Home Blog Page 1174

उपचुनाव: असम, गुजरात और बंगाल में शनिवार को होगी वोटों की गिनती, सुरक्षा के कड़े इंतजाम।

गुवाहाटी/अहमदाबाद/कोलकाता: असम, गुजरात और पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा उपचुनावों के लिए शनिवार को मतगणना होगी। मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि असम में विधानसभा की पांच सीट ढोलाई, समागुरी, बेहाली, बोंगाईगांव और सिदली निर्वाचन क्षेत्रों से कुल 34 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीनों राज्यों में मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

ढोलाई सीट के लिए मतों की गिनती रामनगर में अंतर-राज्यीय ट्रक टर्मिनल पर होगी। सिदली सीट के लिए मतगणना काजलगांव में जिला केंद्र में होगी, जबकि बोंगाईगांव के लिए मतगणना बोंगाईगांव कॉलेज में होगी। अधिकारियों ने शुक्रवार शाम को बताया कि मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष मौजूदा विधायकों के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा की ये सीट खाली हुई हैं। सामगुरी में चुनाव प्रचार के दौरान हिंसा की छिटपुट घटनाएं हुईं और भाजपा तथा कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। भाजपा ने बेहाली, सामगुरी तथा धोलाई सीट पर और उसकी गठबंधन सहयोगी दल एजीपी (असम गण परिषद) तथा यूपीपीएल ने क्रमशः बोंगाईगांव तथा सिदली सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं । कांग्रेस पांचों सीट पर चुनाव लड़ रही है। उपचुनाव में 75.67 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था।

वहीं गुजरात के बनासकांठा जिले की वाव विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना भी होगी। वाव विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना जगना गांव के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में होगी। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मतगणना केंद्र पर करीब 160 निर्वाचन अधिकारी और गुजरात पुलिस तथा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के 400 कर्मियों को तैनात किया गया है। इस सीट पर उपचुनाव में 70.55 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था ।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा की छह सीटों पर भी प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला शनिवार को होगा। कोलकाता में आरजी कर अस्पताल में एक ट्रेनी महिला डॉक्टर से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच चुनाव परिणाम काफी चर्चा में हैं। बंगाल की नैहाटी, हरोआ, मेदिनीपुर, तलडांगरा, सीताई (अनुसूचित जाति) और मदारीहाट (अनुसूचित जनजाति) शामिल हैं। बंगाल की छह सीट पर उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को मतदान हुआ था और मतदान प्रतिशत 69.29 रहा था। आयोग ने मतगणना सुचारू रूप से कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिन सीट पर उपचुनाव हुआ है, उनमें से पांच सीट टीएमसी का गढ़ मानी जाती हैं जबकि मदारीहाट पर 2021 में भाजपा ने जीत दर्ज की थी।

ब्रिटेन: गैटविक एयरपोर्ट पर संदिग्ध वस्तु मिलने से अफरा-तफरी, बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।

लंदन: ब्रिटेन में गैटविक हवाई अड्डा के ‘साउथ टर्मिनल’ को शुक्रवार सुबह एक संदिग्ध वस्तु के बरामद होने के कारण ‘सुरक्षा कारणों’ से खाली कराकर बंद कर दिया गया और बम निरोधक दस्ते के एक दल को ‘एहतियात’ के तौर पर तैनात किया गया। हीथ्रो हवाई अड्डे के बाद गैटविक ब्रिटेन का दूसरा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है। गैटविक हवाई अड्डा लंदन से लगभग 45 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, इस घटना के कारण व्यस्त रहने वाले हवाई अड्डे के ‘साउथ टर्मिनल’ में भारी दिक्कतें हुईं। हालांकि, गैटविक हवाई अड्डे का ‘नॉर्थ टर्मिनल’ अप्रभावित रहा। ससेक्स पुलिस ने एक बयान में बताया, “साउथ टर्मिनल’ पर संदिग्ध प्रतिबंधित वस्तु मिलने के बाद शुक्रवार सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर पुलिस को गैटविक हवाई अड्डे पर बुलाया गया।” पुलिस के मुताबिक, “लोगों, कर्मचारियों और हवाईअड्डे पर मौजूद अन्य अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक सुरक्षा घेरा बनाया गया। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते की एक टीम को हवाईअड्डे पर तैनात किया जा रहा है।”

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो

पुलिस ने बताया कि घटना की वजह से काफी दिक्कतें हो रही हैं और ‘साउथ टर्मिनल’ के आसपास की कुछ सड़कें बंद कर दी गई हैं। पुलिस के मुताबिक, हम लोगों को सलाह देंगे कि वो जहां तक संभव हो, उस क्षेत्र में जाने से बचें। हवाई अड्डे के बाहर की वीडियो फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं।

महाराष्ट्र से बड़ी खबर: महायुति जीत को ओर अग्रसर, मुख्यमंत्री पद के लिए शुरू हुई गहमागहमी

  • मुख्यमंत्री पद की रेस में देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे
  • ⁠केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने फोन पर की बात
  • देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष पीयूष गोयल से की मुलाकात

⁠महाराष्ट्र: विधानसभा चुनाव के नतीजों में महायुति प्रचंड जीत की ओर आगे बढ़ रही है, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। महायुति की शानदार जीत के बाद देवेंद्र फडणवीस का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा है।

इस बीच देवेन्द्र फडणवीस ने महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष और भाजपा के दिग्गज नेता पीयूष गोयल से मुलाकात की, जिससे सियासी हलचल और बढ़ गई है, वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी फडणवीस से फ़ोन पर बात की है, जिसको मद्देनज़र रखते हुए सीएम पद के लिए चर्चाओं का बाज़ार गर्म होता जा रहा है।

महाकुंभ 2025: श्रृंगवेरपुर धाम को नया स्वरूप दे रही योगी सरकार

shrangverpur dham
shrangverpur dham
  • 3781 लाख रुपये की लागत से श्रृंगवेरपुर धाम का भव्य विकास किया गया।
  • निषादराज और भगवान श्रीराम की भव्य मूर्तियों की स्थापना के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित की गईं।
  • 6 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले निषादराज पर्यटन पार्क का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
  • ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे और स्थानीय सांस्कृतिक अनुभवों की व्यवस्था सुनिश्चित।
  • श्रृंगवेरपुर धाम महाकुंभ 2025 का एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक डेस्टिनेशन बनेगा।

    प्रयागराज/लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण पर्यटन (रूरल टूरिज्म) को भी प्रोत्साहित कर रही है। प्रयागराज में गंगा किनारे स्थित निषादराज गुह्य की राजधानी रहे श्रृंगवेरपुर धाम का कायाकल्प कर इसे महाकुंभ 2025 के मुख्य आकर्षणों में शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साझा प्रयासों से श्रृंगवेरपुर धाम का भव्य निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।

    श्रृंगवेरपुर धाम को मिल रहा भव्य स्वरूप

    राम नगरी अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के बाद अब श्रृंगवेरपुर धाम को भी भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यह स्थान निषादराज और भगवान श्रीराम के ऐतिहासिक मिलन का प्रतीक है, जिसे सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
    पूर्व में उपेक्षित रहे इस ऐतिहासिक धरोहर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने नई पहचान दी है। यहां धार्मिक पर्यटन के साथ ग्रामीण पर्यटन को भी जोड़ा जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

    भव्य निषादराज पार्क का निर्माण

    श्रृंगवेरपुर धाम में लगभग 3781 लाख रुपये की लागत से निषादराज पर्यटन पार्क का निर्माण दो चरणों में किया गया है।

    • पहला चरण: ₹1963.01 लाख की लागत से निषादराज और भगवान श्रीराम की भव्य मूर्तियों की स्थापना, पोडियम, ओवरहेड टैंक, बाउंड्री वॉल, प्रवेश द्वार, और गार्ड रूम आदि का निर्माण किया गया।
    • दूसरा चरण: ₹1818.90 लाख की लागत से गैलरी, चित्रांकन, ध्यान केंद्र, कैफेटेरिया, पार्किंग, सोलर पैनल, मुक्ताकाशी मंच, और हरित क्षेत्र (लैंडस्केपिंग) जैसे आधुनिक सुविधाएं तैयार की गईं।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस भव्य परियोजना का लोकार्पण करेंगे। 6 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के साथ-साथ पर्यटकों को अद्भुत अनुभव प्रदान करेगा।

    ग्रामीण पर्यटन का हब बनेगा श्रृंगवेरपुर धाम

    श्रृंगवेरपुर धाम को ग्रामीण पर्यटन का केंद्र बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह के अनुसार, यहां ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

    • स्थानीय लोगों को मड हाउस और हट निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
    • थीमेटिक पेंटिंग, स्थानीय खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित किया जाएगा।
    • पर्यटकों के लिए विशेष ग्रामीण क्राफ्ट अनुभव का भी प्रबंध होगा।

    श्रृंगवेरपुर धाम महाकुंभ 2025 के लिए एक प्रमुख आकर्षण बनकर तैयार है। इस स्थान को न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि ग्रामीण पर्यटन और सांस्कृतिक अनुभवों के लिए भी खास रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह कदम प्रयागराज क्षेत्र को वैश्विक धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान देने वाला है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के 25वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ का उद्घाटन

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

    • कार्यक्रम में 55 देशों के 200 से अधिक न्यायविद, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं।
    • उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की गरिमा बढ़ाई।
    • मुख्यमंत्री ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51 के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शांतिपूर्ण समाधान की अपील की।
    • डॉ. जगदीश गांधी के विश्व शांति और एकता के प्रयासों को याद किया गया।

    लखनऊ, 22 नवंबर 2024: सिटी मोन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) द्वारा आयोजित ‘विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के 25वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन’ का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रातः सीएमएस कानपुर रोड ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलित कर किया।

    सम्मेलन की संयोजिका और सीएमएस की प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के साथ-साथ विभिन्न देशों के मुख्य न्यायाधीशों का हार्दिक स्वागत किया। यह सम्मेलन 22 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा और इसमें अंतरराष्ट्रीय न्याय, शांति, और प्रभावी कानून व्यवस्था पर मंथन होगा।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में दिवंगत सीएमएस संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके द्वारा शिक्षा के माध्यम से विश्व एकता और शांति की दिशा में किए गए प्रयास अद्वितीय हैं।

    उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51 का हवाला देते हुए कहा कि विश्व की समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जा सकता है।

    इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। सम्मेलन में 55 देशों के 200 से अधिक न्यायविद, कानूनविद और अंतरराष्ट्रीय हस्तियां शामिल हुईं।

    इस अवसर पर हंगरी की पूर्व राष्ट्रपति काटालिन नोवाक, एंटीगुआ और बारबुडा के गवर्नर-जनरल सर रॉडनी एरे लारेंस विलियम्स, लेसोथो के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. पाकलिथा बी. मोसिसिली, इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस के न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी समेत कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपने विचार साझा किए।

    कार्यक्रम के संयोजक प्रो. गीता गांधी किंगडन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सम्मेलन में उपस्थित न्यायविद एक वैश्विक सरकार, विश्व संसद और अंतरराष्ट्रीय कानून व्यवस्था की वकालत कर रहे हैं। यह आदर्श व्यवस्था आतंकवाद, बेरोजगारी, अशिक्षा और पर्यावरणीय समस्याओं को नियंत्रित करने में मददगार हो सकती है।

    शाम 5:30 बजे, सीएमएस कानपुर रोड परिसर में सम्मेलन में शामिल गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगी। लखनऊ की मेयर सुषमा खरकवाल विशिष्ट अतिथि होंगी। इस अवसर पर न्यायमूर्ति दलवीर भंडारी को ‘लखनऊ नगर की चाबी’ और अन्य अंतरराष्ट्रीय हस्तियों को विशिष्ट सम्मान प्रदान किए जाएंगे।