
लखनऊ : “मजबूत नेतृत्व की पहचान उसके संकल्पों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से होती है।” मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच और निर्णायक कार्यशैली ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे निर्माण को आर्थिक परिवर्तन, औद्योगिक विस्तार और राष्ट्रीय सामर्थ्य का माध्यम बना दिया है। 2017 से पहले जहां प्रदेश में महज डेढ़ एक्सप्रेसवे थे, वहीं आज 10 एक्सप्रेसवे परिचालित हैं और 22 का विशाल नेटवर्क आकार ले रहा है। लगभग 1,900 किलोमीटर का एक्सप्रेसवे नेटवर्क प्रदेश की बदलती विकास यात्रा का प्रमाण है। इसके पूर्ण होने पर देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में होगा।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा है कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी यमुना एक्सप्रेसवे और आधे-अधूरे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे तक सिमटी हुई थी। यूपी में योगी सरकार के उदय के बाद विकास ने रफ्तार पकड़ी और आज प्रदेश में 10 एक्सप्रेसवे परिचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूपी में 22 एक्सप्रेसवे का व्यापक नेटवर्क आकार ले रहा है जोकि महज सड़कों का विस्तार नहीं उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में आया ऐतिहासिक बदलाव है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर 450–500 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की प्रस्तावित परियोजना इसे देश के पहले सौर एक्सप्रेसवे के रूप में नई पहचान देने की क्षमता रखती है।
डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का एक्सप्रेसवे नेटवर्क विकास की नई धुरी बन रहा है। यहां 1,900 किलोमीटर से अधिक का नेटवर्क और चार नए लिंक एक्सप्रेसवे एक विशाल एक्सप्रेसवे ग्रिड से जोड़ रहे हैं जो 27 इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर उद्योगों और निवेश के नए अवसर खोलेंगे। आगरा, अलीगढ़, झांसी, चित्रकूट, कानपुर और लखनऊ के छह नोड्स वाला रक्षा औद्योगिक गलियारा भी इस नेटवर्क से जुड़कर रक्षा उत्पादन को नई ताकत दे रहा है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का 296 किलोमीटर निर्माण महज 28 महीनों में, तय समय से आठ महीने पहले पूरा हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की पारदर्शी ई-टेंडरिंग से 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जहां आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल और गंगा एक्सप्रेसवे पर राफेल, सुखोई और मिराज जैसे लड़ाकू विमानों की आपातकालीन लैंडिंग के लिए 3 से 3.5 किलोमीटर लंबी विशेष एयरस्ट्रिप विकसित की गई हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पर रात्रिकालीन लैंडिंग की सुविधा भी है। यह आधुनिक आधारभूत संरचना और सामरिक दूरदर्शिता का ऐसा संगम है, जो उत्तर प्रदेश को विशिष्ट पहचान देता है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपने एक्सप्रेसवे को महज सड़कों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इन्हें उद्योग, निवेश, रोजगार, लॉजिस्टिक्स और राष्ट्रीय सुरक्षा के ग्रोथ इंजन में बदलने का दूरदर्शी विजन दिया है। यह केवल बुनियादी ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक शक्ति और सामरिक क्षमता का विस्तार है। संकल्प से सिद्धि और सशक्त नेतृत्व से परिवर्तन की यही तस्वीर नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।

































