Home Blog Page 625

कौशल विकास: ग्रामीण युवाओं को करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और स्वावलंबन की ओर प्रेरित कर रहा जन शिक्षण संस्थान

कौशल विकास: ग्रामीण युवाओं को करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और स्वावलंबन की ओर प्रेरित कर रहा जन शिक्षण संस्थान
कौशल विकास: ग्रामीण युवाओं को करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और स्वावलंबन की ओर प्रेरित कर रहा जन शिक्षण संस्थान
कौशल विकास: ग्रामीण युवाओं को करियर मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और स्वावलंबन की ओर प्रेरित कर रहा जन शिक्षण संस्थान

लखनऊ, 10 अप्रैल 2025: कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत जन शिक्षण संस्थान, गोमती नगर लखनऊ द्वारा प्लान इंटरनेशनल के प्लान इंडिया चेप्टर के सहयोग से विकास खंड माल स्थित आदर्श सत्येंद्र महाविद्यालय में करियर परामर्श मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर महिलाओं और किशोरियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी देना एवं उन्हें संस्थान के रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक विजय सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी देश की मुख्यधारा से जुड़ने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी आर. के. पाण्डेय, प्रभारी चिकित्साधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, यूनिसेफ के प्रतिनिधि सादिक हुसैन, मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के हरिनेंद्र, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव और कार्यक्रम अधिकारी पन्नालाल सहित अन्य विशेषज्ञों ने युवाओं को विभिन्न करियर विकल्पों व प्रशिक्षणों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। करियर मेले में बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी, डीडीयू-जीकेवाय, प्रथम फाउंडेशन, वात्सल्य संस्था, ऊषा सिलाई केंद्र और एसआर मंगलम जैसी संस्थाओं द्वारा परामर्श स्टॉल लगाए गए। माइलस्टोन कंप्यूटर लर्निंग सेंटर के सहयोग से संचालित असिस्टेंट कंप्यूटर ऑपरेटर प्रशिक्षण के 40 लाभार्थियों को कार्यक्रम में प्रमाणपत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समुचित संचालन प्लान इंडिया की कार्यक्रम समन्वयक शिवा सिंह व उनकी टीम द्वारा किया गया। करियर मेले में लगभग 150 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की।

“‘मुझे माफ कर दो’ – पहले सभी पोस्ट को डिलीट किए, फिर फूट-फूटकर रोई अपूर्वा मखीजा”

कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस अपूर्वा मखीजा इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के कारण सुर्खियों में बनी हुई है। 1 अप्रैल 2025 को उन्होंने इंस्टाग्राम पर सभी पोस्ट डिलीट कर दिए थे। इसके एक हफ्ते बाद मंगलवार यानी 8 अप्रैल 2025 को उन्होंने सोशल मीडिया पर वापसी की और नेटिजन्स से मिली जान से मारने और बलात्कार की धमकियों के स्क्रीनशॉट शेयर किए। उन्होंने एक और पोस्ट भी शेयर की, जिसमें लिखा था, ‘कहानीकार से कहानी को दूर मत करो।’ ये दोनों पोस्ट वायरल हुए और लोग लगातार इस बारे में चर्चा करते रहे। अब दो दिन बाद बुधवार को उन्होंने अपने YouTube चैनल पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट कैसे मिला। विवाद के बाद उनके साथ क्या हुआ और अब वो कैसे इससे उबर रही हैं

इंडियाज गॉट लेटेंट कैसे ऑफर हुआ?

अपूर्वा मखीजा ने बताया कि पिछले साल एक इवेंट के दौरान उनकी मुलाकात समय रैना से हुई थी, जिन्होंने उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट के लिए संपर्क किया था। बाद में कुछ हफ्तों तक समय रैना ने उनसे संपर्क नहीं किया, लेकिन फिर उन्होंने कॉमेडियन को इस बारे में मैसेज किया, जिन्होंने उन्हें बताया कि वे लंदन में हैं और वापस आने के बाद वे एपिसोड की शूटिंग करेंगे। अभिनेत्री को देव दिवाली के लिए अपने परिवार के साथ घूमने जाना था और उसी दौरान उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट शूट के लिए बुलाया गया था। वह शो का हिस्सा बनने के लिए इतनी उत्साहित थीं कि उन्होंने अपनी ट्रिप कैंसिल कर दी थी। अपूर्वा ने बताया कि जब वह शूटिंग के लिए पहुंची और कुछ समय बाद जब वह अपने ग्रीन रूम में गई तो अपने मैनेजर और दोस्तों के सामने रोने लगीं और कहा कि वह शो के लिए ठीक नहीं है, लेकिन बाद में समय ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा।

अपूर्वा ने मांगी माफी

वीडियो में आगे उन्होंने फैंस से माफी मांगी और कहा, ‘मैं वास्तव में लोगों का मनोरंजन करने और उन्हें हंसाने के लिए कंटेंट बनाती हूं। मैं कभी किसी को चोट नहीं पहुंचाना चाहती थी और मुझे बहुत खेद है कि मुझे अपने शब्दों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए था, लेकिन मैंने अपना सबक सीख लिया है और मैं वादा करती हूं कि मैं आगे बेहतर करूंगी। मुझे बस उम्मीद है कि आप लोग मुझे माफ कर देंगे और अगर मैंने आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है तो मैं माफी मांगती हूं।’ इसी वीडियो में उन्होंने कई और चीजों पर भी बात की और बताया कि इस घटना के बाद उनके पिता का कैसा रिएक्शन था।

पापा ने किया सपोर्ट

उसने बताया कि जब पुलिस स्टेशन से बाहर आने का उनका वीडियो वायरल हुआ तो उनके पिता ने उन्हें फोन करना शुरू किया, लेकिन उन्होंने यह सोचकर फोन नहीं उठाया कि उनके पिता उन पर चिल्लाएंगे। हालांकि उनके फोन न उठाने पर उनके पिता ने उन्हें एक मैसेज भेजा, जिसमें उन्होंने लिखा था कि चाहे कुछ भी हो जाए, वह उनके साथ खड़े रहेंगे। अपूर्वा ने इसी दौरान ये भी बताया कि इस दौरान उन्हें रेप थ्रेट मिले और कई अनजान लोगों ने उनका घर खोज लिया था। इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि पैपराजी ने उनके साथ कैसा बरताव किया। उन्होंने बताया, ‘मैं पापराजी की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक मास्टरमाइंड प्लान लेकर आई थी। मेरी दोस्त बाहर निकलती है, सारे पैप्स मेरे दोस्त के पीछे जाते हैं, धक्के मार रहे हैं, उसके मुंह में कैमरा डाल रहे हैं, उसको बोल रहे हैं कि तुम अभद्र हो। पूरी तरह से परेशान कर रहे हैं।’

एक किलोमीटर तक किया पीछा

उन्होंने आगे कहा, ‘मैं सच में इतना रोई हूं उस दिन। यह बहुत ही अमानवीय था। वो लोग मुझे मेरी गाड़ी के अंदर नहीं घुसने दे रहे थे, बस मुझे धक्के मार रहे थे। मेरी दोस्त कार में नहीं बैठ पाई, इसलिए उन्होंने मेरे दोस्त का 1 किमी तक पीछा किया कि आप अपूर्व को कैसे जानते हो… वो भी ट्रॉमाटाइज हो गई है। यह वीडियो वायरल हो गया, इसे नेशनल मीडिया में चलाया गया, मेरे परिवार और मेरे सभी रिश्तेदारों ने इसे देखा और उन्होंने मेरे पिता को फोन किया।’ इस दौरान अपूर्वा ने ये भी कहती हैं कि एक टैरो कार्ड रीडर ने उसे बताया कि काला जादू खत्म हो गया है और वह इससे सहमत थी। उसे कहा गया कि वह कहीं विदेश चली जाए, ताकि काला जादू खत्म हो जाए।

सियोल: किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने किया उत्तर कोरिया के परमाणु प्लान का खुलासा

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की बहन ने बड़ा बयान दिया है। किम यो जोंग ने अपने देश को परमाणु हथियार मुक्त बनाने संबंधी संकल्प को लेकर अमेरिका और एशियाई सहयोगियों पर निशाना साधा है। किम यो जोंग ने इसे एक ‘सपना’ बताया है।

किम यो जोंग ने क्या कहा?

किम यो जोंग ने कहा कि परमाणु हथियारों का विस्तार और संरक्षण उत्तर कोरिया के संविधान में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने संबंधी कोई भी बाहरी चर्चा एक बहुत शत्रुतापूर्ण कृत्य और देश की संप्रभुता को नकारने के समान है।

उत्तर कोरिया बनाएगा परमाणु हथियार

सरकारी मीडिया में प्रकाशित व प्रसारित बयान में किम यो जोंग ने कहा, “अगर अमेरिका और उसके साथी परमाणु निरस्त्रीकरण पर जोर देते रहेंगे तो इससे उत्तर कोरिया को ही फायदा होगा। उत्तर कोरिया आत्मरक्षा के लिए सबसे मजबूत परमाणु हथियार का निर्माण करेगा।” उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया की परमाणु हथियार स्थिति को “किसी भी भौतिक शक्ति या चालाकी से कभी भी पलटा नहीं जा सकता है।”

किम यो जोंग ने क्यों की प्रतिक्रिया

पिछले सप्ताह अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के शीर्ष राजनयिकों की बैठक में उत्तर कोरिया को परमाणु हथियार मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया था। इसी को लेकर किम यो जोंग ने यह प्रतिक्रिया दी है।

म्यांमार में भूकंप पीड़ितों की मदद पर संयुक्त राष्ट्र ने की भारत की सराहना, कहा ऐसा कि हर भारतीय को होगा गर्व

(म्यांमार): म्यांमार भूकंप पीड़ितों की बढ़चढ़कर मदद करने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने भारत की जमकर सराहना की है। यूएन के एक अधिकारी ने कहा है कि म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के बाद मानवीय सहायता प्रदान करने में भारत एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में उभरा है, जिसने त्वरित और पर्याप्त सहायता प्रदान कर राहत प्रयासों को मजबूत किया है। म्यांमार में मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) के प्रमुख सज्जाद मोहम्मद साजिद ने ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत संसाधनों की तीव्र तैनाती के लिए भारत की प्रशंसा की, जिसके तहत आपदा के कुछ दिनों के भीतर खाद्य, चिकित्सा आपूर्ति और फील्ड अस्पताल सहायता सहित 1,000 मीट्रिक टन से अधिक मानवीय सहायता पहुंचाई गई।

बता दें कि म्यांमार में 28 मार्च को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। साजिद ने कहा, ‘‘संसाधनों और सुविधाओं की शीघ्र तैनाती से बहुत से लोगों को मदद मिली, विशेष रूप से मांडले के शहरी क्षेत्रों में।’’ उन्होंने उल्लेख किया कि भारत ने सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों की सहायता के लिए 200 सदस्यीय खोज एवं बचाव दल और चिकित्साकर्मियों को भी भेजा है। साजिद ने कहा कि मांडले में एक फील्ड अस्पताल की स्थापना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि कई स्थानीय अस्पताल और ऑपरेशन थिएटर अब भी बंद पड़े हैं तथा ट्रॉमा देखभाल बहुत सीमित है। उन्होंने कहा, ‘‘यह फील्ड अस्पताल ऐसी स्थिति में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जहां बुनियादी ढांचा अब भी उबरने की कोशिश कर रहा है।’’

मांडले में हुई थी भीषण तबाही

भूकंप का केन्द्र मांडले के निकट था। इससे म्यांमार में भारी तबाही हुई है। नवीनतम खबरों के अनुसार, कम से कम 3,500 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है, 5,000 लोग घायल हुए हैं तथा 200 लोग अभी भी लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों का अनुमान है कि एक करोड़ 70 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 90 लोगों ने सबसे तीव्र भूकंप का अनुभव किया। इस आपदा से म्यांमा के 330 नगरों में से 58 में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। इससे आंतरिक संघर्ष और क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों तथा हवाई अड्डों जैसी रसद संबंधी बाधाओं से उत्पन्न मौजूदा चुनौतियां और भी बढ़ गई हैं।

भारत को उसकी भूमिका के लिए हमेशा किया जाएगा याद

साजिद ने ओसीएचए और भारतीय प्राधिकारियों के बीच जारी समन्वय पर प्रकाश डाला, जिसमें भारतीय दूतावास के साथ सीधा संपर्क और मानवीय दाता समूह के माध्यम से नियमित परामर्श शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत सहित सदस्य देशों के संपर्क में हैं और मुझे उम्मीद है कि भारत म्यांमा में लोगों के जीवन और आजीविका के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसके लिए दीर्घकालिक समर्थन की आवश्यकता होगी।’’ उन्होंने आपदा के बाद पुनर्निर्माण में भारत के अनुभव की ओर भी ध्यान दिलाया तथा गुजरात और कश्मीर में भूकंप के बाद सफल पुनर्निर्माण प्रयासों का हवाला दिया। साजिद ने जोर देकर कहा, ‘‘भारत के पास कुछ सर्वोत्तम तरीके हैं जिन्हें वह म्यांमा के साथ भी साझा कर सकता है और ऐतिहासिक संबंधों वाले पड़ोसी देश होने के नाते इसकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।’’

क्या रूस की यात्रा पर जाएंगे PM मोदी? विजय दिवस परेड के लिए पुतिन ने भेजा विशेष निमंत्रण

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही रूस की आधिकारिक यात्रा पर जा सकते हैं। दरअसल, रूस ने द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर विजय की 80वीं वर्षगांठ पर होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी को निमंत्रण भेजा है। बता दें कि इस समारोह को ‘विक्ट्री डे परेड’ कहा जाता है जिसमें रूस अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है। पूरी दुनिया की नजरें इस समारोह पर टिकी होती हैं।

कब है विक्ट्री डे परेड?

रूस में विक्ट्री डे परेड का आयोजन हर साल 9 मई की तारीख को मॉस्को के ऐतिहासिक रेड स्क्वायर पर किया जाता है। रूस के उप विदेश मंत्री आंद्रे रुदेंको ने जानकारी दी है कि इस साल समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने की उम्मीद है। रूस की ओर से पीएम मोदी को पहले ही निमंत्रण भेजा जा चुका है और उनकी यात्रा की योजना बनाई जा रही है। विजय दिवस समारोह में शामिल होने के लिए रूस ने और भी कई मित्र देशों के नेताओं को निमंत्रण भेजा है।

क्या है विक्ट्री डे समारोह का इतिहास?

दरअसल, दूसकरे विश्वयुद्ध में जर्मनी की नाजी सेना ने रूस (तत्कालीन सोवियत यूनियन) पर भीषण हमला किया था और तबाही मचाई थी। हालांकि, शुरुआत में नुकसान झेलने के बावजूद सोवियत सेना ने जनवरी 1945 में जर्मनी के खिलाफ एक आक्रामक अभियान शुरू किया था। इसके बाद 9 मई की तारीख को कमांडर-इन-चीफ ने जर्मनी के बिना शर्त आत्मसमर्पण से जुड़े अधिनियम पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही ये जंग खत्म हो गई थी।

जुलाई 2024 में रूस गए थे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने बीते साल जुलाई महीने में रूस का दौरा किया था। करीब 5 साल में ये पीएम मोदी की पहली रूस यात्रा थी। इससे पहले पीएम मोदी साल 2019 में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए रूस के व्लादिवोस्तोक शहर में गए थे। पीएम मोदी ने भी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया है। पुतिन ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है लेकिन अब तक पुतिन की भारत यात्रा की तारीख का खुलासा नहीं हुआ है।