Home Blog Page 1200

लखनऊ: आईआईएम रोड बनी ओवरलोड वाहनों का पार्किंग स्थल व अवैध मोरंग मंडी

  • यादव चौराहे से लेकर आईआईएम चौराहे के आसपास खड़ी होती हैं ओवरलोड ट्रकें
  • शहर के अंदर ओवरलोड वाहनों के चलते होते हैं बड़े-बड़े सड़क हादसे
  • जिम्मेदार किसी बड़ी घटना का कर रहे इंतजार
  • जिम्मेदारों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रहा
  • पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी व पश्चिमी ज़ोन की सीमा में आती है आईआईएम रोड

लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दुबग्गा से लेकर भिटौली तक पूरी आईआईएम रोड में 10 चक्का ट्रक से लेकर 22 चक्का हाईवा तक पूरे रोड में अलग-अलग थानाक्षेत्र में ओवरलोड खड़े रहते हैं और स्थानीय पुलिस व परिवहन विभाग के जिम्मेदार हांथ पर हांथ धरे बैठे रहते हैं और अपने सरकारी दफ्तर के एसी केबिन में ठंडी हवा का आनंद लेते हैं। क्योंकि शहर के अंदर अलग अलग जगहों में सज रही अवैध मोरंग मंडियों से ही ये ओवरलोड भारी वाहन अलग अलग गंतव्य के लिए कूच करते हैं और शहर के अंदर ही अनलोड भी होते हैं लेकिन जिम्मेदार हरी पत्ती के आगे नतमस्तक हैं।

लखनऊ में आईआईएम रोड के सीमा की बात करें तो हरदोई रोड के दुबग्गा चौराहे के पास से लगी हुई सिक्सलेन सड़क जोकि दुबग्गा थाने से शुरू होकर गोमती नदी में बने घैला पुल से होते हुए, यादव चौराहा, आईआईएम चौराहा से होते हुए भिटौली तिराहे तक है। अब अगर आप आईआईएम रोड में सुबह 3 बजे के बाद कभी भी निकलेंगे तो पाएंगे कि दुबग्गा चौराहे से लेकर भिटौली तिराहे तक सड़क के दोनों तरफ खासतौर से आईआईएम चौराहे के आसपास तो ओवरलोड वाहनों की पूरी की पूरी मंडी ही सजती है। यहां बने सीएनजी पंप के अंदर तक गाड़ियां खड़ी रहती हैं।

अब अगर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के ज़ोन के मुताबिक बात करें तो दुबग्गा थाने से लेकर आधे घैला पुल तक की सीमा पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी ज़ोन में आती है तो वहीं आधे पुल से लेकर भिटौली तिराहे तक की सीमा पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी ज़ोन में आती है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि इतना ज्यादा मात्रा में ओवरलोड होकर वाहन राजधानी लखनऊ जैसे शहर में इंट्री कैसे पाता है क्योंकि शहर में तो चारों तरफ बहुत ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी है। तो ऐसे में एक बात तो निश्चित हो जाती है कि अगर कुछ भी अनैतिक हो रहा है तो उसमें जिम्मेदार ही पूरी तरह से इन्वॉल्व हैं।

अवैध मोरंग मंडी की जानकारी नहीं थी पुलिस के साथ मिलकर जल्द करेंगे ठोस कार्रवाई- एआरटीओ प्रवर्तन अमित रंजन राय

लखनऊ के आईआईएम रोड में सज रही अवैध मोरंग मंडी व ओवरलोड भारी वाहनों के सम्बन्ध में जब लखनऊ के एआरटीओ प्रवर्तन अमित रंजन राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस बाबत जानकारी नहीं थी लेकिन उन्होंने कहा कि इस पर यह भी स्पष्ट करना चाहूंगा कि अगर ओवरलोड वाहन संचालन की स्थिति में पाया जाता है तो उसके खिलाफ हम लोग कार्रवाई कर सकते हैं और करते भी हैं लेकिन अगर वही वाहन उसी कंडीशन में कहीं खड़ा हुआ है तो ऐसे में चालक द्वारा यह भी बहानेबाजी की जाती है कि यह माल हमने दो गाड़ियों का रखा हुआ है। जिस सम्बन्ध में स्थानीय पुलिस चाहे तो कार्रवाई कर सकती है यह सिर्फ पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ही संभव है। यहां पर परिवहन विभाग की नियमावली में संशोधन की आवश्यकता है जिससे हम ओवरलोड वाहनों के संचालन में ठोस कार्रवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि हम स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय कर जल्द ही इस दिशा में कोई बड़ी कार्रवाई करेंगे और शहर के अंदर संचालित हो रही इस अवैध मोरंग मंडी को बन्द करवाएंगे।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनी: ललित चाहर

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार कर रहा तरक्की
  • पूरी दुनिया में 11 वीं से उछलकर पांचवें स्थान पर पहुंचा
  • जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटने का दिख रहा जमीनी असर

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और अंतराष्ट्रीय मानवाधिकार जस्टिस आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर ललित चाहर ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर कहा कि हमारे प्रधान सेवक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से किया हर वादा पूरा किया है। देश की जनता के लिए यह अनूठा अनुभव है, आज एनडीए सरकार द्वारा देशवासियों से किया हर वादा पूरा किया गया है क्योंकि इससे पहले राजनीति में जो वादे किए जाते थे वो कभी भी पूरे नहीं होते थे।

श्री चाहर ने कहा कि ये देश की जनता के लिए नई बात थी क्योंकि उन्हें पिछली सरकार में ऐसा होने की आदत नही थी, देश पहले से 11वीं से पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, अब देश की आकांक्षा है कि हमारा भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने।

साथ ही ललित चाहर ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 से हुए बदलाव को लेकर कहा कि आप खुद यहां आकर देखिए कि क्या बदलाव हुआ है, जमीनीस्तर पर व्यापक सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। वहां के लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगी है, आतंकी घटनाओं में उल्लेखनीय गिरावट आई है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता ललित चाहर ने कहा कि भारत के प्रधान सेवक नरेंद्र मोदी का देश की 156 करोड़ जनता को धन्यवाद करना चाहिए कि उन्हें इतना अच्छा प्रधान सेवक मिला है।

अयोध्या दर्शन को पहुंचे सरोजनीनगर के श्रद्धालु : विगत 21 महीनों से विधायक राजेश्वर सिंह द्वारा अनवरत संचालित है रामरथ बस सेवा

  • विधायक राजेश्वर सिंह ने चलवाया रामरथ, जय सियाराम के जयकारों के साथ अयोध्या पहुंचे श्रद्धालु
  • रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ से जनजातीय समाज के श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन, की डॉ. राजेश्वर सिंह की इस अनूठी पहल की प्रशंसा
  • निरंतर चल रही रामरथ यात्रा को, विधायक राजेश्वर ने बताया सुखद, दिव्य एवं अलौकिक

लखनऊ: विकास के नए आयाम स्थापित करते सरोजनीनगर में जनता की श्रद्धा, आस्था और भक्ति का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। वृद्धजनों के तीर्थयात्रा के स्वप्न को पूरा करने के लिए संकल्पित विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की अनूठी पहल ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ के माध्यम से निरंतर क्षेत्र की जनता को अयोध्या धाम, नैमिषारण्य व अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं। माता तारा सिंह की प्रेरणा से आरंभ हुई रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा से क्षेत्रवासियों को निरंतर तीर्थयात्रा कराने के सतत क्रम में बुधवार को सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के जनजातीय समाज के लोगों को अयोध्या दर्शन कराया गया। यात्रा की शुरूआत जय श्रीराम के जयकारे के साथ पूरे जोश और उत्साह के साथ हुई। सफर के दौरान दर्शनार्थियों के लिए खाने-पीने से लेकर हर सुविधा का प्रबंध किया गया। प्रभु श्रीराम के भक्तिमय भजन सुनते हुए दर्शनार्थी अयोध्या पहुंचे।

सभी को सुविधाजनक तरीके से मंदिर ले जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए गए। रामलला के दर्शन कर सभी के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके उपरान्त सभी ने हनुमान गढ़ी में बजरंगबली के दर्शन किए। साथ ही कुछ श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान भी किया। यात्रा की वापसी में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट स्वरूप दी गई। पूरी यात्रा के दौरान वालंटियर्स ने सभी का ख्याल रखा तथा उन्हें किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी। सभी श्रद्धालुओं ने विधायक द्वारा कराई जा रही इस यात्रा की प्रशंसा की और उन्हें ढेरों आशीर्वाद दिया। यात्रा के दौरान एक श्रद्धालु ने कहा कि हमारे तीर्थयात्रा के सपने को पूरा कराने के लिए हम डॉ. राजेश्वर सिंह के आभारी है। एक अन्य श्रद्धालु ने बताया कि वे लंबे समय से रामलला के दर्शन करना चाहते थे लेकिन आज से पहले ये संभव नहीं हो पाया था, विधायक द्वारा किया जा रहा यह काम प्रशंसनीय है। डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा सरोजनीनगर की जनता को तीर्थ यात्रा करने के उद्देश्य से शुरू की गई इस विशेष पहल की हर ओर खूब सराहना हो रही है।

इस बाबत डॉ. राजेश्वर सिंह का मानना है कि वरिष्ठजनों के तीर्थ यात्रा के सपने को पूरा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। रामलला के दर्शन कर वरिष्ठजनों के चेहरों पर आई खुशी और संतुष्टि देख धन्य हो जाता हूं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से अयोध्या जी में पुरातन संस्कृति और सभ्यता का संरक्षण व संवर्धन हुआ है। सरोजनीनगर के सभी वृद्धजनों, माताओं, बहनों को तीर्थ यात्रा कराने के लिए यह ‘रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा’ अनवरत चलती रहेगी।

सुप्रीमकोर्ट: पतंजलि विज्ञापन केस में योगगुरु रामदेव, बालकृष्ण का माफीनामा खारिज

  • सुप्रीम कोर्ट ने कहा- जानबूझकर हमारे आदेश की अवमानना की, कार्रवाई के लिए तैयार रहें
  • जस्टिस हिमा कोहली और जस्टिस अमानतुल्लाह की बेंच ने पतंजलि के वकील विपिन सांघी और मुकुल रोहतगी को कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा

नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को पतंजलि के विवादित विज्ञापन केस में बाबा रामदेव और बालकृष्ण के दूसरे माफीनामे को भी खारिज कर दिया है। जस्टिस हिमा कोहली और जस्टिस अमानतुल्लाह की बेंच ने पतंजलि के वकील विपिन सांघी और मुकुल रोहतगी से कहा कि आपने जानबूझकर कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया है, कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

इससे पहले 2 अप्रैल को इसी बेंच में हुई सुनवाई के दौरान पंतजलि की तरफ से माफीनामा दिया गया था। उस दिन भी बेंच ने पतंजलि को फटकार लगाते हुए कहा था कि ये माफीनामा सिर्फ खानापूर्ति के लिए है, आपके अंदर माफी का भाव नहीं दिख रहा, इसके बाद कोर्ट ने 10 अप्रैल को सुनवाई की तारीख तय की थी।

सुनवाई से ठीक एक दिन पहले 9 अप्रैल को बाबा रामदेव और पतंजलि आयुर्वेद के मैनेजिंग डायरेक्टर आचार्य बालकृष्ण ने नया एफिडेविट फाइल किया, जिसमें पतंजलि ने बिना शर्त माफी मांगते हुए कहा कि इस गलती पर उन्हें खेद है और ऐसा दोबारा नहीं हो।

संस्थान का राष्ट्रहित में किया जा रहा कार्य सराहनीय- अपर्णा यादव

ए.एफ.सी. की 56वीं सालगिरह पर बोलीं अपर्णा यादव

लखनऊ: कृषि वित्त निगम (ए.एफ.सी.) इंडिया लि. द्वारा राष्ट्रहित में किया जा रहा कार्य अत्यन्त सराहनीय है। हमारा देश कृषि प्रधान देश है और यह संस्थान हमारे अन्नदाताओं की तकनीकी क्षमताओं का ज्ञानवर्द्धन करते हुए प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ उन्हें संगठित करने का सराहनीय कार्य भी कर रहा है।

संस्थान के 56वीं सालगिरह पर आयोजित एक समारोह में उक्त उद्गार मुख्य अतिथि व वरिष्ठ समाजसेवी और ख्यातिप्राप्त राजनेत्री श्रीमती अपर्णा विष्ट यादव ने व्यक्त किया। अपर्णा ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान द्वारा पंचायतीराज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, मण्डी परिषद और प्रदेश के अन्य विभागों के साथ बृहद स्तर पर तकनीकी एवं ज्ञानवर्द्धन संबंधित कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक एवं प्रभारी अवनेश कलिक ने प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इससे पूर्व उप महाप्रबंधक अवनेश कलिक ने ए.एफ.सी. के 56 वर्षों के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों के सरकार से समन्वय कर संस्थान द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों को विस्तार से बताया।

वर्षगांठ समारोह को पूर्व कृषि निदेशक के.बी. सिंह, मुकेश गौतम, आर.के. सिंह, उप निदेशक कृषि विभाग के द्वारा भी संबोधित किया गया। इसके पूर्व संस्थान के मुख्यालय पर पूर्ण श्रद्धा के साथ सुन्दरकांड का पाठ आयोजित किया गया, जिसमें संस्था के समस्त कर्मचारियों ने पूरे भाव से भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ पत्रकार मनोरंजन सिंह, विनोद तिवारी, संदीप शाही, इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री संजय सिंह, राम शरण सिंह के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं संस्थान के कार्मिक एवं शुभचिन्तक उपस्थित रहे।