
लखनऊ/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) नैनी, प्रयागराज में आयोजित वार्षिक/अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा के कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए सॉल्वर गैंग के सदस्यों, संस्थान के प्रिंसिपल तथा अनुदेशकों समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
STF के अनुसार, यह गिरोह परीक्षार्थियों से मोटी रकम लेकर उनकी जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा पास कराने का संगठित खेल चला रहा था। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में सभी आरोपियों को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैनी परिसर स्थित कौशल विकास भवन से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल हैं:
- शिवम कुमार पुत्र जटाशंकर बिंद (सॉल्वर), निवासी बरवां शुक्लपुर, थाना मेजा, प्रयागराज।
- रणविजय सिंह (सॉल्वर)
- जय सिंह (सॉल्वर)
- जितेन्द्र पटेल (सॉल्वर)
- दिलीप कुमार पटेल (सॉल्वर)
- अशोक कुमार (प्रिंसिपल)
- रवि प्रकाश (परीक्षा प्रभारी/अनुदेशक)
- फूल प्रकाश (अनुदेशक)
- धीरज कुमार शर्मा (अनुदेशक)
- राजेश कुमार (अनुदेशक)
- राजकुमार मौर्य
कार्रवाई के दौरान STF ने आरोपियों के कब्जे से परीक्षा से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा परीक्षार्थियों से परीक्षा पास कराने के एवज में वसूली गई ₹5.10 लाख नकद बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह सुनियोजित तरीके से अभ्यर्थियों की जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा पास कराने का काम कर रहा था, जिसमें संस्थान के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भी भूमिका सामने आई है।
फिलहाल STF सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा इससे पहले कराई गई परीक्षाओं में संभावित गड़बड़ियों की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


































