Home Blog Page 488

महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ : बोले- आपकी सुरक्षा समाज की सुरक्षा, आपका सम्मान भगवान वाल्मीकि की विरासत का सम्मान, सफाई कर्मचारी के साथ अप्रिय घटना पर 35-40 लाख रुपये देने की भी करेंगे व्यवस्था

लखनऊ, 7 अक्टूबर 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वाल्मीकि समाज की सुरक्षा ही समाज की सुरक्षा है और उनका सम्मान भगवान वाल्मीकि की परंपरा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि सरकार सफाईकर्मियों के जीवन और सम्मान दोनों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय लेने जा रही है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब सफाईकर्मियों का भुगतान आउटसोर्सिंग कंपनी के बजाय सरकार के कॉरपोरेशन के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में होगा।

सीएम योगी ने कहा कि स्वच्छता कर्मियों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी सफाई कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना या दुर्घटना होती है, तो सरकार बैंक से समन्वय करके उसके परिवार को 35 से 40 लाख रुपये तक की सहायता राशि दिलाने की व्यवस्था करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि यूपी के 80 हजार होमगार्ड को पहले ही यह बीमा कवर मिल चुका है और अब सफाईकर्मियों को भी इस योजना में जोड़ा जाएगा।

महर्षि वाल्मीकि भारत के महापुरुषों की परंपरा के भाग्य विधाता: सीएम योगी

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा ट्रस्ट द्वारा आयोजित महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान वाल्मीकि की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत के महापुरुषों की परंपरा के भाग्य विधाता हैं।

उन्होंने कहा कि तप और साधना से तपे हुए महर्षि वाल्मीकि ने जब लेखनी चलाई तो मानव कल्याण और लोककल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने देवर्षि नारद से पूछा था कि चरित्र से युक्त कौन व्यक्ति है, जिसके बारे में मैं लिख सकूं, क्योंकि वे जानते थे कि चरित्र से युक्त व्यक्ति ही राष्ट्र कल्याण का माध्यम बन सकता है।

सीएम ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जब शिकागो की धर्मसभा में गए, तो विदेशी उनके वस्त्र देखकर हंसे थे। तब स्वामी विवेकानंद ने कहा कि तुम्हारी पहचान पहनावे से बनती है, लेकिन हमारी पहचान चरित्र से बनती है। यही भावना भगवान वाल्मीकि की शिक्षा में भी निहित है।

राम ही साक्षात धर्म हैं, मानव समाज भगवान वाल्मीकि का कृतज्ञ है

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाल्मीकि रामायण लिखते समय उन्होंने संपूर्ण कथा को भगवान राम पर केंद्रित किया क्योंकि राम साक्षात धर्म हैं। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि का समाज पर अमिट उपकार है। जब भी किसी भारतीय के मन में संदेह उत्पन्न होता है, तो वाल्मीकि के द्वारा प्रदर्शित मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का आदर्श जीवन हमें मार्ग दिखाता है।

सीएम योगी ने कहा कि राम ने कभी मर्यादा की लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन नहीं किया। राम का चरित्र हर कालखंड, हर परिस्थिति और हर व्यक्ति के लिए प्रासंगिक है।

देवतुल्य ऋषियों की परंपरा ने हर युग में समाज का मार्गदर्शन किया

योगी ने कहा कि भारत के देवतुल्य ऋषियों की परंपरा ने हर कालखंड में समाज का मार्गदर्शन किया। रामायण कालखंड में महर्षि वाल्मीकि, महाभारत कालखंड में महर्षि वेदव्यास, मध्यकाल में संत रविदास और स्वतंत्रता संग्राम में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समाज को दिशा दी।

सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” तथा “सबका साथ, सबका विकास” की भावना इसी दृष्टि का आधुनिक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि रामराज्य वही है जहां जाति, धर्म और संप्रदाय के नाम पर भेदभाव न हो, और आज भाजपा की डबल इंजन सरकार यही कार्य कर रही है।

वोटबैंक की राजनीति करने वालों पर सीएम का प्रहार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जो लोग भगवान श्रीराम को गाली देते हैं, वे भगवान वाल्मीकि का भी अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि 2012 में जब सपा सरकार आई थी, तब सामाजिक न्याय के पुरोधाओं के स्मारकों को तोड़ने की धमकी दी गई थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने तब कहा था कि इन स्मारकों को तोड़ने वालों को यूपी की जनता तोड़कर रख देगी। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और कांशीराम के नाम से जुड़े संस्थानों के नाम बदल दिए थे।

उन्होंने कहा कि यह दल दोहरे चरित्र वाला है और हर कार्य को केवल वोटबैंक की दृष्टि से देखता है।

लालापुर के आश्रम पर कब्जा कर रहे थे सपा के गुंडे

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के गुंडे लालापुर के एक आश्रम पर कब्जा कर रहे थे। हमने प्रशासन से कहा कि गुंडों की प्रॉपर्टी जब्त कर उसे आश्रम के नाम पर कर दो। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हमेशा से राम, कृष्ण और उनके आदर्शों का विरोध करते रहे हैं।

सीएम ने बताया कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा, तब भी सपा ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि यही मानसिकता समाज में विघटन फैलाने वाली है।

सफाईकर्मियों के मानदेय और सम्मान पर विशेष ध्यान

सीएम योगी ने कहा कि सपा शासन के दौरान सफाईकर्मियों को चार हजार रुपये वेतन भी नहीं मिल पाता था। प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले सिर पर मैला ढोने की कुप्रथा खत्म कराई और हर घर में शौचालय बनवाया।

उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगों को प्राथमिकता देते हुए आज अच्छे मानदेय और बीमा सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। हर गांव में सामुदायिक शौचालय बनवाया गया है, जिसमें स्वच्छता मित्रों को नियमित मानदेय दिया जा रहा है।

सीएम की अपील – बच्चों को पढ़ाइए, समाज को नेतृत्व दीजिए

मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि समाज से अपील की कि अपने बच्चों को पढ़ाइए और स्कूल भेजिए। उन्होंने कहा कि जब आपके बच्चे योग्य बनेंगे तो समाज को नेतृत्व प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि समर्पण की भावना ही व्यक्ति को महान बनाती है।

सीएम ने कहा कि सफाईकर्मी समाज के उस हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं जो विपरीत परिस्थितियों में भी समाज के लिए कार्य करता है। यही समर्पण एक भारत, श्रेष्ठ भारत और राष्ट्र प्रथम की भावना को साकार करता है।

राम मंदिर में भगवान वाल्मीकि का भी मंदिर बना

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राम मंदिर परिसर में जिन सप्तऋषियों के मंदिर बने हैं, उनमें एक मंदिर भगवान वाल्मीकि का भी है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि के नाम पर देश का पहला इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या में बना है, यह डबल इंजन सरकार की ही उपलब्धि है।

सीएम ने कहा कि वाल्मीकि समाज बहुत प्रभावी है और हमें समाज को उनके योगदान और भगवान वाल्मीकि के आदर्शों से अवगत कराना चाहिए। भक्ति जितनी मजबूत होगी, समाज उतना ही सशक्त बनेगा और यही सशक्त समाज आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे कई वरिष्ठ नेता

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, अनूप प्रधान ‘वाल्मीकि’, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

Women’s World Cup 2025: महिला वर्ल्डकप में इस खिलाड़ी का धमाका! सिर्फ 5 मैचों में ठोके 4 शतक, स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ा

महिला वर्ल्ड कप 2025 में साउथ अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज ताजमिन ब्रिट्स इन दिनों अपने बल्ले से तहलका मचा रही हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी तोड़ दिए. ब्रिट्स का यह पिछले 5 वनडे मैचों में चौथा शतक है, जो अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है.

87 गेंदों में ताबड़तोड़ शतक

कोलंबो के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ ब्रिट्स ने सिर्फ 87 गेंदों में शतक पूरा किया. उन्होंने अपनी 89 गेंदों की पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया. उनकी पारी ने साउथ अफ्रीका की पारी को मजबूत नींव दी और टीम ने 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया.

5 मैचों में चौथा शतक

34 साल की ताजमिन ब्रिट्स के लिए यह समय करियर का सुनहरा दौर कहा जा सकता है. वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने 101 रन बनाए थे. पाकिस्तान दौरे पर भी नाबाद उन्होंने 101 और 171 रन की शानदार पारियां खेलीं, और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और शानदार शतक जड़ दिया. उनके इस प्रदर्शन से साउथ अफ्रीका की टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ा है, खासकर इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद.

सबसे कम पारियों में 7 शतक का रिकॉर्ड

इसी के साथ ही ताजमिन ब्रिट्स ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. उन्होंने सिर्फ 41 पारियों में 7 वनडे शतक लगाए हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग के नाम था, जिन्होंने 44 पारियों में 7 शतक लगाए थे. ब्रिट्स ने इस रिकॉर्ड को 3 पारियों पहले ही तोड़ दिया.

स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड भी टूटा

भारत की स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना के नाम एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा वनडे शतक (4) का रिकॉर्ड था, लेकिन अब ताजमिन ब्रिट्स ने इसे भी पीछे छोड़ दिया है.
ब्रिट्स ने 2025 में 5वां शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया है. मंधाना ने 2024 में 4 शतक जड़े थे, जबकि 2025 में वह अब तक 4 शतक तक पहुंची हैं.

“ब्रिट्स” बनी साउथ अफ्रीका की रीढ़

ताजमिन ब्रिट्स का यह फॉर्म साउथ अफ्रीकी महिला टीम के लिए किसी वरदान से कम नही है. इंग्लैंड से शुरुआती हार के बाद उन्होंने टीम को संभाला और लगातार रन बनाकर टूर्नामेंट में वापसी कराई. अगर उनका यह फॉर्म जारी रहा, तो वह साउथ अफ्रीका को पहली बार महिला विश्व कप ट्रॉफी दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती हैं.

Health News:दिल्ली में फिर बढ़ा डेंगू-मलेरिया का खतरा, अब तक सामने आए इतने मामले

द‍िल्‍ली में बार‍िश थमते ही मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों ने एक बार फ‍िर लोगों की च‍िंता बढ़ा दी है. इस साल राजधानी में मलेर‍िया और डेंगू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुआ है. नगर निगम की जाता रिपोर्ट के अनुसार सितम्बर के आखिर तक द‍िल्‍ली में मलेर‍िया के 371 मामले दर्ज क‍िए जा चुके हैं, जो प‍िछले छह सालों में सबसे ज्‍यादा है. 2019 के बाद यह पहली बार है जब मलेर‍िया संक्रमण ने इतनी तेज रफ्तार पकड़ी है. पिछले साल इसी समय तक 363 केस दर्ज हुए थे, जबकि 2023 में यह आंकड़ा 237, 2022 में 68 और 2021 में केवल 66 था.

राजधानी में हर हफ्ते आ रहे नए केस

मलेरिया के साथ-साथ डेंगू के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं. एमसीडी र‍िपोर्ट के अनुसार अब त‍क डेंगू के 759 मामले सामने आ चुके हैं. भले ही ये संख्या पिछले साल के 1,229 मामलों से कम है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग का कहना है क‍ि हर हफ्ते नए मरीज म‍िल रहे हैं. वहीं इस साल चिकनगुनिया के भी 61 केस दर्ज हुए हैं, जबकि पिछले साल 43 थे. हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक दिल्ली में मच्छरों से होने वाली बीमारियों से किसी की मौत नहीं हुई है. इसके अलावा नगर निगम की रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कई मरीजों के पत्ते अधूरे होने से उनका सत्यापन नहीं हो पाया है.  ऐसे में अनट्रेस्ड केस विभाग के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार 104 मलेरिया और 626 डेंगू मरीजों के पत्ते भी अधूरे हैं, जबकि 76 मलेरिया और 195 डेंगू के मरीजों का सत्‍यापन करने के बाद भी पता नहीं चला है.

दिल्ली एनसीआर में भी बढ़ रहा संक्रमण

दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों जैसे गाजियाबाद, नोएडा, गुड़गांव और फरीदाबाद में भी मलेरिया और डेंगू के केस बढ़ रहे हैं. गाजियाबाद में अब तक डेंगू के 173 और मलेरिया के 182 केस सामने आ चुके हैं. हालांकि इसके लिए स्थानीय प्रशासन कई अभियान चला रही है और लोगों से घरों के आसपास पानी हटाने की अपील भी कर रही है. राजधानी और दिल्ली एनसीआर के अलावा जम्मू में डेंगू मलेरिया से हालात और गंभीर है. जम्मू में अब तक 1,100 से ज्यादा डेंगू के केस दर्ज हो चुके हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश के उना जिले में चार दिन में 40 से ज्यादा मामले सामने आए हैं.

क्यों बढ़ रहे डेंगू और मलेरिया के केस

एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बार भारी बारिश और लगातार पानी भरे रहने की वजह से मच्छरों का प्रजनन बड़ा है, जिसकी वजह से मानसून के बाद डेंगू और मलेरिया के संक्रमण का खतरा तेजी से फेल रहा है. इसके अलावा डेंगू और मलेरिया से बचाव को लेकर एक्सपर्ट्स यह भी सलाह देते हैं कि घरों के आसपास पानी का जमाव न होने दें और पानी की टंकी और बर्तनों को ढक कर रखें. इसके अलावा सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और बुखार स‍िर दर्द या बदन दर्द जैसी शिकायत होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

भोजपुरी स्टार पवन सिंह के फैंस ने एक्ट्रेस अहाना कुमार को रेप की धमकी दी, अहाना ने इस पर कड़ा विरोध जताया और कार्रवाई की मांग की

अश्नीर ग्रोवर के राइज एंड फॉल में इन दिनों काफी मजा आ रहा है. रूलर्स और वर्कर्स आपस में खूब लड़ते हुए नजर आ रहे हैं. शो से कुछ समय पहले ही भोजपुरी स्टार पवन सिंह बाहर हो गए थे.  अब हाल ही में शो से अहाना कुमरा का भी एविक्शन हो गया है. अहाना ने शो से बाहर आने के बाद उन्हें मिल रही जान से मारने और रेप की धमकियों पर रिएक्ट किया है. जो उन्हें पवन सिंह के फैंस दे रहे हैं.

अहाना और पवन सिंह की आपस में शो में कुछ ज्यादा नहीं बनी. लेकिन दोनों ने अपने बीच के मुद्दे शो के स्टेज पर ही सुलझा लिए थे. अहाना का कहना है कि उसके बाद ऑनलाइन भोजपुरी स्टार के फैंस उन्हें धमकी दे रहे हैं. जिसकी वजह से उन्हें ये बात शो के प्रोड्यूसर्स को देनी पड़ी.

अहाना ने किया रिएक्ट
अहाना ने बॉलीवुड बबल्स को दिए इंटरव्यू में इन मैसेज के बारे में बात की. उन्होंने कहा- ‘मैं शो से बाहर आई और मुझे जान से मारने और रेप की ढेरों धमकियां मिलीं. मैंने शो के प्रोड्यूसर्स को स्क्रीनशॉट भेजे हैं. मुझे ऐसी धमकियां क्यों मिल रही थीं? मैंने तो ऐसी कोई बात नहीं कही थी.’ अहाना ने ज़ोर देकर कहा कि ‘उन्होंने शो में किसी के साथ न तो आक्रामक व्यवहार किया और न ही किसी के साथ दुर्व्यवहार किया.’

अहाना ने आगे कहा- ‘मैं ऐसे थी कि हम लोग कौन से जमाने में रह रहे हैं. किस सदी में हैं कि मेरी एक बात कहने पर मुझे इतनी धमकी मिल रही हैं. इतनी चीजें मेरे बारे में बोली जा रही हैं. पर किसी और को कुछ नहीं कहा जा रहा है.’

पवन सिंह के बारे में कही ये बात
अहाना ने बताया कि उन्होंने कुछ ऐसा कहा कि जो पवन सिंह के फैंस को पसंद नहीं आया है. उस मुद्दे को आराम से स्टेज पर सुलझा दिया गया था. उन्होंने कहा- ‘क्योंकि बहुत कंटेस्टेंट ने मेरे बारे में बहुत कुछ कहा और आज तक सॉरी नहीं बोला. मैं समझती हूं कि लोग गुस्सा हो जाते हैं और उन्हें लगता है कि मैंने कुछ ऐसा कह दिया है जो उन्हें बुरा लगा.’

‘कांतारा चैप्टर 1’ ने सोमवार के बॉक्स ऑफिस टेस्ट में भी मचाया धमाल, कमाया जबरदस्त कलेक्शन

ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाई हुई है. दशहरा पर इसकी शानदार शुरुआत के बाद से ही, फैंस फिल्म की तारीफ़ करते नहीं थक रहे हैं. इसी के साथ ये बंपर कमाई भी कर रही है. इस फिल्म का ओपनिंग वीकेंड पर जबरदस्त रहा था. चलिए यहां जानते हैं पहले मंडे टेस्ट में ‘कांतारा चैप्टर 1’का कैसा हाल रहा है?

‘कांतारा चैप्टर 1’ ने रिलीज के 5वें दिन कितनी कमाई की है?
‘कांतारा चैप्टर 1’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है. ये फिल्म रिलीज के पहले दिन से ही शानदार परफॉर्म कर रही है. इसे रिलीज हुए अब 5 दिन हो चुके हैं और इस दौरान इसने ना केवल छप्परफाड़ कमाई कर ली है बल्कि कई फिल्मों के रिकॉर्ड को भी धूल चटा दी है. वहीं अब वीकडेज में एंट्री करने के बाद इसकी कमाई में गिरावट भी दर्ज की गई है. फिर भी इसने पहले मंडे का टेस्ट ना केवल पास किया है बल्कि शानदार कारोबार भी कर लिया है.

इन सबके बीच फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो ‘कांतारा चैप्टर 1’ 61 करोड़ के कलेक्शन के साथ खाता खोला था. इसके बाद इसने दूसरे दिन 45.4 करोड़ और तीसरे दिन 55 करोड़ का कलेक्शन किया. वहीं चौथे दिन फिल्म की कमाई 63 करोड़ रुपये रही.

    • वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘कांतारा चैप्टर 1’ ने रिलीज के 5वें दिन यानी पहले मंडे को 30.50 करोड़ रुपये कमाए हैं.
    • इसी के साथ ‘कांतारा चैप्टर 1’ की 5 दिनों की कुल कमाई अब 255.75 करोड़ रुपये हो गई है.

कन्नड़ बॉक्स ऑफिस के रिकॉर्ड तोड़े
रिलीज के पांच दिनों में ‘कांतारा चैप्टर 1’ बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और साल की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली कन्नड़ फिल्म बन गई है. इस फिल्म ने सु फ्रॉम सो (पिछले महीने भारत में 92 करोड़ रुपये की नेट कमाई) के साथ-साथ सितारे ज़मीन पर (167 करोड़ रुपये), लोकाह चैप्टर 1 (153 करोड़ रुपये) जैसी बड़ी रिलीज़ और यहाँ तक कि केजीएफ चैप्टर 1 (185 करोड़ रुपये) के घरेलू कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. अब ये फिल्म 300 करोड़ी बनने की ओर तेजी से बढ़ रही है. फिल्म जिस रफ्तार से कमाई कर रही है उसे देखते हुए तो लग रहा है कि ये एक या दो दिन में ये मील का पत्थर भी पार कर लेगी.

ओरिजल कंतारा का प्रीक्वल है ‘कांतारा चैप्टर 1‘
‘कांतारा चैप्टर 1’ में पहली फिल्म की घटनाओं से एक हज़ार साल पहले की कहानी है. यह कंतारा के जंगली गांव और पड़ोसी राज्य कदंब के बीच संघर्ष की कहानी है. कंतारा का एक बहादुर योद्धा, बर्मे (ऋषभ शेट्टी), कुलशेखर (गुलशन देवैया) के खिलाफ खड़ा होता है, जो उनकी ज़मीन का शोषण और उस पर कब्ज़ा करना चाहता है. फिल्म कंतारा चैप्टर 2 की झलक के साथ खत्म होती है. ऋषभ शेट्टी की मुख्य भूमिका के साथ, फिल्म में रुक्मिणी वसंत, जयराम और गुलशन देवैया भी है. ओरिजनल कांतारा ब्लॉकबस्टर थी, जिसने 15 करोड़ रुपये के मामूली बजट में दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कमाई की थी.