एयरपोर्ट रोड स्थित हरहुआ में प्रतिष्ठित की गई है बजरंगबली की प्रतिमा
एक दिवसीय वाराणसी दौरे के अंत में सीएम योगी ने हनुमान मंदिर में किया दर्शन-पूजन
वाराणसी/लखनऊ, 27 अक्टूबर2024 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक दिवसीय वाराणसी दौरे के दौरान रविवार को एयरपोर्ट रोड स्थित हरहुआ के काजीसराय क्षेत्र में 51 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके उपरांत उन्होंने परिक्रमा करते हुए विधि-विधान से बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। जय हनुमान श्री पीठ ट्रस्ट द्वारा स्थापित इस भव्य प्रतिमा को राजस्थान के कारीगरों ने दो साल में तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने काशीवासियों के लिए आस्था के इस प्रतीक को समर्पित किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया, जहां उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से प्रदेश के संस्कृत विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ भी किया, जिसमें हजारों छात्रों को इसका लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने वाराणसी सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्रीय विकास और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की।
सीएम योगी के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और उपलब्धि
प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण कदम
लखनऊ, 27 अक्टूबर 2024: उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के प्रसार के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में उच्च शिक्षा विभाग की ओर से मेरठ में नए विद्या विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्राधिकार पत्र प्रदान किया गया है। यह प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सरकार का एक और अहम कदम है।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में निजी विश्वविद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार हो रहा है, जो प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक अहम कदम है। प्रमुख सचिव, उच्च शिक्षा, एमoपीo अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने विद्या विश्वविद्यालय, मेरठ को संचालन की अनुमति देते हुए विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन हेतु नियमों और शर्तों के अनुपालन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय युवाओं को वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।
विद्या विश्वविद्यालय, मेरठ को हाल ही में उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (आठवाँ संशोधन) अध्यादेश, 2024 के तहत अनुमोदित किया गया है और इसे उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की अनुसूची-2 में कमांक 46 पर शामिल किया गया है। प्राधिकार पत्र के साथ अब यह विश्वविद्यालय अपनी संचालन प्रक्रिया प्रारंभ कर सकेगा।
• डॉ. शिल्पा पांडे के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम: भ्रष्टाचार के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजन। • ग्रामीणों ने ली अखंडता की शपथ: भ्रष्टाचार मुक्त समाज में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई। • चर्चा के विषय: भ्रष्टाचार की पहचान, रिपोर्टिंग तंत्र, पारदर्शिता में नागरिकों की भूमिका। • ग्रामीणों का सक्रिय योगदान: बलराम सिंह, अनिल कुमार सिंह आदि ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। • समापन के दौरान डॉ. पांडे का आह्वान: सामूहिक प्रयासों से समाज में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार उन्मूलन की अपील।
लखनऊ : 27 अक्टूबर, 2024: लखनऊ के बीकेटी तहसील के अस्ती गाँव मे वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान, लखनऊ की डॉ. शिल्पा पांडे के नेतृत्व में अस्तीगांव में “ग्राम सभा सतर्कता जागरूकता सप्ताह” के तहत एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन भारत में शीर्ष भ्रष्टाचार विरोधी निकाय, केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशन में किया गया था।
कार्यक्रम का उद्देश्य और विशेषताएं
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में भ्रष्टाचार विरोधी उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों के बीच अखंडता को बढ़ावा देना और शासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सतर्कता के महत्व को उजागर करना था। इस मौके पर स्थानीय प्रधान समेत अस्तीगांव के अनेक निवासियों ने सक्रिय भागीदारी की। डॉ. पांडे ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की और समाज में पारदर्शिता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया।
सत्र के प्रमुख बिंदु
कार्यक्रम के दौरान, डॉ. पांडे ने विभिन्न विषयों पर चर्चा की
• दैनिक शासन में भ्रष्टाचार की पहचान: कैसे स्थानीय स्तर पर भ्रष्टाचार को पहचाना जा सकता है और इससे बचने के उपाय।
• रिपोर्टिंग तंत्र की भूमिका: नागरिकों को भ्रष्टाचार के मामलों की रिपोर्टिंग के लिए उपलब्ध साधनों और प्लेटफॉर्म्स की जानकारी दी गई।
• नागरिकों की भूमिका: पारदर्शिता को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता फैलाने में नागरिकों के योगदान पर जोर दिया गया।
ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी
सत्र में बलराम सिंह, राम सेवक, अनमोल सिंह, रेनू, राम दुलारी, माधुरी, देवेंद्र प्रताप, विजय और चेतराम जैसे ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार पर अपने विचार और अनुभव साझा किए। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, अस्ती के प्रबंधक अनिल कुमार सिंह ने भी अपने अनुभव साझा किए और जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार से निपटने के लिए व्यावहारिक रणनीतियां सुझाईं। इस चर्चा ने समुदाय के सदस्यों के बीच सहयोगात्मक भावना को प्रोत्साहित किया और सभी को अधिक समृद्ध और पारदर्शी गांव के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन और आगे की योजनाएं
कार्यक्रम का समापन एक सशक्त कार्रवाई के आह्वान के साथ हुआ, जिसमें डॉ. शिल्पा पांडे ने ग्रामीणों को सतर्क और सक्रिय रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “राष्ट्र की समग्र समृद्धि के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं, और प्रत्येक नागरिक की सतर्कता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।”
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली और भ्रष्टाचार उन्मूलन के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस जानकारीपूर्ण सत्र की सराहना की और चर्चा की गई रणनीतियों को अपने जीवन में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। कई ग्रामीणों ने सतर्कता और भ्रष्टाचार विरोधी उपायों के बारे में अपनी समझ को और गहरा करने के लिए भविष्य में आगे के प्रशिक्षण सत्रों में रुचि व्यक्त की। इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों के बीच जागरूकता बढ़ाने और एक पारदर्शी और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की भावना को प्रोत्साहित किया। “ग्राम सभा सतर्कता जागरूकता सप्ताह” का यह कार्यक्रम एक सफल प्रयास साबित हुआ, जिसमें अस्तीगांव के ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार विरोधी उपायों को समझने और अपनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाया। यह पहल समाज में सतर्कता और पारदर्शिता के महत्व को रेखांकित करती है, और आने वाले समय में अन्य ग्रामीण समुदायों के लिए एक प्रेरणास्रोत बनेगी।
प्रदेश में कुल 6930 हेक्टेयर अवैध कब्जे वाली गोचर भूमि में से 4740 हेक्टेयर भूमि को कराया गया कब्जा मुक्त
योगी सरकार ने 6930 हेक्टेयर से अधिक गोचर भूमि में से 4740 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त किया।
प्रदेश में कुल 61304.504 हेक्टेयर गोचर भूमि उपलब्ध है, जिसमें से 6930.619 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जे हैं।
देवरिया में 16.458 हेक्टेयर कब्जा वाली भूमि में से 5.431 हेक्टेयर भूमि को मुक्त कराया गया।
जौनपुर और शामली में भी कब्जा मुक्ति के अभियान जारी हैं, जहां क्रमशः 49.764 और 78.696 हेक्टेयर भूमि पर अभियान चल रहा है।
प्रदेश के 6708 गो आश्रय स्थलों में से 3060 टैग्ड गोचर भूमि पर हरा चारा उगाने का कार्य हो रहा है।
लखनऊ, 27 अक्टूबर 2024: योगी सरकार प्रदेश में पशुओं के लिए उपलब्ध गोचर भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए बड़ा अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत अब तक अवैध कब्जे वाली 6930 हेक्टेयर से अधिक गोचर भूमि में से 4740 हेक्टेयर से अधिक भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है, जबकि शेष कब्जे वाली भूमि को खाली कराने के लिए प्रक्रिया जारी है।
उल्लेखनीय है कि राजस्व परिषद के 15 अक्टूबर 2024 तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 61304.504 हेक्टेयर गोचर भूमि उपलब्ध है। वहीं, 6930.619 हेक्टेयर गोचर भूमि को अवैध कब्जे के रूप में चिह्नित किया गया है। कुल मिलाकर 4740.598 हेक्टेयर गोचर भूमि को अवैध कब्जे से रिक्त कराया जा चुका है।
देवरिया में कुल 256.296 हेक्टेयर भूमि चारागाह के लिए उपलब्ध है, जिसमें 16.458 हेक्टेयर भूमि को अवैध कब्जे के रूप में चिह्नित किया गया है। इसमें 5.431 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया है, जबकि अभी 11.027 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
इसी तरह, जौनपुर में कुल 1361.983 हेक्टेयर गोचर भूमि में से कब्जे वाली 70.945 हेक्टेयर भूमि पर 21.181 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्ता कराया गया है। 49.764 हेक्टेयर भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
शामली की बात करें तो कुल 293.577 हेक्टेयर भूमि में 105.752 हेक्टेयर पर अवैध कब्जे में से 27.056 हेक्टेयर को मुक्त करा लिया गया है, जबकि 78.696 हेक्टेयर भूमि के लिए अभियान चल रहा है। इसी तरह, बिजनौर, मऊ, संभल और गाजियाबाद में भी उपलब्ध कुल गोचर भूमि में से चिह्नित कब्जे वाली भूमि को कब्जा मुक्त कराने की कार्यवाही जारी है।
पशुपालन विभाग द्वारा गोचर भूमि पर हरा चारा उत्पादन की बात करें तो प्रदेश में कुल 6708 ग्रामीण गो आश्रय उपलब्ध हैं। इनमें टैग्ड गोचर भूमि 3060 है जो कुल गो आश्रय स्थलों का 45.62 प्रतिशत है। गो आश्रय स्थलों से टैग्ड गोचर भूमि का क्षेत्रफल 9334.17 हेक्टयर, जिसमें बोया गया हरा चारा का क्षेत्रफल 3107.11 हेक्टेयर है जो कुल टैग्ड गोचर भूमि के क्षेत्रफल का 33.29 प्रतिशत है।
जनता दर्शन में 300 लोगों की समस्याएं सुनीं सीएम योगी ने, निस्तारण के लिए दिए जरूरी निर्देश।
सीएम ने कहा- जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता दें अधिकारी।
सीएम योगी ने जनता दर्शन में हर पात्र को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
आवास की समस्या पर सीएम ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया।
जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए।
इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार पर सीएम ने मदद का भरोसा दिया।
सीएम ने बच्चों को चॉकलेट देकर सभी का मन खुश किया।
गोरखपुर/लखनऊ, 27 अक्टूबर 2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि हर पात्र व्यक्ति को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। जिनके पास आवास नहीं है उन्हें पीएम-सीएम योजना के तहत पक्का आवास दिलाया जाए और जो किसी सामाजिक पेंशन योजना के दायरे में आने की अर्हता रखते हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए।
सीएम योगी ने उक्त निर्देश रविवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते हुए दिए। मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक सीएम खुद पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याओं को सुनते हुए आश्वस्त किया हर समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण किया जाएगा। जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनीं। इसमें बड़ी संख्या महिलाओं की रही। इस दौरान एक महिला ने आवास की समस्या बताई। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला की समस्या को संवेदनशीलता से देखें। पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना या मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराया जाए।
जमीन कब्जा करने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। राजस्व व पुलिस से संबंधित मामलों में प्रभावी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि अधिकारी जन कल्याण के कार्यों को सदैव प्राथमिकता पर रखें और हर पीड़ित की समस्या का त्वरित निस्तारण करना सुनिश्चित करें। इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों को सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी इलाज नहीं रुकने पाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टीमेट की प्रक्रिया को प्राथमिकता पर पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध कराएं। शासन से इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ आए नन्हे मुन्ने बच्चों को दुलारकर मुख्यमंत्री ने उन्हें चॉकलेट गिफ्ट किया।