Home Blog Page 1020

भारत में चीन से फैले वायरस HMPV के मामले बढ़ते जा रहे हैं, नागपुर में मिले दो नए मरीज

देश में ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस यानी HMPV के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब नागपुर में 3 जनवरी को एचएमपीवी संक्रमण के दो मरीज मिले हैं। इनमें एक 7 साल का बच्चा और एक 14 साल की बच्ची शामिल हैं, जिनकी रिपोर्ट एचएमपीवी पॉजिटिव आई है। दोनों बच्चों को खांसी और बुखार की समस्या थी, जिसके बाद उनका टेस्ट किया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

देश में अब तक 7 मरीज मिले

देश में अब तक इस संक्रमण के 7 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। नागपुर से पहले कर्नाटक, तमिलनाडु और गुजरात में सोमवार को पांच शिशुओं में HMPV संक्रमण की पुष्टि हुई। इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आशंकाओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि वह श्वसन संबंधी बीमारियों में किसी भी संभावित वृद्धि से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। HMPV वैश्विक स्तर पर श्वसन संबंधी बीमारी पैदा करने वाला वायरस है। हाल में चीन में इसके प्रकोप की खबरों ने दुनिया का ध्यान खींचा। यह एक वायरल रोगजनक है जो सभी आयु वर्ग के लोगों में श्वसन संक्रमण का कारण बनता है।

राज्य सरकारों ने किया आश्वस्त 

कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र की सरकारों ने आश्वस्त किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है। वहीं दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी अस्पतालों को श्वसन संबंधी बीमारियों में संभावित वृद्धि से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया। इस वायरस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इस पर ध्यान दे रहा है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट शेयर करेगा। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद और इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार भारत में किसी सामान्य श्वसन वायरल संक्रमणों में कोई विशेष वृद्धि नहीं देखी गई है।

बॉलीवुड न्यूज़: दो चोटी और चेहरे पर धारियों के साथ, शाहरुख खान ने इस काम के लिए अपनाया था कबीलाई रूप

बॉलीवुड को कई सुपरहिट फिल्में देने वाले सुपरस्टार्स की जब भी चर्चा होती है तो सबसे पहले नाम शाहरुख खान का ही आता है। शाहरुख खान ने अपने स्वैग से हर किसी को अपना कायल बना लिया। अपने किरदारों में जान फूंकने के लिए पहचाने जाने वाले किंग खान ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर की दुनिया से की। कुछ सालों बाद उन्होंने टीवी के छोटे पर्दे पर भी अपनी किस्मत आजमाई। वहां भी रॉक करने के बाद एक्टर ने फिल्मी पर्दे का रुख किया। बड़ी स्क्रीन पर शाहरुख खान छा गए और उन्हें कभी पीछे मुड़कर नहीं देखना पड़ा। ऐसे में कह सकते हैं कि उनकी सभी मन्नतें पूरी हो गईं। एक सुखी परिवार, प्यारे बच्चे और सफल करियर के साथ शाहरुख खान बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टार और बादशाह बन गए।

वायरल हो रही तस्वीर

शाहरुख खान की अब एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस तस्वीर में शाहरुख खान का लुक लोगों का ध्यान खींच रहा है। ये तस्वीर कई साल पुरानी है, जब शाहरुख खान युवा हुआ करते थे। चेहरे पर रंग-बिरंगी धारियां, बालों में दो चोटी, माथे पर रिबन और शर्टलेस नजर आ रहे शाहरुख खान ने कबीले वाले का लुक अपनाया है। जाहिर तौर पर वो एक्टर हैं तो ये लुक भी उनका किसी एक्टिंग सेशन के लिए ही है। उन्होंने इसे थिएटेर के दौर के बाद टीवी शोज में आने के बाद ट्राई किया। वो अपने करियर के शुरुआती टीवी शोज में किसी एक में इस लुक में नजर आए थे। इस लुक में उनके चेहरे पर मासूमियत साफ नजर आ रही है। क्लीन शेव वाले शाहरुख खान को देखने के बाद कई लोग काफी क्यूट भी कह रहे हैं।

ऐसे शुरू किया करियर

शाहरुख खान ने कई टीवी शोज में काम किया। दूरदर्शन के शो ‘फौजी’ से उन्होंने करियर की शुरुआत की। इसी दौरान वो ‘दिल दरिया’ और ‘दूसरा केवल’ में भी अपनी किस्मत आजमाते दिखे। ‘इन व्हिच एनी गिव्स इट दोज वन्स’ में गे कॉलेज स्टूडेंट का किरदार भी शाहरुख खान ने निभाया था। यह फिल्म 1989 में रिलीज हुई थी। साल 1992 में शाहरुख खान ने बॉलीवुड में कदम रखा और ‘दीवाने’ से डेब्यू किया। फिर क्या था उनके आगे फिल्मों की झड़ी लग गई और वो देखते ही देखते सुपरस्टार बन गए और उनका स्टारडम बाकी सितारों से काफी बड़ा हो गया।

इन फिल्मों में आएंगे नजर

बात करें वर्कफ्रंट की तो शाहरुख खान जल्द ही बेटी सुहाना और अभिषेक बच्चन के साथ ‘किंग’ में नजर आएंगे। इस साल इस फिल्म के रिलीज होने की उम्मीद की जा रही है। फिलहाल अभी तक इस पर ज्यादा अपडेट सामने नहीं आ सकी हैं। इसके अलावा वो बेटे आर्यन खान के नेटफ्लिक्स शो में भी कैमियो करते दिख सकते हैं। आखिरी बार एक्टर साल 2023 में नजर आए। इस साल एक्टर ने तीन सुपरहिट फिल्में दीं। इसमें ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ शामिल हैं।

Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में सर्दी का प्रकोप, यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों में मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर समेत देश के अधिकांश राज्य इन दिनों शीत लहर की चपेट में हैं। कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे इन राज्यों में घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है। दिल्ली में नए साल की पहली तेज बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज ज्यादातर जगहों पर मध्य कोहरा रहेगा, कुछ जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं 8 और 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6-7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम

वहीं कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 10 जनवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर 5 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है, वहीं अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं 11 और 12 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं पंजाब के मौसम की बात करें तो मंगलवार को पंजाब के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि इस दौरान पंजाब के लोगों को शीतलहर जरूर परेशान कर सकती है।

यूपी बिहार और पंजाब का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब में 8-9 जनवरी को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। वहीं यूपी की बात करें तो यूपी के लखनऊ में समेत कई जिलों में चार दिनों तक घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जनवरी तक सुबह के समय लखनऊ में घना कोहरा छाया रहेगा। इसके अलावा बिहार की अगर बात करें तो आज पूरे राज्य में ठंड का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7-8 जनवरी को बिहार के अधिकांश हिस्सों में तेज पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। वहीं आगामी 48 घंटों के दौरान पटना, नालंदा, शेखपुरा, गया, लखीसराय, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर जैसे जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है।

वॉशिंगटन न्यूज़: अमेरिकी सांसद ने गीता को साक्षी मानकर पद की शपथ ली, इस खास पल की गवाह बनीं उनकी मां

 अमेरिकी सांसद सुहास सुब्रमण्यम ने पवित्र धर्मग्रंथ श्रीमद्भगवद्गीता को साक्षी मानकर पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। बता दें कि सुब्रमण्यम अमेरिका के पूर्वी तट से पहले भारतीय अमेरिकी कांग्रेस सदस्य (सांसद) हैं। सुब्रमण्यम की मां भी इस खास मौके की गवाह बनीं और उन्होंने अपने बेटे को दुनिया के सबसे ताकतवर देश के सांसद के रूप में शपथ लेते हुए देखा। बता दें कि 43 साल की तुलसी गबार्ड, जो कि अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी जाने वाली पहली हिंदू अमेरिकी हैं, गीता पर शपथ लेने वाली पहली सांसद थीं।

‘…तो मेरी मां आपकी बात पर यकीन न करतीं’

गबार्ड ने पहली बार 3 जनवरी, 2013 को प्रतिनिधि सभा के सदस्य के रूप में हवाई के दूसरे कांग्रेसनल जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए शपथ ली थी। किशोरावस्था में हिंदू धर्म अपनाने वाली गबार्ड अब राष्ट्रीय खुफिया निदेशक के शक्तिशाली पद के लिए नामित हैं। सुब्रमण्यम ने शपथ ग्रहण के बाद एक बयान में कहा, ‘मेरे माता-पिता ने मुझे वर्जीनिया से पहले भारतीय अमेरिकी और दक्षिण एशियाई कांग्रेसी के रूप में शपथ लेते हुए देखा। अगर आपने मेरी मां को भारत से डलेस एयरपोर्ट पर उतरते समय बताया होता कि उनका बेटा अमेरिका की कांग्रेस में वर्जीनिया का प्रतिनिधित्व करेगा, तो शायद वह आप पर यकीन न करतीं।’

अमेरिका में अब कुल 4 हिंदू सांसद, 3 बौद्ध भी

बता दें कि सुब्रमण्यम पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के नीति सलाहकार रह चुके हैं। उन्होंने 2019 में पहली बार चुने जाने के बाद से वर्जीनिया जनरल असेंबली में भी काम किया है। बता दें कि अमेरिका की 119वीं कांग्रेस में 4 हिंदू सांसद हैं। अन्य 3 हिंदू सांसद राजा कृष्णमूर्ति, रो खन्ना और श्री थानेदार हैं। यह आंकड़ा अमेरिका की सियासत में भारतीय अमेरिकियों के बढ़ते दबदबे को दिखाता है। हिंदू और मुसलमान अमेरिकी कांग्रेस में तीसरा सबसे बड़ा धार्मिक समूह हैं। 461 सदस्यों के साथ ईसाई सबसे बड़ा धार्मिक समूह है, जिसके बाद 32 सदस्यों के साथ यहूदी हैं। अमेरिकी कांग्रेस में 3 बौद्ध सदस्य भी हैं।

ब्रेकिंग न्यूज़: तमिलनाडु में एचएमपीवी के दो मामले हुए दर्ज, स्वास्थ्य विभाग ने दी जानकारी

चीन में फैले एचएमपीवी वायरस के कुछ मामले अब भारत में भी आने लगे हैं। दरअसल हालिया मामला तमिलनाडु का है। दरअसल तमिलनाडु के चेन्नई और सलेम में एचएमपीवी वायरस संक्रमण के दो मामलों की पुष्टि की गई है। तमिलनाडु की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने सोमवार को इन मामलों की पुष्टि की। मुख्य सचिव ने इसे लेकर बताया कि दोनों संक्रमितों की हालत फिलहाल स्थिर है। तमिलनाडु सरकार के डीआईपीआर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया, एचएमपीवी कोई नया वायरस नहीं है। यह पहले से ही चला आ रहा वायरस है जिसकी पहचान साल 2001 में की गई थी। एचएमपीवी संक्रमण स्व-सीमित है और पर्याप्त विश्राम और अच्छी मात्रा में पानी पीने व उचित देखभाल से यह संक्रमण ठीक हो जाता है।

तमिलनाडु में एचएमपीवी के 2 मामले आए सामने

प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि एचएमपीवी का उपचार लक्षणात्मक और सहायक है। वर्तमान में एचएमपीवी के 2 मामले सामने आए हैं। एक चेन्नई में और एक सलेम में इन मामलों की पुष्टि की गई है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर हैं और उनकी निगरानी की जा रही है। विज्ञप्ति के मुताबिक, तमिलनाडु में कॉमन रेस्पिरेटरी वायरल पैथोजेन्स में कोई उल्लेखनीय वृद्धि देखने को नहीं मिली है। बता दें कि 6 जनवरी 2025 को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में सभी राज्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस की गई। तमिलनाडु के के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया जिसका नेतृत्व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने किया।

एचएमपीवी के कुल 5 मामले आए सामने

बता दें कि भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि एचएमपीवी वायरस स्थिर बना हुआ है और यह चिंता का विषय नहीं है। एचएमपीवी की रोकथाम किसी भी अन्य श्वसन संक्रमण की तरह ही है, जैसे छींकते, कासते समय मुंह और नाक को ढकना, हाथ धोना, भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य सुविधाओं को सूचित करना। इस विज्ञप्ति में कहा गया है कि तमिलनाडु सरकार प्रतिबद्ध है और इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। बता दें कि इससे पहले भारत में एचएमपीवी के कुल 3 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से दो मामले कर्नाटक के बेंगलुरू में पाए गए हैं, जबकि एक अन्य मामला गुजरात में दर्ज किया गया है। बता दें कि सभी राज्य सरकार द्वारा और भारत सरकार द्वारा इस वायरस के फैलाव पर निगरानी रखी जा रही है।