Home Blog Page 649

“अगर हर परियोजना का विरोध किया जाएगा, तो देश की प्रगति होगी ?” सुप्रीम कोर्ट ने NGO को फटकार लगाई।

सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के जयकवाड़ी बांध में एक नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना का विरोध करने के लिए एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) को मंगलवार को फटकार लगाई। कोर्ट ने पूछा कि हर परियोजना का विरोध किया जाएगा, तो देश कैसे तरक्की करेगा। जयकवाड़ी बांध क्षेत्र को एक आरक्षित पक्षी अभयारण्य और एक पारिस्थितिकी-संवेदनशील क्षेत्र के रूप में नामित किया गया है।

कोर्ट ने NGO की प्रामाणिकता पर उठाए सवाल

न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने एनजीओ ‘कहार समाज पंच समिति’ की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठाए और पूछा, ‘आपको किसने खड़ा किया है और वित्त पोषित किया है? पर्यावरण संरक्षण में आपका पिछला अनुभव क्या है?’

पीठ ने NGO की याचिका को किया था खारिज

पीठ ने एनजीओ की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के नौ सितंबर 2024 के आदेश को चुनौती दी गई थी। उसने कहा कि एनजीटी ने एनजीओ की याचिका का सही आकलन किया और उसे अधिकरण के आदेश में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं मिला।

तो देश कैसे करेगा तरक्की- SC

पीठ ने कहा, ‘आप एक भी परियोजना को काम करने नहीं दे रहे हैं। अगर हर परियोजना का विरोध किया जाएगा, तो देश कैसे तरक्की करेगा? यहां तक ​​कि सौर ऊर्जा परियोजना के साथ भी आपको समस्या है।’ एनजीओ की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि जयकवाड़ी बांध क्षेत्र पारिस्थितिकी के लिहाज से संवेदनशील इलाका है और इस परियोजना से वहां की जैव विविधता प्रभावित होगी।

मुकदमेबाजी कर परियोजना को बाधित करने की कोशिश

इस पर पीठ ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि टेंडर हासिल करने में नाकाम रहने वाली कंपनी ने एनजीओ को वित्त पोषित किया है। अब वह ‘तुच्छ मुकदमेबाजी’ में लिप्त होकर परियोजना को बाधित करने की कोशिश कर रही है।

NGT ने मंत्रालय से जवाब मांगकर सही किया- SC

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि एनजीटी ने केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से जवाब मांगकर सही किया, जिसने स्थिति स्पष्ट की और केंद्र की 12 जुलाई 2017 की अधिसूचना पेश की, जिसमें कहा गया है कि नवीकरणीय ऊर्जा एवं ईंधन का उत्पादन उन गतिविधियों में शामिल है, जिन्हें बढ़ावा दिया जा रहा है।

NGT की पीठ भी याचिका को कर चुकी है खारिज

एनजीटी की पश्चिमी जोन पीठ ने पिछले साल 9 दिसंबर को एनजीओ की याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता (NGO) किसी भी ऐसे कानून का उदाहरण पेश करने में नाकाम रहा, जो पारिस्थितिकी के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाता है। एनजीटी ने इस बात का संज्ञान लिया था कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड (पूर्व में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड), जो राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (NTPC) के स्वामित्व में थी, और महाराष्ट्र सरकार के विद्युत मंत्रालय ने राज्य के संभाजीनगर जिले के पैठण तालुका के जयकवाड़ी गांव में गोदावरी नदी पर स्थित जयकवाड़ी बांध पर ‘तैरता हुआ सौर ऊर्जा संयंत्र’ स्थापित करने का विचार देते हुए एक निविदा जारी की है।

एनजीओ ने टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड को बांध पर ‘तैरता हुआ सौर ऊर्जा संयंत्र’ स्थापित करने की योजना को रद्द करने का निर्देश देने का अनुरोध किया था। उसने दलील दी थी कि ‘तैरता हुआ सौर ऊर्जा संयंत्र’ बांध के पानी में मौजूद जलीय जीवों के लिए हानिकारक होगा और क्षेत्र में जैव विविधता को स्थायी नुकसान पहुंचा सकता है।

सहज संवाद से समाधान-जन सेवा का कीर्तिमान गढ़ रहे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह: विकास, सेवा और सम्मान के संगम ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के 113वें जनसुनवाई शिविर में सुनी गईं ग्राम पंचायत सराय शहजादी की समस्याएँ

सहज संवाद से समाधान-जन सेवा का कीर्तिमान गढ़ रहे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह: विकास, सेवा और सम्मान के संगम 'आपका विधायक आपके द्वार' कार्यक्रम के 113वें जनसुनवाई शिविर में सुनी गईं ग्राम पंचायत सराय शहजादी की समस्याएँ
सहज संवाद से समाधान-जन सेवा का कीर्तिमान गढ़ रहे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह: विकास, सेवा और सम्मान के संगम 'आपका विधायक आपके द्वार' कार्यक्रम के 113वें जनसुनवाई शिविर में सुनी गईं ग्राम पंचायत सराय शहजादी की समस्याएँ
सहज संवाद से समाधान-जन सेवा का कीर्तिमान गढ़ रहे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह: विकास, सेवा और सम्मान के संगम 'आपका विधायक आपके द्वार' कार्यक्रम के 113वें जनसुनवाई शिविर में सुनी गईं ग्राम पंचायत सराय शहजादी की समस्याएँ
  • 113वें ‘आपका विधायक आपके द्वार’ जनसुनवाई शिविर में 34 ग्रामीण समस्याओं का समाधान किया गया।
  • ‘गांव की शान’ पहल के तहत मेधावी छात्रों को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
  • 70वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन कर बेटियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई।
  • गांव के समर्पित समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों को विधायक द्वारा सम्मानित किया गया।
  • ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से सभी ग्रामीणों के लिए स्वच्छ और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई।

लखनऊ (सरोजनीनगर), 30 मार्च 2025: सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए लगातार आयोजित किए जा रहे ‘आपका विधायक आपके द्वार’ जनसुनवाई शिविर के 113वें संस्करण का आयोजन ग्राम पंचायत सराय शहजादी, मजरा कटी बगिया में किया गया। इस शिविर में ग्रामीणों की 34 विभिन्न समस्याओं/आवश्यकताओं का समाधान किया गया, जिनमें हैंडपंप, साइकिल, पीएम आवास योजना से जुड़ी जरूरतें प्रमुख रहीं।

गांव की शान: मेधावी छात्रों का सम्मान

ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘गांव की शान’ पहल के तहत हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 4 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

  • अंशुल मौर्य (91%), नेहा रावत (85.16%) और गार्गी गुप्ता (79.33%) को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
  • इंटरमीडिएट परीक्षा में 71.4% अंक प्राप्त करने वाली पूजा को भी साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

खेलों को बढ़ावा: 70वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन

ग्रामीण क्षेत्रों में खेल को प्रोत्साहित करने और बेटियों को खेल सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 70वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया। इस पहल के तहत बेटियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उनमें आत्मविश्वास बढ़े और वे आगे बढ़ सकें।

समाजसेवियों का सम्मान और तारा शक्ति निःशुल्क रसोई

जनसुनवाई शिविर में गांव के समर्पित समाजसेवियों व गणमान्य व्यक्तियों को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, सभी ग्रामीणों के लिए ‘तारा शक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से स्वच्छ और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी की गई।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का संकल्प

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने इस अवसर पर कहा, ‘आपका विधायक आपके द्वार’ अभियान केवल एक जनसुनवाई शिविर नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु बनाने का प्रयास है। हमारा संकल्प है कि हर नागरिक की समस्याओं का समाधान त्वरित रूप से किया जाए और यह अभियान भविष्य में भी अनवरत जारी रहेगा।

उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों की सूची

इस जनसुनवाई शिविर में साहित्यकार विद्याधर दीक्षित, ग्राम प्रधान अंकुर सिंह, प्रदीप सिंह, रामू रावत, आदित्य श्रीवास्तव, विकास अवस्थी, खिलाड़ी जी, मुन्नी देवी, सावित्री जी, नन्हके जी, धर्मेंद्र सिंह, अनूप रावत, ललित सिंह, जयराम, आलोक गुप्ता, मेवा लाल, जमील, श्रीराम, कल्लू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बेरूत: इजरायल का बेरूत और दक्षिणी लेबनान पर बड़ा हमला, हिज़्बुल्लाह के मुख्यालय को किया ध्वस्त

 इजरायल-हिजबुल्ला के बीच नवंबर में हुए युद्ध विराम के बाद इजरायल ने फिर से लेबनान की राजधानी बेरूत पर बड़ा हमला कर दिया है। बेरूत में बड़ा धमाका सुना गया और उस क्षेत्र से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जहां इजरायल की सेना ने हमला किया। वहीं इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह आतंकियों के हेडक्वॉर्टर को एक हवाई हमले में उड़ा दिया है। इसमें कई आतंकियों के भी मारे जाने की आशंका है।

हिजबुल्लाह के सैन्य मुख्यालय पर ये हमला इजरायल ने हाल के घंटों में किया है, जिसमें इजरायली वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह आतंकवादी संगठन के मुख्यालय, उसके सैन्य बुनियादी ढांचे, लांचरों और आतंकवादियों को नष्ट कर दिया है।

हमास के साथ संघर्ष विराम टूटने के बाद फिर जंग ने लिया भयानक रूप

हमास के साथ इजरायल का संघर्ष विराम टूटने के बाद पहले आईडीएफ ने गाजा पर भयानक हमला शुरू किया। इसके विरोध में हिजबुल्लाह ने इजरायल पर फिर से रॉकेट दागना शुरू कर दिया। इसके बाद इजरायल की सेना लेबनान में हिजबुल्लाह के अहम ठिकानों को निशाना बना रही है। आईडीएफ ने कहा कि वह इजरायल राज्य के नागरिकों के लिए किसी भी खतरे को दूर करने के लिए इन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करना जारी रखेगा।

काठमांडू: नेपाल में सेना की तैनाती के बावजूद हालात बेकाबू, हिंसा में 2 लोगों की मौत, 30 घायल

नेपाल की राजधानी काठमांडू में शुक्रवार को सेना की तैनाती के बावजूद हालात बेकाबू हो गए हैं। राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में दो लोगों की मौत हो गई है। जबकि कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया और एक राजनीतिक पार्टी के कार्यालय में हमला कर दिया, जिससे भड़की हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए।

वाहनों में लगा दी आग

प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को भी आग लगा दी और दुकानों में लूटपाट कर दी, जिसके बाद सेना को बुलवाया गया, जबकि कुछ हिस्सों में कर्फ्यू लगा दिया गया। जिले के प्राधिकारियों ने बताया कि कर्फ्यू करीब पांच घंटे यानी रात 10 बजे तक लागू रहेगा और कुछ इलाकों में किसी को भी घूमने-फिरने की इजाजत नहीं होगी। प्राधिकारियों ने बताया कि पथराव कर रहे और सुरक्षा अवरोधकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने तितर-बितर करने का प्रयास किया, जिससे कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायल होने वाले लोगों में से आधे पुलिसकर्मी हैं।

जानें क्या है मामला

नेपाल की राजधानी के एक अन्य हिस्से में उन लोगों ने एक अलग रैली आयोजित की जो देश में राजशाही की वापसी का विरोध कर रहे थे। काठमांडू के तिनकुने क्षेत्र में राजशाही समर्थकों ने अपने हाथों में नेपाल के झंडे और पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह की तस्वीर पकड़ी हुई थी। झड़प के दौरान, प्रदर्शनकारियों ने एक घर को जला दिया, आठ वाहनों को आग लगा दी, बानेश्वर में सीपीएन-यूनिफाइड सोशलिस्ट्स पार्टी के कार्यालय पर हमला किया, चाबाहिल में भटभटेनी सुपरमार्केट को लूट लिया और कांतिपुर टेलीविजन तथा अन्नपूर्णा पोस्ट अखबार के कार्यालयों में तोड़फोड़ की। काठमांडू जिला प्रशासन ने शांतिनगर पुल और मनोहरा नदी पुल के बीच के क्षेत्र कोटेश्वर, तिनकुने, हवाई अड्डा क्षेत्र, बानेश्वर चौक और गौशाला में कर्फ्यू की घोषणा की। अधिकारियों ने बताया कि अगर लोग अपना टिकट दिखाएंगे तो उन्हें हवाई अड्डे तक जाने की अनुमति दी जाएगी।

मौसम अपडेट :दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में बदला मौसम, कश्मीर में कई फ्लाइट्स रद्द

दिल्ली एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत में ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है। मौसम में इस बदलाव के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली-यूपी सहित पूरे उत्तर भारत में गर्मी दस्तक दे चुकी है, लेकिन उत्तर पश्चिमी भारत में आने वाले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

शुक्रवार शाम दिल्ली में तेज हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया। दिल्ली का अधिकतम तापमान 32. 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, हालांकि न्यूनतम तापमान, 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

आईएमडी ने बताया कि दिन के दौरान आर्द्रता का स्तर 17 प्रतिशत से 51 प्रतिशत के बीच रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है और अधिकतम तापमान के 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान के 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 205 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने दिल्ली के लिए अगले दो दिनों में एक्यूआई में सुधार होने और इसके ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।

तेज हवाओं के कारण श्रीनगर हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द

श्रीनगर हवाई अड्डे पर तेज हवाओं के कारण कई उड़ान या तो रद्द कर दी गईं या उनका मार्ग परिवर्तित कर दिया गया या फिर उनके परिचालन में देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि तेज हवाओं के कारण 19 उड़ान रद्द कर दी गईं, जबकि दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कई अन्य उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में घाटी के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाएं चलीं, जबकि हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर इमारतों और वाहनों को नुकसान पहुंचा।

मौसम विभाग का अनुमान

मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि आने वाले दो दिनों में उत्तर पश्चिम क्षेत्रों में और मध्य प्रदेश में तेज हवा चल सकती है। हवा की गति 30-40 किमी तक हो सकती है। दक्षिणी राज्य तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, असम, पश्चिम बंगाल में बिजली गिरने और बादल गरजने की चेतावनी है। ओडिशा के कुछ स्थानों पर लू की चेतालवनी है। अप्रैल की शुरुआत में गोवा और महाराष्ट्र में भी बादल गरजने के साथ बिजली गिरने की आशंका है।