Home Blog Page 974

बीजिंग: NSA अजित डोभाल के बाद अब विदेश सचिव विक्रम मिसरी करेंगे चीन का दौरा

चीन ने शुक्रवार को विदेश सचिव विक्रम मिसरी की इस सप्ताह के अंत होने वाली यात्रा का स्वागत किया है। चीन ने कहा कि यह घटनाक्रम लद्दाख में चार साल से अधिक समय तक सैन्य गतिरोध के बाद दोनों देशों के शीर्ष नेताओं और अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद सामने आया है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने यहां प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘हम चीन और भारत के बीच विदेश सचिव-उपमंत्री तंत्र की बैठक के लिए विदेश सचिव विक्रम मिसरी की आगामी चीन यात्रा का स्वागत करते हैं।’’

संबंधों को सुधारने पर बनी सहमति

माओ ने कहा कि पिछले अक्टूबर में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच कजान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय संबंधों को सुधारने और बढ़ाने पर आम सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि हाल में दोनों पक्षों ने इन साझा सहमतियों को गंभीरतापूर्वक लागू करने के लिए काम किया है। चीन और भारतीय विदेश एवं रक्षा मंत्रियों ने बहुपक्षीय मौकों पर एक-दूसरे से मुलाकात की है।

अजित डोभाल ने की थी बीजिंग की यात्रा

विदेश सचिव मिसरी अपने चीनी समकक्ष के साथ वार्ता के लिए रविवार से दो दिवसीय यात्रा पर बीजिंग जाएंगे। यह डेढ़ महीने से भी कम समय में भारत से चीन की दूसरी उच्चस्तरीय यात्रा होगी। पिछले महीने, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने बीजिंग की यात्रा की थी। डोभाल ने सीमा मुद्दे पर विशेष प्रतिनिधि (एसआर) वार्ता के ढांचे के तहत चीनी विदेश मंत्री वांग यी के साथ बातचीत की थी।

कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने पर होगी चर्चा

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘विदेश सचिव विक्रम मिसरी भारत और चीन के बीच विदेश सचिव-उपमंत्री तंत्र की बैठक के लिए 26 और 27 जनवरी को बीजिंग की यात्रा करेंगे।’’ बयान में कहा गया है, ‘‘इस द्विपक्षीय तंत्र की बहाली नेतृत्व स्तर पर हुए समझौते से हुई है, जिसमें भारत-चीन संबंधों के लिए अगले कदमों पर चर्चा की जाएगी। इसमें राजनीतिक, आर्थिक और लोगों के बीच आपसी संबंध जैसे क्षेत्र भी शामिल हैं।’’ उम्मीद है कि दोनों पक्ष वार्ता में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव कम करने के तरीकों और कैलाश मानसरोवर यात्रा को फिर से शुरू करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

स्पष्ट रहा है भारत का रुख

भारत कहता रहा है कि जब तक सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति नहीं होगी, तब तक चीन के साथ उसके संबंध सामान्य नहीं हो सकते। डेमचोक और देपसांग में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, भारतीय और चीनी सेनाओं ने लगभग साढ़े चार साल के अंतराल के बाद दोनों क्षेत्रों में गश्त फिर से शुरू कर दी है। पिछले हफ्ते, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि भारत-चीन संबंध 2020 के बाद की सीमा स्थिति से उत्पन्न जटिलताओं से खुद को अलग करने की कोशिश कर रहा है और संबंधों के दीर्घकालिक विकास पर अधिक विचार किए जाने की आवश्यकता है।

Latest Bollywood News : ममता कुलकर्णी बनीं किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर, पट्टाभिषेक के दौरान हुईं भावुक

ममता कुलकर्णी को अब यामाई ममता नंद गिरि के नाम से जाना जाएगा। फिल्मों में अपनी बेहतरीन एक्टिंग और लुक से फैंस का दिल जीतने वाली 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी ने महाकुंभ 2025 में मोह माया का त्याग करते हुए संता धर्म की राह चुनी है। ममता कुलकर्णी को आज किन्नर अखाड़ा ने दीक्षा देकर महामंडलेश्वर बना दिया और उनका नया नाम श्री यामाई ममता नंद गिरि घोषित किया गया। शाम को किन्नर अखाड़े में ममता कुलकर्णी का पट्टाभिषेक हुआ। इस मौके पर ममता ने पहले खुद का और अपने परिवार का संगम में पिंडदान किया।

पट्टाभिषेक में भावुक हुईं ममता कुलकर्णी

पट्टाभिषेक में ममता कुलकर्णी को पूरे रीति रिवाज के साथ कर्मकाण्ड कराया गया फिर का उनका अभिषेक करके उन्हें महामंडलेश्वर घोषित किया गया। पट्टाभिषेक के दौरान ममता भावुक हो गई थीं। साध्वी बनने और महामंडलेश्वर का पद मिलने के बाद उन्होंने अपना अनुभव साझा किया, ममता कुलकर्णी ने बताया कि वो 23 साल से फिल्मी दुनिया से दूर रहकर धार्मिक यात्रा पर थी और एक दिन उन्हें अध्यात्म की शक्ति की अनुभूति महसूस हुई। उसके बाद उन्होंने सनातन धर्म के मार्ग पर चलने का मन बना लिया।

ममता कुलकर्णी ने बॉलीवुड वापसी पर तोड़ी चुप्पी

श्री यामाई ममता नंद गिरि ने आगे यह भी साफ किया कि उन्हें 23 सालों में कोई ऐसी परेशानी नहीं हुई कि, जिससे वो साध्वी बन गई बल्कि उनकी आस्था उन्हें सनातन की ओर खींच ले आयी है। इस मौके पर ममता ने ये भी बता दिया की अब बॉलीवुड में उनकी कभी वापसी नही होंगी बल्कि वो धर्म के रास्ते पर ही आगे बढ़ेंगी। ममता ने इस दौरान कई सवालों का भी जवाब दिया।

महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता का पहला लुक

ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर की ये पदवी किन्नर अखाड़े ने दी है जो साल 2015 में बनाया गया था। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच उनका सिंदूर और हल्दी से तिलक किया गया। ममता को दूध से स्नान कराया गया।

Latest Sports News :IND vs ENG दूसरा T20I: एमए चिदंबरम स्टेडियम में बल्लेबाजों का होगा दबदबा या गेंदबाजों का जलवा?

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज टीम इंडिया ने शानदार तरीके से करते हुए पहले मुकाबले को 7 विकेट से अपने नाम किया तो वहीं अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला 25 जनवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम की तरफ से पहले मुकाबले में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था, जिसमें वरुण चक्रवर्ती ने जहां गेंद से कमाल दिखाया था तो वहीं बल्ले से अभिषेक शर्मा का कमाल देखने को मिला था। टीम इंडिया की कोशिश अब सीरीज के दूसरे मुकाबले को जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने पर होगी, ऐसे में सभी की नजरें चेन्नई की एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच पर भी रहने वाली हैं।

आखिर चेन्नई की पिच पर दिखेगा किसका जलवा

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में लगभग 7 साल के बाद कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। वहीं इंडियन प्रीमियर लीग में यहां पर लगातार इस दौरान मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें ये स्टेडियम आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम में से एक चेन्नई सुपर किंग्स का है। एमए चिदंबरम स्टेडियम में अब तक सिर्फ 2 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं तो वहीं आईपीएल के 85 मुकाबले खेले गए हैं, ऐसे में चेपॉक स्टेडियम की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर औसत पहली पारी का स्कोर 160 से 165 रनों के बीच देखने को मिलता है। यहां पर अब तक पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जहां आईपीएल में 49 मैच जीते हैं तो 36 में टारगेट का पीछा करने वाली टीम मुकाबले को अपने नाम करने में कामयाब रही है। ऐसे में टॉस दोनों टीमों के लिए काफी अहम रहने वाला है क्योंकि यदि ओस आने की संभावना रही तो टारगेट का पीछा करने वाली टीम के लिए काफी आसानी हो सकती है।

भारतीय टीम में बदलाव की संभावना कम, इंग्लैंड ने किया एक चेंज

दूसरे टी20 मुकाबले को लेकर भारतीय टीम की प्लेइंग 11 में बदलाव की संभावना काफी दिख रही है, पहले मैच में सभी प्लेयर्स ने अपनी भूमिका को काफी अच्छे से निभाया था। वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव जो पिछले मैच में अपना खाता भी नहीं खोल सकते हैं वह इस मुकाबले में बड़ी पारी खेलने की कोशिश जरूर करेंगे। वहीं दूसरी तरफ इंग्लैंड टीम की दूसरे टी20 मैच की प्लेइंग 11 को लेकर बात की जाए तो उसमें एक बदलाव किया गया है और गस एटिंकसन की जगह पर ब्रायडन कार्स को खेलने का मौका मिलेगा।

इस्लामाबाद: पाकिस्तान की संसद में चौंकाने वाला वाकया! महज 9 मिनट में 4 विधेयक पारित हुए

पाकिस्तान की संसद ने शुक्रवार को कुछ गजब हुआ है। जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी समेत अन्य सांसदों के विरोध को दरकिनार कर चार विधेयकों को जल्दबाजी में पारित करने के लिए अपना संयुक्त सत्र बुलाया गया। स्पीकर सरदार अयाज सादिक ने सीनेट और नेशनल असेंबली के संयुक्त सत्र की अध्यक्षता की। संसद का संयुक्त सत्र मात्र 18 मिनट चला, जिस दौरान मात्र 9 मिनट में चार विधेयक पारित कर दिए गए। चार विधेयक पारित होने के बाद संयुक्त सत्र को 12 फरवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

ये विधेयक हुए पारित

वाणिज्य मंत्री जाम कमाल खान ने व्यापार संगठन संशोधन विधेयक 2021 और आयात एवं निर्यात विनियमन संशोधन विधेयक 2023 पेश किया, जिन्हें मंजूरी दे दी गई। सीनेट के सदस्य मंजूर काकड़ ने राष्ट्रीय उत्कृष्टता संस्थान विधेयक 2024 पेश किया, जिसे राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान विधेयक 2023 के साथ पारित कर दिया गया।

विपक्षी सदस्यों ने लगाए नारे

विपक्षी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के सदस्यों ने बोलने के अधिकार का अनुरोध किया, लेकिन स्पीकर ने विपक्षी नेताओं को माइक्रोफोन देने से मना कर दिया, जिसके कारण विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। इसके जवाब में विपक्षी सदस्यों ने नारे लगाए।

संयुक्त सत्र में शामिल हुए पीएम शहबाज शरीफ

संयुक्त सत्र में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सीनेट के अध्यक्ष यूसुफ रजा गिलानी, पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, पूर्व प्रधानमंत्री राजा परवेज अशरफ और बिलावल भुट्टो जरदारी सहित प्रमुख नेता शामिल हुए।

तेल अवीव:हमास ने चार बंधकों के नाम किए सार्वजनिक, रिहाई शनिवार को होगी

 हमास ने चार बंधकों के नाम जारी कर दिए हैं। इन बंधकों को वह गाजा पट्टी में युद्ध विराम के तहत शनिवार को रिहा करेगा। इजरायल की ओर से नामों की तत्काल पुष्टि नहीं की गई है। हमास ने शुक्रवार को बंधकों के नाम जारी किए हैं। इजरायल द्वारा कैद या हिरासत में लिए गए दर्जनों फलस्तीनियों की रिहाई के बदले में बंधकों को शनिवार को रिहा किया जाना है।

बंधकों के रिश्तेदारों ने पीएम नेतन्याहू से की अपील

इस बीच गाजा में बंधक बनाए गए लोगों के रिश्तेदारों ने शुक्रवार को इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से सभी शेष बंधकों की रिहाई सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी उनके रिश्तेदारों की रिहाई के लिए दबाव बनाए रखने का आह्वान किया है। इजरायल और हमास के बीच छह सप्ताह का युद्ध विराम छठे दिन में प्रवेश कर गया है।

फलस्तीनी कैदियों के बदले बंधकों की रिहाई

गौरतलब है कि, हमास ने इस बारे में अभी तक कोई सटीक सूचना नहीं दी है कि कितने बंधक अब भी जीवित हैं। युद्ध विराम समझौते के पहले चरण में, सैकड़ों फलस्तीनी कैदियों के बदले में 33 बंधकों को मुक्त किए जाने की उम्मीद है। रविवार को युद्ध विराम के पहले दिन, 90 फलस्तीनी कैदियों के बदले में पहले तीन इजरायली बंधकों को रिहा किया गया था।

गाजा में मारे गए कितने लोग

इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम ने गाजा में 15 महीने से जारी रहे युद्ध को फिलहाल रोक दिया है। गाजा में 47,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं। समझौते के अनुसार, हमास की ओर से रिहा किए जाने वाले बंधकों के नामों की घोषणा के बाद इजरायल भी इस बारे में एक सूची जारी करेगा कि किन फलस्तीनी कैदियों को रिहा किया जाएगा।