Home Blog Page 563

‘भारत-पाकिस्तान को शुरू करनी चाहिए बातचीत’, शहबाज शरीफ ने दिया शांतिपूर्ण संबंधों का संदेश

भारत और पाकिस्तान के बीच फिलहाल सीजफायर है। इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार की रात कहा कि पाकिस्तान और भारत को शांतिपूर्ण पड़ोसियों की तरह बातचीत की मेज पर बैठकर कश्मीर सहित अन्य लंबित मुद्दों का समाधान निकालना चाहिए। बता दें कि बीते दिनों पाकिस्तान ने अपनी सेना के सम्मान में यौम ए तशक्कुर यानी धन्यवाद दिवस मनाया। इसी दौरान संबोधित करते हुए शहबाज शरीफ ने कहा कि भारत और पाकिस्तान ने तीन युद्ध लड़ें लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ है। शहबाज शरीफ ने इस दौरान कहा कि दोनों देशों को पड़ोसी की तरह बातचीत के मेज पर बैठकर कश्मीर सहित अन्य विवादित मुद्दों को सुलझाना चाहिए।

शहबाज शरीफ ने की बातचीत की पहल

उन्होंने कहा, ‘इन मुद्दों के समाधान के बिना हम दुनिया के इस हिस्से में शांति नहीं ला सकते।’ हालांकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार द्वारा पहले ही कहा जा चुका है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की वापसी और आतंकवाद के ही मुद्दों पर बात होगी। इसके अलावा अन्य किसी मुद्दे पर बातचीत पाकिस्तान के साथ नहीं होगी।’ शहबाज शरीफ ने कहा, ‘अगर शांति होती है तो हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भी भारत का सहयोग कर सकते हैं।’ इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ मुख्य अतिथि थे, जिसमें शीर्ष सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। बता दें कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ बीते दिनों ऑपरेशन सिंदूर चलाया था।

घुटनों पर आया पाकिस्तान

बता दें कि 7 मई को भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान और पीओके में छिपे 9 आतंकवादी ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया था। इस हमले में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर ड्रोन और मिसाइल से हमला किया। इन सभी हमलों को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही तबाह कर दिया। इसके बाद भारतीय सेना ने कार्रवाई शुरू की और एक के बाद एक किए गए कई मिसाइल हमलों में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई एयरबेस और एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया, जिसके बाद घुटने पर पाकिस्तान आ गया और उसने भारत को सीजफायर का प्रस्ताव दिया। इस प्रस्ताव पर फिलहाल सहमति बन गई है। लेकिन भारत सरकार साफ कर चुकी है कि केवल आतंकवाद और पीओके के मामले पर ही बातचीत होगी।

IPL टीम के मालिक ने तिरुपति बालाजी मंदिर में चढ़ाया करोड़ों का सोना, जानिए इसकी कुल कीमत क्या है

तिरुपति: कहते हैं कि श्रद्धा का कोई मोल नहीं और जब कोई श्रद्धालु अपने भगवान पर विश्वास करता है तो अपना सब कुछ न्यौछावर करने के लिए तैयार रहता है। कोलकाता के एक श्रद्धालु ने अपने भगवान को करोड़ों के स्वर्ण आभूषण दान किए हैं। इस दानवीर की मंदिर परिसर में काफी चर्चा हो रही है। ये दानवीर कोई और नहीं बल्कि IPL 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका हैं। इस सीजन में LSG की टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। टीम 11 मैचों में केवल 5 में ही जीत दर्ज कर पाई है, जबकि 6 में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

संजीव गोयनका ने शुक्रवार को भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में 3.63 करोड़ रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण दान किए हैं। उन्होने 5.2 किलोग्राम हीरे और रत्न जड़ित आभूषण दान किए हैं, जिनकी कीमत 3.63 करोड़ रुपये है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर मंदिर में दर्शन की फोटोज भी शेयर की हैं।

गौरतलब है कि भगवान वेंकटेश्वर मंदिर आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में स्थित है और इसे तिरुपति बालाजी मंदिर भी कहा जाता है। ये भगवान विष्णु के अवतार, वेंकटेश्वर को समर्पित है और भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। यह मंदिर आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में तिरुमाला की पहाड़ियों पर स्थित है।

इस मंदिर में हर साल लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ होती है और लोग अपनी आस्था को प्रदर्शित करते हुए मंदिर को दान करते हैं। मंदिर में तिरुपति लड्डू प्रसाद बहुत प्रसिद्ध है और भक्तों को दिया जाता है। मंदिर का संचालन तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) द्वारा किया जाता है, जो आंध्र प्रदेश सरकार के अधीन है।

मंदिर प्रबंधन की ओर से सामने आया बयान

मंदिर प्रबंधन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘शुक्रवार को तिरुमाला में श्री वेंकटेश्वर स्वामी को स्वर्ण आभूषण चढाए गए। आभूषण तिरुमाला के रंगनायकुला मंडपम में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी वेंकैया चौधरी को सौंप दिए गए।’

33 साल के ऑलराउंडर को मिली कप्तानी की कमान,दो साल पहले खेला था आखिरी टेस्ट मैच

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम आयरलैंड पहुंच चुकी है और 21 मई से 3 मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। वनडे सीरीज के आगाज से पहले वेस्टइंडीज क्रिकेट की ओर से बड़ी खबर आई है। वेस्टइंडीज को नया टेस्ट कप्तान मिल गया है। रोस्टन चेस को वेस्टइंडीज का नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया है। रोस्टन जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टेस्ट कप्तानी करते नजर आएंगे। 33 साल के चेस सलामी बल्लेबाज क्रेग ब्रैथवेट की जगह लेंगे, जिन्होंने 39 मैचों तक टेस्ट टीम की कमान संभालने के बाद मार्च में टेस्ट कप्तानी छोड़ दी थी। क्रेग ब्रैथवेट की कप्तानी में वेस्टइंडीज को 10 टेस्ट में जीत मिली जबकि 22 में हार का सामना करना पड़ा और 7 मैच ड्रॉ रहे।

बता दें, अगले महीने ऑस्ट्रेलिया की टीम वेस्टइंडीज का दौरा करेगी और 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप साइकिल की पहली सीरीज होगी। टेस्ट सीरीज का 25 मई से बारबाडोस में आगाज होगा, जो कप्तान के रूप में ऑलराउंडर रोस्टन चेज का पहला टेस्ट और उनके करियर का 50वां टेस्ट होगा।

2 साल पहले खेला था आखिरी टेस्ट

आपको जानकर हैरानी होगी कि उन्होंने अपना 49वां टेस्ट जोहान्सबर्ग में साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो साल से भी अधिक समय पहले खेला था। तब से वेस्टइंडीज की टीम 13 टेस्ट मैच खेल चुकी है। साल 2016 में डेब्यू करने वाले रोस्टन चेस ने 26.33 की औसत से 2265 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक शामिल हैं। साथ ही उन्होंने 85 विकेट अपने नाम किए हैं। चेस ने इससे पहले एक वनडे और एक T20 मैच में वेस्टइंडीज का नेतृत्व किया है। टेस्ट में कप्तानी संभालते ही चेज को ऑस्ट्रेलिया की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन उपकप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

हेड कोच ने दिया सपोर्ट

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने कप्तान का ऐलान करते हुए कहा कि चेस को एक विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद शॉर्टलिस्ट 6 लोगों में से चुना गया,  जिसमें साइकोमेट्रिक टेस्ट शामिल था। इंटरव्यू में शामिल अन्य उम्मीदवारों में जॉन कैम्पबेल, टेविन इमलाच, जोशुआ दा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स और वारिकन शामिल थे। वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरन सैमी ने चेस के नए टेस्ट कप्तान बनने पर कहा कि वह इस नियुक्ति के सपोर्ट में हैं। नए कप्तान ने अपने साथियों का सम्मान हासिल किया है, वह टेस्ट कप्तान की जिम्मेदारी को समझते हैं।

लंदन:किसान के बेटे ने ब्रिटेन में रचा इतिहास, मिर्जापुर के राज मिश्रा बने वेलिंगबोरो शहर के मेयर

 उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के एक किसान के बेटे को ब्रिटेन के वेलिंगबोरो शहर का नया मेयर चुना गया है। वेलिंगबोरो ब्रिटेन के ईस्ट मिडलैंड्स क्षेत्र में स्थित है। उन्हें इस महीने की शुरुआत में स्थानीय नगर पार्षद चुना गया था। राज मिश्रा (37) छह मई को हुए स्थानीय चुनाव में शहर के विक्टोरिया वार्ड से निर्वाचित हुए थे और मंगलवार को नगर परिषद की वार्षिक बैठक में वेलिंगबोरो के पांचवें मेयर चुने गए।

मिर्जापुर में खुशी की लहर

राज के मेयर चुने जाने की खबर से मिर्जापुर में उनके मित्रों और परिवार के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। मिश्रा ने एक बयान में कहा, “वेलिंगबोरो के मेयर के रूप में सेवा करना सम्मान की बात है। मैं एक जीवंत, समावेशी और समृद्ध समुदाय के लिए सभी निवासियों के साथ मिलकर काम करने की खातिर प्रतिबद्ध हूं। हम सब मिलकर अपने शहर के लिए एक उज्जवल भविष्य का निर्माण करेंगे।”

राज मिश्रा के बारे में जानें

राज मिश्रा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के भटेवरा गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता मुन्ना लाल मिश्रा किसान हैं राज 9 भाइयों और बहनों में छठे नंबर पर हैं। राजकुमार की शादी प्रतापगढ़ की रहने वाली अभिषेकता मिश्रा से हुई है, उनकी पत्नी इंजीनियर है, उनके 2 बच्चे हैं।

पढ़ाई करने गए थे लंदन 

राज मिश्रा 6 साल पहले एमटेक की पढ़ाई करने लंदन गए थे। वहां उन्होंने ना केवल पढ़ाई पूरी की बल्कि राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। अब राज को वेलिंगबोरो शहर का नया मेयर चुना गया है।

नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में किया ऐतिहासिक प्रदर्शन, करियर में पहली बार पार की 90 मीटर की दूरी

दोहा डायमंड लीग में हिस्सा ले रहे नीरज चोपड़ा ने 16 मई को एक शानदार उपलब्धि हासिल की। उन्होंने जैवलिन थ्रो में अपने करियर में पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया। नीरज ने तीसरे प्रयास में 90.23 मीटर का थ्रो किया। नीरज पिछले काफी समय से 90 मीटर का थ्रो फेंकने की कोशिश कर रहे थे और दोहा डायमंड लीग में उन्होंने यह बाधा भी पार कर ली। यह नीरज के करियर का बेस्ट थ्रो है। इससे पहले जब नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता था तब भी वह 90 मीटर का थ्रो नहीं फेंक पाए थे।

दूसरे नंबर पर रहे नीरज चोपड़ा

इससे पहले नीरज का करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर था जो उन्होंने 2022 स्टॉकहोम डायमंड लीग में बनाया था। आपको बता दें कि पांच राउंड खत्म होने के बाद नीरज चोपड़ा दूसरे नंबर पर रहे। डायमंड लीग के दोहा चरण में जर्मनी के जूलियन वेबर नंबर एक पर रहे। उन्होंने पांचवें एटेम्पट में 91.06 मीटर का थ्रो फेंका।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज सबसे पहले थ्रो करने आए और उन्होंने पहले ही प्रयास में 88.44 मीटर का थ्रो फेंका। वहीं, उनके प्रतिद्वंद्वी एंडरसन पीटर्स ने पहले प्रयास में 85.64 मीटर, जूलियन वेबर ने 83.82 मीटर और जूलियस येगो ने 68.81 मीटर का थ्रो किया। वहीं, भारत के एक अन्य भालाफेंक एथलीट किशोर जेना ने पहले प्रयास में 68.07 मीटर के थ्रो फेंका था।

ऐसा करने वाले तीसरे एशियाई खिलाड़ी बने नीरज चोपड़ा

आपको बता दें कि, जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा 90 मीटर का थ्रो करने वाले दुनिया के 25वें और एशिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। ओलंपिक में दो मेडल जीत चुके नीरज चोपड़ा के मौजूदा कोच चेक रिपब्लिक के जान जेलेंजी 90 मीटर से अधिक का थ्रो फेंकने वाले भालाफेंक खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर हैं। ओलंपिक चैम्पियन पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97) और चीनी ताइपै के चाओ सुन चेंग (91.36) ही एशिया के दो अन्य खिलाड़ी हैं, जिन्होंने अब तक जैवलिन थ्रो में 90 मीटर का थ्रो फेंका है।