
लखनऊ, सरोजनीनगर। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की बेटी राजलक्ष्मी सिंह का जन्मदिन इस बार कुछ अलग अंदाज में मनाया गया।

जन्मदिन की खुशियां परिवार और दोस्तों तक सीमित रखने के बजाय वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के साथ साझा की गईं। इस दौरान केक काटकर बुजुर्गों के साथ जन्मदिन मनाया गया और उन्हें फल, अंगवस्त्र तथा उपहार वितरित किए गए।

विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां मौजूद बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी।

जन्मदिन के अवसर पर बुजुर्गों ने राजलक्ष्मी सिंह को स्नेह और आशीर्वाद दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में पार्षद रामनरेश रावत, पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत, पार्षद गीता देवी, पार्षद केएन सिंह सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया और उनके अनुभवों एवं जरूरतों को जाना।

विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह समाजसेवा और संस्कारों को विशेष महत्व देते हैं। राजलक्ष्मी के जन्मदिन को वृद्धाश्रम में मनाने का उद्देश्य बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा करने और उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना का संदेश देने का है।

उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर मिले उपहार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करना है। वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के बीच मनाया गया यह जन्मदिन इसी भावना का संदेश देता नजर आया।


































