Home Blog Page 1002

IMD Weather Forecast Today:दिल्ली में एक बार फिर होगी बारिश, जानें पंजाब, हरियाणा, यूपी और बिहार के मौसम का हाल

 देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर जारी है। पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाएं अपना असर दिखा रही हैं, जबकि कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे का कहर बरस रहा है। दिल्लीवासियों के लिए राहत की बात यह है कि अब सुबह का कोहरा परेशानी का कारण नहीं बन रहा है और सोमवार को दिन में तेज धूप निकली थी। हालांकि, मौसम विभाग ने दिल्ली में जल्द ही बारिश की संभावना जताई है। आइए, जानते हैं देशभर में मौसम का क्या हाल है।

दिल्ली में फिर होने वाली है बारिश!

मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, दिल्ली में जहां 14 जनवरी को हल्के से लेकर भारी कोहरा देखने को मिल सकता है, वहीं 15 और 16 जनवरी को हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। 15 जनवरी को अधिकतर स्थानों पर घना और कुछ स्थानों पर अति घना कोहरा हो सकता है, साथ ही शाम और रात में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 16 जनवरी को मध्यम कोहरा और आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, और सुबह हल्की बारिश की संभावना है। 17 से 19 जनवरी तक भी दिल्ली में हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।

पंजाब-हरियाणा में क्या है मौसम का हाल?

पंजाब के मौसम की बात करें तो आज घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, सूबे के कई इलाकों में 15 जनवरी को बारिश की संभावना जताई गई है। पंजाब में 16 से 19 जनवरी तक घने कोहरे का अलर्ट रहेगा। वहीं, हरियाणा में भी आज यानी कि मंगलवार को घना कोहरा परेशान कर सकता है। यहां 15 जनवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की भी संभावना है। 16 से 19 जनवरी तक हरियाणा में भी घना कोहरा सक्रिय रहेगा।

जम्मू-कश्मीर में मौसम साफ, हिमाचल में शीतलहर

जम्मू-कश्मीर में आज मौसम साफ रहेगा और 19 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहने की उम्मीद है। उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन सर्द हवाएं तापमान में गिरावट ला सकती हैं, जिससे ज्यादा ठंड लग सकती है। विभाग ने हरिद्वार और उधमसिंह नगर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हिमाचल प्रदेश में भी आज शीतलहर और कोहरे का असर हो सकता है, और 15 जनवरी को कई इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हो सकती है बारिश

उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। हालांकि, 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा भी हो सकता है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में दिन में तेज धूप खिल रही थी, जबकि रातें ठंडी हो रही थीं।

बिहार में पछुआ हवा चलने से कुछ जिलों में बढ़ेगी ठंड

बिहार के कई जिलों में तेज पछुआ हवा चलने और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इसकी वजह से दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी गिरावट होने की संभावना है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बिहार के कुछ जिलों में लोगों को ठिठुरन भरी ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को राज्य के 38 जिलों में से 11 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा बाकी 27 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।

राजस्थान के कई हिस्सों में हो सकता है घना कोहरा

राजस्थान में पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों में आज घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14, 15 और 16 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभागों में बारिश हो सकती है। कई जिलों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, मध्य प्रदेश में भी अगले दो दिनों के दौरान कई जिलों में बारिश की संभावना है, और नीमच में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच सकता है।

Japan Earthquake:जापान में 6.9 तीव्रता का भूकंप, धरती हिली; सुनामी की चेतावनी जारी

 जापान में भूकंप के झटकों धरती कांप गई है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.9 मापी गई है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी का कहना है कि जापान के क्यूशू में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप के बाद तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई है। अभी तक इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान या लोगों के हताहत की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। भूकंप का केंद्र मियाजाकी प्रांत में था।

एक मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं लहरें

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, सुनामी की लहरें एक मीटर तक ऊंची उठ सकती हैं। भूकंप रात को 9 बजकर 19 मिनट (जापान के समय के अनुसार) पर आया और इसके तुरंत बाद मियाजाकी प्रांत के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई। प्रशांत बेसिन में ज्वालामुखियों के आर्क, रिंग ऑफ फायर और फॉल्ट लाइन के किनारे स्थित होने के कारण जापान अक्सर भूकंप की चपेट में रहता है। इससे पहले बीते साल नवंबर के महीने में भी जापान के उत्तर-मध्य क्षेत्र नोटो में भूकंप के जबरदस्त  झटके महसूस किए गए थे।

भयावह था 2004 का मंजर

जापान में 2004 में आए भयानक भूकंप के बाद सुनामी आई थी। इस सुनामी ने जापान को इतना दर्द दिया, जिसे लोग आज भी नहीं भूल पाए हैं। 26 दिसंबर, 2004 को भूकंप के बाद आई सुनामी के कारण जापान में हजारों लोगों की मौत हो गई थी।

तिब्बत में आया विनाशकारी भूकंप

गौरतलब है कि, बीते सप्ताह मंगलवार को चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के शिगात्से के डिंगरी काउंटी में आए भूकंप में कम से कम 126 लोग मारे गए थे और 188 घायल हुए हैं। भूकंप के झटके उत्तर-पूर्वी नेपाल से लेकर भारत के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए थे। इस विनाशकारी भूकंप के बाद कड़ाके की ठंड के बीच बचावकर्मी मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे हैं।

Jos Buttler T20I Runs Against India:बटलर इतिहास बनाने से सिर्फ 2 रन दूर, भारत के खिलाफ ऐसा कारनामा करने वाले पहले इंग्लिश खिलाड़ी बनेंगे।

 जोस बटलर की गिनती इंग्लैंड के बेहतरीन लिमिटेड ओवर्स के प्लेयर्स में होती है। भारत के खिलाफ होने वाली पांच टी20 मैचों की सीरीज में उन्हें ही इंग्लैंड की कमान मिली है। बटलर एक बार क्रीज पर सेट हो गए, तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। वह विस्फोटक बल्लेबाजी करने के लिए फेमस हैं और उनके पास चंद गेंदों में ही मैच का रुख बदलने की काबिलियत है।

भारत के खिलाफ T20I क्रिकेट में लगा चुके हैं 4 अर्धशतक

इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अभी तक भारतीय टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के 22 मुकाबलों में कुल 498 रन बनाए,  जिसमें चार अर्धशतक शामिल रहे। वह इंग्लैंड के लिए भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा T20I रन बनाने वाले प्लेयर हैं। आने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में वह दो रन बनाते ही भारत के खिलाफ T20I क्रिकेट में 500 रन पूरे कर लेंगे। वह ऐसा करने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बनेंगे। अभी तक इंग्लैंड का कोई भी प्लेयर भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 रन नहीं बना पाया है।

दिग्गज प्लेयर्स की लिस्ट में शामिल होने का मौका

टी20 सीरीज में अगर वह दो रन बनाने में कामयाब हो जाते हैं, तो ओवरऑल वह पांचवें ऐसे प्लेयर बनेंगे, जिन्होंने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 500 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं। अभी भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन (592 रन), साउथ अफ्रीका के डेविड मिलर (524 रन), ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (574 रन) और आरोन फिंच (500 रन) ही T20I क्रिकेट में 500 या उससे ज्यादा रन बना पाए हैं।

बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड ने जीता था टी20 वर्ल्ड कप का खिताब

जोस बटलर ने इंग्लैंड की टीम के लिए साल 2011 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वह इंग्लैंड के बैटिंग ऑर्डर की अहम कड़ी बन गए। उन्होंने अभी तक इंग्लैंड की टीम के लिए 129 T20I मैचों में 3389 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 25 अर्धशतक शामिल रहे। बटलर की कप्तानी में ही इंग्लैंड की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2022 का खिताब जीत चुकी है, तब इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीती थी।

महाकुम्भ 2025- योगी सरकार ने महाकुम्भ में स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं पर कराई पुष्पवर्षा, अभिभूत श्रद्धालु बोले – जय श्री राम

pushp varsha
pushp varsha
pushp varsha
  • स्नान पर्व पर सभी घाटों और अखाड़ों पर हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा
  • सभी स्नान पर्वों पर पुष्पवर्षा की योगी सरकार की है तैयारी
  • संगम तट पर पुष्पवर्षा से अभिभूत श्रद्धालुओं ने लगाए जय श्री राम के नारे

महाकुम्भ नगर, 13 जनवरी 2025: महाकुम्भ 2025 के पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा स्नान के दिन सोमवार को संगम तट पर डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालुओं पर योगी सरकार ने हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कराई। हेलीकॉप्टर से सभी घाटों और अखाड़ों पर स्नान के दौरान श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश की गई। गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश देख संगम तट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने अभिभूत होकर जय श्री राम के नारे लगाए।

महाकुम्भ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं पर स्नान पर्वों के मौके पर पुष्प वर्षा को लेकर योगी सरकार के निर्देश पर उद्यान विभाग ने पिछले काफी समय से तैयारी कर रखी थी। इसके लिए गुलाब की पंखुड़ियों की खास तौर पर व्यवस्था की गई थी। महाकुम्भ के सभी स्नान पर्वों पर पुष्प वर्षा कराने की तैयारी की गई है। प्रत्येक स्नान पर्व पर लगभग 20 कुंतल गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश करने की तैयारी है, जिसकी श्रृंखला में पहले स्नान पर्व पौष पूर्णिमा स्नान पर सोमवार को श्रद्धालुओं पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं गई।

एक ओर जहां हेलीकॉप्टर से महाकुम्भ में स्नान करने आए श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की गई तो दूसरी ओर इससे मेले की सुरक्षा व्यवस्था की भी निगरानी होती रही। सुरक्षा एजेंसियां मेले में तैनाती के साथ ही हवाई माध्यमों से भी स्नान पर्व के मौके पर लगातार अपनी नजर बनाए रहीं। पुलिस और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे।

महाकुम्भ 2025: प्रथम अमृत स्नान में घाटों पर तैनात रहे गंगा सेवा दूत, नदी की स्वच्छता पर रहा खास फोकस

महाकुम्भ 2025: प्रथम अमृत स्नान में घाटों पर तैनात रहे गंगा सेवा दूत, नदी की स्वच्छता पर रहा खास फोकस
महाकुम्भ 2025: प्रथम अमृत स्नान में घाटों पर तैनात रहे गंगा सेवा दूत, नदी की स्वच्छता पर रहा खास फोकस
महाकुम्भ 2025: प्रथम अमृत स्नान में घाटों पर तैनात रहे गंगा सेवा दूत, नदी की स्वच्छता पर रहा खास फोकस
  • स्नान पर्व के दौरान लगातार होती रही गंगा और यमुना की साफ सफाई
  • घाटों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए 2 हजार गंगा सेवा दूतों को किया गया है नियुक्त

महाकुम्भ नगर, 13 जनवरी 2025: महाकुम्भ के पहले दिन पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर घाटों की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में गंगा सेवा दूत तैनात रहे। घाटों पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा पूजा अर्चना के दौरान जैसे ही पुष्प अर्पित किए जाते, ये गंगा सेवा दूत तुरंत उसे निकालकर नदी को साफ कर देते। गंगा और यमुना की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए करीब 2000 गंगा सेवा दूतों को सभी सेक्टर्स में बने घाटों पर नियुक्त किया गया है। इन सभी गंगा सेवा दूतों को मेला प्रशासन की ओर से भी ट्रेन्ड भी किया गया है। महाकुम्भ के पहले दिन सभी गंगा सेवा दूत अपनी नियत ड्यूटी पर तैनात रहे और श्रद्धालुओं के लिए नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।

स्काउट एंड गाइड के वॉलंटियर्स भी दिखे तत्पर
इनकी मदद के लिए स्काउट एंड गाइड के भी युवक एवं युवतियां तत्परता से तैयार नजर आए। ये युवक एवं युवतियां स्वयं सेवा के तहत घाटों पर मुस्तैदी से कार्य करते दिखे। सोनभद्र के स्काउट एंड गाइड आरिफ ने बताया कि 9 जनवरी से ही वो और उनकी टीम यहां पर आ गए हैं। उनकी टीम में मिर्जापुर, वाराणसी से भी स्काउट एंड गाइड हैं। कुल मिलाकर 91 लोग स्वयं सेवा में लगे हुए हैं। इसके लिए उन्हें बाकायदा ट्रेनिंग भी दी गई है। 45 दिनों में कुल 10 हजार 200 स्काउट एंड गाइड पूरे महाकुम्भ में अपनी सेवाएं देंगे। हर हफ्ते 250-250 लोग यहां पर पहुंचेंगे। उनके रहने और खाने-पीने के लिए प्रशासन की ओर से सेक्टर 6 में व्यवस्था की गई है।

घाट पर पुलिसकर्मियों ने भी निभाई जिम्मेदारी
घाटों की स्वच्छता को बनाए रखने के लिए मेला प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं। स्नान संपन्न होने के बाद श्रद्धालु ज्यादा देर तक घाट पर न बने रहें, इसकी जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों की है। वो स्नान कर चुके श्रद्धालुओं को वापस घाट से जाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि जो श्रद्धालु स्नान के लिए आ रहे हैं उन्हें भी घाट खाली मिले। इसके लिए पूरे दिन पुलिसकर्मी सक्रियता से काम करते रहे।