Home Blog Page 429

Sports News:अब तक सिर्फ एक भारतीय कर पाया ऐसा, 5वें टी20 में बुमराह बनाएंगे नया इतिहास

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवां टी20 मैच कल ब्रिसबेन के गाबा मैदान में खेला जाएगा. पांच टी20 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे चल रही है. इस मैच में जसप्रीत बुमराह एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं. अभी तक सिर्फ एक भारतीय गेंदबाज टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट लेने की उपलब्धि प्राप्त कर सका है. कल ब्रिसबेन में सिर्फ एक विकेट लेकर बुमराह नया इतिहास लिख सकते हैं.

बुमराह लिखेंगे नया इतिहास

जसप्रीत बुमराह ने अब तक अपने टी20 करियर में 79 मैच खेलकर 99 विकेट लिए हैं. वो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें टी20 मैच में सिर्फ एक विकेट लेते ही टी20 इंटरनेशनल में विकेट का शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे. ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह हैं. अर्शदीप सिंह ने अपने करियर के 64वें टी20 मैच में 100 विकेट पूरे किए थे. बुमराह अपने टी20 करियर के 80वें मैच में ऐसा कर सकते हैं.

अब तक दुनिया में कुल 28 क्रिकेटर टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 100 विकेट का आंकड़ा छू चुके हैं. कल ब्रिसबेन में एक विकेट लेते ही बुमराह इस लिस्ट में जुड़ने वाले 29वें क्रिकेटर बन जाएंगे.

सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने वाले भारतीय

अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं. इस सूची में दूसरे स्थान पर जसप्रीत बुमराह हैं, जिनके अभी 99 विकेट हैं. 98 विकेट के साथ हार्दिक पांडया भारतीय गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं. युजवेंद्र चहल चौथे नंबर पर हैं, जिनके अभी 96 विकेट हैं और 90 विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार पांचवें स्थान पर हैं.

    • अर्शदीप सिंह – 105 विकेट
    • जसप्रीत बुमराह – 99 विकेट
    • हार्दिक पांड्या – 98 विकेट
    • युजवेंद्र चहल – 96 विकेट
    • भुवनेश्वर कुमार – 90 विकेट

Sports News:भारत के चैंपियन बनते ही ICC का बड़ा फैसला, वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में होने जा रहा है बड़ा बदलाव

आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. हरमनप्रीत कौर एंड टीम ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला खिताब जीता. फाइनल खत्म होने के एक हफ्ते के अंदर आईसीसी ने अगले संस्करण में एक बड़े बदलाव की घोषणा की है.शुक्रवार को हुई बोर्ड मीटिंग में आईसीसी ने महिला वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या बढ़ाने पर आधिकारिक मुहर लगाई. आईसीसी ने भारत और श्रीलंका में आयोजित हुए वर्ल्ड कप की सफलता को भी इसका श्रेय दिया.

अब वीमेंस वर्ल्ड कप में खेलेंगी 10 टीमें

आईसीसी ने प्रेस रिलीज़ में कहा, “आईसीसी बोर्ड, इस आयोजन की सफलता को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक है, और टूर्नामेंट के अगले संस्करण को 10 टीमों तक विस्तारित करने पर सहमत हो गया है.” बता दें कि 2025 में टीमों की संख्या 8 थी.

बयान में आगे कहा गया, “लगभग 3 लाख लोगों ने इस आयोजन को स्टेडियम से देखा, जो किसी भी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा है. दर्शकों की संख्या में बढ़ोतरी के साथ ऑन-स्क्रीन दर्शकों ने भी नए रिकॉर्ड स्थापित किए.”

व्यूअरशिप के मामले में बनाया रिकॉर्ड

वीमेंस ओडीआई वर्ल्ड कप 2025 ने दर्शकों की संख्या और प्रसारण में नए रिकॉर्ड बनाए. बता दें कि टूर्नामेंट की मेजबानी भारत और श्रीलंका ने की थी, पाकिस्तान ने अपने सभी मैच श्रीलंका में खेले थे. पाकिस्तान लीग स्टेज से ही बाहर हो गया था, इसलिए दोनों सेमीफाइनल और फाइनल भी भारत में आयोजित हुआ.

भारतीय महिला टीम और साउथ अफ्रीका महिला टीम के बीच खेले गए वर्ल्ड कप फाइनल को जियोहॉटस्टार पर 18.5 करोड़ दर्शकों ने देखा, ये पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल के बराबर है. पूरे टूर्नामेंट को 44.6 करोड़ लोगों ने देखा, खिताबी मुकाबले को 2.1 करोड़ लोगों ने एकसाथ देखा.

महिला ओडीआई वर्ल्ड कप का अगला संस्करण 2029 में होगा, लेकिन अभी इसके होस्ट का एलान नहीं हुआ है. लेकिन अधिक टीमों के साथ इस टूर्नामेंट के फॉर्मेट में थोड़ा और बदलाव हो सकता है. 2025 में वर्ल्ड कप राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में खेला गया था, इसमें प्रत्येक टीम ने अन्य 7 टीमों से एक-एक मैच खेला. अंक तालिका में टॉप-4 टीमों के बीच सेमीफाइनल हुआ था.

भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम थी, सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराकर टीम ने फाइनल में जगह बनाई और खिताबी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला वर्ल्ड कप खिताब जीता.

चीन की नौसेना को मिला तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर ‘फुजियान’, जानें इसकी ताकत और भारत की बढ़ती चिंता

चीन ने अपने नौसिक बेड़े में तीसरा एयरक्राफ्ट कैरियर फुजियान शामिल कर लिया है. इसे इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट से लैस सबसे आधुनिक युद्धपोत बताया जा रहा है, जिससे फाइटर जेट्स और अन्य तरह के विमानों को उड़ान भरने में मदद मिलती है. फुजियान को चीनी नौसेना में शामिल किए जाने के अवसर पर आयोजित गोपनीय समारोह में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी मौजूद थे.

फुजियान एक इलेक्ट्रोमैग्नेटिक एयरक्राफ्ट लॉन्च सिस्टम (EMALS) से लैस है, जिसका इस्तेमाल केवल अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS गेराल्ड आर फोर्ड में किया जाता है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की खबर के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा था कि वह EMALS तकनीक को छोड़कर भाप ऊर्जा पर वापस जाना चाहते हैं.

चौथा एयरक्राफ्ट कैरियर भी बना रहा चीन

उन्होंने इस एडवांस लॉन्च सिस्टम को महंगा, अविश्वसनीय और मरम्मत के लिहाज से मुश्किल बताया. हालांकि, तीनों चीनी एयरक्राफ्ट कैरियर पारंपरिक रूप से संचालित हैं, लेकिन हालिया रिपोर्टों में कहा गया है कि चीन कथित तौर पर डालियान में अपना चौथा एयरक्राफ्ट कैरियर बना रहा है, जो परमाणु ऊर्जा से संचालित हो सकता है ताकि इसकी क्षमता और वैश्विक पहुंच बढ़ाने के साथ उन्नत प्रणालियों को चलाने के लिए काफी अधिक शक्ति प्रदान की जा सके.

नौसेना के लिए एयरक्राफ्ट कैरियर रखने वाले प्रमुख देशों की सूची में सबसे आखिरी देश चीन के पास वर्तमान में दो विमानवाहक पोत हैं: लियाओनिंग, जो 2012 में शामिल किये गये सोवियत युग के जहाज का एक रिफिट है और शेडोंग, जो 2019 में चालू होने वाला एक स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर है.

फुजियान चीन का सबसे बड़ा एयरक्राफ्ट कैरियर

सेना ने जब कहा कि कैरियर आधारित विमान जे-15T, J-35 और कोंगजिंग-600 ने इसके सपाट डेक पर कैटापुल्ट की मदद से उड़ान भरने और अरेस्टेड लैंडिंग करने का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, इसके बाद फुजियान को इसमें शामिल कर लिया गया. तीनों विमान एयरक्राफ्ट कैरियर पारंपरिक रूप से संचालित हैं. 80,000 टन विस्थापन के साथ फुजियान इनमें से सबसे बड़ा है.

विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के साथ, चीन विभिन्न वैश्विक समुद्री मार्गों में संचालन के लिए और अधिक एयरक्राफ्ट कैरियर बना सकता है. चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, शी जिनपिंग को फुजियान की युद्ध क्षमताओं और उसके एडवांस इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई. उन्होंने ही नौसेना को EMALS तकनीक का उपयोग करने का निर्देश दिया.

कहां हो सकती है फुजियान की तैनाती?

कमांडिंग अधिकारियों और पायलटों की ओर से विमान के तकनीकी और सामरिक प्रदर्शन और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापल्ट के लाभों के बारे में जिनपिंग को जानकारी दी गई. इसके अलावा राष्ट्रपति जिनपिंग ने टॉवर का दौरा किया और उड़ान कमान, टेक-ऑफ और लैंडिंग संचालन के बारे में जानकारी ली. तीसरे एयरक्राफ्ट कैरियर के संचालन के साथ उम्मीद की जा रही है कि चीनी नौसेना इसे ताइवान जलडमरूमध्य और विवादित दक्षिण चीन सागर के आसपास के क्षेत्र में तैनात कर सकती है.

चीन ताइवान को अपनी मुख्य भूमि का हिस्सा बताता है. वह दक्षिण चीन सागर के अधिकांश हिस्से पर भी अपना दावा करता है. वह फिलीपींस, वियतनाम, मलेशिया, ब्रुनेई और ताइवान पर अपना दावा करता है.

बढ़ सकती है भारत की टेंशन

फुजियान के संचालन के साथ चीन भारत के निकटवर्ती क्षेत्र हिंद महासागर और अरब सागर में विमानवाहक पोतों की तैनाती का विस्तार भी कर सकता है, जहां उसका नौसैनिक बेड़ा सक्रिय है. इस क्षेत्र में अफ्रीका के हॉर्न में स्थित जिबूती और पाकिस्तान के ग्वादर में उसका नौसैनिक अड्डा है, इसके अलावा श्रीलंका में स्थित वाणिज्यिक बंदरगाह हंबनटोटा पर भी उसका कब्जा है.

बीबीसी की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, चीन के पास अब दुनिया का सबसे बड़ा परिचालन बेड़ा है, जिसमें 234 युद्धपोत हैं, जबकि अमेरिकी नौसेना के पास केवल 219 हैं. एयरक्राफ्ट कैरियर, आईएनएस विक्रांत और आईएनएस विक्रमादित्य का संचालन करने वाली भारतीय नौसेना भी हिंद महासागर में अपना प्रभुत्व बनाए रखने के लिए और अधिक नौसैनिक जहाजों को शामिल करके इस क्षेत्र में आगे बढ़ रही है.

नया फाइटर जेट भी बना रहा चीन

चीन एक नया लड़ाकू विमान विकसित कर रहा है जो उसके वाहक समूहों से संचालित हो सकता है. चीनी सैन्य मामलों के विशेषज्ञ झांग जुनशे ने चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स को बताया कि फुजियान का नौसेना में शामिल होना पीएलए की नौसेना को तटीय रक्षा से सुदूर समुद्र की रक्षा में समर्थ बनाने से जुड़े परिवर्तन की दिशा में उपलब्धियों का प्रतीक है.

झांग ने कहा कि फुजियान के नौसेना में शामिल होने से पीएलए नौसेना में तीन बड़े बदलाव के साथ इसकी क्षमता में उछाल आएगा. पहला, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक कैटापुल्ट सिस्टम का इस्तेमाल, जो विमानों को पूरे ईंधन और गोला-बारूद के साथ उड़ान भरने में सक्षम बनाता है, जिससे युद्ध का दायरा बढ़ता है और आक्रमण क्षमता में भी इजाफा होता है.

एशिया कप ट्रॉफी को लेकर BCCI ने किया अहम कदम, ICC मीटिंग में उठाया मुद्दा; देखें क्या हुआ फैसला

एशिया कप ट्रॉफी विवाद को खत्म करने की दिशा में BCCI ने बड़ा कदम उठाया है. मीडिया रिपोर्ट्स अनुसार 7 नवंबर को दुबई में हुई ICC की बैठक (ICC Meeting Today) में एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा उठाया. इस मामले का समाधान निकालने हेतु एक समिति का गठन किया गया है, जिससे भारतीय टीम को जल्द से जल्द ट्रॉफी मिल सके.

मीटिंग में उठा एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा

एनडीटीवी के मुताबिक आईसीसी की बैठक में बीसीसीआई ने एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा उठाया. आईसीसी बोर्ड के सभी सदस्यों ने कहा कि भारत और पाकिस्तान, दोनों क्रिकेट जगत के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और मैत्रीपूर्ण तरीके से इस समस्या का हल निकालें. एशिया कप विवाद को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत इस समस्या का समाधान निकालने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा. चूंकि इस मीटिंग का मुख्य उद्देश्य एशिया कप ट्रॉफी नहीं था, इसलिए इस विषय पर ज्यादा देर चर्चा नहीं हुई.

भारतीय टीम ने 28 सितंबर को एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर खिताब जीता था. मगर फाइनल मैच के बाद टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. मगर टीम इंडिया को ट्रॉफी देने के बजाय नकवी ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए थे. उसके बाद से ही एशिया कप ट्रॉफी दुबई स्थित ACC के ऑफिस में बंद है.

ICC मीटिंग में लिया गया बड़ा फैसला

आईसीसी की इस मीटिंग में 2029 में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप के फॉर्मेट को लेकर बहुत बड़ा फैसला लिया गया. 2025 के वर्ल्ड कप में कुल 8 टीमों ने भाग लिया था, लेकिन चार साल बाद होने वाले विश्व कप में कुल 10 टीम भाग लेंगी. बताते चलें कि 2025 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार ODI वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी.

‘थामा’ का तीसरा फ्राइडे फेल, कमाई लाखों में सिमटी; जानें कैसे बनने वाली थी 150 करोड़ की उम्मीद

आयुष्मान खुराना, रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी स्टारर ‘थामा’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दो हफ़्ते का सफ़र पूरा कर लिया है. एक अच्छे शुरुआती हफ़्ते के बाद, फ़िल्म को उम्मीद से ज़्यादा गिरावट का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर भी इसने अच्छी कमाई कर ली है. ये वर्ल्डवाइड अपना बजट भी निकाल चुकी है. लेकिन अब तीसरे हफ्ते में इसका कलेक्शन मंदी की चपेट में है. चलिए यहां जानते हैं ‘थामा’ ने रिलीज के तीसरे शुक्रवार यानी 18वें दिन कितनी कमाई की है?

‘थामा’ ने 18वें दिन कितनी की कमाई?
दिवाली की छुट्टियों के चलते, रोमांटिक हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ ने 10 दिनों के एक्सटेंडेड ओपनिंग वीक में अच्छी कमाई की. बी और सी शहरों में “एक दीवाने की दीवानियत” के दबदबे के बीच, इस बड़ी फिल्म को बड़े शहरों और कुछ सेमी अर्बन सेंटर में भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला. इस फिल्म ने पहले हफ्ते में जहां 108.4 करोड़ रुपये की कमाई की तो वहीं दूसरे वीक में इसने 18.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया.

  • वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘थामा’ ने रिलीज के 18वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को 0.80 करोड़ का कलेक्शन किया है.
  • इसी के साथ ‘थामा’ की 18 दिनों की कुल कमाई अब 127.90 करोड़ रुपये रही है.

‘थामा’ के 130 करोड़ का आंकड़ा छूने में छूटे पसीने
‘थामा’ की कमाई में हर दिन गिरावट आ रही है. रिलीज के 18वें दिन तो इसने अब तक का सबसे कम कलेक्शन किया है. हैरानी की बात ये है कि इसके 130 करोड़ कमाने में पसीने छूट गए हैं. वैसे इस रोमांटिक हॉरर कॉमेडी एंटरटेनर के पास फिलहाल कमाई का एक और हफ़्ता है, क्योंकि इस हफ़्ते इसके लिए कोई बड़ी टक्कर नहीं है. हालांकि  इमरान हाशमी और यामी गौतम की ‘हक़’ इस शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है, लेकिन इसका कोई ख़ास असर नहीं पड़ेगा. इसलिए, इस हफ़्ते यह कमाई में कुछ और करोड़ रुपये जोड़ लेगी.

वहीं  अगले हफ़्ते, 14 नवंबर को, अजय देवगन की ‘दे दे प्यार दे 2’ सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जिसका असर आयुष्मान और रश्मिका की फ़िल्म पर ज़रूर पड़ेगा, खासकर ‘ए’ सेंटर्स पर।.अपनी मौजूदा स्थिति को देखते हुए, फ़िल्म का लक्ष्य लगभग 165 करोड़ या उससे कम का लाइफटाइम कलेक्शन करना है।