Home Blog Page 634

ईरान ने मात्र एक महीने में एयर डिफेंस सिस्टम को दुरुस्त किया, अधिकारी ने दी जानकारी।

पिछले महीने 12 दिनों तक ईरान और इजरायल के बीच चले भयंकर युद्ध के बाद अब ईरान ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को दोबारा दुरुस्त कर लिया है. रविवार (20 जुलाई, 2025) को ईरान के सेना चीफ जनरल ने इस बात की जानकारी दी.

ईरान और इजरायल के बीच युद्ध की शुरुआत जून में हुई थी, जब इजरायल ने ईरान के खिलाफ बमबारी शुरू की थी, जिसके जवाब में ईरान ने ड्रोन और मिसाइल हमला किया था. इजरायल के हमलों से ईरान का हवाई सुरक्षा अड्डा पूरी तरह तबाह हो गया था.

सेना संचालक ने दी जानकारी

आधिकारिक समाचार एजेंसी इरना ने सेना संचालन प्रमुख महमूद मौसवी के हवाले से कहा, ‘इजरायल के साथ चले युद्ध में ईरान वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे फिर से दुरुस्त कर दिया गया है.’ उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त रक्षा प्रणालियों को अब बदल दिया गया है.

उन्होंने कहा कि वायु रक्षा प्रणाली के दुरुस्त होने की बात कोई छिपाने लायक नहीं है, लेकिन हमारे सहयोगियों ने घरेलू संसाधनों का उपयोग करके उन्हें पूर्व निर्धारित प्रणालियों में बदल दिया है, जिन्हें उपयुक्त स्थानों पर रखा गया था.

अमेरिका राष्ट्रपति ने भी किया था इजरायल का सहयोग

22 जून को, इजराइल के सहयोगी अमेरिका ने भी ईरान के फोर्डो, इस्फहान और नतांज के परमाणु ठिकानों पर लगातार हमले किए. हालांकि इस हमले से ईरान के कितने ठिकाने तबाह हुए, अभी इसकी कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया था कि उसने जितने ठिकानों को निशाना बनाया, सारे तबाह हो गए.

दोनों देशों के अधिकारियों के अनुसार, इजराइल के साथ युद्ध में ईरान में 1,000 से ज्यादा लोग मारे गए, जबकि ईरानी गोलाबारी में इजराइल में कम से कम 28 लोग मारे गए हैं. इजराइल के हमलों ने ईरान भर में सैन्य बुनियादी ढांचे और परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया.

Iran on Israel and USA:‘अमेरिका के पागल कुत्ते को काबू में करो’, ईरानी संसद अध्यक्ष ने इज़रायल पर जमकर बरसा गुस्सा।

 ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर घालिबाफ ने कहा कि इजरायल द्वारा सीरिया की राजधानी दमिश्क पर किए गए हालिया हमले केवल आक्रमण नहीं बल्कि पूरे इस्लामी जगत के लिए चेतावनी हैं. उन्होंने इस हमले को “वैश्विक प्रभुत्व प्रणाली के एजेंटों और प्रतिनिधियों” पर किया गया हमला बताया, जो कई अहम संकेत देता है.

सीरियाई एकता और संप्रभुता की रक्षा के लिए ईरान प्रतिबद्ध
घालिबाफ ने स्पष्ट किया कि ईरान ने हमेशा सीरियाई जनता का साथ दिया है और सीरिया की क्षेत्रीय अखंडता व एकता का समर्थन किया है. उन्होंने दमिश्क पर हमले को केवल एक घटना न मानकर, पूरे क्षेत्र को अस्थिर करने की एक सोची-समझी रणनीति बताया.

दमिश्क आखिरी नहीं होगा- घालिबाफ की चेतावनी
घालिबाफ ने चेताया कि अब इस्लामी उम्मा (समाज) यह समझ चुकी है कि दमिश्क अंतिम राजधानी नहीं है जिसे यह यहूदी शासन निशाना बना रहा है. उन्होंने कहा कि अगर इस आग को अभी नहीं रोका गया तो यह पूरे क्षेत्र में फैल जाएगी. इस्लामी सरकारों और राष्ट्रों को एकजुट होकर अमेरिका के पालतू कुत्ते को रोकना होगा, इससे पहले कि यह आग उन तक भी फैल जाए. इस शासन का इरादा इस्लामी देशों को अस्थिर, निरस्त्र और खंडित करना, और अपने क्षेत्रीय नियंत्रण का विस्तार करना है.

इस्लामी देशों से अपील
ईरानी अध्यक्ष ने अमेरिका और इजरायल के गठबंधन को मुस्लिम देशों के लिए घातक बताया. उन्होंने कहा कि इस्राइली शासन का मकसद मुस्लिम देशों को अस्थिर करना, उन्हें कमजोर करना और उनके टुकड़े करना है. इसलिए सभी इस्लामी देशों को इस हमले के खिलाफ एकजुट होना होगा.

शांति और अखंडता का दुश्मन है जायनिस्ट शासन
घालिबाफ ने कहा कि जो सरकारें इजरायल के साथ अपनी सुरक्षा देख रही हैं, वे भ्रम में हैं. उन्होंने कहा, “इस ज़ायनिस्ट शासन को केवल ताकत की भाषा समझ आती है. यह शासन पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता, संप्रभुता और क्षेत्रीय एकता का सबसे बड़ा दुश्मन है.

नाइजर में भारतीय नागरिक का अपहरण, परिजनों ने पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार – बोले, तुरंत उठाएं सख्त कदम।

पश्चिमी अफ्रीका के देश नाइजर के डॉसो में अगवा हुए एक भारतीय नागरिक रंजीत सिंह के परिवार ने भारत सरकार से उनकी सुरक्षित घर वापसी के लिए मांग की है. परिवार ने सरकार से अपील की है कि उनके बेटे को जल्द से जल्द और सुरक्षित घर वापस लाया जाए.

उल्लेखनीय है कि लापता रंजीत सिंह जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले का रहने वाला था. उसका अपहरण नाइजर में उस वक्त किया गया, जब रंजीत सिंह पश्चिमी अफ्रीका के एक देश में एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे. इस दौरान कुछ अनजान बंदूकधारियों ने रंजीत पर हमला किया. इस हमले में दो अन्य भारतीयों की मौत हो गई, जबकि रंजीत सिंह को अगवा कर लिया गया था.

वहीं, जम्मू-कश्मीर के रामबन के दूरस्थ गांव चक्का कुंडी में रंजीत सिंह के परिवार में उनकी सुरक्षा और घर वापसी को लेकर चित-पुकार मची हुई है. परिवार रंजीत के ठिकाने के बारे में किसी तरह की कोई जानकारी न मिलने से चिंता में डूबा हुआ है.

लापता रंजीत सिंह के पिता पीएम मोदी से की अपील

इस बीच, रंजीत सिंह के पिता मोहन लाल सेन ने भारत सरकार से अपील की है. उन्होंने अपील करते हुए कहा, “वे उनके बेटे की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कोई कदम उठाएं. हमें उसके हालचाल और सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता हो रही है.”

एक इंटरव्यू में रंजीत सिंह के पिता मोहन लाल सेन ने कहा, “हम पीएम मोदी से कहना चाहते हैं कि इस मामले पर जल्द और जल्द कोई ठोस कार्रवाई करें. भारत सरकार को उसे सुरक्षित वापस लाने के लिए काम करना चाहिए. हम पिछले 5-6 दिनों से बहुत ज्यादा परेशान हैं. उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं. हमें उसकी बहुत चिंता हो रही है. न जाने उसे कहां रखा गया है, उसने कुछ खाया भी होगा या नहीं.”

बेटे रंजीत की सुरक्षित वापसी के इंतजार में बैठी मां साधु देवी

वहीं, रंजीत सिंह की मां साधु देवी इस घटना के बाद से बेहद दुखी नजर आईं. उन्होंने अपने बेटे के साथ इस घटना के होने के बाद से न तो खाना खाया है और न ही वह ठीक से सोई हैं. वह अपने बेटे को वापस अपने घर में देखना चाहती हैं. साधु देवी ने एएनआई से कहा, “कृपा कर मेरे बेटे को वापस ले आइए. मैं उसे सुरक्षित वापस चाहती हूं. कई रातों से मैं सो नहीं पाई, कुछ खाया नहीं है. मेरा बेटा कब वापस आएगा?”

Sports News:बल्ले से आई आवाज जैसे बंदूक की गोली, वैभव सूर्यवंशी को लेकर दिग्गज ने जताया सम्मान।

वैभव सूर्यवंशी बहुत कम समय में क्रिकेट जगत के नए स्टार बन गए हैं. IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था. तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे कि 14 साल का यह लड़का शायद ही कुछ कमाल कर पाएगा. वैभव जब मैदान में उतरे तो उन्होंने आईपीएल 2025 में सिर्फ 7 मैचों में 252 रन बना डाले थे. इसी दौरान उन्होंने मात्र 35 गेंदों में शतक ठोक इतिहास रच डाला था. अब RR टीम में डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगाकारा ने वैभव को लेकर बहुत बड़ा खुलासा किया है.

कुमार संगाकारा ने वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा, “सूर्यवंशी ने पहले ही साबित कर दिया है कि उनमें स्पेशल टैलेंट है. साल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के एक विश्लेषक ने मैसेज करके बताया कि एक खिलाड़ी है, जिसे हम सबको देखना चाहिए. हमें उसे साइन करने के बारे में सोचना चाहिए.”

कुमार संगाकारा ने बताया कि उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को पहली बार लाइव खेलते तब देखा जब राजस्थान टीम उन्हें साइन कर चुकी थी. संगाकारा ने यह भी खुलासा किया कि नेट्स में जोफ्रा आर्चर जैसे घातक गेंदबाज के खिलाफ सूर्यवंशी आसानी से शॉट्स लगा पा रहे थे. उस समय सूर्यवंशी की उम्र महज 11 साल हुआ करती थी.

बल्ले की गूंज जैसे बंदूक से निकली गोली

श्रीलंकाई दिग्गज कुमार संगाकारा ने आगे यह भी कहा, “वैभव सूर्यवंशी के पास शॉट खेलने के लिए काफी समय होता है. उनके बल्ले की गूंज ऐसी होती जैसे बंदूक से गोली निकल रही हो. उनके बैट का स्विंग बहुत शानदार है.” संगाकारा, सूर्यवंशी से इतने इम्प्रेस हुए हैं कि उन्होंने 14 वर्षीय भारतीय बल्लेबाज के एक सुपरस्टार खिलाड़ी बनने की भविष्यवाणी कर डाली है.

वैभव सूर्यवंशी को IPL 2025 सीजन में 206 के तूफानी स्ट्राइक रेट से खेलने के लिए ‘कर्व सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड मिला था.

Sports News:टीम इंडिया को लगा जोर का झटका, इंग्लैंड सीरीज से बाहर हुआ स्टार खिलाड़ी।

इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले टीम इंडिया को एक और झटका लगा है. नितीश कुमार रेड्डी सीरीज से बाहर हो गए हैं. नितीश मैनचेस्टर में भारतीय टीम के साथ पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने रविवार को ट्रेनिंग सेशन में भाग नहीं लिया था. नितीश के सीरीज से बाहर होने की खबर ऐसे समय में आई है जब आकाशदीप और अर्शदीप सिंह के चोटिल होने की खबर पहले ही टीम इंडिया को झटका दे चुकी है. नितीश की चोट से जुड़ी स्पष्ट जानकारी साझा नहीं की गई है.

टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक नितीश कुमार रेड्डी को लिगामेंट्स संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि BCCI ने इस विषय पर अभी तक कुछ नहीं कहा है. नितीश की इस चोट से टीम इंडिया के सामने बढ़िया प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन तैयार करने में जरूर दिक्कतें आने वाली हैं. बताते चलें कि चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाना है

एक तरफ चौथे टेस्ट में आकाशदीप के खेलने पर सवालिया निशान हैं, वहीं अर्शदीप के बाएं हाथ पर टांके आए हैं. बताते चलें कि अर्शदीप को अभ्यास के समय चोट आई थी, वहीं अब नितीश के सीरीज से बाहर होने से भारतीय टीम पर सीरीज हारने का खतरा मंडराने लगा है. इस बीच अंशुल कंबोज मैनचेस्टर में टीम इंडिया के साथ जुड़ चुके हैं, लेकिन सवाल है कि भारतीय टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में सही बैलेंस कैसे ला पाएगी.

गेंदबाजी अटैक की बात करें तो भारतीय टीम के पास अभी प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव और शार्दुल ठाकुर बेंच पर बैठे हैं. मैनचेस्टर में भारतीय टीम का स्वागत बारिश ने किया था, जिसके चलते टीम ने इंडोर अभ्यास भी किया. अगले पूरे सप्ताह मैनचेस्टर में बारिश का अनुमान जताया गया है, ऐसे में संभव है कि भारत बनाम इंग्लैंड चौथा टेस्ट बारिश की भेंट चढ़ सकता है.