Home Blog Page 686

Latest Bollywood News:होली के मौके पर प्रियंका चोपड़ा ने फैन्स को दी खुशखबरी, 4 साल बाद लौटी अपने घर

हॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा आखिरी बार 4 साल पहले भारतीय फिल्म में एक्टिंग करते नजर आई थीं। इसके बाद से लगातार हॉलीवुड प्रोजेक्ट में व्यस्त रहीं प्रियंका की घर वापसी का इंतजार उनके फैन्स को था। अब प्रियंका चोपड़ा ने होली के दिन फैन्स को खुशखबरी दी है। प्रियंका चोपड़ा अब जल्द ही ऑस्कर विनिंग भारतीय डायरेक्टर एसएस राजामौली की फिल्म SSMB29 में नजर आने वाली हैं। प्रियंका चोपड़ा ने इसकी शूटिंग भी शुरू कर दी है। यही कारण है कि इस बार की होली प्रियंका चोपड़ा को फिल्म के सेट पर ही मनानी पड़ी है। प्रियंका ने खुद इसकी तस्वीरें शेयर कर फैन्स को होली की बधाई दी है।

4 साल बाद होगी घर वापसी

बता दें कि प्रियंका चोपड़ा 4 साल पहले बॉलीवुड फिल्म ‘व्हाइट टाइगर’ में नजर आई थीं। ओटीटी पर रिलीज हुई इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ राजकुमार राव लीड रोल में नजर आए थे। इसके साथ ही आदर्श गौरव ने भी फिल्म में एक अहम किरदार निभाया था। इसके बाद से लगातार प्रियंका चोपड़ा हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हैं। अब 4 साल बाद प्रियंका चोपड़ा ने घर वापसी कर ली है। प्रियंका अब एसएस राजामौली की फिल्म SSMB29 में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में प्रियंका के साथ महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन ने भी अहम किरदार निभाया है। प्रियंका ने फिल्म की शूटिंग भी शुरू कर दी है। शूटिंग सेट से फोटो शेयर करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने लिथा, ‘ये हमारे लिए काम वाली होली रही। मैं आप सभी को होली की शुभकामनाएं देती हूं।’

ऑस्कर विनिंग डायरेक्टर के साथ आ रही फिल्म

प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म SSMB29 जल्द ही रिलीज के लिए तैयार होने वाली है। फिल्म की शूटिंग जोरों पर चल रही है। अपनी फिल्म के गाने के लिए ऑस्कर जीत चुके डायरेक्टर एसएस राजामौली ने इसकी कहानी तैयार की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस फिल्म की कहानी भी हिस्टोरिकल माइथोलॉजी ड्रामा पर बनी है। लेकिन कहानी के बारे में किसी को कोई पता नहीं है। यहां तक कि फिल्म का नाम भी थोड़ा अलग है। अभी तक इसके बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी गई है। डायरेक्टर राजामौली अपनी कहानी और उसके सीक्रेट्स को बनाए रखने के लिए जानी जाती है।

टोरंटो: मार्क कार्नी ने ट्रूडो की जगह संभाली, कनाडा के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की

पूर्व केंद्रीय बैंकर मार्क कार्नी ने शुक्रवार को कनाडा के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। मार्क कार्नी (59) ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की जगह ली, जिन्होंने जनवरी में अपने इस्तीफे की घोषणा की थी। लिबरल पार्टी द्वारा नया नेता चुने जाने तक ट्रूडो सत्ता में बने रहे। अब वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शुरू किए गए व्यापार युद्ध, विलय के खतरे और एक संभावित आम चुनाव के बीच अपने देश को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। उम्मीद है कि मार्क कार्नी आने वाले दिनों या हफ्तों में आम चुनाव की घोषणा कर सकते हैं।

फ्रांस और ब्रिटेन की करेंगे यात्रा

इस मौके पर प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा, ‘‘हम कभी भी, किसी भी तरह से, अमेरिका का हिस्सा नहीं बनेंगे। अमेरिका, कनाडा नहीं है। हम मूल रूप से एक अलग देश हैं।’’ मार्क कार्नी ने कहा कि वह आने वाले दिनों में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से मिलने के लिए दोनों देशों की यात्रा करेंगे। उन्हें दोनों देशों से निमंत्रण मिला है। कनाडा के नए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमें अपने व्यापार भागीदारों में विविधता लानी चाहिए और ऐसा करते हुए अपनी सुरक्षा को मजबूत करना होगा।’’

ट्रंप ने दी चेतावनी

बता दें कि इस साल संभावित चुनाव में सत्तारूढ़ लिबरल पार्टी की हार की संभावना जतायी जा रही थी, लेकिन ट्रंप ने शुल्क के रूप में ‘‘आर्थिक युद्ध’’ की घोषणा कर दी और पूरे देश को 51वें प्रांत के रूप में अमेरिका में मिलाने की चेतावनी दी। अब इन बदले समीकरण के चलते लिबरल पार्टी को चुनाव में बढ़त मिलने के दावे किए जा रहे हैं। ट्रंप ने कनाडा के इस्पात और एल्युमीनियम पर 25 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है तथा दो अप्रैल से सभी कनाडाई उत्पादों पर भारी शुल्क लगाने की घोषणा की है।

मंत्रिमंडल ने भी ली शपथ

कार्नी सरकार के नए मंत्रिमंडल को भी शपथ दिलाई गई है। एफ. फिलिप शैम्पेन कनाडा के नए वित्त मंत्री बन गए हैं। मेलानी जोली को विदेश मंत्री के रूप में बरकरार रखा गया है। क्रिस्टिया फ्रीलैंड को परिवहन और आंतरिक व्यापार मंत्री बनाया गया है। फ्रीलैंड पूर्व उप प्रधानमंत्री हैं, जो लिबरल पार्टी के नेतृत्व की दौड़ में कार्नी से पिछड़ गई थीं।

कौन हैं मार्क कार्नी

मार्क कार्नी का जन्म 16 मार्च, 1965 को फोर्ट स्मिथ में हुआ था और उनका पालन-पोषण एडमॉन्टन, अल्बर्टा में हुआ। कार्नी ने 2008 से 2013 तक बैंक ऑफ कनाडा और 2013 से 2020 तक बैंक ऑफ इंग्लैंड का नेतृत्व किया। वर्ष 2008 के वित्तीय संकट के सबसे बुरे प्रभावों से निपटने में कनाडा की मदद करने के बाद कार्नी को बैंक ऑफ इंग्लैंड की कमान सौंपी गई। 1694 में बैंक ऑफ इंग्लैंड की स्थापना के बाद से ऐसा पहली बार हुआ जब किसी गैर-ब्रिटिश व्यक्ति को इसका नेतृत्व सौंपा गया। कार्नी ने वर्ष 2020 में जलवायु कार्रवाई एवं वित्त के लिए संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत के रूप में काम करना शुरू किया। 2003 में बैंक ऑफ कनाडा के डिप्टी गवर्नर नियुक्त होने से पहले कार्नी ने लंदन, टोक्यो, न्यूयॉर्क और टोरंटो में 13 साल तक काम किया। हालांकि, उन्हें राजनीति का कोई अनुभव नहीं है।

मॉस्को:युद्धविराम प्रस्ताव पर पुतिन की प्रतिक्रिया, पीएम मोदी और ट्रंप का किया आभार व्यक्त

 रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन और रूस के बीच लड़ाई को समाप्त करने के “नेक मिशन” के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व भर के नेताओं को धन्यवाद दिया है। पुतिन ने यूक्रेन के युद्धविराम प्रस्ताव पर पहली बार सार्वजनिक टिप्पणी करते हुए बृहस्पतिवार को ये बातें कहीं। पुतिन ने बृहस्पतिवार को पुष्टि की कि रूस युद्धविराम पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन इसकी शर्तें स्पष्ट होनी चाहिए।

‘अल्पकालिक युद्धविराम में रुचि नहीं’

‘आरटी न्यूज’ की खबर के अनुसार, पुतिन ने जुलाई 2024 में ही कहा था कि मॉस्को अल्पकालिक युद्ध विराम में रुचि नहीं रखता है, बल्कि संघर्ष के कारणों का समाधान करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले कि इस बात का आकलन करूं कि मैं युद्धविराम के लिए यूक्रेन की तत्परता को किस प्रकार देखता हूं, मैं सबसे पहले यूक्रेन में संघर्ष के समाधान पर इतना ध्यान देने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देना चाहूंगा।’’

पुतिन ने क्या कहा

पुतिन ने कहा, ‘‘हम सभी के पास निपटने के लिए पर्याप्त मुद्दे हैं, लेकिन कई राष्ट्राध्यक्ष, चीन के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीकी गणराज्य के राष्ट्रपति इस मुद्दे से निपटने में अपना मूल्यवान समय लगा रहे हैं। हम उन सभी के आभारी हैं।’’ सऊदी अरब में मंगलवार को अपने-अपने प्रतिनिधिमंडलों के बीच बैठक के बाद वाशिंगटन और यूक्रेन दोनों ने 30 दिन के अस्थायी युद्धविराम का समर्थन किया है।

पीएम मोदी ने कई बार की है पुतिन से बात

फरवरी 2022 में यूक्रेन में संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी ने पुतिन के साथ-साथ यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से कई बार बात की है। पिछले महीने ‘व्हाइट हाउस’ में ट्रंप के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया था कि रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष में भारत ‘तटस्थता’ का रुख नहीं अपनाए है। प्रधानमंत्री ने कहा था, ‘‘भारत शांति का पक्षधर है। मैं राष्ट्रपति पुतिन से पहले ही कह चुका हूं कि यह युद्ध का युग नहीं है। मैं राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा किए गए प्रयासों का समर्थन करता हूं।’’

न्यूयॉर्क:आर्ची कॉमिक्स के नए संस्करण में दिखा होली का रंग, भारतीय संस्कृति की झलक

 कॉमिक पुस्तक के नए संस्करण में मशहूर किरदार आर्ची को होली के त्योहार के बारे में जानकारी लेते हुए दिखाया गया है। आर्ची और उसके दोस्त इस पर्व के बारे में बहुत कुछ सीखने की कोशिश करते हैं। ‘आर्ची कॉमिक पब्लिकेशन’ की सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नैन्सी सिल्बरक्लाइट ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि बृहस्पतिवार को जारी 10 पृष्ठ की आर्ची की नई कॉमिक ‘द वर्ल्ड ऑफ बेट्टी एंड वेरोनिका डाइजेस्ट #38’ में होली का जश्न दिखाया गया है। अहम बात यह है कि यह कॉमिक ऐसे में समय में रिलीज की गई जब भारत और दुनिया भर में रंगों का यह त्योहार मनाया जा रहा है।

‘भारत की खूबसूरती को अनुभव किया है’

सिल्बरक्लेइट ने कॉमिक बुक में होली की कहानी को शामिल करने पर कहा, ‘‘इसके पीछे मेरा विचार भारत की खूबसूरती है, जिसे मैंने भारत में अनुभव किया है।’’ ‘डाइजेस्ट’ में, होली पर कहानी का शीर्षक ‘सेलिब्रेशन सरप्राइज’ है, जिसमें आर्ची और उसके प्यारे दोस्त बेट्टी और वेरोनिका होली की मौज-मस्ती और इस दिन बनाए जाने वाले पकवानों की परंपराओं के बारे में सीखते हैं।

सिल्बरक्लेइट ने कही बड़ी बात

सिल्बरक्लेइट ने कहा इस परियोजना का एक और महत्वपूर्ण घटक दिल्ली स्थित ‘वैरायटी बुक डिपो’ के मालिक ओम अरोड़ा को सम्मान देने की उनकी इच्छा है। अरोड़ा को ही आर्ची कॉमिक्स को भारत में लाने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘इतने दशकों तक पूरे भारत में ओम का प्रकाशन ‘द वैरायटी बुक डिपो’ आर्ची के वितरक के तौर पर हमसे जुड़ा हुआ है। ऐसे लगाता है कि हम और वह एक हैं, एक परिवार हैं।’’

सिल्बरक्लाइट ने साझा किए भारत यात्रा के अनुभव 

सिल्बरक्लाइट ने भारत में अपनी यात्रा के दौरान होली मनाने के अपने अनुभवों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसी कला का भी अनुभव किया है जो भारत की रचनात्मकता का जश्न मनाती है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी यात्रा के दौरान मुख्य रूप से नई दिल्ली, पुणे, जयपुर गई जो व्यवसायिक थीं। मैं जानती हूं कि मुझे भारत, इसके लोगों, इसकी जीवंतता और संस्कृति के बारे में बहुत कुछ सीखना है। मैं भारत, खासकर गोवा और ऊटी के बारे में और अधिक जानने के लिए उत्साहित हूं, जिसके बारे में मैंने बहुत सुना है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरे दिल में दो घर हैं: अमेरिका और भारत।’’ सिल्बरक्लाइट ने बताया कि भारत और उसके लोगों के साथ उनकी यात्रा के दौरान जो रिश्ते बने, वही कॉमिक की ‘‘सामग्री’’ हैं जिसे होली पर ‘सेलिब्रेशन सरप्राइज’ की कहानी में बताया गया।

Delhi Capitals Captain:अक्षर के कप्तान बनने पर केएल राहुल की पहली प्रतिक्रिया आई सामने, दिल जीतने वाला बयान दिया

 IPL 2025 की शुरुआत होने में अब बहुत ही कम समय बचा हुआ है। इससे पहले ही सभी टीमों ने अपने-अपने कप्तान के नामों का ऐलान कर दिया है। दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल को कमान सौंपी है। जबकि टीम में फॉफ डु प्लेसिस और केएल राहुल जैसे अनुभवी प्लेयर्स भी मौजूद थे। पिछले सीजन अक्षर ने दिल्ली के लिए उपकप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। उनका प्रदर्शन भी शानदार रहा है। अब उनके कप्तान बनते ही राहुल का रिएक्शन सामने आया है।

केएल राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा है कि बधाई को हो बापू, आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं। हमेशा आपके साथ हूं। आईपीएल 2024 में राहुल लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा थे। फिर लखनऊ की टीम ने रिटेन नहीं किया था। इसके बाद दिल्ली ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में उन्हें खरीद लिया।

अक्षर को 16 करोड़ से ज्यादा रुपए में किया रिटेन

दूसरी तरफ अक्षर पटेल साल 2019 से ही दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह निचले क्रम पर उतरकर धाकड़ बल्लेबाजी और शानदार गेंदबाजी करने में माहिर हैं। इसी वजह से दिल्ली की टीम ने उन्हें 16 करोड़ 50 लाख रुपए में रिटेन किया है। अक्षर को आईपीएल में कप्तानी का सीमित अनुभव है लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में गुजरात की कप्तानी की है।

आईपीएल में खेल चुके हैं 150 मैच

दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनने पर अक्षर पटेल ने कहा था कि दिल्ली का कप्तान नियुक्त किया जाना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैंने एक क्रिकेटर के रूप में काफी प्रगति की है और मुझे लगता है कि मैं इस टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने अभी तक आईपीएल के 150 मैचों में कुल 1653 रन बनाए। इसके अलावा 123 विकेट भी हासिल किए।

अभी तक खिताब नहीं जीत पाई है दिल्ली कैपिटल्स की टीम

अब अक्षर पटेल के ऊपर दिल्ली कैपिटल्स को पहला खिताब जिताने की जिम्मेदारी होगी। दिल्ली की टीम ने अभी तक एक बार भी आईपीएल की ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है। टीम ने आईपीएल 2020 के फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन तब मुंबई ने उसका खिताब जीतने का सपना तोड़ दिया था।