भारत ने म्यांमार में आए भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद का दायरा बढ़ा दिया है। रविवार को भारत ने म्यांमार भूकंप पीड़ितों के लिए 31 टन और राहत सामग्री भेजी है। इसमें भारतीय सेना के ‘फील्ड अस्पताल’ के लिए जरूरी सामान भी शामिल है। यह सहायता ‘सी-17 ग्लोबमास्टर’ से भेजी गई। इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विमान ने रविवार सुबह गाजियाबाद के हिंडन वायुसेना स्टेशन से उड़ान भरी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘ ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत सी-17 विमान 31 टन मानवीय सहायता के साथ मांडले के लिए रवाना हुआ, जिसमें भारतीय सेना की फील्ड अस्पताल इकाई के लिए जरूरी सामान भी शामिल है।’’ पिछले सप्ताह म्यांमा में 7.7 तीव्रता का भूकंप आने से 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
म्यांमार को भारत ने सैकड़ों टन अनाज भी भेजा
भारत ने म्यांमार के भूकंप पीड़ितों के लिए दवाइयों, कपड़ों के अलावा सैकड़ों टन अनाज भी भेजा है। ताकि भूकंप पीड़ितों को भुखमरी से बचाया जा सके। बता दें कि भारत ने भूकंप से हुई तबाही के बाद ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ नाम से राहत अभियान शुरू किया था। इस बीच, भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि 405 टन चावल सहित 442 टन राहत सामग्री लेकर ‘आईएनएस घड़ियाल’ शनिवार सुबह यांगून पहुंच गया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने राहत सामग्री यांगून क्षेत्र के मुख्यमंत्री यू सोई थीन को सौंपी। इससे पीड़ितों को राहत मिलेगी।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अवैध अप्रवासियों को लेकर दक्षिणी सूडान पर भड़क गए हैं। इसके बाद इस देश के लोगों का वीजा रद्द करना शुरू कर दिया गया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि अमेरिका अब दक्षिण सूडान के पासपोर्ट धारकों के सभी वीजा रद्द कर रहा है।
अमेरिका के विदेश मंत्री रुबियो ने दक्षिण सूडान की सरकार पर अमेरिका का फायदा उठाने का आरोप लगाया। रुबियो ने एक बयान में कहा, “अमेरिका समेत कोई भी देश अगर किसी देश के नागरिकों को अपने यहां से निकालता है, तो उस देश को समय रहते अपने नागरिकों को वापस बुला लेना चाहिए। हालांकि दक्षिण सूडान की सरकार इस नियम का सही ढंग से पालन नहीं कर रही।” इसलिए रुबियो दक्षिणी सूडान पर भड़के हुए हैं।
दक्षिण सूडान के लोगों का अब होगा अमेरिका में घुसना वर्जित
दक्षिण सूडान के इस रवैये से रुबियो इतना अधिक खफा हो गए हैं कि उन्होंने इस देश के लोगों का अमेरिका में प्रवेश तक बंद करवाने की जिद ठान ली है। रुबियो ने कहा कि अमेरिका वीजा रद्द करने के अलावा दक्षिण सूडान के पासपोर्ट धारकों को अमेरिका में प्रवेश से रोकने के लिए भविष्य में वीजा जारी करने पर भी रोक लगाएगा। इसके बाद दक्षिण सूडान के लोग अमेरिका में घुस नहीं सकेंगे।
114वां जनसुनवाई शिविर पंचायत ग्राम जगन खेड़ा में आयोजित।
30 से अधिक जनसमस्याओं का मौके पर समाधान।
4 मेधावी छात्रों को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित।
71वां गर्ल्स यूथ क्लब गठित, युवतियों को खेल किट भेंट।
वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र भेंट कर दिया गया सम्मान।
ताराशक्ति निःशुल्क रसोई से सभी को मिला ताजा और पौष्टिक भोजन।
लखनऊ, 6 अप्रैल 2025:“समाधान, सम्मान और सेवा” के मूलमंत्र के साथ सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित अभिनव पहल ‘आपका विधायक -आपके द्वार’ कार्यक्रम का 114वां जनसुनवाई शिविर रविवार को ग्रामपंचायत जगन खेड़ा, अर्जुनगंज मंडल में आयोजित हुआ। यह शिविर न सिर्फ जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण का केंद्र बना, बल्कि प्रतिभाओं को सम्मान और बेटियों को नए मंच की सौगात भी दी गई।
30 से अधिक समस्याओं का तत्काल समाधान: जनसुनवाई शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, श्रम कार्ड, सहित अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित 30 से अधिक समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया गया। अधिकतर मामलों में मौके पर ही आवेदन स्वीकार कर समाधान की कार्यवाही शुरू कर दी गई, जिससे ग्रामीणों के चेहरे प्रसन्नता से खिल उठे।
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
डॉ. सिंह की “गांव की शान” पहल के अंतर्गत इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले चार होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित छात्र-छात्राएं:
युवराज सिंह (82%)
भूपेंद्र तिवारी (77%)
साक्षी (70%)
सोनम कुमारी (62%)
इन सभी को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। यह सम्मान न केवल उनकी मेहनत को मान्यता देता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करता है।
71वां गर्ल्स यूथ क्लब गठित, खेल किट भेंट कर बेटियों को दी नई उड़ान
युवतियों को खेल और फिटनेस की दिशा में प्रेरित करने के अपने सतत प्रयासों के तहत डॉ. सिंह ने 71वें गर्ल्स यूथ क्लब की स्थापना जगन खेड़ा गांव में की। क्लब से जुड़ने वाली युवतियों को खेल किट दी गई, जिसमें बैडमिंटन, वालीबॉल, फुटबॉल आदि शामिल हैं। यह पहल नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक और अहम कदम है।
गांव के वरिष्ठजनों और प्रबुद्ध नागरिकों को मिला स्नेह और सम्मान
समाज के अनुभव और योगदान को सराहते हुए पूर्व प्रधान दयानंद, ओंकार, छेदीलाल, भगौती प्रसाद, जगदीश प्रसाद, संत बख्श लोधी, दीप चंद, संजू कुमार रावत, कन्हई लाल लोधी, बसंती लोधी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान परंपरा और सामाजिक मूल्यों को जीवित रखने का सशक्त उदाहरण बना।
ताराशक्ति निःशुल्क रसोई बनी जनसेवा की प्रेरणा
शिविर में आए सभी आगंतुकों को ‘ताराशक्ति निःशुल्क रसोई’ के माध्यम से ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। डॉ. सिंह द्वारा संचालित यह रसोई जनसेवा के साथ-साथ पोषण सुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय प्रयास है।
डॉ. राजेश्वर सिंह का उद्देश्य: हर व्यक्ति तक पहुंचे जनसुनवाई और समाधान
डॉ. सिंह ने कहा, “जनसेवा मेरे लिए सेवा नहीं, संकल्प है। ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ अभियान का उद्देश्य सिर्फ समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि समाधान पहुंचाना है। हर गांव तक यह सेवा पहुंचेगी।”
जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुनीं 200 लोगों की समस्याएं
किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं, हर समस्या का कराएंगे प्रभावी निस्तारण : सीएम योगी
गोरखपुर/लखनऊ, 6 अप्रैल 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जन समस्याओं के निस्तारण और पीड़ितों की मदद में शिथिलता किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। शिथिलता बरती गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। किसी पीड़ित की समस्या के निस्तारण में यदि कहीं भी कोई दिक्कत आ रही है तो उसका पता लगाकर समाधान कराया जाए। किसी स्तर पर जानबूझकर प्रकरण को लंबित रखा गया तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाए।
सीएम योगी ने ये निर्देश रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान दिए। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंता करने या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का वह प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित कराएंगे। इसे लेकर उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को मौके पर ही हिदायत दी कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। कुछ प्रकरणों पर उन्होंने अफसरों को निर्देशित किया कि यह भी पता लगाएं कि यदि किसी को प्रशासन का सहयोग नहीं मिला है तो ऐसा क्यों और किन कारणों से हुआ। हर पीड़ित की त्वरित मदद की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधि सम्मत कठोर कदम उठाने के निर्देश दिए। विभिन्न जरूरतों की मांग को लेकर पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
हर बार की तरह इस बार भी जनता दर्शन में कई लोग इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी। जनता दर्शन में कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर आई थीं। सीएम ने सभी को प्यार-दुलारकर आशीर्वाद और चॉकलेट दिया।
सरोजनीनगर स्पोर्ट्स लीग: डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में 123 दिन तक चली ऐतिहासिक क्रिकेट चैम्पियनशिप ने रचा नया इतिहास, युवाओं में उमड़ा जोश और जीत की ललक, सैनिक सुपर किंग्स और हार्टलेस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में बनाई जगह, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
लखनऊ, 5 अप्रैल 2025। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में खेलों के प्रति रुचि, अनुशासन और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट चैम्पियनशिप का छठा संस्करण अपने चरम पर पहुंच गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन ने न सिर्फ क्षेत्र के युवाओं में नया जोश और ऊर्जा भरी, बल्कि सरोजनीनगर को एक खेल संस्कृति का केंद्र भी बना दिया।
यह लीग 123 दिनों तक चली, जिसमें कुल 166 टीमों ने भाग लिया और 158 मुकाबले खेले गए। इस आयोजन में 2400 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने पूरे आयोजन को शानदार, प्रतिस्पर्धात्मक और प्रेरणादायक बनाया।
खेल भावना का जश्न: जय जगत पार्क बना रोमांच का गवाह
शनिवार को कानपुर रोड स्थित जय जगत पार्क में हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में दर्शकों और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था। पार्क में जुटे हजारों क्रिकेट प्रेमियों ने मैच का रोमांच भरपूर अंदाज़ में महसूस किया।
पहला सेमीफाइनल: सैनिक सुपर किंग्स बनाम मॉर्निंग जय जगत पार्क
सैनिक सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 10 ओवर में 84 रन बनाए।
जवाब में, मॉर्निंग जय जगत पार्क की टीम ने भरपूर कोशिश की, लेकिन टीम 84 के लक्ष्य से 8 रन पीछे रह गई।
इस तरह सैनिक सुपर किंग्स ने 8 रन से मुकाबला जीतते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल: हार्टलेस इलेवन बनाम लखनऊ नवाब
हार्टलेस इलेवन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया।
लखनऊ नवाब की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 77 रन बनाए।
जवाब में हार्टलेस इलेवन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट से यह मुकाबला अपने नाम किया और फाइनल में जगह बना ली।
विजेता टीमों को किया गया सम्मानित, विधायक ने बढ़ाया हौसला
दोनों विजेता टीमों को मौके पर ट्रॉफी, स्पोर्ट्स किट और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सरोजनीनगर के लोकप्रिय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उन्हें आगामी फाइनल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
“सरोजनीनगर का हर युवा खेलों के जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व सीख रहा है। मैं चाहता हूं कि युवा मोबाइल और सोशल मीडिया की दुनिया से निकलकर मैदान में उतरें, राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।” — डॉ. राजेश्वर सिंह, विधायक सरोजनीनगर
आयोजन समिति का योगदान
इस पूरी लीग को सफल बनाने में कई जुझारू कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की। इनमें प्रमुख रूप से शामिल रहे:
शैलेंद्र सिंह
पंकज त्रिपाठी
सुमन सिंह राठौड़
इन सभी ने तकनीकी प्रबंधन से लेकर आयोजन की सभी ज़रूरतों को बख़ूबी संभाला।
एक अभिनव पहल, जो बदल रही है सरोजनीनगर की तस्वीर
डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल ने सरोजनीनगर के युवाओं को एक नई दिशा दी है। जहां पहले खेलों को सिर्फ मनोरंजन के रूप में देखा जाता था, वहीं अब यह युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नेतृत्व विकास का साधन बन चुका है।
इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि यदि राजनीतिक नेतृत्व इच्छाशक्ति से काम करे तो समाज के हर वर्ग — विशेषकर युवाओं — को सकारात्मक दिशा में मोड़ा जा सकता है
इंटर स्पोर्ट्स क्लब क्रिकेट चैम्पियनशिप सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि एक आंदोलन है, जो सरोजनीनगर के युवाओं को खेल, अनुशासन और नेतृत्व की ओर प्रेरित कर रहा है। डॉ. राजेश्वर सिंह की सोच, प्रयास और नेतृत्व से क्षेत्र में एक नई खेल संस्कृति का निर्माण हो रहा है, जो आने वाले वर्षों में और भी अधिक विस्तार पाएगा।