किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही नवाचारों को मिलेगा प्रोत्साहन: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट के फैसलों का किया अभिनन्दन
लखनऊ, 1जनवरी 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट में हुए फैसलों का स्वागत करते हुए इन्हें अभिनन्दनीय बताया। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व में आज केंद्रीय कैबिनेट द्वारा ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ और ‘पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना’ को वर्ष 2025-26 तक जारी रखने तथा ‘फंड फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी’ (FIAT) के गठन का निर्णय अभिनंदनीय है।
कृषि क्षेत्र में भारत को और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार मुख्यमंत्री ने लिखा कि ये निर्णय प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान की स्थिति में अन्नदाता किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचारों को भी प्रोत्साहित करेंगे। किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण एवं कृषि क्षेत्र में भारत को और अधिक आत्मनिर्भर बनाने हेतु सतत समर्पित प्रधानमंत्री जी का हार्दिक आभार!
मध्य प्रदेश के दो श्रद्धालुओं को मिला जीवनदान, बोले - योगी के यूपी जैसा कोई नहीं
कार्डियक अरेस्ट के बाद सेंट्रल हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने अथक प्रयासों से बचाई जान
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आईसीयू में मिला इलाज, दोनों मरीज खतरे से बाहर
महाकुम्भनगर, 01 जनवरी 2025: महाकुम्भनगर के सेंट्रल हॉस्पिटल में अत्याधुनिक सुविधाओं वाला आईसीयू मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो रहा है। साल के पहले दिन यहां पर सीने में तेज दर्द से परेशान मध्य प्रदेश के दो श्रद्धालुओं को लाया गया, जिन्हें डॉक्टरों ने अथक प्रयास करके बचा लिया। उन्होंने जीवन बचाने वाले चिकित्सकों का आभार जताया। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर प्रशंसा की। बोले योगी के यूपी जैसा कोई नहीं।
जान बचने पर जताया आभार दोनों श्रद्धालुओं को सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद इमरजेंसी में परेड स्थित सेंट्रल अस्पताल लाया गया था। आईसीयू के डायरेक्टर डॉक्टर एसके पाण्डे के नेतृत्व में दोनों श्रद्धालुओं की ईसीजी की गई। कार्डियक अरेस्ट के दोनों पेशेंट का सभी जरूरी उपचार किया गया। जिसके बाद से दोनों श्रद्धालु पूरी तरह से स्वस्थ हैं। मध्य प्रदेश निवासी 55 वर्षीय रामेश्वर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के बारे में अबतक सिर्फ सुना ही था। आज उनका कुशल नेतृत्व देख भी लिया है। यहां के कुशल चिकित्सकों ने जिस तत्परता से हम लोगों की जान बचाई, उसे शब्दों में बयां नहीं कर पाएंगे।
महाकुंभ 2025 को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का वैश्विक उदाहरण बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2019 के कुंभ के स्वच्छता रिकॉर्ड को 2025 में और ऊंचाई तक ले जाने का निर्देश दिया।
मेला क्षेत्र और पूरे शहर को अतिक्रमण मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर दिया गया है।
स्वच्छताकर्मियों और उनके बच्चों के लिए विशेष सुविधाओं जैसे सैनिटेशन कॉलोनी और प्राथमिक विद्यालय की व्यवस्था की गई है।
आधुनिक तकनीक जैसे डिजिटल ट्रैकिंग ऐप, जीआईएस मैपिंग, और ड्रोन का उपयोग सुरक्षा और प्रबंधन में किया जा रहा है।
महाकुंभ नगर, 01 जनवरी 2025: प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू होने जा रहे महाकुंभ 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इस बार महाकुंभ को ‘स्वच्छ महाकुंभ’ के रूप में प्रस्तुत करने का लक्ष्य रखा गया है। न केवल मेला क्षेत्र बल्कि पूरे प्रयागराज शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ मेला कर्मचारियों और स्वच्छताकर्मियों की सुविधा पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि 2019 के कुंभ में बनाए गए स्वच्छता के विश्व रिकॉर्ड को 2025 में और ऊंचाई तक पहुंचाना है। मेला क्षेत्र के मार्गों और गलियों से सभी प्रकार की निर्माण सामग्री, मलबा, और अतिक्रमण हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। सड़कों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने और ठेले व रेहड़ी वालों को वेंडिंग जोन में स्थान देने की योजना बनाई गई है। नियमित सफाई और कूड़ा-कचरा निस्तारण के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
नदियों और घाटों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्नान के दौरान गंदगी रोकने के लिए घाटों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों को तैनात किया गया है। मेला क्षेत्र में प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और नियमित रूप से फॉगिंग व कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ शौचालय, स्नानागार और साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्वच्छताकर्मियों के लिए सैनिटेशन कॉलोनियों की स्थापना की गई है, जहां उनके रहने और खाने की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उनके बच्चों के लिए प्राथमिक विद्यालय खोले गए हैं, जहां ड्रेस, स्वेटर और मिड-डे मील की व्यवस्था की गई है। मेला अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छताकर्मियों को समय पर वेतन का भुगतान हो और उनकी सुरक्षा व स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए।
श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए ट्रैफिक नियंत्रण और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। पैदल यात्रियों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए समर्पित मार्ग बनाए गए हैं। सरकार और मेला प्राधिकरण ने मिलकर महाकुंभ 2025 को ऐतिहासिक बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए डिजिटल ट्रैकिंग ऐप और जीआईएस मैपिंग का उपयोग हो रहा है। सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है।
महाकुंभ 2025 को ‘स्वच्छ महाकुंभ’ के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में किए जा रहे ये प्रयास न केवल इसकी ऐतिहासिकता को उज्ज्वल करेंगे, बल्कि विश्व के सामने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का एक नया उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।
महाकुम्भ 2025: अपने इष्ट गणपति और नागा संन्यासियों को लेकर महाकुम्भ क्षेत्र पहुंचा श्री शंभू पंच दशनाम अटल अखाड़ा
अटल अखाड़े की भव्य छावनी प्रवेश यात्रा में दिखी अनुशासन और परम्परा की झलक
जगह जगह महाकुम्भ मेला प्रशासन ने किया संतों का पुष्प वर्षा से स्वागत
महाकुंभ नगर, 01 जनवरी 2025: प्रयागराज के संगम तट पर आयोजित होने जा रहे महाकुम्भ में जन आस्था के केंद्र सनातन धर्म के 13 अखाड़ो का अखाड़ा सेक्टर में प्रवेश जारी है। इसी क्रम में बुधवार को श्री शंभू पंचदशनाम अटल अखाड़े ने छावनी प्रवेश किया। छावनी प्रवेश को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
इष्ट देव भगवान गजानन को लेकर कुंभ क्षेत्र में हुआ प्रवेश: आदि गुरु शंकराचार्य के प्रयास से छठी शताब्दी में संगठित रूप में अस्तित्व में आये अखाड़ो की स्थापना शस्त्र और शास्त्र दोनों को आगे बढाने के लिए की गई। शास्त्र ने अगर शंकर के धार्मिक चिंतन को जन जन तक पहुचाया तो वही शस्त्र ने दूसरे धर्मो से हो रहे हमलो से इसकी रक्षा की। इन्ही अखाड़ो में शैव सन्यासी के अखाड़े श्री शंभू पञ्च दशनाम अटल अखाड़ा ने कुम्भ क्षेत्र में प्रवेश के लिए अपनी भव्य छावनी प्रवेश यात्रा निकाली। अलोपी बाग स्थिति अखाड़े के स्थानीय मुख्यालय से यह प्रवेश यात्रा निकाली गई। प्रवेश यात्रा में परम्परा, उत्साह और अनुशासन का खूबसूरत मेल देखने को मिला। आचार्य महा मंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती की अगुवाई में यह प्रवेश यात्रा निकली। सबसे आगे अखाड़े के ईष्ट देवता भगवान गजानन की सवारी और उसके पीछे अखाड़े के परंपरागत देवता रहे।
नागा संन्यासियों की फौज बनी आकर्षण और आस्था का केंद्र: स्थानीय मुख्यालय से शुरू हुए अटल अखाड़े के छावनी प्रवेश में नागा संन्यासियों की फौज को देखने के लिए शहर में स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इष्ट देवता गणपति के पीछे चल रहे अखाड़े के पूज्य देवता भालो के बाद कतार में नागा सन्यासी चल रहे थे। यह पहला अखाड़ा था जिसमें नागा संन्यासिनियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज की। छावनी प्रवेश में एक बाल नागा भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती का कहना है कि छावनी में दो दर्जन से अधिक महा मंडलेश्वर और दो सौ से अधिक नागा संन्यासी शामिल थे। रथों में सवार अखाड़े के संतों का आशीर्वाद लेने के लिए लोग सड़कों के दोनो तरफ दिखे।
“सूर्य प्रकाश” भाला रहा आकर्षण का केंद्र: अटल अखाड़े के जुलुस में एक बात अलग से देखी गई और वह है अखाड़े की प्रवेश यात्रा में सबसे आगे फूलों से सजे धजे वह भाले जिन्हें अखाड़ो के इष्ट से कम सम्मान नहीं मिलता। अखाड़े की पेशवाई में अखाड़े के जुलूस में भी आगे था “सूर्य प्रकाश” नाम का वह भाला जो केवल प्रयागराज के महाकुम्भ में ही अखाड़े के आश्रम से महाकुम्भ क्षेत्र में निकलता है।
जगह-जगह अखाड़े के संतों का प्रशासन ने किया स्वागत: पांच किमी का रास्ता तय कर अखाड़े की प्रवेश यात्रा महाकुंभ के सेक्टर 20 पहुंची। रास्ते में कई जगह महा कुम्भ प्रशासन की तरफ से संतों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
नए साल की शुरुआत के साथ ही देशभर में कई अहम बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब और जीवनशैली पर पड़ने वाला है। घरेलू जरूरतों से लेकर बैंकिंग और तकनीक तक, हर क्षेत्र में नए नियम लागू हुए हैं। आइए जानते हैं जनवरी 2025 में हुए 10 बड़े बदलावों के बारे में:
1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता, घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर
जनवरी की शुरुआत में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत दी गई है।
•दिल्ली: 19 किलो का सिलेंडर अब ₹1804 में मिलेगा, जो पहले ₹1818.50 था।
•कोलकाता: यहां सिलेंडर के दाम ₹1927 से घटकर ₹1911 हो गए हैं।
हालांकि, 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
2. फीचर फोन से UPI पेमेंट लिमिट बढ़ी
अब फीचर फोन यूजर्स भी UPI के जरिए ₹10,000 तक का पेमेंट कर सकेंगे।
•पहले यह सीमा ₹5000 थी, जिसे RBI ने दोगुना कर दिया है।
•UPI123Pay के जरिए बिना इंटरनेट के पेमेंट संभव होगा।
3. कार खरीदना हुआ महंगा
नए साल में गाड़ियों के दाम बढ़ गए हैं।
•मारुति सुजुकी: 4% तक वृद्धि
•महिंद्रा एंड महिंद्रा: 3% तक महंगी
•किआ इंडिया: 2% तक वृद्धि
इसके अलावा, टाटा मोटर्स और हुंडई जैसी कंपनियों ने भी कीमतें बढ़ा दी हैं।
4. बैंक अकाउंट्स पर नया नियम: डॉर्मेंट और जीरो बैलेंस खाते बंद होंगे
RBI ने डॉर्मेंट, इनएक्टिव और जीरो बैलेंस खातों को बंद करने का फैसला किया है।
•डॉर्मेंट अकाउंट: 2 साल से बिना ट्रांजैक्शन वाले खाते।
•इनएक्टिव अकाउंट: 12 महीनों से निष्क्रिय खाते।
•जीरो बैलेंस अकाउंट: लंबे समय से खाली पड़े खाते।
5. अमेजन पासवर्ड शेयरिंग पर नया नियम
अब एक प्राइम मेंबर 5 डिवाइस तक ही अमेजन का इस्तेमाल कर सकेगा।
•इसमें अधिकतम 2 टीवी शामिल होंगे।
6. किसानों के लिए बड़ी राहत: बिना गारंटी के 2 लाख तक का लोन
अब किसान 2 लाख रुपए तक का लोन बिना गारंटी के ले सकेंगे।
•पहले यह सीमा ₹1.6 लाख थी।
7. पेंशनर्स के लिए राहत: किसी भी बैंक से मिलेगी पेंशन
अब पेंशनर्स अपनी पेंशन किसी भी बैंक से निकाल सकते हैं।
•इसके लिए अतिरिक्त वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी।
8. F&O एक्सपायरी शेड्यूल बदला
NSE ने चार प्रमुख F&O कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी की तारीख में बदलाव किया है।
•अब ये कॉन्ट्रैक्ट महीने के आखिरी गुरुवार को एक्सपायर होंगे।
9. वॉट्सऐप का नया अपडेट: पुराने फोन में नहीं चलेगा ऐप
1 जनवरी 2025 से Android 4.4 (किटकैट) या इससे पुराने वर्जन वाले स्मार्टफोन पर वॉट्सऐप काम नहीं करेगा।
•फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे अन्य ऐप्स भी इन डिवाइस पर बंद हो जाएंगे।
10. ATF की कीमतों में कटौती, हवाई सफर हो सकता है सस्ता
एयर ट्रैफिक फ्यूल (ATF) की कीमतों में बड़ी कटौती की गई है।
•दिल्ली में ATF की कीमतें ₹1401.37 घटकर ₹90,455.47 प्रति किलोलीटर हो गई हैं।
नए साल के ये बदलाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे। जहां एक ओर किसानों और फीचर फोन यूजर्स को राहत मिली है, वहीं गाड़ियों की कीमतें बढ़ने से बजट पर असर पड़ेगा।