Home Blog Page 669

भारतीय सरकार की रियायत से पाकिस्तानी क्रिकेटरों की बल्ले-बल्ले, अब इस जरिए से करेंगे करोड़ों की कमाई

भारत सरकार ने लगभग तीन महीने पहले, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया था. हालांकि अब भारत सरकार ने तीन महीने बाद पाकिस्तानी क्रिकेटरों के यूट्यूब चैनल को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध करा दिया है. अब पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर, राशिद लतीफ और बासित अली के यूट्यूब चैनल भारत में फिर से देखे जा सकते हैं. भारत सरकार के इस फैसले के बाद से पाकिस्तानी क्रिकेटर्स, यहां से भी व्यूज बटोर कर अच्छी खासी कमाई कर सकेंगे.

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने लिया था ये फैसला

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी. इसके तुरंत बाद, इन तीनों क्रिकेटरों के यूट्यूब चैनलों पर भारत में ‘यह चैनल उपलब्ध नहीं है’ जैसे मैसेज दिखाई देने लगे थे. 28 अप्रैल को सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक कर दिया था, जिनके कुल मिलाकर 6.3 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स थे. इन चैनलों पर भारत, भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी और भड़काऊ खबरें फैलाने का आरोप था. यह फैसला गृह मंत्रालय की सिफारिश पर लिया गया था.

हालांकि, ये 16 यूट्यूब चैनल अभी भी ब्लॉक हैं, लेकिन अख्तर, बासित और राशिद जैसे पूर्व क्रिकेटरों के चैनलों को फिर से एक्सेस किया जा सकता है. इससे यह साफ है कि भारत सरकार ने कुछ मामलों में नरमी दिखाई है, खासतौर पर उन लोगों के प्रति जिनका कॉन्टेंट पॉलिटिकल नहीं, बल्कि खेल पर केंद्रित है.

अब भारत से भी कमाएंगे पाकिस्तानी क्रिकेटर

भारत में इन तीन पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ियों का चैनल लगभग तीन महीने तक बैन रहा. जिससे यहां से उनकी कमाई रुक गई थी. अब भारत सरकार की तरफ से लिए गए इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि इन खिलाड़ियों की कमाई एक बार फिर यहां से शुरू हो जाएगी. इन पाकिस्तानी चैनलों पर भारत से भी लाखों व्यूज आते हैं.

Trump vs Musk:‘100 करोड़ लोग आपके साथ हैं…’ ट्रंप से टकराव के बीच एलन मस्क को चीन का समर्थन क्यों मिल रहा है?

अमेरिका के मशहूर अरबपति टेक्नोलॉजी उद्यमी एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच की खटास अब खुली राजनीतिक लड़ाई में बदलती दिख रही है. यह विवाद तब शुरू हुआ जब मस्क ने ट्रंप के नए टैक्स और खर्च वाले बिल को ‘घिनौना और घोर अन्यायपूर्ण’ बताते हुए उसकी कड़ी आलोचना की. उन्होंने न सिर्फ इस बिल को देश के लिए खतरनाक कहा, बल्कि ट्रंप के खिलाफ महाभियोग (इम्पीचमेंट) का सुझाव भी दिया. इसके साथ ही मस्क ने आरोप लगाया कि अमेरिकी सरकार उनकी जेफ्री एपस्टीन से कथित संबंधों को जानबूझकर छुपा रही है.

मस्क बनाएंगे ‘अमेरिका पार्टी’
इस टकराव में नया मोड़ तब आया जब मस्क ने ऐलान किया कि अगर ट्रंप का ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ सीनेट से पास हो गया, तो वे खुद अपनी एक राजनीतिक पार्टी बनाएंगे, जिसका नाम होगा ‘अमेरिका पार्टी’. यह बिल अब सीनेट से पास हो चुका है और मस्क की यह घोषणा अब वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी है. मस्क ने इस बिल को ‘पागलपन’ करार देते हुए चेतावनी दी कि इससे अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज 3.3 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ जाएगा.

चीन में मस्क को जबरदस्त समर्थन
बिल पास होने के चंद घंटों के भीतर ही चीन के प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Weibo पर हैशटैग #MuskWantsToBuildAnAmericaParty ट्रेंड करने लगा. अब तक इसे 3.7 करोड़ से ज्याद बार देखा जा चुका है. वहां के यूजर्स मस्क की टेक सोच और राजनीतिक साहस की तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा- ‘अगर एलन मस्क एक राजनीतिक पार्टी बनाते हैं, तो उनकी टेक सोच राजनीति में नई ऊर्जा ला सकती है.’ एक और यूजर ने कहा- ‘जब बहुत हो जाए, तो सहना बंद कर देना चाहिए.’ लेकिन सबसे ज्यादा वायरल हुआ कमेंट रहा- ‘मस्क भाई, आपके साथ हमारे एक अरब लोग खड़े हैं.’

चीन में मस्क की लोकप्रियता कोई नई बात नहीं है. टेस्ला चीन की उन चुनिंदा पश्चिमी कंपनियों में है जो वहां के घरेलू ब्रांड्स को सीधी टक्कर देती हैं. इसके अलावा वॉल्टर इसाकसन द्वारा लिखी गई उनकी जीवनी चीन में बेस्टसेलर रही है. मस्क की मां मेए मस्क भी वहां एक जानी-पहचानी हस्ती हैं. साथ ही उनकी चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग से भी करीबी मानी जाती है.

ट्रंप का हमला और मस्क की तीखी प्रतिक्रिया
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कटाक्ष करते हुए लिखा – ‘अगर सरकार की सब्सिडी न मिले तो मस्क को अपनी दुकान बंद करके दक्षिण अफ्रीका लौटना पड़ेगा.’ इस पर मस्क ने भी बिना देरी के पलटवार करते हुए कहा, ‘अगर हिम्मत है तो सारी सब्सिडी बंद कर दो. मैं खुद कह रहा हूं, सब कुछ बंद कर दो. अभी.’

IND vs ENG 2nd Test Day1 Highlights:गिल की यादगार शतकीय पारी, जायसवाल और जडेजा ने भी दिखाया दम, इंग्लिश टीम पर भारी पड़ी टीम इंडिया

 बर्मिंघम टेस्ट में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना लिए हैं. पहले दिन स्टंप्स तक कप्तान शुभमन गिल ने 114 रन बना लिए हैं और उनके साथ रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर खेल रहे हैं. पहले दिन यशस्वी जायसवाल भी चमके, जिनकी 87 रनों की तेजतर्रार पारी ने टीम इंडिया को बढ़िया शुरुआत दिलाई थी.

दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. टीम इंडिया पहले बैटिंग करने उतरी, जायसवाल बढ़िया लय में दिखे लेकिन लीड्स टेस्ट के शतकवीर केएल राहुल महज 2 रन बनाकर आउट हो गए. करुण नायर को बर्मिंघम टेस्ट में नंबर-3 पर बैटिंग करने का अवसर मिला. चूंकि साई सुदर्शन को ड्रॉप किया गया था. नायर को अच्छी शुरुआत तो मिली, लेकिन 31 रन बनाकर आउट हो गए.

जायसवाल ने एक छोर संभाला हुआ था, उन्होंने नायर के साथ 80 रनों की पार्टनरशिप की. वहीं ऋषभ पंत के साथ मिलकर उन्होंने 66 रनों की पार्टनरशिप की. पंत ने दिन के तीसरे सेशन में ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग करनी शुरू की थी, लेकिन 25 रन बनाकर आउट हो गए. टीम मैनेजमेंट ने दूसरे टेस्ट के लिए नितीश कुमार रेड्डी को मौका दिया था, लेकिन वो सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए.

गिल-जडेजा ने संभाला मोर्चा

भारतीय टीम ने 211 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवाया था. इसके बाद तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक टीम इंडिया ने कोई विकेट नहीं गंवाया. शुभमन गिल और रवींद्र जडेजा के बीच छठे विकेट के लिए 99 रनों की पार्टनरशिप हो चुकी है और दोनों अब भी खेल रहे हैं. इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स अब तक 2 विकेट ले चुके हैं. उनके अलावा ब्रायडन कार्स, बेन स्टोक्स और शोएब बशीर एक-एक विकेट ले चुके हैं.

सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग 2025: डॉ. राजेश्वर सिंह की अनोखी पहल से लखनऊ में युवाओं को मिल रहा सबसे बड़ा खेल मंच

  • सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग बन रहा है लखनऊ का सबसे बड़ा युवा खेल मंच।
  • डॉ. राजेश्वर सिंह युवाओं को खेलों के माध्यम से फिटनेस, नेतृत्व और अनुशासन से जोड़ रहे।
  • बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में 26 बॉय्ज़ और 23 गर्ल्स टीमों ने लिया भाग, 48 से अधिक मैच हो चुके।
  • सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग की शुरुआत दिसंबर 2022 में गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट से हुई थी।
  • छठे चरण की क्रिकेट लीग लखनऊ की अब तक की सबसे बड़ी और सबसे लंबी प्रतियोगिता बनी।

लखनऊ: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को फिट, अनुशासित व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की सराहनीय पहल – सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग – लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।

इसी कड़ी में बुधवार को एसकेडी अकैडमी, वृन्दावन योजना स्थित बास्केटबॉल कोर्ट पर इंटर स्कूल बॉयज़ एवं गर्ल्स बास्केटबॉल चैम्पियनशिप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।

बास्केटबॉल सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन:

बॉयज़ टीम की सेमीफाइनल भिड़ंत में सेठ एआर जयपुरिया स्कूल (अंसल) बनाम स्काईलार्क वर्ल्ड स्कूल और डीपीएस एल्डिको बनाम जी.डी. गोयनका स्कूल के बीच मुकाबले हुए, जिनमें कड़े संघर्ष के बाद सेठ एआर जयपुरिया और डीपीएस एल्डिको की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।

वहीं गर्ल्स टीमों में डीपीएस एल्डिको और सेठ एआर जयपुरिया स्कूल ने सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप की दौड़ में खुद को बनाए रखा है।

सातवें चरण में कुल भागीदारी:

इस प्रतियोगिता में 26 बॉयज़ टीमों और 23 गर्ल्स टीमों ने भाग लिया है और अब तक 48 से अधिक मुकाबले खेले जा चुके हैं। प्रतियोगिता में लखनऊ के प्रमुख स्कूलों की सहभागिता से यह स्पष्ट होता है कि सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग अब राजधानी का प्रमुख खेल मंच बन चुका है।

सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग की शुरुआत और विकास:

डॉ. राजेश्वर सिंह ने 4 दिसंबर 2022 को इस खेल लीग की नींव अंडर-19 गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट से रखी थी, जिसमें लगभग 200 छात्राओं ने भाग लिया था। इसके बाद यह पहल क्रमशः विविध खेलों में विस्तार पाती गई:

  • दूसरा चरण: इंटर क्लब और इंटर स्कूल क्रिकेट चैम्पियनशिप – 3,500+ खिलाड़ियों की भागीदारी।
  • तीसरा चरण: फुटबॉल टूर्नामेंट।
  • चौथा चरण: वॉलीबॉल चैंपियनशिप।
  • पांचवां चरण: इंटर मंडल क्रिकेट चैम्पियनशिप।
  • छठा चरण: पुनः इंटर स्कूल और इंटर क्लब क्रिकेट लीग – 166 टीमों, 2400+ खिलाड़ी, 158 मुकाबले।

छठे चरण की क्रिकेट लीग लखनऊ की अब तक की सबसे लंबी और बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता रही, जो 123 दिनों तक चली और जय जगत ग्राउंड पर ग्रैंड फिनाले के साथ संपन्न हुई।

विज़न और उद्देश्य:

डॉ. राजेश्वर सिंह का स्पष्ट उद्देश्य है कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता मिले। उनकी यह पहल आज हजारों युवाओं को एक ऐसा मंच दे रही है जहाँ वे अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकते हैं।

सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग अब केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को सशक्त करने का एक सामाजिक आंदोलन बन चुका है। डॉ. राजेश्वर सिंह की दूरदर्शिता, प्रतिबद्धता और नेतृत्व ने लखनऊ के खेल परिदृश्य को एक नई दिशा दी है। आने वाले वर्षों में यह मॉडल न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत में युवा विकास की मिसाल बन सकता है।

स्मृति मंधाना ने रचा नया इतिहास, शेफाली वर्मा के साथ मिलकर तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Smriti Mandhana: भारत और इंग्लैंड के बीच ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर दूसरा T20I मुकाबला खेला जा रहा है। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस हारने के बाद स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी भारतीय पारी का आगाज करने के लिए मैदान पर उतरी और इसके साथ ही बड़ा इतिहास बन गया। दरअसल, भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना ने इस मैच में शिरकत करने के साथ ही कीर्तिमान रच दिया है। मंधाना 150 T20I मैच खेलने वाली दूसरी भारतीय महिला क्रिकेटर बन गईं हैं। यही नहीं, वह 150 T20I मैच खेलने वाली ओवरऑल सिर्फ तीसरी भारतीय क्रिकेटर हैं। इससे पहले रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर ही इस उपलब्धि को अपने नाम कर पाए थे। 

दुनिया की पहली लेफ्ट हैंडर बल्लेबाज

स्मृति मंधाना को मिलाकर दुनिया में अब तक सिर्फ 9 खिलाड़ियों ने ही 150 या उससे ज्यादा T20I मैच खेले हैं। इनमें मंधाना इकलौती बाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय खिलाड़ी का ये कारनामा कितना बड़ा है। मंधाना ने अपने करियर में अब तक भारतीय महिला टीम के लिए कई अहम मुकाबलों में मैच जिताऊ पारियां खेली हैं और कई कीर्तिमान अपने नाम किए हैं, लेकिन उनका ये रिकॉर्ड अपने आप में बेहद खास है। 

सबसे ज्यादा T20I मैच खेलने वाले खिलाड़ी

  • हरमनप्रीत कौर – 179
  • सूजी बेट्स – 177 
  • डैनी व्याट-हॉज – 175
  • एलिस पेरी – 168
  • एलिसा हीली – 162 
  • निदा डार – 160
  • रोहित शर्मा – 159
  • पॉल स्टर्लिंग – 151
  • स्मृति मंधाना – 150

वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूट गया

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारतीय पारी का आगाज धुआंधार अंदाज में किया। पहले ही ओवर में दोनों ने मिलकर 11 रन बटोरे। इसके बाद दूसरे ओवर की पहली गेंद पर सिंगल चुराते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। बता दें, स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने मिलकर वूमेन्स T20I में सबसे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच अब तक कुल मिलाकर 2724 रनों की पार्टनरशिप हो गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड एलिसा हीली और बेथ मूनी के नाम दर्ज था। 

वूमेन्स T20I में सबसे ज्यादा रनों की पार्टनरशिप (कोई भी विकेट)

  • 2724* – स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा 
  • 2720 ​​- एलिसा हीली और बेथ मूनी 
  • 2556 – सुजी बेट्स और सोफी डिवाइन 
  • 1985 – ईशा ओझा और तीर्था सतीश 
  • 1976 – कविशा एगोडागे और ईशा ओझा