Home Blog Page 490

Early Signs Of kidney Damage: बिस्तर पर जाते ही अगर दिखें ये लक्षण, तो तुरंत डॉक्टर से करें संपर्क – वरना किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान

 किडनी हमारे शरीर के सबसे जरूरी अंगों में से एक है. यह शरीर के लिए कई जरूरी काम करती है, जैसे कि वेस्ट प्रोडक्ट्स को बाहर निकालना, बॉडी फ्लूड बैलेंस और ब्लड फिल्टर करने का काम. यही कारण है कि किडनी को हेल्दी रखने के लिए तरह-तरह के नियम अपनाए जाते हैं, ताकि इंसान का शरीर सही से काम करता रहे. कभी-कभी हम इस पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं, हमें लगता है कि इससे क्या ही असर पड़ेगा. लेकिन हमारी लाइफस्टाइल से जुड़ी छोटी-बड़ी चीजों से इस पर फर्क पड़ता है. चलिए जानते हैं कि इसे खराब होने के कौन से लक्षण दिखाई देते हैं.

कैसे पता करें कि किडनी खराब हो रहा है या नहीं?

किडनी में छोटे-छोटे फिल्टरिंग यूनिट्स नेफ्रॉन होते हैं. जब ये सही से काम नहीं करते हैं, तो किडनी सही से काम करना बंद कर देती है. इसको मेडिकल टर्म में नेफ्रोसिस के नाम से जाना जाता है. यह एक तरह से टर्म है, जो किडनी के डैमेज होने के लिए यूज किया जाता है. यह कोई बीमारी तो नहीं है, लेकिन अगर इस पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो इससे आपको बाद में काफी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ता है. इसके कुछ कारण पहले से ही दिखने लगते हैं, चलिए उनके बारे में आपको बताते हैं.

क्या-क्या होते हैं लक्षण?

Cleveland Clinic के अनुसार, बिस्तर पर ही इसके कुछ लक्षण दिखाई देने लगते हैं, जिसमें सबसे पहले आता है यूरिन में ज्यादा प्रोटीन आना. इसको सबसे अहम लक्षण माना जाता है, जिसके अंदर आप जब यूरिन करते हैं, तो इसमें नॉर्मल से ज्यादा मात्रा में प्रोटीन निकलता है और इसके चलते यूरिन झागदार दिखाई देता है. दूसरा सबसे बड़ा जो कारण है वह है ब्लड में प्रोटीन की कमी का होना. इस लक्षण के पीछे जो कारण होता है वह पहले कारण से लिंक है, यूरिन में ज्यादा प्रोटीन निकल जाने से ब्लड में प्रोटीन की मात्रा ज्यादा नहीं बचती है.

तीसरा कारण थकान और कमजोरी का होना है. शरीर में प्रोटीन और एनर्जी का पर्याप्त मात्रा में न होने से इंसान को जल्दी थकान की दिक्कत होने लगती है. भूख न लगना और शरीर में सूजन भी इसके लक्षण हो सकते हैं. इनके अलावा कई बार ऐसे भी लक्षण दिखते हैं कि आपको यूरिन कम लगने लगती है, बीपी आपका अचानक बढ़ने लगता है और कुछ मामलों में तो आपके यूरिन से ब्लड निकलने की भी समस्या होने लगती है. अगर आपको भी इनमें से कोई दिक्कत है, तो तत्काल डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए, जिससे सही समय पर उचित इलाज किया जा सके.

Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

राम कथा में डॉ. राजेश्वर सिंह का संदेश – धर्म सर्वोपरि, समरसता ही सनातन की आत्मा, प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित सरोजनीनगर -विधायक बोले, रामराज्य व्यवस्था ही आदर्श शासन का प्रतीक

लखनऊ : सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सोमवार को शेखपुर तरेहा स्थित मातोश्री लॉन में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीराम कथा में सहभागिता की। यह आयोजन वरिष्ठ समाजसेविका रंजना मिश्रा द्वारा कराया गया था, जिसमें कथा व्यास स्वामी सुधीरानंद जी महाराज के दिव्य वचनों से सैकड़ों श्रद्धालु भावविभोर हुए।

कथा स्थल पर पहुँचकर विधायक ने महाराज जी का आशीर्वाद लिया और राम भक्ति में लीन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा-

“प्रभु श्रीराम समरसता, समानता और सामाजिक एकता के साकार स्वरूप हैं। उन्होंने शबरी के जूठे बेर खाकर भक्ति का सम्मान किया, निषादराज को मित्र बनाकर समानता का आदर्श दिया और सुग्रीव के संग सहयोग का मार्ग प्रशस्त किया।”

धर्म सर्वोपरि और समरसता ही सनातन की आत्मा

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज समाज जाति, भाषा और मतों के विभाजन से जूझ रहा है, ऐसे में श्रीराम का जीवन संदेश देता है कि धर्म सर्वोपरि है और समरसता ही सनातन की आत्मा।
उन्होंने कहा-

“रामराज्य केवल एक राजनीतिक व्यवस्था नहीं, बल्कि ऐसी जीवन प्रणाली थी जहाँ न्याय, समानता, संवेदना और सेवा का समावेश था। यही मेरे कार्य का मूल सिद्धांत है।”

डॉ. सिंह ने श्रीराम कथा जैसे आयोजनों को समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता के वाहक बताया और आयोजकों को बधाई दी।

भक्ति से विकास तक – रामरथ यात्रा और मंदिर सौंदर्यीकरण का अभियान

विधायक ने बताया कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरित होकर सरोजनीनगर में “रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा” का अभियान पिछले तीन वर्षों से निरंतर चल रहा है।
अब तक 49 यात्राएँ पूर्ण हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम के दर्शन कराने का सौभाग्य मिला है।

यह यात्रा मुख्य रूप से उन वृद्धजनों और मातृशक्ति को समर्पित है जो आर्थिक या शारीरिक कारणों से स्वयं यात्रा करने में असमर्थ हैं।

डॉ. सिंह ने कहा-

“वृद्धजनों के चेहरे की मुस्कान और उनका आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। रामरथ यात्रा केवल दर्शन नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम है।”

मंदिरों का सौंदर्यीकरण – भक्ति और विकास का संगम

डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि अब तक 160 से अधिक मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया जा चुका है।
उन्होंने कहा –

  • ₹1.5 करोड़ से झाडेश्वर महादेव मंदिर,
  • ₹5.3 करोड़ से रेतेश्वर महादेव मंदिर, तथा
  • ₹1 करोड़ से जल साईंनाथ मंदिर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि –

“भक्ति केवल पूजा नहीं, बल्कि सेवा का भाव है।
जब आस्था और विकास एक साथ चलते हैं, तभी सच्चे अर्थों में ‘रामराज्य’ साकार होता है।”

घुरघुरी तालाब का होगा सौंदर्यीकरण – पर्यावरण संरक्षण की दिशा में पहल

काकोरी ब्लॉक स्थित घुरघुरी तालाब का शीघ्र ही सौंदर्यीकरण, सफाई और जीर्णोद्धार कराया जाएगा।
डॉ. सिंह ने क्षेत्रीय कार्यक्रमों के दौरान तालाब का निरीक्षण किया और कहा –

“तालाब केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन, संस्कृति और पर्यावरण संतुलन का आधार हैं। इन्हें सहेजना हम सबका सामूहिक दायित्व है।”

उन्होंने तालाब परिसर में बेंचों की स्थापना, हरियाली विस्तार और प्रकाश व्यवस्था सुधार के निर्देश भी दिए।

युवाओं को सम्मान और जनता से संवाद – विकास का मानवीय चेहरा

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने बॉक्सिंग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक उदीयमान खिलाड़ी को सम्मानित किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और श्री सुरेन्द्र यादव की दुकान पर चाय के साथ क्षेत्रीय सुझाव भी सुने।

विधायक ने कहा कि जनता के सुझावों से ही योजनाएँ धरातल पर सार्थक रूप में उतरती हैं, और यही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति है।

समरसता, सेवा और संवेदना – यही है डॉ. राजेश्वर सिंह का जनसंपर्क दर्शन

डॉ. राजेश्वर सिंह का कार्यक्षेत्र सरोजनीनगर आज “रामराज्य-प्रेरित विकास मॉडल” की मिसाल बन चुका है, जहाँ भक्ति, सेवा और विकास तीनों एक-दूसरे के पूरक रूप में दिखाई देते हैं।

राम कथा से लेकर रामरथ यात्रा तक, मंदिरों के सौंदर्यीकरण से लेकर जलाशयों के संरक्षण तक-
हर पहल में उनका लक्ष्य स्पष्ट है –

“हर घर तक राम, हर हृदय में समरसता, और हर गाँव तक विकास।”

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों की उपस्थिति

इस मौके पर भाजपा नेता राजेश सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख सुनील कुमार, पार्षद के.एन. सिंह, पूर्व प्रधान तेज नारायण सिंह, रामशंकर त्रिपाठी, विवेक राजपूत, सोनू माली, ममता मिश्रा, तृप्ति तिवारी, आशा सिंह, बबली वर्मा, कृपाशंकर शुक्ला, विश्वजीत सिंह, मानस मिश्रा, उत्तम मिश्रा, प्रफुल्ल अवस्थी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

49वीं रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा : श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अनवरत अभियान, वृद्धजनों और मातृशक्ति को अयोध्या दर्शन करा रहे हैं सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह

लखनऊ : “राम काज कीन्हें बिनु, मोहि कहां विश्राम…”इसी भक्ति भाव के साथ सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित 49वीं ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ सोमवार को पानखेड़ा, काकोरी से रवाना हुई। यह अनूठी यात्रा सेवा और श्रद्धा का संगम है, जिसका उद्देश्य उन वृद्धजनों और मातृशक्ति को अयोध्या धाम के दर्शन कराना है जो स्वयं यात्रा करने में असमर्थ हैं।

इस निःशुल्क लग्जरी बस सेवा में ग्रामीण श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। बस में भक्ति संगीत, टीवी पर चल रही धार्मिक कथाएँ और राम भजनों की ध्वनि ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
यात्रा के दौरान नाश्ता, जल, प्रसाद की पूर्ण व्यवस्था रही और विधायक कार्यालय की टीम ने पटका पहनाकर सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु टीम के सदस्यों ने पूरी सतर्कता के साथ यात्रा का संचालन किया।

अयोध्या में भक्ति और उल्लास का चरम

अयोध्या पहुंचने पर यात्रियों ने राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन और राम की पैड़ी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने सरयू में पवित्र डुबकी लगाई और भगवान श्रीराम की आराधना में डूब गए। दर्शन के बाद सभी को भोजन-प्रसाद वितरित किया गया और स्मृति स्वरूप रामचरितमानस की प्रति भेंट की गई। शाम तक सभी श्रद्धालु सकुशल अपने घरों को लौट आए।

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा

डॉ. राजेश्वर सिंह बोले- वृद्धजनों के चेहरे की मुस्कान, उनका आशीर्वाद और संतुष्टि ही इस सेवा का सच्चा फल है। रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा का उद्देश्य हर गाँव और हर वार्ड के अभिभावक तुल्य बुजुर्गों और मातृशक्ति को अयोध्या धाम के दर्शन कराना है। यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।

रामभक्ति का विस्तार – आस्था से सेवा तक की यात्रा

‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ न केवल भक्ति और आस्था का उत्सव है, बल्कि समाजसेवा और संस्कारों के संरक्षण का प्रतीक भी बन चुकी है।
डॉ. राजेश्वर सिंह के इस अभियान ने “हर घर तक राम” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।

सुप्रीम कोर्ट में हंगामा: वकील ने फेंकने की कोशिश की जूता, बोले – “सनातन का अपमान नहीं सहेंगे!” CJI गवई बोले – “हम विचलित नहीं हैं”

नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2025। देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई पर जूता फेंकने की कोशिश की। अदालत की कार्यवाही के दौरान हुई यह घटना कुछ ही क्षणों में चर्चा का विषय बन गई।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब CJI की पीठ वकीलों की ओर से मामलों के उल्लेख (mentioning) की प्रक्रिया सुन रही थी। अचानक एक वकील उठा, न्यायाधीशों के आसन (dais) की ओर बढ़ा और जूता निकालकर फेंकने की कोशिश की। इससे पहले कि कोई अप्रिय घटना घटती, अदालत में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू में कर लिया और बाहर ले गए।

बाहर निकलते वक्त वकील जोर-जोर से चिल्ला रहा था –
“सनातन का अपमान नहीं सहेंगे!”

CJI गवई का शांत जवाब – “हमें इससे फर्क नहीं पड़ता”

घटना के बाद भी मुख्य न्यायाधीश गवई का संयम और शांति देखने लायक थी। उन्होंने अदालत में मौजूद वकीलों से कहा –
“आप लोग परेशान न हों। हम विचलित नहीं हैं। ऐसी घटनाएँ हमें प्रभावित नहीं करतीं। सुनवाई जारी रखें।”
उनका यह सधा हुआ जवाब न केवल न्यायिक गरिमा का प्रतीक था बल्कि यह भी दर्शाता है कि भारत की न्यायपालिका किसी भी उकसावे से डगमगाने वाली नहीं है।

विवाद की जड़: ‘खजुराहो विष्णु प्रतिमा’ पर दिया गया बयान

माना जा रहा है कि यह पूरा विवाद हाल ही में दिए गए CJI गवई के एक बयान से जुड़ा है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के खजुराहो में भगवान विष्णु की 7 फुट ऊंची खंडित प्रतिमा की पुनर्स्थापना से जुड़े एक मामले में सुनवाई के दौरान CJI ने कहा था –
“आप खुद को भगवान विष्णु का भक्त बताते हैं, तो जाकर उनसे ही प्रार्थना कीजिए। यह पुरातात्विक स्थल है, इसके लिए एएसआई की अनुमति जरूरी है।”

इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं आईं। कई यूज़र्स ने इसे “धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला” करार दिया और आलोचना शुरू कर दी।

CJI ने दी थी सफाई – “मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं”

कुछ दिन बाद CJI गवई ने खुद खुलकर इस विवाद पर सफाई दी। उन्होंने कोर्ट में कहा –
“मैं सभी धर्मों का सम्मान करता हूं। मेरे बयान का गलत अर्थ निकाला गया। यह सब सोशल मीडिया की गलत व्याख्या है।”

उनका यह बयान उस वक्त आया जब मामला तूल पकड़ चुका था।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता का समर्थन

केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भी CJI का समर्थन करते हुए कहा –
“अब तो हर कार्रवाई पर ‘न्यूटन का नियम’ नहीं बल्कि ‘सोशल मीडिया का नियम’ लागू हो गया है। हर क्रिया की समान नहीं, बल्कि अनुपातहीन प्रतिक्रिया मिलती है।”

सुप्रीम कोर्ट में सुरक्षा सख्त, जांच के आदेश

घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कोर्ट प्रशासन ने संबंधित वकील के खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यह घटना “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता” की सीमा और “न्यायपालिका के सम्मान” दोनों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।

न्याय की गरिमा कायम: CJI का धैर्य बना मिसाल

जहां सोशल मीडिया पर यह घटना तीव्र प्रतिक्रिया पैदा कर रही है, वहीं न्यायिक हलकों में CJI गवई की संयमित प्रतिक्रिया को सराहा जा रहा है। उन्होंने साबित किया कि न्याय का मंदिर किसी भी उकसावे, गुस्से या शोर से प्रभावित नहीं होता।

भाजपा के दलित प्रेम के कारण लखनऊ का इको गार्डन एक बार पुन: सुर्खियों में : मायावती की विरासत और 2027 चुनाव में दलित वोट बैंक की जंग, बज रहा राजनीतिक बिगुल, बसपा की होर्डिंग से पटा इको गार्डन समेत पूरा VIP रोड, ज्यादा जानकारी के लिए खबर विस्तार से पढें

  • लखनऊ के कांशीराम इको गार्डन में अचानक तेज़ी से पुताई, साफ़-सफाई और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हुआ है।
  • 2027 विधानसभा चुनाव से पहले इस कदम को दलित वोट बैंक से जोड़कर देखा जा रहा है।
  • मायावती सरकार में बने इन पार्कों को भाजपा अब नया रूप देकर राजनीतिक संदेश देना चाहती है।
  • 9 अक्टूबर को कांशीराम जयंती (परिनिर्वाण दिवस) से पहले सरकार कोई लापरवाही नहीं बरतना चाहती।
  • इको गार्डन का संवरना अब दलित राजनीति के नए समीकरणों की ओर संकेत कर रहा है।

रिपोर्ट : शिवसागर सिंह चौहान | True News UP

लखनऊ के मान्यवर कांशीराम जी ग्रीन (इको) गार्डन में अचानक तेज़ी से पुताई, सफाई और सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। लंबे समय से उपेक्षित पड़े इस पार्क में एकाएक आई हलचल ने आम लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान खींचा है, क्योंकि इससे पहले तो पूर्ववर्ती सरकारों के समय में बने पार्कों की लाइट तक नहीं जलाई जाती थी।

कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस में इको गार्डन में सियासी सरगर्मी

9 अक्टूबर को मान्यवर कांशीराम जी का परिनिर्वाण दिवस लखनऊ के इको गार्डन में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। वीआईपी रोड से सटा यह इलाका पूरी तरह सजाया-संवारा जा चुका है। दिलचस्प बात यह है कि इस बार तैयारियों में केवल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी बराबर की भूमिका निभाती दिख रही है।भाजपा सरकार ने इको गार्डन के सौंदर्यीकरण, सफाई, लाइटिंग और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। जानकारों का मानना है कि यह केवल प्रशासनिक सतर्कता नहीं, बल्कि दलित समाज को साधने की भाजपा की रणनीति का हिस्सा है।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोर पकड़ चुकी है कि भाजपा अब दलित वोट बैंक पर निगाहें टिकाए हुए है। कांशीराम जी जैसे दलित नायक की विरासत को सम्मान देकर भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि वह केवल विकास की नहीं, बल्कि सम्मान की राजनीति में भी बराबर की हिस्सेदार है।इको गार्डन की तैयारियों में भाजपा की यह सक्रियता न सिर्फ बसपा के लिए चुनौती है, बल्कि आगामी 2027 के चुनावी समीकरणों में एक बड़ा संकेत भी।

चुनाव से पहले इको गार्डन का अचानक सौंदर्यीकरण

विशेष रूप से यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि 2027 का चुनाव नज़दीक है। इस साल के चुनावी माहौल में ऐसे पार्कों को सजाने-संवारने का काम सीधे तौर पर राजनीति से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। सवाल यह है कि क्या यह प्रयास वास्तव में जनता की सुविधा और शहर की सुंदरता के लिए हैं, या फिर यह केवल वोट बैंक को लुभाने का चुनावी हथियार है।

मायावती सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना और उसकी पृष्ठभूमि

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने अपने कार्यकाल में लखनऊ और नोएडा समेत कई जगहों पर स्मारक और पार्कों का निर्माण करवाया। इनमें इको गार्डन, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक स्थल, कांशीराम स्मृति उपवन और हाथी पार्क प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन पार्कों को मूर्तियों, विशाल पत्थर की संरचनाओं और हाथियों की प्रतिमाओं से सजाया गया ताकि दलित समाज के नायकों और प्रतीकों को स्थायी रूप से स्थापित किया जा सके।

मायावती का उद्देश्य स्पष्ट था – दलित समाज, जो लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक रूप से हाशिए पर रहा, वह खुद को इस देश की मुख्य धारा और सत्ता का अहम हिस्सा महसूस करे। यही कारण था कि इन पार्कों को “सम्मान की राजनीति” का प्रतीक माना गया। विपक्ष ने भले ही इसे “फिजूलखर्ची” और “भ्रष्टाचार” बताया, लेकिन दलित समाज के बड़े हिस्से ने इन पार्कों को अपनी पहचान और गरिमा से जोड़ा।

भाजपा सरकार की मौजूदा कवायद और उसका असली उद्देश्य

आज जब भाजपा की सरकार राज्य में है, तो इको गार्डन और अन्य स्मारकों की देखरेख और सौंदर्यीकरण पर अचानक ध्यान दिया जाने लगा है। इको गार्डन में पुताई, सफाई, पेड़-पौधों की देखभाल और गेटों की मरम्मत जैसे काम यह संकेत देते हैं कि सरकार इन पार्कों को नया जीवन देना चाहती है। लेकिन इसके पीछे केवल पर्यावरण या पर्यटन का उद्देश्य नहीं है, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक संदेश भी छिपा हुआ है।

भाजपा जानती है कि 2027 के चुनाव में दलित वोटर निर्णायक भूमिका निभाएंगे। ऐसे में मायावती की राजनीतिक विरासत को संजोकर और इन पार्कों को फिर से सक्रिय बनाकर भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि वह भी दलित समाज के सम्मान और उनकी सांस्कृतिक धरोहर का ध्यान रखती है। अगर भाजपा इस छवि को जनता तक पहुँचाने में सफल रहती है, तो इसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ेगा।

आगामी कार्यक्रम और पार्टी की सतर्कता

आगामी 9 अक्टूबर, कांशीराम जी की परी निर्माण दिवस के मौके पर भाजपा किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाहती। भले ही इससे बसपा सुप्रीमो मायावती को राजनीतिक लाभ मिले, लेकिन भाजपा दलित वोट बैंक में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है।

पिछले उदाहरणों में, जैसे अहिल्याबाई होल्कर जी के कार्यक्रम में पार्टी और संघ ने कोई कमी नहीं छोड़ी। सभी दिग्गज नेताओं ने सम्मान और स्नेह के साथ समारोह में भाग लिया। यह दर्शाता है कि भाजपा केवल एक दिन का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि दलित वोट बैंक के विश्वास और सम्मान की रणनीति बना रही है।

मायावती की रणनीति और दलित समाज की धड़कन

मायावती की राजनीति की सबसे बड़ी ताकत उनका दलित वोट बैंक रहा है। उन्होंने अपने शासनकाल में ऐसे पार्क और स्मारक बनवाए जो सीधे-सीधे दलित समाज को अपनी शक्ति और सम्मान का एहसास कराते थे। हालांकि भाजपा लगातार दलित समाज में अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राज्य स्तरीय नेता, सभी दलित नायकों का सम्मान करने और उनके उत्थान की योजनाओं का प्रचार कर रहे हैं। इस स्थिति में यह देखना होगा कि दलित समाज पुरानी राजनीति से जुड़ा रहेगा या भाजपा की नई रणनीति से प्रभावित होकर अपना रुख बदल देगा।

जनता के लिए संदेश और वोट की अहमियत

आम जनता के लिए सबसे बड़ा संदेश यह है कि अपने वोट की कीमत समझें। किसी भी राजनीतिक दल के चुनावी कार्यक्रम या पार्क सौंदर्यीकरण को देखकर भावनात्मक निर्णय लेने की बजाय सही जगह और सही उम्मीदवार के लिए वोट का इस्तेमाल करें। चाहे दलित, पिछड़ा, अति पिछड़ा, अन्य पिछड़ा, या किसी भी धर्म और वर्ग से हों – हर नागरिक का वोट महत्वपूर्ण है और 2027 चुनाव में यही वोट सत्ता का असली निर्धारण करेगा।

इको गार्डन केवल हरियाली नहीं, दलित राजनीति का रणक्षेत्र है

इको गार्डन और अन्य पार्क केवल हरियाली और मूर्तियों का ढांचा नहीं हैं। ये दलित समाज की स्मृति, सम्मान और राजनीतिक अस्तित्व का प्रतीक हैं। चुनावी साल में इनका अचानक संवरना यह संकेत देता है कि 2027 का असली संघर्ष सिर्फ सत्ता पर काबिज़ होने का नहीं, बल्कि दलित समाज के विश्वास और उनके वोट बैंक को जीतने का है।

इतिहास गवाह है कि उत्तर प्रदेश की सत्ता में पहुंचने का रास्ता दलित समाज के समर्थन से होकर ही गुजरता है। इसलिए इको गार्डन में शुरू हुआ सौंदर्यीकरण महज़ रखरखाव नहीं, बल्कि दलित राजनीति की बड़ी जंग की प्रस्तावना है।


✍️ रिपोर्ट : शिवसागर सिंह चौहान
मुख्य संपादक | True News UP
🌐 www.truenewsup.com