिल कर रहा इजरायल

इजरायल का कहना है कि वह गाजा पर पूर्ण नियंत्रण हासिल करने और 2 मिलियन फिलिस्तीनियों की अपनी आबादी के अधिकांश लोगों के स्वैच्छिक प्रवास को सुविधाजनक बनाने की योजना बना रहा है। बता दें कि यह एक ऐसी योजना जिसे फिलिस्तीनियों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के अधिकांश लोगों ने अस्वीकार कर दिया है, और जिसके बारे में विशेषज्ञों का कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। अल-अक्सा शहीद अस्पताल के अनुसार, यह हमला गाजा के मध्य शहर दीर अल-बलाह में विस्थापित लोगों के लिए बने एक तंबू पर हुआ, जिसमें मां, उसके दो बच्चे और एक अन्य रिश्तेदार की मौत हो गई।

उत्तरी गाजा में भी 5 मौतें

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, उत्तरी गाजा के जबालिया क्षेत्र में हुए हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। स्थानीय अस्पतालों के अनुसार, अन्य हमलों में पांच और लोग मारे गए। इजरायल का कहना है कि वह नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचने की कोशिश करता है और हमास को उनकी मौतों के लिए दोषी ठहराता है क्योंकि वह घनी आबादी वाले इलाकों में काम करता है।