Home Blog Page 623

लेटेस्ट स्पोर्ट्स न्यूज़ :विराट कोहली ने रचा इतिहास, आईपीएल में ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने।

आरसीबी के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने आईपीएल में ऐसा कारनामा कर दिया है, जो इससे पहले कभी हुआ ही नहीं। इस साल आईपीएल का 18वां सीजन खेला जा रहा है और विराट कोहली ने बड़ा कमाल करने में कामयाबी हासिल कर ली है। विराट कोहली ने गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में जैसे ही अपनी दूसरी बाउंड्री लगाई, वे खास मुकाम हासिल करने वाले पहले ​और अकेले खिलाड़ी बन गए हैं।

विराट कोहली ने आईपीएल में लगा दिए हैं 1000 चौके और छक्के

विराट कोहली ने आईपीएल में इससे पहले 998 बाउंड्री मारने का काम किया था। यहां हम चौके और छक्के मिलाकर बता रहे हैं। विराट कोहली ने आईपीएल में इससे पहले तक 720 चौके और 278 छक्के लगाने का काम किया था। यानी अगर इन दोनों को मिला दें तो आंकड़ा 998 तक जा पहुंचता है। उन्हें 1000 बाउंड्री पूरी करने के लिए केवल दो और चौके या छक्कों की जरूरत थी। मैच के दूसरे ही ओवर में विराट कोहली ने अक्षर पटेल को पहला चौका लगाया, इसके बाद कोहली ने तीसरे ओवर में मिचेल स्टार्क की बॉल पर एक और चौका मारा, इसी के साथ उनके चौके और छक्कों की संख्या 1000 तक जा पहुंची। आईपीएल के इतिहास में दूसरा कोई भी बल्लेबाज ये काम नहीं कर पाया है।

शिखर धवन और डेविड वार्नर का भी नाम लिस्ट में शुमार

विराट कोहली के बाद इस मामले में दूसरे नंबर पर शिखर धवन हैं। जिन्होंने आईपीएल में 768 चौके और 152 छक्के जड़े हैं। यानी उनके चौके और छक्कों की संख्या 920 है। वहीं तीसरे नंबर डेविड वार्नर हैं। उन्होंने 663 चौके और 236 छक्के लगाए हैं। इनको जोड़ दें तो आंकड़ा 899 तक जाता है। रोहित शर्मा की बात करें तो उन्होंने चौके और छक्के मिलाकर कुल 885 बाउंड्री मारी हैं। क्रिस गेल भी 761 चौके छक्के आईपीएल में लगा चुके हैं। शिखर धवन और डेविड वार्नर अब ​आईपीएल नहीं खेल रहे हैं। यानी विराट कोहली से आगे अब जल्द निकल पाएगा, इसकी संभावना काफी कम है। सबसे करीब रोहित शर्मा हैं, जिनके नाम 885 बाउंड्री हैं, उन्हें अभी काफी वक्त 1000 का आंकड़ा पार करने में लगेगा।

आरसीबी और कोहली के लिए अच्छा जा रहा है आईपीएल का सीजन

आरसीबी और विराट कोहली के लिए अभी तक आईपीएल का ये सीजन अच्छा जा रहा है। जहां टीम अंक तालिका में टॉप 4 में अपनी जगह बनाए हुए है, वहीं विराट कोहली भी पहले चार मैचों में से तीन जीतकर छह अंक अर्जित कर चुकी है। अभी तो बहुत लीग मैच बाकी हैं। अगर टीम इसी रफ्तार से चली तो बड़ी बात नहीं कि आरसीबी प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ले। अगर ऐसा होता है तो फिर विराट कोहली को ये आईपीएल यादगार बनाा होगा। देखना है कि खुद कोहली और आरसीबी के लिए ये सीजन आने वाले वक्त में कैसा जाता है।

नई दिल्ली: विंध्याचल धाम के पुजारी का नोटों और गहनों से भरा थैला ट्रेन में छूट गया था, इस तरह वापस मिला

यात्रा के दौरान कई बार ऐसा होता है कि यात्री अपनी चीजें भूल जाते हैं। इस चक्कर में कई बार कीमती सामान भी छूट जाता है, जो किसी और के हाथ लग जाता है। हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी होते हैं, जो पैसा या कीमती सामान मिलने पर उसे लौटाने के लिए संपर्क करते हैं और इस तरह अपनी ईमानदारी की मिसाल पेश करते हैं। ऐसी ही एक घटना सामने आई जब संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट रणधीर कुमार सिंह ने अपनी ईमानदारी का उदाहरण पेश किया।

बी-4 कोच में मिला था बैग

दरअसल, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, जो राजेंद्र नगर से पटना के रास्ते चलकर नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंची थी। ट्रेन के बी-4 कोच में एक लावारिस बैग मिला, जो नोटों और गहनों से भरा हुआ था। रणधीर कुमार सिंह ने तुरंत अपनी जिम्मेदारी समझते हुए टीटीई (ट्रेन टिकट परीक्षक) को इस बैग के बारे में जानकारी दी। टीटीई साहब ने भी बिना समय गंवाए चार्ट चेक किया। जो यात्री बी-4 में सीट नंबर- 17/18 के आस-पास बैठे हुए थे उन सभी को फोन लगाया, तो पता चला कि यह बैग मिर्जापुर के रहने वाले यात्री राजन पाठक का है, जो अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यात्रा कर रहे थे।

यात्रा के दौरान परिवार के कई सदस्य थे, तो उनलोगों को पता नहीं चला कि कौन व्यक्ति कौन सा बैग लेकर उतरा है। ऐसे में कीमती सामान से भरा बैग ही रेलवे कोच में छूट गया था। बैग का पता चलने पर राजन पाठक आधे रास्ते से वापस स्टेशन लौटे। स्टेशन के अधिकारियों तक पहुंचे, जहां उनसे बैग में रखे सामानों के बारे में विस्तार से पूछताछ की गई।

रेलवे को धन्यवाद दिया

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अधिकारी जब संतुष्ट हो गए तो उन्होंने राजन पाठक को नोटों और गहनों से भरा बैग वापस कर दिया। विंध्याचल धाम के पुजारी राजन पाठक ने रेलवे के अधिकारियों और खासकर कोच अटेंडेंट रणधीर कुमार सिंह की ईमानदारी की सराहना की और बेहतर सेवा के लिए रेलवे को धन्यवाद दिया।

ब्रसेल्स:रूस को लेकर क्या कदम उठाने जा रहा है NATO? 30 देशों के रक्षा मंत्रियों की अहम बैठक मुख्यालय में बुलाई गई।

 यूक्रेन पर 3 साल से जारी युद्ध में लगातार हावी हो रहे रूस के खिलाफ अब नाटो ने बड़ा ऐक्शन प्लान तैयार किया है। नाटो रूस के खिलाफ बड़ी रणनीति तैयार करने का संकेत दिया है। इस बाद नाटो ने अपने मुख्यालय में 30 देशों के रक्षामंत्रियों की बड़ी बैठक बुलाई है। इसकी अगुवाई ब्रिटेन और फ्रांस कर रहे हैं, जिन्होंने बृहस्पतिवार को लगभग 30 देशों के रक्षा मंत्रियों की एक बैठक बुलाई है।

नाटो का कहना है कि बैठक का उद्देश्य रूस के साथ किसी भी भावी शांति समझौते की निगरानी के लिए, यूक्रेन में सेना तैनात करने की योजना पर चर्चा करना है। उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) मुख्यालय में होने वाली यह बैठक तथाकथित गठबंधन में शामिल देशों के रक्षा मंत्रियों की पहली बैठक होगी। पिछले सप्ताह वरिष्ठ ब्रिटिश और फ्रांसीसी सैन्य अधिकारियों ने कीव की यात्रा की थी, जिसके बाद यह बैठक बुलाई गई है। उम्मीद है कि इसमें नेताओं के बीच पहले हुई बैठक में हुए समझौते को मूर्त रूप देने पर काम किया जाएगा।

बैठक में कुल होंगे 50 देश शामिल, अमेरिका रहेगा अनुपस्थित

अमेरिका इस बैठक में भाग नहीं लेगा। शुक्रवार को, यूक्रेन के लिए सैन्य समर्थन जुटाने के लिए लगभग 50 देशों के प्रतिनिधि नाटो मुख्यालय में एकत्रित होंगे। इस बैठक की अध्यक्षता ब्रिटेन और जर्मनी करेंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के इसमें भाग लेने की उम्मीद नहीं है। यूक्रेन सरकार के अधिकारियों और सैन्य विश्लेषकों ने कहा है कि रूसी सेनाएं कीव पर दबाव बढ़ाने और युद्ध विराम वार्ता में क्रेमलिन की स्थिति को मजबूत करने के लिए आने वाले हफ्तों में यूक्रेन में एक नया सैन्य आक्रमण शुरू करने की तैयारी कर रही हैं।

लेटेस्ट बॉलीवुड न्यूज़ :तब्बू जल्द ही साउथ के सुपरस्टार के साथ नजर आएंगी, एक तस्वीर शेयर कर उन्होंने इस बारे में जानकारी दी है – जानिए पूरी डिटेल।

बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू उन चंद एक्ट्रेस में से हैं जिन्होंने भारत समेत हॉलीवुड में भी अपनी एक्टिंग का जलवा बिखेरा है। बॉलीवुड में दर्जनों फिल्मों में काम कर चुकीं एक्ट्रेस तब्बू अब जल्द ही साउथ की फिल्म में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में तब्बू के साथ साउथ स्टार विजय सेतुपति लीड रोल में नजर आने वाले हैं। फिल्म के मेकर्स ने गुरुवार को इसकी घोषणा कर दी है। गुरुवार 10 अप्रैल को मेकर्स ने फिल्म की स्टारकास्ट की फोटो शेयर की है। दोनों स्टार्स की मुलाकात की तस्वीर के साथ फिल्म का ऐलान किया गया है। एक चमकदार मुस्कान बिखेरते हुए तब्बू ने पुरी जगन्नाथ और चार्मी कौर के साथ पोज़ दिया। फिल्म निर्माता ने सोशल मीडिया पर एक दिल को छू लेने वाले परिचय के साथ अभिनेता का स्वागत किया।

प्रोजेक्ट्स को लेकर एक्साइटेड हैं फैन्स

फैन्स ने कमेंट सेक्शन में अपनी खुशी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, ‘हम दुनिया की सबसे खूबसूरत एक्ट्रेस तब्बू के साथ सबसे अद्भुत प्रोजेक्ट के लिए तैयार हैं।’ एक अन्य ने कहा, ‘ओजी मास्टरपीस लोड हो रहा है।’ तीसरे यूजर ने लिखा, ‘अच्छी कास्टिंग है।’ 30 मार्च को उगादी के अवसर पर पुरी जगन्नाथ ने विजय सेतुपति के साथ एक तस्वीर साझा की और अपनी नई फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि शूटिंग जून में शुरू होगी। इसकी तस्वीर शेयर करते हुए पुरी जगन्नाथ ने लिखा था, ‘उगादी के इस शुभ दिन पर एक सनसनीखेज सहयोग के साथ एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए डैशिंग डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ और पावरहाउस परफॉर्मर, मक्कलसेल्वन @VijaySethuOffl सभी भारतीय भाषाओं में एक मास्टरपीस के लिए एक साथ आए हैं।’

हॉलीवुड सीरीज में बिखेरा जलवा

बता दें कि तब्बू इससे पहले हॉलीवुड की सीरीज में अपनी एक्टिंग का जलवा दिखाते नजर आई थीं। अमेरिका के बड़े प्रोडक्शन हाउस एचबीओ की सीरीज ‘डून प्रोफेसी’ में तब्बू ने अहम किरदार निभाया था। इस किरदार के लिए तब्बू को काफी तारीफें भी मिली थीं। साथ ही हॉलीवुड के कई सितारों के साथ तब्बू की दोस्ती भी हो गई थी। इस सीरीज को भारत में भी काफी पसंद किया गया था। अब तब्बू हॉलीवुड के बाद साउथ की फिल्म में नजर आने वाली हैं।

नई दिल्ली:श्रीनगर से दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय पायलट की मृत्यु, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी किया है।

 एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक पायलट की बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर प्लेन उतारने के कुछ देर बाद स्वास्थ्य कारणों से मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक, पायलट ने श्रीनगर से उड़ान भरी थी और दिल्ली पहुंचने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनकी उम्र 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में लैंडिंग के बाद पायलट ने अस्वस्थ महसूस करने की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उनकी मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना से एयरलाइन समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।

‘परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं’

एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रवक्ता ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘हमें अपने एक मूल्यवान सहयोगी को स्वास्थ्य कारणों से खोने का गहरा दुख है। हम उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और इस नुकसान से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।’ प्रवक्ता ने बयान में निजता का सम्मान करने और अटकलों से बचने की अपील की। घटना की विस्तृत जानकारी अभी उपलब्ध नहीं हो सकी है। एयरलाइन ने कहा कि वे संबंधित अधिकारियों के साथ उचित प्रक्रिया में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं।

कोर्ट में पहुंचा था पायलटों के आराम का मामला

इस घटना ने विमानन क्षेत्र में पायलटों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत को फिर से रेखांकित किया है। बता दें कि फरवरी में दिल्ली हाई कोर्ट ने DGCA को निर्देश दिया था कि वह सभी पायलट के लिए ड्यूटी और आराम के घंटों के संशोधित मानदंडों को एक जुलाई से चरणबद्ध तरीके से लागू करने की अपनी समयसीमा का सख्ती से पालन करे। जस्टिस तारा वितस्ता गंजू को DGCA के वकील ने सूचित किया था कि उन्होंने एक हलफनामा दायर किया है जिसमें कहा गया है कि नागरिक उड्डयन आवश्यकता (CAR) के 22 संशोधित खंडों में से 15 को एक जुलाई 2025 से लागू किया जाएगा और शेष को एक नवंबर तक लागू किया जाएगा।

CAR के संशोधन से कैसे मिलेगी पायलटों को राहत?

बता दें कि Civil Aviation Requirement या CAR संशोधन पायलटों की थकान को कम करने और उड़ान सुरक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से लाए गए हैं। जनवरी 2024 में घोषित इन संशोधनों को शुरू में 1 जून 2024 से लागू करना था, लेकिन एयरलाइंस के विरोध और दिल्ली हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद इन्हें चरणबद्ध तरीके से 1 जुलाई 2025 से लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत इन बातों पर एक्शन लिया जाना है:

  1. साप्ताहिक आराम में वृद्धि: पायलटों का साप्ताहिक आराम 36 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया है। इसमें दो स्थानीय रातें (रात 10 बजे से सुबह 8 बजे के बीच का 8 घंटे का समय) शामिल होंगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक साप्ताहिक आराम की समाप्ति और अगले आराम की शुरुआत के बीच 168 घंटे से अधिक का अंतर न हो।
  2. रात की ड्यूटी में बदलाव: रात की ड्यूटी की परिभाषा को विस्तारित किया गया है। पहले यह मध्यरात्रि से सुबह 5 बजे तक थी, लेकिन अब इसे मध्यरात्रि से सुबह 6 बजे तक कर दिया गया है। यह बदलाव सर्कैडियन लो (02:00-06:00 बजे के बीच का समय, जब सतर्कता सबसे कम होती है) को ध्यान में रखकर किया गया है। रात के समय उड़ान ड्यूटी की अधिकतम अवधि 10 घंटे और उड़ान समय 8 घंटे तक सीमित कर दिया गया है। रात में लैंडिंग की संख्या को मौजूदा 6 से घटाकर 2 कर दिया गया है।
  3. लगातार रात की ड्यूटी पर प्रतिबंध: पायलटों को लगातार 2 से ज्यादा रात की ड्यूटी के लिए रोस्टर नहीं किया जा सकता। यह नियम थकान को कम करने और सर्कैडियन रिदम को रीसेट करने में मदद के लिए है।
  4. अल्ट्रा-लॉन्ग-हॉल उड़ानों के लिए एक्स्ट्रा आराम: लंबी दूरी की उड़ानों (जैसे अमेरिका से आने-जाने वाली) के लिए पायलटों को कम से कम 120 घंटे का आराम दिया जाएगा। अगर 2 लगातार रात की ड्यूटी शामिल हो, तो यह 144 घंटे तक बढ़ाया जा सकता है।
  5. थकान की निगरानी: एयरलाइंस को हर तिमाही में पायलटों से प्राप्त थकान की रिपोर्ट और उस पर की गई कार्रवाई का विश्लेषण DGCA को प्रस्तुत करना होगा। भविष्य में डेटा-आधारित थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली (Fatigue Risk Management System) को अपनाने की योजना भी है।
  6. रोस्टर प्रकाशन: एयरलाइंस को क्रू रोस्टर पहले से प्रकाशित करना होगा ताकि पायलट अपनी योजना बना सकें, हालांकि इसमें समयसीमा को स्पष्ट रूप से परिभाषित नहीं किया गया है।

ये सारे बदलाव पायलटों की मांगों (जैसे लगातार 2 रात की ड्यूटी खत्म करने की मांग) और एयरलाइंस की चिंताओं (जैसे 10-20% अधिक पायलटों की भर्ती और उड़ान रद्द होने का जोखिम) के बीच संतुलन बनाने का प्रयास हैं। हालांकि, पायलटों का कहना है कि ‘डेड-हेडिंग’ (गैर-उड़ान ड्यूटी) को ड्यूटी समय में शामिल करने जैसी कुछ मांगें अभी भी अनसुनी रह गई हैं।