Home Blog Page 626

“‘मुझे माफ कर दो’ – पहले सभी पोस्ट को डिलीट किए, फिर फूट-फूटकर रोई अपूर्वा मखीजा”

कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस अपूर्वा मखीजा इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के कारण सुर्खियों में बनी हुई है। 1 अप्रैल 2025 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर सभी पोस्ट डिलीट कर दिए थे। इसके एक हफ्ते बाद मंगलवार यानी 8 अप्रैल 2025 को उन्होंने सोशल मीडिया पर वापसी की और नेटिजन्स से मिली जान से मारने और बलात्कार की धमकियों के स्क्रीनशॉट शेयर किए। उन्होंने एक और पोस्ट भी शेयर की, जिसमें लिखा था, ‘कहानीकार से कहानी को दूर मत करो।’ ये दोनों पोस्ट वायरल हुए और लोग लगातार इस बारे में चर्चा करते रहे। अब दो दिन बाद बुधवार को उन्होंने अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट कैसे मिला। विवाद के बाद उनके साथ क्या हुआ और अब वो कैसे इससे उबर रही हैं

इंडियाज गॉट लेटेंट कैसे ऑफर हुआ?

अपूर्वा मखीजा ने बताया कि पिछले साल एक इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात समय रैना से हुई थी, जिन्होंने उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट के लिए संपर्क किया था। बाद में कुछ हफ्तों तक समय रैना ने उनसे संपर्क नहीं किया, लेकिन फिर उन्होंने कॉमेडियन को इस बारे में मैसेज किया, जिन्होंने उन्हें बताया कि वे लंदन में हैं और वापस आने के बाद वे एपिसोड की शूटिंग करेंगे। अभिनेत्री को देव दिवाली के लिए अपने परिवार के साथ घूमने जाना था और उसी दौरान उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट शूट के लिए बुलाया गया था। वह शो का हिस्सा बनने के लिए इतनी उत्साहित थीं कि उन्होंने अपनी ट्रिप कैंसिल कर दी थी। अपूर्वा ने बताया कि जब वह शूटिंग के लिए पहुंची और कुछ समय बाद जब वह अपने ग्रीन रूम में गई तो अपने मैनेजर और दोस्तों के सामने रोने लगीं और कहा कि वह शो के लिए ठीक नहीं है, लेकिन बाद में समय ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा।

अपूर्वा ने मांगी माफी

वीडियो में आगे उन्होंने फैंस से माफी मांगी और कहा, ‘मैं वास्तव में लोगों का मनोरंजन करने और उन्हें हंसाने के लिए कंटेंट बनाती हूं। मैं कभी किसी को चोट नहीं पहुंचाना चाहती थी और मुझे बहुत खेद है कि मुझे अपने शब्दों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए था, लेकिन मैंने अपना सबक सीख लिया है और मैं वादा करती हूं कि मैं आगे बेहतर करूंगी। मुझे बस उम्मीद है कि आप लोग मुझे माफ कर देंगे और अगर मैंने आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो मैं माफी मांगती हूं।’ इसी वीडियो में उन्होंने कई और चीजों पर भी बात की और बताया कि इस घटना के बाद उनके पिता का कैसा रिएक्शन था।

पापा ने किया सपोर्ट

उसने बताया कि जब पुलिस स्टेशन से बाहर आने का उनका वीडियो वायरल हुआ तो उनके पिता ने उन्हें फोन करना शुरू किया, लेकिन उन्होंने यह सोचकर फोन नहीं उठाया कि उनके पिता उन पर चिल्लाएंगे। हालांकि उनके फोन न उठाने पर उनके पिता ने उन्हें एक मैसेज भेजा, जिसमें उन्होंने लिखा था कि चाहे कुछ भी हो जाए, वह उनके साथ खड़े रहेंगे। अपूर्वा ने इसी दौरान ये भी बताया कि इस दौरान उन्हें रेप थ्रेट मिले और कई अनजान लोगों ने उनका घर खोज लिया था। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि पैपराजी ने उनके साथ कैसा बरताव किया। उन्होंने बताया, ‘मैं पापराजी की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक मास्टरमाइंड प्लान लेकर आई थी। मेरी दोस्त बाहर निकलती है, सारे पैप्स मेरे दोस्त के पीछे जाते हैं, धक्के मार रहे हैं, उसके मुंह में कैमरा डाल रहे हैं, उसको बोल रहे हैं कि तुम अभद्र हो। पूरी तरह से परेशान कर रहे हैं।’

एक किलोमीटर तक किया पीछा

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं सच में इतना रोई हूं उस दिन। यह बहुत ही अमानवीय था। वो लोग मुझे मेरी गाड़ी के अंदर नहीं घुसने दे रहे थे, बस मुझे धक्के मार रहे थे। मेरी दोस्त कार में नहीं बैठ पाई, इसलिए उन्होंने मेरे दोस्त का 1 किमी तक पीछा किया कि आप अपूर्व को कैसे जानते हो… वो भी ट्रॉमाटाइज हो गई है। यह वीडियो वायरल हो गया, इसे नेशनल मीडिया में चलाया गया, मेरे परिवार और मेरे सभी रिश्तेदारों ने इसे देखा और उन्होंने मेरे पिता को फोन किया।’ इस दौरान अपूर्वा ने ये भी कहती हैं कि एक टैरो कार्ड रीडर ने उसे बताया कि काला जादू खत्म हो गया है और वह इससे सहमत थी। उसे कहा गया कि वह कहीं विदेश चली जाए, ताकि काला जादू खत्म हो जाए।

सियोल: किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने किया उत्तर कोरिया के परमाणु प्लान का खुलासा

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन ने बड़ा बयान दिया है। किम यो जोंग ने अपने देश को परमाणु हथियार मुक्त बनाने संबंधी संकल्प को लेकर अमेरिका और एशियाई सहयोगियों पर निशाना साधा है। किम यो जोंग ने इसे एक ‘सपना’ बताया है।

किम यो जोंग ने क्या कहा?

किम यो जोंग ने कहा कि परमाणु हथियारों का विस्तार और संरक्षण उत्तर कोरिया के संविधान में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने संबंधी कोई भी बाहरी चर्चा एक बहुत शत्रुतापूर्ण कृत्य और देश की संप्रभुता को नकारने के समान है।

उत्तर कोरिया बनाएगा परमाणु हथियार

सरकारी मीडिया में प्रकाशित व प्रसारित बयान में किम यो जोंग ने कहा, “अगर अमेरिका और उसके साथी परमाणु निरस्त्रीकरण पर जोर देते रहेंगे तो इससे उत्तर कोरिया को ही फायदा होगा। उत्तर कोरिया आत्मरक्षा के लिए सबसे मजबूत परमाणु हथियार का निर्माण करेगा।” उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की परमाणु हथियार स्थिति को “किसी भी भौतिक शक्ति या चालाकी से कभी भी पलटा नहीं जा सकता है।”

किम यो जोंग ने क्यों की प्रतिक्रिया

पिछले सप्ताह अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के शीर्ष राजनयिकों की बैठक में उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया था। इसी को लेकर किम यो जोंग ने यह प्रतिक्रिया दी है।

म्यांमार में भूकंप पीड़ितों की मदद पर संयुक्त राष्ट्र ने की भारत की सराहना, कहा ऐसा कि हर भारतीय को होगा गर्व

(म्यांमार): म्यांमार भूकंप पीड़ितों की बढ़चढ़कर मदद करने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने भारत की जमकर सराहना की है। यूएन के एक अधिकारी ने कहा है कि म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के बाद मानवीय सहायता प्रदान करने में भारत एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरा है, जिसने त्वरित और पर्याप्त सहायता प्रदान कर राहत प्रयासों को मजबूत किया है। म्यांमार में मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) के प्रमुख सज्जाद मोहम्मद साजिद ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत संसाधनों की तीव्र तैनाती के लिए भारत की प्रशंसा की, जिसके तहत आपदा के कुछ दिनों के भीतर खाद्य, चिकित्सा आपूर्ति और फील्ड अस्पताल सहायता सहित 1,000 मीट्रिक टन से अधिक मानवीय सहायता पहुंचाई गई।

बता दें कि म्यांमार में 28 मार्च को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। साजिद ने कहा, ‘‘संसाधनों और सुविधाओं की शीघ्र तैनाती से बहुत से लोगों को मदद मिली, विशेष रूप से मांडले के शहरी क्षेत्रों में।’’ उन्होंने उल्लेख किया कि भारत ने सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों की सहायता के लिए 200 सदस्यीय खोज एवं बचाव दल और चिकित्साकर्मियों को भी भेजा है। साजिद ने कहा कि मांडले में एक फील्ड अस्पताल की स्थापना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि कई स्थानीय अस्पताल और ऑपरेशन थिएटर अब भी बंद पड़े हैं तथा ट्रॉमा देखभाल बहुत सीमित है। उन्होंने कहा, ‘‘यह फील्ड अस्पताल ऐसी स्थिति में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जहां बुनियादी ढांचा अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है।’’

मांडले में हुई थी भीषण तबाही

भूकंप का केन्द्र मांडले के निकट था। इससे म्यांमार में भारी तबाही हुई है। नवीनतम खबरों के अनुसार, कम से कम 3,500 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, 5,000 लोग घायल हुए हैं तथा 200 लोग अभी भी लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों का अनुमान है कि एक करोड़ 70 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 90 लोगों ने सबसे तीव्र भूकंप का अनुभव किया। इस आपदा से म्यांमा के 330 नगरों में से 58 में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इससे आंतरिक संघर्ष और क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों तथा हवाई अड्डों जैसी रसद संबंधी बाधाओं से उत्पन्न मौजूदा चुनौतियां और भी बढ़ गई हैं।

भारत को उसकी भूमिका के लिए हमेशा किया जाएगा याद

साजिद ने ओसीएचए और भारतीय प्राधिकारियों के बीच जारी समन्वय पर प्रकाश डाला, जिसमें भारतीय दूतावास के साथ सीधा संपर्क और मानवीय दाता समूह के माध्यम से नियमित परामर्श शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत सहित सदस्य देशों के संपर्क में हैं और मुझे उम्मीद है कि भारत म्यांमा में लोगों के जीवन और आजीविका के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसके लिए दीर्घकालिक समर्थन की आवश्यकता होगी।’’ उन्होंने आपदा के बाद पुनर्निर्माण में भारत के अनुभव की ओर भी ध्यान दिलाया तथा गुजरात और कश्मीर में भूकंप के बाद सफल पुनर्निर्माण प्रयासों का हवाला दिया। साजिद ने जोर देकर कहा, ‘‘भारत के पास कुछ सर्वोत्तम तरीके हैं जिन्हें वह म्यांमा के साथ भी साझा कर सकता है और ऐतिहासिक संबंधों वाले पड़ोसी देश होने के नाते इसकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।’’

क्या रूस की यात्रा पर जाएंगे PM मोदी? विजय दिवस परेड के लिए पुतिन ने भेजा विशेष निमंत्रण

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा सकते हैं। दरअसल, रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ पर होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी को निमंत्रण भेजा है। बता दें कि इस समारोह को ‘विक्ट्री डे परेड’ कहा जाता है जिसमें रूस अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है। पूरी दुनिया की नजरें इस समारोह पर टिकी होती हैं।

कब है विक्ट्री डे परेड?

रूस में विक्ट्री डे परेड का आयोजन हर साल 9 मई की तारीख को मॉस्को के ऐतिहासिक रेड स्क्वायर पर किया जाता है। रूस के उप विदेश मंत्री आंद्रे रुदेंको ने जानकारी दी है कि इस साल समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की उम्मीद है। रूस की ओर से पीएम मोदी को पहले ही निमंत्रण भेजा जा चुका है और उनकी यात्रा की योजना बनाई जा रही है। विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रूस ने और भी कई मित्र देशों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है।

क्या है विक्ट्री डे समारोह का इतिहास?

दरअसल, दूसकरे विश्वयुद्ध में जर्मनी की नाजी सेना ने रूस (तत्कालीन सोवियत यूनियन) पर भीषण हमला किया था और तबाही मचाई थी। हालांकि, शुरुआत में नुकसान झेलने के बावजूद सोवियत सेना ने जनवरी 1945 में जर्मनी के खिलाफ एक आक्रामक अभियान शुरू किया था। इसके बाद 9 मई की तारीख को कमांडर-इन-चीफ ने जर्मनी के बिना शर्त आत्मसमर्पण से जुड़े अधिनियम पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही ये जंग खत्म हो गई थी।

जुलाई 2024 में रूस गए थे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने बीते साल जुलाई महीने में रूस का दौरा किया था। करीब 5 साल में ये पीएम मोदी की पहली रूस यात्रा थी। इससे पहले पीएम मोदी साल 2019 में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस के व्लादिवोस्तोक शहर में गए थे। पीएम मोदी ने भी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया है। पुतिन ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है लेकिन अब तक पुतिन की भारत यात्रा की तारीख का खुलासा नहीं हुआ है।

ब्रातिस्लावा: UNSC में भारत की स्थायी सदस्यता को स्लोवाकिया का समर्थन, कह दी दिल छू लेने वाली बात

स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने कहा कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में स्थायी सदस्यता के लिए भारत के प्रयास को अपना “पूर्ण समर्थन” देता है। स्लोवाकिया के राष्ट्रपति ने यहां दो-दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद एक बयान में कहा, “भारत के साथ हम भी दुनिया के बहुपक्षीय कामकाज के प्रमुख समर्थक हैं, और हम अपने अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कामकाज का भी समर्थन करते हैं। यह स्लोवाकिया के लिए महत्वपूर्ण है और मैंने कल संयुक्त राष्ट्र महासभा के पूर्व अध्यक्ष के साथ बैठक में इस पर जोर दिया है।”

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में 15 सदस्य हैं, जिनमें से पांच स्थायी हैं – अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, रूस और चीन। पांचों सदस्यों के पास वीटो शक्तियां हैं, जो उन्हें सुरक्षा परिषद के किसी भी प्रस्ताव को रोकने की अनुमति देती हैं, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में नए सदस्य देशों के प्रवेश या संयुक्त राष्ट्र के नए महासचिव के लिए नामांकन से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल हैं। दोनों नेताओं ने यहां राष्ट्रपति भवन में औपचारिक सलामी गारद और पारंपरिक ‘ब्रेड एंड साल्ट’ समारोह के बाद वार्ता के लिए मुलाकात की।

राष्ट्रपति मूर्मू ने खाया नमक-ब्रेड

मुर्मू को पारंपरिक पोशाक पहने एक स्लोवाक जोड़े ने ‘ब्रेड’ भेंट की। स्लोवाक दंपति ने मुर्मू को ‘ब्रेड’ दी जिसे उन्होंने नमक लगाकर खाया। यह प्राचीन परंपरा विभिन्न विशेष अवसरों पर विशिष्ट अतिथियों के लिए आतिथ्य, मित्रता और सम्मान के प्रतीक के रूप में निभाई जाती है। भारत और स्लोवाकिया ने दो समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए – राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) और स्लोवाक बिजनेस एजेंसी के बीच, तथा सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान (एसएसआईएफएस) एवं स्लोवाक विदेश एवं यूरोपीय मामलों के मंत्रालय के बीच। बैठक के बाद अपने बयान में मुर्मू ने यूक्रेन में युद्ध छिड़ने के समय भारतीय छात्रों को निकालने में सहायता के लिए स्लोवाकिया को धन्यवाद दिया।

राष्ट्रपति मुर्मू को पसंद आया स्लोवाकिया

उन्होंने कहा कि भारत हमेशा स्लोवाकिया के “सहयोग और उदारता” को याद रखेगा, जो एक सच्चे मित्र और साझेदार के रूप में संबंधों को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी मुद्दों और साझा वैश्विक एवं क्षेत्रीय मामलों की समीक्षा की। राष्ट्रपति भवन में अतिथि पुस्तिका में अपने संदेश में मुर्मू ने कहा कि वह दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र (भारत) के 1.4 अरब नागरिकों की शुभकामनाएं लेकर आई हैं। मुर्मू को स्लोवाक राष्ट्रपति पेलेग्रिनी द्वारा प्राचीन भारतीय ग्रंथों, उपनिषदों के पहले स्लोवाक अनुवाद की एक प्रति भेंट की गई।

साहित्य के विद्वान रॉबर्ट गैफ्रिक ने दस मुख्य उपनिषदों का मूल संस्कृत से स्लोवाक में अनुवाद करने में पांच वर्ष समर्पित किये। स्लोवाक एकेडमी ऑफ साइंसेज (एसएएस) प्रकाशन गृह, वीईडीए द्वारा प्रकाशित अनुवाद, उपनिषदों का मूल संस्कृत से अनुवाद प्रस्तुत करता है। मुर्मू दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को यहां पहुंचीं। वह स्लोवाक गणराज्य की यात्रा करने वाली दूसरी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष हैं।