Home Blog Page 600

पहलगाम में हुआ आतंकी हमला इजरायल पर हमास के हमले जैसा है: किसने कहा जानिए पूरी बात

नई दिल्ली: भारत में इजरायल के राजदूत रियुवेन अजार ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की तुलना सात अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हमास के हमले से की है। इजरायल में भी हमास के आतंकियों ने आम नागरिकों को निशाना बनाया था। उन्होंने दोनों देशों में हुए हमलों को लेकर समानताएं भी बताईं। अजार ने आतंकवादी समूहों के बीच बढ़ते समन्वय को लेकर आगाह भी किया।

‘निहत्थे नागरिकों को बनाया गया निशाना’

इजरायल में हमास की ओर से किए गए आतंरी हमले में 1,100 से अधिक लोगों की मौत के मामले का जिक्र करते हुए अजार ने दोनों मामलों में निहत्थे नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाए जाने की ओर इशारा किया। उनकी यह टिप्पणी मंगलवार दोपहर को दक्षिण कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले को लेकर आई है, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर अन्य राज्यों से आए पर्यटक थे।

निर्दोष लोगों को बनाया गया निशाना

अजार ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ‘‘दुर्भाग्य से, हमें यह स्वीकार करना होगा कि ये आतंकवादी समूह एक-दूसरे को प्रेरित कर रहे हैं। पहलगाम हमले और सात अक्टूबर (2023) को इजरायल में जो हुआ, उसके बीच समानताएं हैं। निर्दोष पर्यटक पहलगाम में अपनी छुट्टियों का आनंद ले रहे थे, जबकि इजरायल में लोग एक संगीत समारोह का लुत्फ उठा रहे थे।’’

जैश के गुर्गों से मिले थे हमास के नेता

इजरायल के राजदूत ने पहलगाम हमले के समय को हमास नेताओं की हाल की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की यात्रा से भी जोड़ा। हमास के नेताओं ने यहां कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद के गुर्गों और कुछ अन्य लोगों से मुलाकात की थी, जिससे संभावित समन्वय का संकेत मिलता है।

RCB vs RR IPL 2025: RCB की जीत का श्रेय कप्तान रजत पाटीदार ने इन्हें दिया, मुस्कुराते हुए कही ये खास बात

 आरसीबी की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 11 रनों से पटखनी दी है और जीत के साथ बहुत ही जोर से प्लेऑफ का दरवाजा खटखटाया है। खास बात ये रही है कि मौजूदा सीजन में आरसीबी ने अपने होम ग्राउंड पर पहली जीत दर्ज की है। आरसीबी के लिए मैच में विराट कोहली, देवदत्त पड्डीक्कल ने अर्धशतक लगाए। वहीं, जोश हेजलवुड ने चार विकेट हासिल किए। कप्तान रजत पाटीदार ने भी मैच के बाद गेंदबाजों के प्रदर्शन की तारीफ की है।

पाटीदार ने गेंदबाजों के लिए खोला दिल

आरसीबी की जीत के बाद रजत पाटीदार ने कहा कि यह जीत हमारे लिए बहुत जरूरी थी। पिच वैसी नहीं थी जिसकी उम्मीद की थी। पर जीत का पूरा श्रेय गेंदबाजों को जाता है। उन्होंने 10वें ओवर के बाद जिस तरह से गेंदबाजी की वो काबिले तारीफ थी। उन्होंने जो जज्बा दिखाया, वो शानदार था। मुझे लगता है कि राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों ने शुरू में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।

होम ग्राउंड में दर्ज की पहली जीत

रजत पाटीदार ने कहा कि हमें लग रहा था कि मामला करीबी होगा लेकिन हम विकेट की कोशिश में थे और गेंदबाजों ने विकेट दिलाकर वापसी कराई। मैच में जब आपको विकेट मिलते हैं, तभी आप रन रोक सकते हैं। हमारे पास बेहतरीन लीडर्स की टीम है और उनके इनपुट बहुत काम आते हैं। मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले आरसीबी की टीम ने अपने होम ग्राउंड बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीन मुकाबले हारे थे। यह उसकी पहली जीत है। यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी टीम ने चिन्नास्वामी में जीतने का कोड आखिरकार क्रैक कर लिया है। इस पर उन्होंने हंसते हुए कहा कि हां।

आरसीबी ने हासिल की जीत

आरसीबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 205 रनों का स्कोर बनाया। टीम के लिए विराट कोहली, देवदत्त पड्डीक्कल ने अर्धशतक लगाए। कोहली ने 70 रन और देवदत्त ने 50 रनों का योगदान दिया। फिल साल्ट और टिम डेविड ने अच्छी बल्लेबाजी की। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने ही 4.2 ओवर्स में मिलकर 52 रन बना लिए। यशस्वी ने 19 गेंदों में ही 49 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने 47 रनों का योगदान दिया, लेकिन ये प्लेयर्स टीम को जीत नहीं दिला पाए।

IPL 2025 Playoffs Race: क्या इन 3 टीमों ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है? राजस्थान रॉयल्स के लिए लगभग बंद हो चुके हैं मौके

आरसीबी की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को करीबी मुकाबले में 11 रनों से हराकर प्लेऑफ की तरफ अपने कदम बढ़ा दिए हैं। इसी के साथ प्लेऑफ की रेस बहुत ही रोमांचक हो गई है। अब आईपीएल 2025 के प्लेऑफ की रेस में 6 टीमें शामिल हैं, जिनमें से तीन टीमों के तो 12-12 अंक हैं। वहीं हार के साथ राजस्थान रॉयल्स के लिए प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं।

पहले नंबर पर है गुजरात टाइटंस की टीम

आईपीएल 2025 की प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर गुजरात टाइटंस की टीम मौजूद है। टीम ने अभी तक कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 6 में जीत दर्ज की है और सिर्फ 2 मैच हारे हैं। उसका नेट रन रेट प्लस 1.104 है। उसके इस समय 12 अंक हैं।

दिल्ली कैपिटल्स की टीम की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। उसने भी तक 6 मुकाबले जीते हैं और 12 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 0.657 है। तीसरे नंबर पर आरसीबी की टीम है। उसने अभी तक 9 मैच खेल लिए हैं और 6 में जीत हासिल की है। 12 अंकों के साथ उसका नेट रन रेट प्लस 0.482 है।

3 टीमों का प्लेऑफ में पहुंचने का सबसे ज्यादा चांस

दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस और आरसीबी तीनों टीमों के 12-12 अंक हैं और उनका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय है, क्योंकि दिल्ली और गुजरात दोनों टीमों के 6-6 मैच बचे हुए हैं, जिसमें से प्लेऑफ का टिकट कन्फर्म करने के लिए इन्हें बस तीन-तीन मैच और जीतने हैं। दूसरी तरफ आरसीबी के पांच मैच बचे हुए हैं, जिसमें से तीन जीतने पर उसका काम बन सकता है। इन टीमों के गेंदबाज और बल्लेबाज शानदार फॉर्म में चल रहे हैं।

रेस में ये टीमें भी हैं शामिल

वहीं प्लेऑफ की रेस में मुंबई इंडियंस (+0.673 नेट रन रेट), पंजाब किंग्स (+0.177 नेट रन रेट) और लखनऊ सुपर जायंट्स (-0.054 नेट रन रेट) की टीमें भी शामिल हैं। तीनों टीमों के 10-10 अंक हैं। मुंबई और लखनऊ के 9-9 मैच हो चुके हैं। वहीं पंजाब ने अभी तक 8 मुकाबले ही खेले हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए लगभग बंद हो चुके दरवाजे

मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अभी तक कुल 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 2 में जीत हासिल की है और उसने 7 मैच हारे हैं। चार अंकों के साथ उसका नेट रन नेट माइनस 0.625 है। वह प्वाइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर मौजूद है। राजस्थान के अभी 5 मुकाबले बचे हुए हैं। अगर वह ये सभी पांच मैच भी जीत जाने में सफल हो जाती है, तो उसके सीजन के लीग स्टेज खत्म होने के बाद कुल 14 अंक होंगे और 14 अंकों के साथ किसी भी टीम का प्लेऑफ में पहुंचना इतना आसान नहीं है। उसे दूसरी टीमों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। अब अगर राजस्थान की टीम यहां से प्लेऑफ में पहुंचती है, तो ये किसी करिश्मे से कम नहीं होगा।

पहलगाम हमले पर संवेदना जताते हुए सारा अली खान ने कर दी ऐसी हरकत, लोगों ने किया ट्रोल – ‘डबल बेवकूफ हो क्या?’

22 अप्रैल का दिन भारत के इतिहास में काले दिन के तौर पर दर्ज हो गया है। पहलगाम में हुए भयानक आतंकवादी हमले ने आम लोगों से लेकर बॉलीवुड सितारों को झगझोर कर रख दिया है। इस आतंकी हमले की लगातार निंदा की जा रही है। इसमें 26 मासूम लोगों की जान चली गई। तमाम बॉलीवुड सितारों की तरह ही बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान ने भी हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना जाहिर की, लेकिन ऐसा करना उन पर भारी पड़ गया। एक ओर वो इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दे रही थीं, दूसरी ओर एक गलती कर बैठीं, जिसे देखने के बाद लोग अब उन्हें जमकर ट्रोल करने लगे हैं। कई लोगों ने उनकी हरकत को मूर्खतापूर्ण बताया है।

सारा अली खान का पोस्ट

हमले के लगभग दो दिन बाद सारा ने पहलगाम हमले पर प्रतिक्रिया दी और इसके लिए उन्होंने एक खास तस्वीर को चुना। सामने आई तस्वीर में वो खुद घाटी में खड़ी नजर आ रही हैं। इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसे पोस्ट किया और शांति और न्याय के लिए प्रार्थना की। हालांकि कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने अभिनेत्री के इस पोस्ट के लिए उन्हें फटकार लगाई। सारा ने इसे साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘इस बर्बर क्रूरता से दिल टूट गया, स्तब्ध और भयभीत हूं। धरती पर हमारा स्वर्ग – एक ऐसी जगह है जो देखने शांतिपूर्ण और सुंदर लगता है। शांति और न्याय के लिए प्रार्थना कर रही हूं।’ तस्वीर में एक्ट्रेस मरून आउटफिट में ट्रैक करती नजर आ रही हैं। नदी के बगल खड़ी एक्ट्रेस पोज देती नजर आ रही है।

लोगों की प्रतिक्रिया

सारा का इरादा भले ही दुख और एकजुटता व्यक्त करना रहा हो, लेकिन कश्मीर में अपनी छुट्टियों की तस्वीर का उपयोग करने का दृश्य चुनना उनके लिए भारी पड़ गया है। यहां तक ​​कि तस्वीर का एक कैप्शन भी सोशल मीडिया यूजर्स के एक वर्ग को पसंद नहीं आया। कई लोगों का कहना है कि ये मौका ऐसा नहीं था कि इसमें भी खुद फ्लॉन्ट किया जाए। इसके साथ ही कुछ लोगों का कहना था कि लोग उनसे ट्रेवल टिप नहीं मांग रहे, ऐसे में उन्हें थोड़ा संवेदनशील रहना चाहिए। कई लोगों ने सीधे ही उनके इस कदम को मूर्खतापूर्ण बता दिया है। एक शख्स ने लिखा, ‘दो दिन बाद जागी हैं, वो भी ऐसी हरकत करने के लिए।’ एक शख्स ने लिखा, ‘ऐसे मौके पर शो ऑफ जरूरी नहीं हैं, आप असंवेदनशील लग रही हैं सारा।’ वहीं एक शख्स ने लिखा, ‘ये असंवेदशील हरकत कोई मूर्ख ही कर सकता है।’ एक शख्स ने लिखा, ‘ये मौका तलाश रही थीं कि कब अपनी अनदेखी थ्रोबैक तस्वीर पोस्ट करें।’ वहीं इस पर रिएक्ट करते हुए एक शख्स ने लिखा, ‘डबल मूर्ख हो क्या।’

इस फिल्म में आई थीं नजर

बता दें, इस साल की शुरुआत में ही सारा अली खान अक्षय कुमार की फिल्म ‘स्काई फोर्स’ में नजर आईं। फिल्म में उनका काम लोगों को खासा पसंद नहीं आया था। अब सारा जल्द ही कई और प्रोजेक्ट्स में आने की तैयारी में हैं। फिलहाल उनके हालिया प्रोजेक्ट को लेकर कोई ऐलान नहीं हुआ है। इस बीच सारा अली खान सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव हैं।

लेटेस्ट स्पोर्टस न्यूज़: राजस्थान रॉयल्स के पास अब भी है मौका, 14 अंकों पर पहुंचकर कई टीमें कर चुकी हैं प्लेऑफ में क्वालिफ़ाई

आईपीएल 2025 राजस्थान रॉयल्स के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। सीजन के शुरुआत में ही टीम के नियमित कप्तान संजू सैमसन पूरी तरह से फिट नहीं होने की वजह से इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेले, तब कप्तानी की जिम्मेदारी रियान पराग ने संभाली। इसके बाद संजू ने कप्तान के तौर पर वापसी की। फिर भी टीम की किस्मत नहीं बदल सकी। अब टीम 7 मैच हार चुकी है, लेकिन उसके प्लेऑफ में पहुंचने की हल्की उम्मीद बची हुई है।

प्वाइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर है राजस्थान रॉयल्स की टीम

आईपीएल के मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने अभी तक कुल 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से 2 में जीत दर्ज की है और 7 मैच हारे हैं। चार अंकों के साथ उसका नेट रन रेट माइनस 0.625 है।  वह प्वाइंट्स टेबल में 8वें नंबर पर मौजूद है। टीम लगातार पांच मुकाबले हार चुकी है और इसी वजह से वह प्वाइंट्स टेबल में नीचे खिसक गई।

14 अंकों के साथ प्लेऑफ में कैसे पहुंच सकती है राजस्थान रॉयल्स की टीम?

अभी भी राजस्थान रॉयल्स की टीम मौजूदा सीजन से बाहर नहीं हुई है। टीम के मौजूदा सीजन में अभी पांच मुकाबले बचे हुए हैं। अगर उसे प्लेऑफ में पहुंचना है, तो उसे ये पांचों मैच हर हाल में जीतने में होंगे और नेट रन रेट बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा। तभी उसके 14 अंक हो पाएंगे। 14 अंक होने पर भी इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि राजस्थान प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर जाएगी। उसे यह दुआ भी करनी होगी कि लीग स्टेज के अंत में कोई भी टीम 16 अंकों तक ना पहुंचे। अगर उसका नेट रन रेट अच्छा रहता है, फिर उसके लिए एक चांस जरूर बन सकता है। लेकिन ऐसा होना किसी अजूबे से कम नहीं होगा।

आईपीएल की शुरुआत साल 2008 से ही हुई थी, तब से लेकर अब तक कुल 10 टीमें 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में एंट्री कर चुकी हैं। डेक्कन चार्जर्स की टीम ने साल 2009 में और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने साल 2010 में 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंचने के साथ ही खिताब भी जीता था।

दोहरा सकती है आरसीबी जैसा करिश्मा

साल 2022 से ही आईपीएल में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इससे पहले आईपीएल में कुल 8 टीमें खेलती थीं, जब से आईपीएल में 10 टीमों ने हिस्सा लिया है, तब से सिर्फ एक बार ही ऐसा हुआ है कि कोई टीम 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंची है। आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2024 में 14 अंकों के साथ प्लेऑफ में एंट्री मारी थी। अब राजस्थान रॉयल्स के पास आरसीबी जैसा ही करिश्मा दोहराने का मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें किस्मत की भी आवश्यकता होगी।