Home Blog Page 947

Latest Bollywood News :ओटीटी पर तहलका मचाने आ रही हैं ये 3 फिल्में, एंटरटेनमेंट का धमाका जारी!

एंटरटेनमेंट लवर्स के लिए यह हफ्ता काफी खास होने वाला है। इन दिनों ओटीटी पर रिलीज होने वाली साउथ की फिल्में खूब धूम मचा रही हैं। इसी बीच आपके वीकेंड‌ को और भी मजेदार बनाने के लिए ओटीटी पर तीन धमाकेदार साउथ की फिल्में रिलीज होने को तैयार है। एक्शन, रोमांस से लेकर क्राइम थ्रिलर तक, फरवरी के इस हफ्ते बहुत कुछ एक साथ देखने को मिलने वाला है। सिनेमाघरों में चार हफ्तों तक धूम मचाने के बाद अब ज्यादातर तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ फिल्में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन स्ट्रीम होती है। इस हफ्ते साउथ की ये सुपरहिट मूवीज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कब्जा करने को तैयार है तो बिना किसी देरी के आइए इस हफ्ते क्या-कहां पर रिलीज होगा जानते हैं। यहां देखें लिस्ट।

फिल्म: कोबाली

रवि प्रकाश, श्री तेज, आर श्यामला, रॉकी सिंह, जबरदस्त नवीन और योगी खत्री की क्राइम थ्रिलर तेलुगु फिल्म ‘कोबाली’ डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होने जा रही है। अपनी शानदार स्टार कास्ट के कारण इस फिल्म ने सभी का ध्यान खींचा है। फिल्म की कहानी दो परिवारों की स्थिति और परिस्थिति को बयां करती है जो बदला, प्रतिशोध और लालच में उलझ जाते हैं।

फिल्म: देवकी नंदन वासुदेव

अशोक गल्ला, मानसा वाराणसी, देवदत्त नागे, झांसी, शत्रु और नागा महेश की एक्शन ड्रामा फिल्म ‘देवकी नंदन वासुदेव’ की कहानी कंस राजू पर केंद्रित है जो एक क्रूर राजा है। काशी की अपनी एक यात्रा के दौरान, उसे भगवान शिव के एक ऋषि से पता चलता है कि उसकी बहन की तीसरी संतान उसकी मृत्यु का कारण बनेगी। इस भविष्यवाणी से कंस राजू परेशान हो जाता है। हालांकि, यह कृष्ण कहानी आप कई बार देख चुके हैं, लेकिन इस बार कुछ अलग देखने को मिलने वाला है। इसे आप डिज्नी प्लस हॉटस्टार देख सकते हैं।

फिल्म: किष्किंधा कांड

आसिफ अली, अपर्णा बालमुरली, विजयराघवन, जगदीश, अशोकन और शेबिन बेन्सन की मिस्ट्री ड्रामा मलयालम फिल्म ‘किष्किंधा कांड’ की कहानी भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त सैनिक के बारे में है जो अपने बेटे के साथ एक जंगल के पास अकेले रहता है। इस जंगल में सैकड़ों बंदर होते हैं, जिसके कारण कुछ अजीबोगरीब घटनाएं सामने आती हैं। जिन्हें देख वह हैरान-परेशान हो जाता है। इसे हॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

Latest Sports News : शुभमन गिल ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को पछाड़ा, सिर्फ 48 वनडे मैचों में रचा इतिहास!

भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज काफी शानदार तरीके से करते हुए नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया को 249 रनों का टारगेट मिला था जिसको उन्होंने 38.4 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। भारतीय टीम की इस जीत में उपकप्तान शुभमन गिल ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई और 96 गेंदों में 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली। गिल ने अपनी इस पारी के दम पर एक बड़ा कारनामा भी किया और पाकिस्तानी टीम के ओपनिंग बल्लेबाज इमाम उल हक को एक खास लिस्ट में पीछे छोड़ दिया।

गिल पहले 48 वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बने तीसरे खिलाड़ी

शुभमन गिल के लिए ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट दौरा बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रहा लेकिन उन्होंने अपने पसंदीदा फॉर्मेट वनडे में उसी पुराने अंदाज में वापसी की है। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से ठीक पहले हो रही इस वनडे सीरीज में गिल ने पहले ही मैच में अपनी इस पारी के दम पर टीम मैनेजमेंट काफी राहत देने का काम किया है। गिल ने 87 रनों की पारी के दौरान कुल 14 चौके लगाए वहीं इसी के साथ वह अब वनडे फॉर्मेट में करियर के पहले 48 मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में तीसरे खिलाड़ी भी बन गए हैं। गिल ने इस मामले में पाकिस्तानी खिलाड़ी इमाम उल हक को पीछे छोड़ने का काम किया है। गिल के नाम अब 48 वनडे मैच में कुल 2415 रन दर्ज हैं।

करियर के पहले 48 वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी

    • हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका) – 2627 रन
    • एबी डिविलियर्स (साउथ अफ्रीका) – 2551 रन
    • शुभमन गिल (भारत) – 2415 रन
    • इमाम उल हक (पाकिस्तान) – 2232 रन
    • गौतम गंभीर (भारत) – 2067 रन

गिल इस मामले में निकले कोहली से आगे

वनडे फॉर्मेट में शुभमन गिल अब 2000 या उससे अधिक रन बनाने के साथ सबसे ज्यादा औसत के साथ बल्लेबाजी करने के मामले में अब विराट कोहली और एबी डिविलियर्स से भी आगे हैं। गिल ने अब तक 48 वनडे मैच में 2415 रन 58.90 के औसत से बनाए हैं, तो वहीं विराट कोहली का वनडे में अभी बल्लेबाजी औसत 58.18 का है। गिल अभी इस लिस्ट में पहले स्थान पर हैं। गिल का इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के शुरू से पहले औसत 58.20 का था जिसमें उन्होंने अब और सुधार कर लिया है।

एंट्रिम टाउनशिप: महंगाई के बीच एक लाख अंडे चोरी! 4 दिन बाद भी अमेरिकी पुलिस के हाथ खाली, जांच जारी

 अमेरिका के पेनसिल्वेनिया में एक ट्रेलर से 1,00,000 अंडों की चोरी का मामला पुलिस अब तक नहीं सुलझा पाई है। अंडों की चोरी को 4 दिन बीत चुके हैं और पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। पुलिस का मानना है कि चोर ने अंडों की आसमान छूती कीमत को देखते हुए उन्हेंस चुराया है। पेंसिल्वेनिया राज्य पुलिस की प्रवक्ता ट्रूपर फर्स्ट क्लास मेगन फ्रेजर ने बुधवार को कहा, ‘हम लोगों से मिलने वाले सुरागों पर निर्भर हैं। हम उम्मीद कर रहे हैं कि किसी को कुछ जानकारी होगी, तो वह जरूर हमें इस बारे में कुछ बताएगा।’

‘मेरे करियर में मैंने ऐसा कभी नहीं सुना’

पुलिस इस मामले में लगातार लोगों से पूछताछ कर रही है और निगरानी कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि चोरों को पकड़ने में मदद मिल सके। फ्रेजर, जो इस नौकरी में 12 साल से हैं, ने कहा, ‘मेरे करियर में मैंने कभी नहीं सुना कि एक लाख अंडे चुरा लिए गए हों। यह निश्चित रूप से एक अनोखी घटना है।’ बता दें कि अमेरिका में बर्ड फ्लू की वजह से किसान लाखों मुर्गियों को मारने पर मजबूर हो रहे हैं, जिससे अंडों की कीमतों में 2023 की गर्मियों के मुकाबले दोगुने तक की बढ़ोतरी हो गई है। माना जा रहा है कि ईस्टर के नजदीक आते ही कीमतों में और बढ़ोतरी होने वाली है।

आसमान छू रही अंडों की कीमत

अमेरिका में दिसंबर में एक दर्जन अंडों की औसत कीमत $4.15 (लगभग ₹340) थी, जो कि 2021 में बने $4.82 के रिकॉर्ड से थोड़ी कम थी, लेकिन कृषि विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल अंडों की कीमतों में 20% और वृद्धि हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी शनिवार को रात 8:40 बजे एंट्रिम टाउनशिप में पीट एंड जेरी ऑर्गेनिक्स के डिस्ट्रिब्यूशन ट्रेलर से की गई थी। अंडों की कीमत लगभग $40,000 (₹33 लाख) है, जिससे यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आ जाता है। कंपनी ने एक बयान में कहा है कि वह कानूनी एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है।

Latest Bollywood News :प्रियंका चोपड़ा के भाई की शादी में निक जोनास का धमाल, संगीत में दिया शानदार परफॉर्मेंस!

निक जोनास आखिरकार अपनी पत्नी प्रियंका चोपड़ा के भाई की शादी का हिस्सा बनने के लिए भारत आ ही गए। ये सेलिब्रिटी कपल सिद्धार्थ चोपड़ा और नीलम उपाध्याय के संगीत समारोह में जमकर धमाल करते नजर आया। अब, अमेरिकी सिंगर निक का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें अपने पिता पॉल केविन जोनास के साथ दिल को छू लेने वाला परफॉर्मेंस देते हुए देखा जा सकता है। प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी का जश्न जोरों पर है। हल्दी और मेहंदी समारोह में धमाल मचाने के बाद, माता की चौकी में आशीर्वाद लिया। वहीं अब संगीत सेरेमनी की खूबसूरत झलकियां सामने आई है।

निक जोनास ने साले की शादी में मचाई धूम

सिद्धार्थ चोपड़ा और नीलम उपाध्याय के संगीत समारोह में निक जोनास अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए और इस खास मौके पर निक ने धमाकेदार परफॉर्मेंस देते हुए सभी का दिल जीत लिया। वायरल वीडियो में, सिंगर-एक्टर ने स्टेज पर कुछ मोस्ट पॉपुलर सॉन्ग अपने साले के लिए डेडिकेट किए। उनके साथ उनके पिता पॉल केविन जोनास भी थे, जिन्होंने सिंथेसाइजर बजाकर अपने बेटे का साथ दिया।

भाई की शादी में जमकर नाची प्रियंका चोपड़ा

सिद्धार्थ चोपड़ा और नीलम उपाध्याय के संगीत समारोह में बॉलीवुड की देसी गर्ल भी डांस फ्लोर पर अपने परिवार के साथ धमाका करते हुए दिखाई दीं। वहीं निक स्टेज पर अपनी पत्नी प्रियंका को चीयर करते हुए और गाना गाते दिखाई दिए। इस दौरान एक्ट्रेस ने अपने कई बॉलीवुड गानों पर भी परफॉर्म किया। 6 फरवरी, 2025 को निक जोनास अपने साले की शादी में शामिल होने के लिए भारत आए। बता करें कपल के लुक की तो बी-टाउन दिवा प्रियंका प्रियंका ने अपना लुक सेटल मेकअप, खुले स्ट्रेट बालों और डायमंड नेकपीस पहनकर पूरा किया। भाई की संगीत सेरेमनी में एक्ट्रेस का ट्रेडिशनल लुक देखने को मिला। उन्होंने ब्लू कलर का शिमरी लहंगा कैरी किया था। वहीं निक जोनस मैचिंग आउटफिट में नजर आए। वे ब्लू कलर की शेरवानी में दिखाई दिए।

पाकिस्तान(लाहौर): भ्रष्टाचार केस में शहबाज शरीफ और बेटे हमजा को मिली राहत, अदालत ने किया बरी

 पाकिस्तान की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बेटे हमजा शहबाज को आठ साल पुराने भ्रष्टाचार के एक मामले में बरी कर दिया। शिकायतकर्ता द्वारा खुद को इस मामले से अलग करने के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया। भ्रष्टाचार निरोधक अदालत के न्यायाधीश सरदार मोहम्मद इकबाल ने फैसला सुनाया, जिसे सोमवार को सुरक्षित रखा गया था।

शिकायतकर्ता ने खुद को मामले से किया अलग

अदालत के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लाहौर की एक भ्रष्टाचार निरोधक अदालत ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके बेटे एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री हमजा शहबाज को रमजान शुगर मिल भ्रष्टाचार मामले में बरी कर दिया, क्योंकि शिकायतकर्ता ने खुद को मामले से अलग कर लिया था।’’ शिकायतकर्ता जुल्फिकार अली ने न्यायाधीश से कहा कि उन्होंने ना तो शरीफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और ना ही उन्हें उस आवेदन की जानकारी है जिसके आधार पर मामला शुरू किया गया।

‘सेना राजनेताओं को फंसाती है’

एक राजनीतिक पर्यवेक्षक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘शिकायतकर्ता के बयान से पता चलता है कि विरोध का सामना करने पर कैसे सेना राजनेताओं को विभिन्न मामलों में फंसाती है और एक बार जब वो उसके पक्ष में हो जाते हैं तो ऐसे मामलों को कुछ ही समय में उलट दिया जाता है।’’

2018 में दर्ज किया गया था मामला 

साल 2018 में, राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने शरीफ और हमजा के खिलाफ पद का दुरुपयोग करके राष्ट्रीय खजाने को 20 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया था। हमजा और उनके छोटे भाई सुलेमान पंजाब प्रांत की रमजान शुगर मिल के मालिक हैं।