Home Blog Page 1049

विजयवीर ने नेशनल खिताब अपने नाम किया पहला 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल

पंजाब के विजयवीर सिद्धू ने नई दिल्ली में चल रही 67वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता (एनएससीसी) में पिस्टल स्पर्धाओं के लिए पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल (आरएफपी) स्पर्धा का अपना पहला खिताब जीता। पेरिस ओलंपियन विजयवीर ने डॉ.कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में ‘आर्मी मार्कस्मैनशिप यूनिट’ के साथी ओलंपियन गुरप्रीत सिंह को फाइनल में 28-25 से हराया।

एयर फोर्स के शिवम शुक्ला 23 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। विजयवीर क्वालीफिकेशन में 581 अंक हासिल से दूसरे स्थान पर रहे। वह उत्तर प्रदेश के अंकुर गोयल से पीछे रहे जिन्होंने 585 अंक हासिल किए। गुरप्रीत ने फाइनल के बाद घोषणा की कि यह उनकी आखिरी नेशनल चैंपियनशिप प्रतियोगिता होगी क्योंकि वह कोचिंग की ओर रुख कर रहे हैं। वह 575 के स्कोर के साथ छठा और अंतिम स्थान हासिल करने में सफल रहे।

जूनियर पुरुष आरएफपी में महाराष्ट्र के राजवर्धन आशुतोष पाटिल ने 31 हिट के साथ गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने पांचवे, छठे और सातवे श्रृंखला में लगातार तीन परफेक्ट 5 हिट्स के साथ बाकी प्रतिस्पर्धियों को कोई मौका नहीं दिया। मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा दूसरे स्थान पर रहे जबकि राजस्थान के अभिनव चौधरी ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया। एशियन गेम्स के पदक विजेता विजयवीर सिद्धू पिछले साल पिस्टल स्पर्धाओं की 66वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरुषों की 25 मीटर सेंटर-फायर पिस्टल स्पर्धा में शीर्ष पर रहे थे।

बांग्लादेश के सचिवालय में लगी आग से तमाम दस्तावेज जल के खाक, क्या साजिश से सबूत मिटाने की थी कोशिश?

ढाका: ढाका में बांग्लादेश सचिवालय की एक प्रमुख इमारत में बृहस्पतिवार को भीषण आग लग गई। जिससे सरकारी दस्तावेज नष्ट हो गए। आशंका है कि किसी साजिश के तहत ये आग लगाई गई है। अधिकारियों को आशंका है कि सरकारी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से ही घटना को अंजाम दिया गया। लिहाजा इस संबंध में एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। बांग्लादेश सचिवालय की इमारत संख्या सात में आग लगी और करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, नौ मंजिला इमारत में सात मंत्रालय मौजूद हैं। उच्च सुरक्षा वाले परिसर में बृहस्पतिवार सुबह आग लगी। हालांकि, आग की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अग्निशमन सेवा के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जाहेद कमाल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘कल (बुधवार) आधी रात के बाद इमारत में तीन स्थानों पर एक साथ आग लग गई।’’ उन्होंने संकेत दिया कि आग संभवत: दुर्घटनावश नहीं लगी। अधिकारियों ने बताया कि आग के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे इमारत के अलावा अन्य मंत्रालयों को भी अपना सामान्य कामकाज रोकना पड़ा जबकि सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर के अंदर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया, जिससे कई कर्मचारी परिसर में प्रवेश नहीं कर पाए।

ऊपरी मंजिल तक पहुंच

उन्होंने बताया कि इमारत संख्या सात की छठी, सातवीं और आठवीं मंजिल पर स्थित अधिकांश कमरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि स्थानीय प्रशासन, डाक एवं दूरसंचार मंत्रालयों के दस्तावेज और फर्नीचर जल गए। एक अधिकारी ने इमारत का दौरा करने के बाद बताया, ‘‘आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किए गए पानी से कई दस्तावेजों को भी नुकसान पहुंचा। इमारत के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले कबूतर मरे हुए पाये गए और खिड़कियां टूटी हुईं थीं।’’ अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ महमूद सजीब भुइयां ने कहा, ‘‘षड्यंत्रकारियों ने अपनी गतिविधियां बंद नहीं की हैं।’’ उन्होंने कहा कि जिन दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा है, उनमें अपदस्थ आवामी लीग शासन के दौरान हुए लाखों डॉलर के भ्रष्टाचार को उजागर करने वाले कागजात और सबूत शामिल हैं।

भुइयां ने कहा, ‘‘अगर कोई भी हमें (भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में) विफल करने में संलिप्त पाया गया तो उसे (दंडात्मक कार्रवाई से) बचने का जरा सा भी मौका नहीं दिया जाएगा।’’ इस बीच, अधिकारियों ने वरिष्ठ नौकरशाहों, अग्निशमन सेवा और पुलिस अधिकारियों वाली सात सदस्यीय समिति का गठन किया। अतिरिक्त सचिव (जिला और क्षेत्रीय प्रशासन) मोहम्मद खालिद रहीम की अध्यक्षता वाली समिति को सात कार्य दिवसों के भीतर अपनी रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया है।

गाजा में कड़ाके की ठंड जानलेवा बनी, तंबू में रह रही फिलिस्तीनी बच्ची की हुई मौत

गाजाः इजरायल और हमास के बीच जारी युद्ध के कारण गाजा में कड़ाके की ठंड में तंबू में रहने को मजबूर तीन सप्ताह की एक बच्ची की मौत हो गई । यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इजरायल और हमास एक दूसरे पर युद्ध विराम समझौते को जटिल बनाने के आरोप लगा रहे हैं। चिकित्सकों ने बताया कि हाल के दिनों में गाजा में तंबुओं में रह रहे बच्चे की ठंड से मौत का यह तीसरा मामला है। इजराइल और हमास के बीच पिछले 14 महीने से जारी युद्ध ने भारी तबाही मचाई है।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल द्वारा गाजा पर की गई बमबारी और जमीनी हमलों में 45,000 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें से आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे हैं। इस युद्ध के कारण गाजा की करीब 23 लाख आबादी में से लगभग 90 प्रतिशत लोगों को कई बार विस्थापित होना पड़ा है। तंबुओं में रह रहे हजारों लोग ठंड शुरू होने के कारण ठिठुर रहे हैं। सहायता समूहों को भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

गाजा में पड़ रही कड़ाके की ठंड

सहायता समूहों के अनुसार, इन लोगों के पास कंबल और गर्म कपड़े तक नहीं हैं। खान यूनिस शहर के बाहर मुवासी इलाके में तंबू में रहने को मजबूर तीन सप्ताह की सिला के पिता महमूद अल-फसीह ने कहा कि उन्होंने बच्ची को ठंड से बचाने के लिए कंबल में लपेट कर रखा लेकिन यह पर्याप्त नहीं था। उन्होंने कहा कि मंगलवार रात नौ डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच तंबू में सर्द हवाएं आ रही थीं और जमीन ठंडी थी। उन्होंने कहा, ‘‘रात भर बहुत ठंड थी।’’ फसीह ने कहा कि सिला रात में तीन बार रोकर उठी और सुबह उन्होंने पाया कि वह बेहोश थी तथा उसका शरीर अकड़ गया था। वह उसे एक अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके फेफड़ों ने पहले ही काम करना बंद कर दिया था।

ताइवान में बढ़ते भ्रष्टाचार पर सख्त हुई कार्रवाई, दोषियों को 28 साल से अधिक की सजा का हुआ प्रावधान

ताइपे: ताइवान में अभियोजकों ने राष्ट्रपति पद के पूर्व उम्मीदवार और ‘ताइवान पीपुल्स पार्टी’ के संस्थापक को वेन-जे पर बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। को वेन-जे पर ताइवान की राजधानी के मेयर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया है। अभियोजकों के बयान के अनुसार, ताइपे के पूर्व मेयर वेन-जे पर अपने कार्यकाल के दौरान रिश्वत लेने का आरोप है। उन पर राजनीतिक चंदे की रकम में हेराफेरी करने का भी आरोप है।

इन सभी आरोपों में दोषी पाए जाने पर उन्हें संभवतः 28.5 वर्ष की जेल हो सकती है। ताइपे में ‘कोर पैसिफिक सिटी’ समूह से संबंधी विकास कार्य इन आरोपों का कारण बने। अभियोजकों का कहना है कि वेन-जे ने रिश्वत के बदले में कंपनी को शहर में निर्माण संबंधी नियमों से छूट दी। वेन-जे ने रिश्वत और भ्रष्टाचार के इन आरोपों से इनकार किया है।

राष्ट्रपति की दौड़ में शामिल हो चुके हैं भ्रष्टाचार के आरोपी

वेन-जे पूर्व में एक चिकित्सक भी रहे हैं। वह 2014 में ताइपे के मेयर पद की दौड़ में जीत दर्ज कर राजनीतिक परिदृश्य में उभरे। उन्होंने 2014 से 2022 तक दो कार्यकाल पूरे किए। उन्होंने 2019 में टीपीपी की स्थापना की। वेन-जे ने इस साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ा। वह तीसरे स्थान पर रहे लेकिन उन्होंने बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित किया। ताइवान की राजनीति में मुख्य रूप से दो मुख्य राजनीतिक दलों का दबदबा है- ‘नेशनलिस्ट पार्टी (कुओमिंगटांग)’ और ‘डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी’

दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति की बढ़ीं चुनौतियां, महाभियोग प्रस्ताव पेश हुआ

सियोल: दक्षिण कोरिया की मुख्य विपक्षी पार्टी ने देश के कार्यवाहक राष्ट्रपति के खिलाफ बृहस्पतिवार को महाभियोग चलाने का प्रस्ताव पेश किया। यह महाभियोग प्रस्ताव संवैधानिक न्यायालय के तीन रिक्त पदों को भरने में उनकी अनिच्छा के कारण लाया गया है। महाभियोग का सामना कर रहे राष्ट्रपति यून सुक येओल के खिलाफ विद्रोह के आरोपों की न्यायालय द्वारा समीक्षा किए जाने से पहले कार्यवाहक राष्ट्रपति के विरुद्ध यह प्रस्ताव रखा गया है। तीन दिसंबर को अल्पकालिक ‘मार्शल लॉ’ के आदेश के कारण यून के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाया गया था।

उदारवादी विचारधारा वाली विपक्षी पार्टियों और यून की रूढ़िवादी विचारधारा वाली पार्टी के बीच बढ़ते विवाद के कारण न्यायालय में नियुक्तियां रुकी हुई हैं। वर्तमान कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर कार्यभार संभाल रहे प्रधानमंत्री हान डक-सू के संभावित महाभियोग से राजनीतिक गतिरोध और गहरा सकता है। विपक्षी दलों द्वारा नियंत्रित ‘नेशनल असेंबली’ ने संवैधानिक न्यायालय के तीन न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए भी प्रस्ताव पारित किया है। न्यायालय यून को बर्खास्त या बहाल करने पर विचार-विमर्श शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

यून को पद से हटाया जाना बाकी

‘नेशनल असेंबली’ के अध्यक्ष वू वोन शिक ने हान से न्यायाधीशों की शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया था। यून की पीपुल्स पावर पार्टी (पीपीपी) के अधिकतर सदस्यों ने ‘नेशनल असेंबली’ के मतदान का बहिष्कार किया था। सदस्यों का तर्क था कि हान को प्रस्तावित न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए राष्ट्रपति के अधिकार का प्रयोग नहीं करना चाहिए, जबकि यून को अभी औपचारिक रूप से पद से हटाया जाना बाकी है।