Home Blog Page 981

Latest Sports News :भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को हराया, इस खिलाड़ी के दम पर जीती दिव्यांग चैंपियंस ट्रॉफी

भारतीय पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 79 रनों से हराकर शारीरिक दिव्यांग चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। भारत के लिए गेंदबाजों और बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 197 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया और फिर इंग्लैंड को 118 रन पर आउट कर दिया। भारत के लिए मैच में योगेंद्र भदोरिया सबसे बड़े हीरो साबित हुए और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी का नमूना पेश किया।

योगेंद्र भदोरिया ने लगाया दमदार अर्धशतक

भारत के लिए ओपनिंग करने उतरे योगेंद्र भदोरिया ने 40 गेंदों में 182.50 के स्ट्राइक रेट से 73 रन बनाए, जिसमें चार चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उनके अलावा विक्रांत केनी, माजिद और रवींद्र सैंटे ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। इन प्लेयर्स की वज से ही टीम इंडिया ने 197 रनों का स्कोर खड़ा किया।

राधिका प्रसाद ने हासिल किए चार विकेट

बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजी में राधिका प्रसाद ने मोर्चा संभाला और 3.2 ओवर में 19 रन देकर चार विकेट लिए। कप्तान विक्रांत केनी ने तीन ओवर में 15 रन देकर दो और रवींद्र सैंटे ने चार ओवर में 24 रन देकर दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। सनी और नरेंद्र के खाते में एक-एक विकेट गया। इन गेंदबाजों के आगे श्रीलंका के बल्लेबाज टिक नहीं पाए। श्रीलंका की पूरी टीम 118 रनों पर सिमट गई।

ट्रॉफी जीतने पर कप्तान ने जताई खुशी 

विक्रांत केनी ने कहा कि दिव्यांग चैंपियंस ट्रॉफी में इस अविश्वसनीय टीम की अगुवाई करना और उसे जीत दिलाना मेरे करियर का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। प्लेऑफ से लेकर फाइनल तक इस टीम ने अपनी प्रतिभा और जज्बे का शानदार नमूना पेश किया। हर खिलाड़ी ने इस उपलब्धि में योगदान दिया है। यह ट्रॉफी सिर्फ हमारी नहीं है, बल्कि हर उस दिव्यांग व्यक्ति की है जिसने कभी भारत के लिए क्रिकेट खेलने का सपना देखा है।

मुख्य कोच रोहित जालानी ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान गजब का जज्बा दिखाया और हर चुनौती का डटकर सामना किया। हमारी यह जीत चैंपियन बनने के कारण ही नहीं बल्कि हमारी टीम के जीत के जज्बे और लगन के कारण भी विशेष है।

क्या है लाल बटन की पहेली ?’ ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही सबसे पहले इसे अपने ऑफिस में लगवाया

अमेरिकी चुनाव में जबरदस्त जीत के साथ 47वें राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप के शपथ लेने से कुछ हफ्तों पहले ही दुनिया को यह अहसास हो गया था कि उनका दूसरा कार्यकाल विश्व और अमेरिका के लिए कैसा रहने वाला है। वहीं, सत्ता परिवर्तन के बाद धीरे-धीरे कई चीजों में फेरबदल हो रहा है। डोनाल्ड ट्रंप का यह दूसरा कार्यकाल है। साल 2017 से 2021 तक वे अमेरिका के 45वें राष्ट्रपति रह चुके हैं। अब 4 साल तक ट्रंप अपनी फैमिली के साथ व्हाइट हाउस में ही रहेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप शपथ लेने के बाद दूसरे कार्यकाल के लिए जैसे ही व्हाइट हाउस में बने ओवल ऑफिस (राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय) लौटे, तो उनका बेहद लोकप्रिय डाइट कोक (Diet Coke) बटन भी वापस आ गया, जिसका इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति अपने पसंदीदा पेय पदार्थ का ऑर्डर देने के लिए करते हैं।

क्या काम करता है ये डाइट कोक बटन?

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, 20 जनवरी को अपने शपथ ग्रहण समारोह के बाद ट्रंप की मेज पर लकड़ी के बक्से के अंदर लाल बटन देखा गया। जब भी बटन दबाया जाता है, तो व्हाइट हाउस के बटलर को सूचित किया जाता है कि ओवल ऑफिस में डाइट कोक की जरूरत है। ट्रंप जैसे ही उस छोटे से लाल बटन को दबाते थे, तो सिल्वर प्लैटर पर बटलर एक डाइट कोक लेकर वहां आ जाता था। The Hill के मुताबिक ट्रंप को सोडा ड्रिंक बेहद पसंद है। उनके टेबल पर यह सोडा ड्रिंक समय रहते आती रहे, इसलिए उन्होंने यह बटन लगवाया था। लेकिन ट्रंप के पूर्ववर्ती जो बाइडेन ने 2021 में अपने कार्यालय में इस बटन को हटा दिया था।

लाल बटन के जरिए मेहमानों से मजाक भी करते थे ट्रंप

पूर्व व्हाइट हाउस सहयोगी क्रिस सिम्स की किताब ‘टीम ऑफ वाइपर्स’ के हवाले से द हिल ने बताया, ट्रंप उस लाल बटन के जरिए आने वाले मेहमानों से मजाक भी किया करते थे। हंसी-मजाक में वह कहते थे कि उस बटन में परमाणु चीजों को काबू करने की क्षमता है।

‘शायद बाइडेन को पेप्सी पसंद हो’

2021 में जब बाइडेन ने ट्रंप को हराया था और अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाला था, तब उन्होंने इस बटन को हटा दिया था। जब बाइडेन ने इस डाइट कोक बटन को हटाया था तो सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आई थीं। PepsiCo कि ओर से कहा गया था- शायद उन्हें (बाइडेन को) पेप्सी पसंद हो।

‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट का रंग रूप बदला

ट्रंप के अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में सोमवार को शपथ लेने के कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट भी नए रंग रूप में दिखी और उस पर ‘‘अमेरिका इज बैक’’ का बैनर लगा था। ‘व्हाइट हाउस’ की वेबसाइट पर ट्रंप के हस्ताक्षर वाला संदेश है, जिसमें उन्होंने कहा है, ‘‘मैं हर दिन अपनी हर सांस के साथ आपके लिए लड़ता रहूंगा। मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा, जब तक हम मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध अमेरिका नहीं बना देते, जिसके हमारे बच्चे और आप हकदार हैं। यह वास्तव में अमेरिका का स्वर्णिम युग होगा।’’

सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी ‘व्हाइट हाउस’ का नया रूप सामने आया है। वेबसाइट पर ट्रंप, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जे डी वेंस का संक्षिप्त परिचय है। वेबसाइट पर ट्रंप के पहले कार्यकाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया गया है। इनमें मध्य वर्ग को कर में राहत, रोजगार समेत अन्य पहल का उल्लेख है। ‘व्हाइट हाउस’ ने यह भी कहा है कि ट्रंप अमेरिका को दूसरे देशों के युद्धों से दूर रखेंगे, इसकी सैन्य तैयारियों में सुधार करेंगे और देश को सभी खतरों और संकटों से बचाएंगे।

Latest Bollywood News: मिस इंडिया से एक्ट्रेस बनीं, सुपरस्टार से शादी कर इंडस्ट्री को कहा अलविदा, अब लुक में हुआ बड़ा बदलाव

मिस इंडिया से एक्ट्रेस बनीं नम्रता शिरोडकर आज 22 जनवरी, को अपना बर्थडे सेलिब्रेट करने वाली है। मुंबई में जन्मी नम्रता फिलहाल लाइमलाइट से दूर ही रहती हैं। साल 1993 में उन्होंने मिस इंडिया का ताज पहना। ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीतने और कुछ साल मॉडलिंग करने के बाद नम्रता ने फिल्मों में एंट्री की। वह ‘कच्चे धागे’ (1999), ‘एझुपुन्ना थरकन’ (1999), ‘वास्तव: द रियलिटी’ (1999) और ‘पुकार’ (2000) जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए जानी जाती हैं, जिसके लिए उन्हें IIFA बेस्ट सपोर्टिंग रोल के लिए नामांकित किया गया था। वह ‘हेरा फेरी’, ‘अस्तित्व’ (2000), ‘दिल विल प्यार व्यार’ (2002), ‘LOC कारगिल’ (2003) और ‘ब्रिटिश सिनेमा ब्राइड एंड प्रेजुडिस’ (2004) में भी दिखाई दीं, जिसे उन्हें जबरदस्त नेम फेम मिला।

सुपरस्टार से शादी के बाद छोड़ी एक्टिंग

नम्रता शिरोडकर की शादी तेलुगु सिनेमा अभिनेता महेश बाबू से हुई है। दोनों के दो बच्चे बेटा गौतम कृष्णा और बेटी सितारा हैं। 1998 में नम्रता ने सलमान खान के साथ फिल्म ‘जब प्यार किसी से होता है’ से डेब्यू किया था। हालांकि, इसमें उनका छोटा सा रोल था और लीड एक्ट्रेस ट्विंकल खन्ना थी। इसके पहले नम्रता ने फिल्म ‘पूरब की लैला पश्चिम की छैला’ साइन की थी, लेकिन ये फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। बॉलीवुड के बाद नम्रता ने साउथ फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई और साल 2000 में तेलुगु फिल्म ‘वामसी’ की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात साउथ के सुपरस्टार महेश बाबू से हुई। दोनों ने 5 साल डेटिंग करने के बाद उन्होंने 2005 में शादी कर ली। प्रेमा को दिए इंटरव्यू में कहा था कि महेश बाबू नहीं चाहते थे कि उनकी पत्नी काम करें, इसलिए एक्टिंग छोड़ दी।

मिस इंडिया से एक्ट्रेस बनीं नम्रता का बदला लुक

नम्रता शिरोडकर आज भी उतनी ही खूबसूरत है जैसे वह पहले लगती थीं। महेश बाबू की पत्नी 53 की उम्र में भी सुपर फिट लगती हैं। वह सोशल मीडिया काफी एक्टिव है। वह आए दिन अपनी लाइफ की छोटी-बड़ी अपटेड शेयर करती रहती हैं। उनका लुक भी पहले से काफी बदल चुका है। अपनी ग्लैमरस दुनिया से दूर नम्रता अक्सर अपनी नो-मेकअप लुक शेयर करती रहती हैं।

Bhojpuri Latest News :पवन सिंह का यह भोजपुरी गाना 60 करोड़ बार देखा जा चुका है, इंटरनेट पर मचा रहा है धमाल

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह जिन्हें उनकी एक्टिंग के अलावा उनके गानों के लिए भी जाना जाता है। साल 2024 एक्टर के लिए बेहद खास रहा है। उन्होंने अपनी बेहतरीन आवाज से बॉलीवुड में भी तहलका मचा दिया। अब उनका 9 मई 2016 को यूट्यूब पर रिलीज किया गया एक पुराना गाना खूब वायरल हो रहा है जो आज तक चर्चा में बान हुआ है। पवन सिंह का भोजपुरी गाना ‘छलकत हमरो जवनिया’ फिर से सुर्खियों में बना हुआ है। इसे यूट्यूब पर अब तक 60 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।

पवन सिंह के भोजपुरी गाने से मची धूम

पवन सिंह ने राजकुमार राव की फिल्म ‘स्त्री 2’ में ‘आई नहीं’ गाने से तहलका मचा दिया था। इस गाने का क्रेज लोगों के बीच अभी तक बना हुआ है। इसी बीच अब ‘छलकत हमरो जवनिया’ लोग फिर से रील्स बना रहे हैं। इस वक्त इंटरनेट पर यह गाना छाया हुआ है और यूट्यूब पर भी ट्रेंड कर रहा है। भोजपुरी फिल्मों के पावरस्टार के पुराने गाने आज भी लोगों के बीच काफी मशहूर है। इस गाने में पवन सिंह के साथ काजल राघवानी की जबरदस्त रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली थी। एक वक्त भोजपुरी में पवन और काजल की जोड़ी काफी मशहूर थी। उनके गाने आते ही छा जाते थे।

पवन सिंह की दूसरी पत्नी की क्यों हो रही चर्चा

पवन सिंह की देशभर में गजब की फैन फॉलोइंग है। बता दें कि पवन सिंह को ‘प्रतिज्ञा’ (2008), ‘सत्या’ (2017), ‘क्रैक फाइटर’ (2019), ‘राजा’ (2019), ‘शेर सिंह’ (2019), ‘मेरा भारत महान’ (2022), ‘हर हर गंगे’ (2023) जैसी भोजपुरी फिल्मों के लिए जाना जाता है। वहीं कुछ दिनों से पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह चर्चा में बनी हुई हैं क्योंकि उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में उतरने का ऐलान कर दिया। बता दें कि भोजपुरी स्टार पवन सिंह 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे थे।अब उनकी पत्नी ज्योति सिंह की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।

महाकुम्भ में सिलेण्डर की जांच होगी अनिवार्य, अनधिकृत सिलेण्डरों की बिक्री पर सख्ती

महाकुम्भ में सिलेण्डर की जांच होगी अनिवार्य, अनधिकृत सिलेण्डरों की बिक्री पर सख्ती
महाकुम्भ में सिलेण्डर की जांच होगी अनिवार्य, अनधिकृत सिलेण्डरों की बिक्री पर सख्ती
महाकुम्भ में सिलेण्डर की जांच होगी अनिवार्य, अनधिकृत सिलेण्डरों की बिक्री पर सख्ती
  • खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा एल.पी.जी. सुरक्षा पर आयोजित की गई विशेष बैठक
  • एल.पी.जी. रिसाव से होने वाली दुर्घटनाओं पर रोकथाम के लिए दिशानिर्देश जारी

महाकुम्भ नगर, 21 जनवरी 2025: महाकुम्भ मेले के दौरान श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा एल.पी.जी. सुरक्षा पर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें विभागीय अधिकारियों, एल.पी.जी. वितरकों, गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों, और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान एलपीजी के रिसाव से हो रही दुर्घटनाओ पर अंकुश लगाने के लिए महत्वपूर्ण दिशानिर्देश दिए गए।

इन निर्देशों का करना होगा पालन

  1. सिलेण्डर की जांच अनिवार्य: एल.पी.जी. सिलेण्डरों की लिकेज जांच तकनीकी सहायकों द्वारा की जाएगी। लिकेज मिलने पर सिलेण्डर की आपूर्ति रोक दी जाएगी।
  2. सुरक्षा उपकरणों का उपयोग: उपभोक्ताओं के गैस सिलेण्डर, पाइप और रेगुलेटर की जांच कर, मानक के अनुसार न होने पर उन्हें बदलने के निर्देश दिए गए।
  3. आकस्मिकता से निपटने की तैयारी: मेला क्षेत्र में तकनीकी सहायकों की टीमों को तैनात किया गया है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगी।
  4. गैस आपूर्ति का नियमन: मेला क्षेत्र में अधिकतम 100 किग्रा गैस तक ही भण्डारण की अनुमति होगी। हर आपूर्ति वाहन का पूरा विवरण कार्यालय में उपलब्ध कराया जाएगा।

घरेलू गैस के दुरुपयोग पर सख्ती

गोष्ठी में यह भी निर्णय लिया गया कि घरेलू गैस का दुरुपयोग या अनधिकृत सिलेण्डरों की बिक्री पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षित महाकुम्भ की प्रतिबद्धता

खाद्य एवं रसद विभाग ने सभी एल.पी.जी. वितरकों और अधिकारियों को मेला क्षेत्र में गैस आपूर्ति की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में यह तय किया गया कि नियमों के उल्लंघन पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी।

बैठक में प्रमोद शर्मा, सीएफओ कुम्भ एवं सुनील कुमार खाद्य एवं रसद अधिकारी मौजूद रहे।