Home Blog Page 1042

वाशिंगटन: “H-1B वीजा पर क्यों एलन मस्क ने ली युद्ध तक की कसम, डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी मिल गया”

एलन मस्क ने एच-1 बी वीजा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उनका कहना है कि वह एच-1बी वीजा कार्यक्रम को बचाने के लिए युद्ध तक कर सकते हैं। एलन मस्क के इस ऐलान के बाद उनको नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन भी मिल गया है। एक दिन पहले ही अरबपति कारोबारी ने कुशल विदेशी पेशेवरों को अमेरिका लाने को इस कार्यक्रम की रक्षा करने के लिए युद्ध तक करने की कसम खाई थी। ट्रंप ने अपने सरकारी दक्षता मंत्रालय का नेतृत्व करने के लिए मस्क को भारतीय-अमेरिकी प्रौद्योगिकी उद्यमी विवेक रामास्वामी के साथ चुना है।

मस्क ने पिछले हफ्ते तर्क दिया था कि उनकी स्पेसएक्स और टेस्ला जैसी प्रौद्योगिकी कंपनियों के लिए विदेशी पेशेवरों की जरूरत है। मस्क ने शुक्रवार को इस बारे में ‘एक्स’ पर एक उपयोगकर्ता को फटकार लगाई, जिसने वीजा कार्यक्रम पर उनके रुख पर हमला करने के लिए उनके ही एक वीडियो का इस्तेमाल किया था। मस्क ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं एच1बी कार्यक्रम के कारण ही स्पेसएक्स, टेस्ला और अमेरिका को मजबूत बनाने वाली सैकड़ों अन्य कंपनियों का निर्माण करने वाले कई महत्वपूर्ण लोगों के साथ अमेरिका में हूं।’’

ट्रंप ने लिया मस्क का पक्ष

इसके बाद शनिवार को ट्रंप ने मस्क का पक्ष लेते हुए कहा कि वह अपने कुछ समर्थकों के विरोध किए जाने वाले कार्यक्रम का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। उन्होंने न्यूयॉर्क पोस्ट अखबार से कहा, ‘‘मुझे हमेशा से वीजा पसंद रहे हैं, मैं हमेशा से वीजा के पक्ष में रहा हूं। इसलिए हमारे पास ये हैं।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैं एच-1बी वीजा में विश्वास करता रहा हूं। मैंने कई बार इसका इस्तेमाल किया है। यह एक शानदार कार्यक्रम है।’’ एच-1बी वीजा एक गैर-प्रवासी वीजा है, जिसके तहत अमेरिकी कंपनियों को ऐसे विशेष व्यवसायों में विदेशी पेशेवरों को नियुक्त करने की अनुमति मिलती है, जिनमें व्यावसायिक या प्रौद्योगिकी विशेषज्ञता की जरूरत होती है।

Sports News: क्या यह इंग्लिश क्रिकेटर तोड़ पाएगा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड? अभी बनाने हैं इतने रन

Sachin Tendulkar Test Runs: सचिन तेंदुलकर… क्रिकेट के भगवान। जिनके हिमालय जैसे बड़े रिकॉर्ड्स को तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए लोहे के चने चबाने जैसे है। उनके रिकॉर्ड्स के आस-पास पहुंचना ही क्रिकेटर्स का सपना होता है। उनके नाम क्रिकेट की दुनिया में सबसे ज्यादा शतक, रन, अर्धशतक और चौके दर्ज हैं। वह सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले और सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड जीतने वाले प्लेयर्स भी हैं। उनके महान कीर्तिमान आज तक बरकरार हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से इंग्लैंड के जो रूट ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिससे सचिन का एक रिकॉर्ड खतरे में नजर आने लगा है। क्रिकेट पंडित ऐसा मानने लगे हैं कि अगर टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने का सचिन का रिकॉर्ड कोई बल्लेबाज तोड़ सकता है, तो वह रूट ही हैं।

जो रूट ने साल 2012 में टेस्ट में किया डेब्यू

जो रूट आज 34 साल के हो गए हैं और वह अपना जन्मदिन मना रहे हैं।  उनका जन्म 30 दिसंबर 1990 को यॉर्कशायर शहर में हुआ था। उन्होंने इंग्लैंड के लिए साल 2012 में टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ नागपुर में डेब्यू किया था। डेब्यू के बाद उन्होंने इंग्लैंड की टीम के लिए कई शानदार पारियां खेली और उसके बाद फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद एक साल बाद ही साल 2013 में उन्होंने वनडे में डेब्यू किया था। वह इंग्लैंड की वनडे टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं और अपनी स्थाई जगह नहीं बना पाए हैं।

बेहतरीन फॉर्म में हैं रूट  

टेस्ट क्रिकेट में जो रूट इंग्लैंड के बल्लेबाजी आक्रमण की अहम धुरी बने हुए हैं और अपने दम पर उन्होंने टीम को कई बार मुश्किल परिस्थितियों से निकाला है। पिछले कुछ समय से वह बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और बल्ले से खूब रन निकल रहे हैं। साल 2020 के बाद टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने एक अलग ही क्लास दिखाई है और टीम के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं।

तेंदुलकर हैं सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

जो रूट इंग्लैंड के लिए अभी तक 152 टेस्ट मैचों में कुल 12972 रन बना चुके हैं, जिसमें 36 शतक और 65 अर्धशतक शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में वह पांचवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। जबकि पहले नंबर का सिंहासन दिग्गज सचिन तेंदुलकर के पास है। तेंदुलकर के नाम 15921 रन दर्ज हैं। अब तेंदुलकर का सबसे ज्यादा टेस्ट रनों का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए रूट को 2950 रनों की आवश्यकता है। अगर वह सचिन का ये महारिकॉर्ड तोड़ देते हैं, तो वह क्रिकेट की दुनिया में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान बना देंगे।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • सचिन तेंदुलकर- 15921 रन
  • रिकी पोंटिंग- 13378 रन
  • जैक कैलिस- 13289 रन
  • राहुल द्रविड़- 13288 रन
  • जो रूट- 12972 रन

वनडे क्रिकेट में लगा चुके हैं 16 शतक

जो रूट इंग्लैंड के लिए वनडे वर्ल्ड कप 2019 जीतने वाले टीम के सदस्य रहे हैं। टेस्ट के अलावा वह इंग्लैंड की टीम के लिए 171 वनडे मैचों में कुल 6522 रन बना चुके हैं, जिसमें 16 शतक शामिल हैं। इसके अलावा 32 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम पर 893 रन दर्ज हैं।

“यह बंगाली अदाकारा भोजपुरी गानों में नजर आएगी, इंस्टाग्राम पर फैन्स के लिए शेयर की खुशखबरी”

बंगाली एक्ट्रेस दिया मुखर्जी सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। दिया को 4 मिलियन से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। कई सुपरहिट प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी दिया मुखर्जी अब जल्द ही अपनी भोजपुरी इंडस्ट्री में यात्रा शुरू करने वाली हैं। दिया मुखर्जी ने भोजपुरी फिल्म मेकर्स के साथ एक खास कॉन्ट्रेक्ट साइन किया है। जिसकी डिटेल्स दिया ने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की है।

वर्ल्डवाइड रिकार्ड्स के साथ किया दिया ने करार

बता दें कि दिया मुखर्जी ने  वर्ल्डवाइड रिकार्ड्स के साथ एक कॉन्ट्रेक्ट साइन किया है। इस प्रोजेक्ट्स के तहत दिया कई गानों में अपनी एक्टिंग और ग्लैमर का जलवा दिखाएंगी। दिया मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। जिसमें उन्होंने बताया कि ‘वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी ने अभिनेत्री दिया मुखर्जी को एक्सक्लूसिव साइन किया है.’

भोजपुरी इंडस्ट्री में काम को लेकर हैं उत्साहित

दिया मुखर्जी ने अपने इस प्रोजेक्ट के बारे में मीडिया से भी बात की है। जिसमें दिया ने बताया कि वे भोजपुरी इंडस्ट्री में काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। यहां की ऑडियंस से भी उन्हें काफी उम्मीदें हैं। दिया बताती हैं, ‘मेरे लिए ‘वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के साथ जुड़ना काफी खुशी की बात है। मैंने इसके बारे में भी पहले कई बार सोचा है। मुझे उम्मीद है कि मैं फैन्स के इरादों पर खरी उतरूंगी। मैं यहां काम करने को लेकर काफी उत्साहित हूं।’

सोशल मीडिया स्टार हैं दिया मुखर्जी

बता दें कि दिया मुखर्जी बंगाली भाषा की फिल्में और सीरियल्स में काम करती रही हैं। दिया ने कई अहम प्रोजेक्ट्स में भी अपनी एक्टिंग और खूबसूरती का जलवा दिखाया है। दिया मुखर्जी सोशल मीडिया पर भी काफी पॉपुलर हैं। दिया को इंस्टाग्राम पर 4 मिलियन से भी ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। अब दिया मुखर्जी भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपने करियर की शुरुआत के लिए तैयार हैं। अब उनके गाने का भी जल्द ही अनाउंसमेंट देखने को मिल सकता है।

ह्यूस्टन: “टेक्सास और मिसिसिपी में तूफान का कहर: 2 लोगों की हुई मौत, कई वाहन हवा में उड़े”

अमेरिका के टेक्सास और मिसिसिपी में शनिवार को एक के बाद एक कई तूफान आए। तूफानों के तांडव में कई घरों की छत और वाहन उड़ गए व पलट गए। काफी संख्या में पेड़ और पोल भी गिर गए व क्षतिग्रस्त हो गए। इस भीषण तूफान में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। तूफान से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए और ढेरों वाहन पलट गए। ‘ब्राजोरिया काउंटी शेरिफ’ कार्यालय की प्रवक्ता मैडिसन पोलस्टन ने बताया कि ह्यूस्टन के दक्षिण में स्थित लिवरपूल क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

पोलस्टन ने बताया कि लिवरपूल और हिलक्रेस्ट विलेज तथा एल्विन के बीच काउंटी में कई स्थान तूफान से प्रभावित हुए। उन्होंने बताया कि अब तक अधिकारियों को लगभग 10 क्षतिग्रस्त मकानों के बारे में पता चला है, लेकिन वे अब भी नुकसान के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। आशंका है कि बड़े पैमाने पर घरों, प्रतिष्ठानों, दुकानों को नुकसान पहुंचा है। काफी संख्या में वाहन पलट गए हैं। कुछ वाहन पलटते हुए काफी दूर जा कर गिरे हैं।

कई इमारतें हुई क्षतिग्रस्त

मिसिसिपी आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता के अनुसार मिसिसिपी में एडम्स काउंटी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और फ्रैंकलिन काउंटी में दो लोग घायल हो गए। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बताया कि बुड और ब्रैंडन शहर के आसपास आए तूफानों में कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।

कोरापुट: “ओडिशा में हुआ बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 4 की मौत, 40 घायल हुए ”

ओडिशा के कोरापुट जिले में रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक बस के पलट जाने से चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 अन्य लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ये बस करीब 50 श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तेश्वर जा रही थी। इस दौरान चालक ने बस से अपना नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि का भी ऐलान किया।

गुप्तेशर मंदिर जा रही थी बस

पुलिस ने बताया कि यह हादसा कोरापुट जिले के बोइपारीगुडा थाना क्षेत्र में हुआ। यहां के गुप्तेश्वर के पास डोकरीघाट में तड़के करीब साढ़े पांच बजे बस पलट गई। पुलिस के मुताबिक बस कटक के नियाली से लगभग 50 श्रद्धालुओं को लेकर गुप्तेश्वर मंदिर जा रही थी। एक अधिकारी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद आनन-फानन में घायल यात्रियों को बचाया गया और उन्हें बोइपारीगुडा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीएम ने जताया दुख

अधिकारियों ने बताया कि ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पहाड़ी सड़क के कठिन मोड़ पर वाहन चालक ने नियंत्रण खो दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में एक 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनमें से कई ने अपने हाथ और पैर खो दिए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों में कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। इसके अलावा मुख्यमंत्री माझी ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का जिला मुख्यालय अस्पताल में उपचार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।