HomeDaily Newsसरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात:...

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात: सौंपे क्षेत्रीय विकास से जुड़े कई प्रस्ताव

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे।

मुलाकात के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर के तेजी से विकसित हो रहे उन क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाया, जहां सड़क, सीवर, नाला और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है। पंडित खेड़ा, गौरी और नीलमथा समेत अन्य क्षेत्रों के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के विशेष अवस्थापना विकास पैकेज की स्वीकृति का अनुरोध किया गया। इसमें करीब 404.18 करोड़ रुपये के आकलित आवश्यक कार्यों को भी शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया।

जलभराव और यातायात व्यवस्था का मुद्दा

शहरी क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 10 प्रमुख नालों के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति दिए जाने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। वहीं, अवध विहार योजना और अंसल API क्षेत्र के निवासियों की शहीद पथ तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए शहीद पथ पर रैम्प निर्माण की मांग की गई।

चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बंगला बाजार की ओर से शहीद पथ के ऊपर बिजनौर रोड की दिशा में एलिवेटेड रोड निर्माण का प्रस्ताव भी सौंपा गया।

एयरो सिटी और AI City परियोजनाओं में तेजी की मांग

विधायक ने सरोजनीनगर के आर्थिक एवं तकनीकी विकास से जुड़ी अमौसी Aero City और नादरगंज AI City परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा इनके कार्यों में तेजी लाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही किसानों और कृषि व्यापार को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बंथरा मंडी क्षेत्र में विशिष्ट मंडी स्थल के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्यवाही की मांग रखी गई।

‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ का प्रस्ताव

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सिख गुरुओं के इतिहास, त्याग और बलिदान को समर्पित प्रस्तावित ‘विरासत-ए-खालसा तीर्थस्थल’ को राज्य कार्य योजना 2026-27 में शामिल करने और इसके लिए आवश्यक स्वीकृति एवं धनराशि उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया।

इसके अलावा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए कार्यरत बिजली कर्मियों पर पूर्व में की गई कार्रवाई वापस लिए जाने से संबंधित विषय भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा रखे गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना। मुलाकात के दौरान सरोजनीनगर के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, जल निकासी, औद्योगिक एवं तकनीकी विकास तथा जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments