Home Blog Page 1193

अखिलेश-राहुल हैं बच्चा, हम हैं उनके चच्चा- ओमप्रकाश राजभर

  • सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर स्थित निराला नगर में भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के समर्थन में ओ.पी.राजभर ने कहा- 4 जून को साकार होगा चार सौ पार वाला एनडीए का संकल्प
  • जनसभा को संबोधित करते हुए मेनका गांधी ने कहा कि जाति-धर्म से नहीं अपने स्वार्थ से चुनें अपना जनप्रतिनिधि

सुल्तानपुर: अखंडनगर के निराला नगर में ओपी राजभर ने बीजेपी प्रत्याशी सांसद मेनका संजय गांधी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए धरातल पर और विपक्ष एसी में बैठकर राजनीति कर रहा हैं। उन्होंने कहा कि 4 जून को एनडीए का संकल्प 400 पार साकार होगा। एनडीए गरीबों की पार्टी है।2024 में सरकार बनने पर गरीबों के बिजली का बिल माफ करने की गारंटी हमने भाजपा से ली है। गरीब बच्चों को बेसिक से लेकर उच्च शिक्षा मुफ्त व रोजगारपरक दी जाएगी इसकी भी गारंटी हम देते हैं।

उत्तरप्रदेश सरकार में पंचायतीराज विभाग के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सुल्तानपुर में विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।अपने संबोधन के दौरान एक तरफ जहां मोदी-योगी के तारीफों का पुल बांधा तो वहीं विपक्ष पर भी जमकर बरसते नजर आए। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में विकास की राजनीति और कानून का राज चलता है। अपराधियों से लेकर उनके घर तक योगी बाबा के बुलडोजर से डरते हैं।

एनडीए यूपी में 80 और टोटल 400 पार करेगी

ओमप्रकाश राजभर ने यूपी में मुसलमान के लिए कहा कि नफरत से कुछ नहीं मिलेगा। हम नफरत की नहीं सबके विकास की राजनीति करते हैं। अपने संबोधन के दौरान मंत्री ओ.पी.राजभर ने कहा कि विपक्षी पार्टी को अपना पर्चा ही दाखिल नहीं करना चाहिए।सब सिर्फ पैसा बर्बाद करते है।भाजपा 80 की 80 सीट जीतेंगी। 4 जून के बाद सभी खाली हाथ वापस लौट जाएंगे क्योंकि इस बार भाजपा 400 पार करने जा रही है।

अखिलेश-राहुल हैं बच्चा, हम हैं उनके चच्चा

वहीं मीडिया से बात करते हुए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी दोनो बच्चे हैं. ये क्या और कौन सा कमाल करेंगे, हम उनके चच्चा हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी लगातार रैली कर जनता के बीच में हैं। जबकि इंडिया गठबंधन और विपक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर और सोशल मीडिया एक्स पर जनता से वोट मांग रहा है। वहीं सांसद मेनका गांधी ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की जनसभा से काफी मजबूती मिलेगी। इसके पूर्व सांसद मेनका संजय गांधी ने कादीपुर विधानसभा में एक दर्जन नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब इंडिया गठबंधन बना तब मैंने कहा कुछ लोग सत्कार कुछ लोग हटकर मोदी को पीएम बनाएंगे। नीतीश और जयंत सट गए। ममता व भगवत मान हट गए। अखिलेश भी चाहते हैं कि 2024 में नरेंद्र मोदी पीएम बने। वह हटकर सहयोग कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में मैं नहीं अखिलेश ने बोला था कांग्रेस चालू पार्टी है। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि इसके पहले सांसद मेनका संजय गांधी ने कादीपुर विधानसभा में विधायक राजेश गौतम व एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह के साथ एक दर्जन नुक्कड़ को संबोधित करते हुए वोट व समर्थन मांगा। उन्होंने कहा भाजपा ने बिना भेदभाव योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया है।

आज विभिन्न कार्यक्रमों में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा,एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राजेश गौतम, सीताराम वर्मा,योगेंद्र प्रताप सिंह,डॉ वेद प्रकाश सिंह,सुभासपा जिलाध्यक्ष अरविन्द राजभर,अमेठी सुभासपा जिलाध्यक्ष सतीश मिश्रा, विजय सिंह रघुवंशी, बासुदेव यादव, श्रवण मिश्रा, बंटी सिंह, आनन्द द्विवेदी,बाबी सिंह, बृजेश वर्मा,मनोज मौर्या, राजेश सिंह,देव नारायण तिवारी,सुनील सोनी, ब्रह्मदेव सिंह‌ आदि मौजूद रहे।

पाकिस्तान की जितनी आबादी, दस वर्ष में उससे अधिक हमारे यहां गरीबी रेखा से उबरेः योगी

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पिलखुआ में की जनसभा
  • सीएम योगी ने गाजियाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की
  • सीएम योगी ने कहा 10 वर्ष में हुए परिवर्तन के कारण गूंज रहा, फिर एक बार मोदी सरकार
  • योगी बोले- रामनवमी पर पूरा सनातन भारत गौरव से आलोकित हो रहा था

गाजियाबाद: पूरे देश में एक ही स्वर गूंज रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी पार 400 पार। यह नारा अकारण ही नहीं गूंज रहा है, बल्कि इसके पीछे देश के अंदर 10 वर्ष में हुआ परिवर्तन है। देश के परिवर्तन का कारण केवल नरेंद्र मोदी हैं। पाकिस्तान की जितनी आबादी है, भारत में उससे अधिक आबादी 10 वर्ष में गरीबी रेखा से मुक्त होकर खुशहाल जीवन यापन कर रही है। उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। उन्होंने गुरुवार को पिलखुआ में जनसभा कर गाजियाबाद से भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी व विधायक अतुल गर्ग के लिए कमल का फूल खिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिलखुआ के हस्तशिल्पियों व कारीगरों ने हैंडलूम के माध्यम से अपने हुनर का लोहा मनवाया।

इस वर्ष के अंत तक मेरठ में शुरू कर देंगे मेट्रो का कार्य

सीएम योगी ने कहा कि यहां इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े-बड़े कार्य हुए हैं। दिल्ली से मेरठ के बीच 12 लेन का हाइवे बन चुका है। रैपिड रेल का कार्य तेजी से चल रहा है। 2014 में मोदी जी आए थे तो देश के महज पांच शहरों में मेट्रो थी, आज देश के 20 और यूपी के छह शहरों (लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, आगरा, कानपुर) में मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है। इस वर्ष के अंत तक मेरठ सिटी में मेट्रो का कार्य प्रारंभ कर देंगे। 2014 में सात एम्स थे, आज 22 एम्स है यानी हर क्षेत्र में कई गुना वृद्धि हुई है। इंफ्रास्ट्रक्चर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।

यहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन मिल रहा, पाकिस्तान में 22 करोड़ की आबादी भूखों मर रही

सीएम योगी ने कहा कि मोदी जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के आधार पर योजनाओं का लाभ दिया। 1947 में पाकिस्तान बना, आबादी से अधिक भूभाग वहां चला गया। आज भारत जहां 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दे रहा है, वहीं पाकिस्तान की 22 करोड़ की आबादी भूखों मरने की स्थिति है। हम यूपी में उपचार के लिए पीड़ित के खाते में सीधे पैसा भेज देते हैं, जिससे उपचार के अभाव में किसी को तड़पना न पड़े।

500 वर्ष बाद रामलला ने अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 500 वर्षों बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। रामनवमी पर अयोध्या धाम में आपने देखा होगा कि सूर्यवंश के शिरोमणि मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम का दोपहर 12 बजे भगवान सूर्य की किरणों से कैसे अभिषेक हो रहा था। यह देख पूरा सनातन भारत गौरव से आलोकित हो रहा था। यह क्षण कैसे आया, यह किसी से छिपा नहीं है पर विपक्षी दलों के लोग यह कार्य नहीं कर पाते।

आत्मनिर्भर भारत के लिए आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश आवश्यक

सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा व कांग्रेस ने उप्र को दंगा व कर्फ्यू की चपेट में ला दिया। हर दूसरे दिन दंगा व महीनों कर्फ्यू लगता था। आज धूमधड़ाके के साथ बिना रोकटोक कांवड़ यात्रा निकलती है। अब सुरक्षा का बेहतर माहौल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना के अनुरूप विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर भारत आवश्यक है। आत्मनिर्भर भारत के लिए उत्तर प्रदेश का आत्मनिर्भर होना आवश्यक है। विकसित देश के लिए तीसरी बार मोदी जी को पीएम बनाना है।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, योगी सरकार के मंत्री सुनील शर्मा, नरेंद्र कश्यप, विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी, गाजियाबाद से भाजपा उम्मीदवार अतुल गर्ग, हापुड़ भाजपा के जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, विधायक धर्मेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर आदि मौजूद रहे।

अमेठी: विकास अग्रहरि ने कहा मैं सिर्फ सांसद जी से मिलने गया था, भाजपा ज्वाइन नहीं किया

  • अमेठी में कहानी पलटी, सुबह स्मृति ईरानी की मौजूदगी में भगवा पट्टा पहनने वाले विकास अग्रहरि ने कहा- नहीं ज्वाइन किया भाजपा, कांग्रेस का सिपाही हूं, वहीं रहूंगा
  • विकास ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर दी सफाई

लखनऊ: आज सुबह ही सोशल मीडिया में उत्तरप्रदेश के अमेठी से एक गरमागरम खबर दौड़ाई जाती है कि अमेठी कांग्रेस के एक खास पदाधिकारी विकास अग्रहरि, जो कि कांग्रेस के प्रदेश समन्वयक भी हैं। उनको स्वयं अमेठी से भाजपा सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों के सहयोग से कांग्रेस से तोड़कर भाजपा में शामिल करवा लिया है।

आज सुबह सोशल मीडिया में विकास के भाजपा ज्वाइन करने की वायरल हुई तस्वीर

इस तस्वीर के सोशल मीडिया में देखते ही कोई भी यह कहने में जरा भी हिचकेगा नहीं कि इस शख्स ने भाजपा ज्वाइन नहीं किया है लेकिन शायद यही वजह भी है कि इस फोटो को देखने व खबर वायरल होने के बाद कांग्रेस में भी इसलिए हड़बड़ी मच गई होगी क्योंकि खबर यह भी है कि यही विकास, राहुल गांधी का प्रमुख कार्यकर्ता भी है और राहुल गांधी के सोशल मीडिया के दायित्वों का निर्वहन भी करता है। इसलिए आनन-फानन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुनः विकास अग्रहरि का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया, जिसमें विकास ने भाजपा ज्वाइन करने जैसी खबर का खण्डन किया है। विकास ने कहा है कि-

प्रदेश समन्वयक, कांग्रेस पार्टी विकास अग्रहरि (अमेठी)

‘मैं सांसद जी के पास कुछ मांगो को लेकर बात करने गया था. वहां पर मेरा सम्मान किया गया और बाद में बीजेपी ज्वाइन करने की फोटो वायरल कर दी, लेकिन मैं कांग्रेस में ही हूँ कांग्रेस का सिपाही हूँ। मैंने भाजपा जॉइन नही की है, कांग्रेस का सिपाही हूँ।

सीएम योगी ने किया श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ

  • गोरखनाथ मंदिर में 21 अप्रैल को होगी हनुमान जी के नव्य विग्रह की प्रतिष्ठा
  • 22 अप्रैल को होगी रूद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति

गोरखपुर: गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ का विधि विधान से शुभारंभ किया। प्रभु हनुमान की नव्य मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 21 अप्रैल को होगी जबकि रुद्र महायज्ञ की पूर्णाहुति 22 अप्रैल को होगी। इस दौरान आज से पूर्णाहुति तक विविध प्रकार के पूजन, अधिवास व अनुष्ठान के कार्यक्रम चलते रहेंगे। 18 अप्रैल, गुरुवार से 22 अप्रैल तक होने वाले रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य दरवाजे पर पूजन करते हुए मंडप प्रवेश किया। इसके बाद वैदिक मंत्र उच्चारण के बीच वेदी का पूजन हुआ।

श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ करते सीएम योगी आदित्यनाथ

हनुमत प्राण प्रतिष्ठा 22 अप्रैल को देवालय में की जाएगी। यज्ञ गुरुवार शाम से ही शुरू हो जाएगा। इसके पहले गाजे बाजे के साथ गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ की अगुवाई में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूजन के बीच भीम सरोवर से यज्ञ कलश में जल भरा। भीम सरोवर की परिक्रमा करने के बाद कलश यात्रा यज्ञशाला पहुंची जहां विभिन्न स्थलों पर यज्ञ कलश को विराजमान करवाया गया। यहां से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमान संभालते हुए मुख्य दरवाजे पर पूजा अर्चना के बाद यज्ञशाला के मंडप में प्रवेश किया। प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में आज पंचांग पूजन किया गया। इस अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, रामानुज त्रिपाठी, डॉ. रंगनाथ त्रिपाठी, अश्वनी त्रिपाठी, अरविंद चतुर्वेदी, रोहित मिश्र, बृजेश मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश त्रिपाठी, प्रांगेश मिश्र, अभिषेक पांडेय, डॉ. हृदय नारायण शुक्ल आदि उपस्थित रहे।

समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोटों के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है- नंदी

  • प्रोफेसर रामगोपाल यादव के बयान पर मंत्री नन्दी का पलटवार
  • मंत्री नंदी ने कहा समाजवादियों की इसी विकृत सोच ने सैकड़ों निर्दोष रामभक्तों पर गोलियाँ चलवाने का महापाप किया था

लखनऊ: अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण एवं रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी पर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने करारा प्रहार किया है।

समाजवादी पार्टी के प्रधान महासचिव प्रो०रामगोपाल यादव

रामगोपाल यादव ने कहा है कि रामनवमी हमेशा बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती रही है, रामनवमी को कुछ लोगों ने पेटेंट करा लिया है। यह उनकी ‘बपौती’ नहीं है। सपा सांसद ने आगे कहा कि करोड़ों लोग हजारों वर्षों से रामनवमी मनाते आ रहे हैं और इस देश में सिर्फ एक राम मंदिर नहीं है। उन्होंने (बीजेपी वालों ने) अधूरी ‘प्राण प्रतिष्ठा’ की है और शंकराचार्य इसके खिलाफ थे, उन्हें (बीजेपी को) सजा देंगे।

रामगोपाल यादव के इस बयान पर मंत्री नन्दी ने कहा कि
प्रोफेसर होकर इस प्रकार की नफरती और विभाजनकारी भाषा का प्रयोग रामगोपाल यादव की डिग्री पर सवालिया निशान है! इसी विकृत सोच ने सैकड़ों निर्दोष रामभक्तों पर गोलियाँ चलवाने का महापाप किया था।

सनातन आस्था के प्राण पुरुष प्रभु श्रीराम के बारे में ऐसा ओछा बयान इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि समाजवादी पार्टी मुस्लिम वोटों के लालच में किसी भी हद तक गिर सकती है। वोट बैंक को पोषित करने के लिये हिन्दू आस्था व श्रद्धा को पाखंड कहना समाजवादी पार्टी की निकृष्टता और पतन की पराकाष्ठा है। जनता इस चुनाव में इन हिन्दूविरोधी आसुरी शक्तियों को जमींदोज कर देगी। रामद्रोही समाजवादी पार्टी का नामोनिशान ढूढ़े से भी नहीं मिलेगा! उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर सपा का सूपड़ा साफ होना सुनिश्चित है।