Home Blog Page 940

Mahakumbh 2025:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज प्रयागराज पहुंचेंगी, संगम में लगाएंगी आस्था की डुबकी

प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान हर दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस बीच प्रयागराज के महाकुंभ में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी डुबकी लगाएंगी। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। इस दौरान संगम स्नान के साथ ही वह अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। जारी बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति सुबह संगम नोज पहुंचकर त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाएंगी। देश की प्रथम नागरिक का संगम में डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा।

अक्षयवट का भी करेंगी पूजन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इसके उपरांत धार्मिक आस्था को और मजबूती देने के लिए अक्षयवट का दर्शन-पूजन करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है। यह हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण स्थल है, जिसकी महत्ता पुराणों में भी वर्णित है। इसके अलावा वह बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। बयान के अनुसार राष्ट्रपति आधुनिक भारत और डिजिटल युग के साथ धार्मिक आयोजनों को जोड़ने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल को समर्थन देंगी।

शाम को वापस रवाना होंगी दिल्ली

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू डिजिटल महाकुम्भ अनुभव केंद्र का अवलोकन करेंगी, जिसमें महाकुम्भ मेले की विस्तृत जानकारी तकनीकी माध्यमों से उपलब्ध कराई जा रही है। यहां देश-विदेश के श्रद्धालुओं को इस अद्भुत आयोजन को और अधिक निकटता से अनुभव करने के लिए इसे स्थापित किया गया है। राष्ट्रपति शाम पौने छह बजे प्रयागराज से वापस नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति का यह दौरा न केवल प्रयागराज के लिए ऐतिहासिक होगा, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रेरणादायी क्षण होगा। उनकी उपस्थिति से महाकुम्भ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को एक नई ऊंचाई मिलेगी।

लंदन: चीन की ‘विशाल दूतावास’ योजना को लेकर ब्रिटेन में हंगामा, मंत्री ने खुद किया विरोध प्रदर्शन – जानिए पूरा मामला!

ब्रिटेन ने चीन के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ब्रिटेन के कई मंत्री चीन की विशाल दूतावास योजना का विरोध कर रहे हैं। आखिर ये चीन की विशाल दूतावास योजना क्या है, जिसे लेकर ब्रिटेन में हंगामा मचा है…वह भी आपको बताएंगे। मगर पहले जान लें कि ब्रिटेन के छाया मंत्री और विपक्षी कंजरवेटिव पार्टी के सांसद उन सैकड़ों प्रदर्शनकारियों में शामिल रहे, जो पूर्वी लंदन में चीन के तथाकथित ‘विशाल दूतावास’ के प्रस्तावित स्थल पर एकत्रित हुए।

छाया न्याय मंची रॉबर्ट जेनरिक, छाया सुरक्षा मंत्री टॉम टुगेंदहट और पूर्व टोरी नेता इयान डंकन स्मिथ शनिवार को ‘टावर ऑफ लंदन’ के पास ऐतिहासिक रॉयल मिंट कोर्ट स्थल पर हांगकांगवासियों, उइगरों और तिब्बतियों का प्रतिनिधित्व करने वाले समूहों के साथ शामिल हुए। छाया मंत्री विपक्ष के सदस्य होते हैं, जो सरकार के काम की निगरानी करते हैं।

किस वजह से हो रहा प्रदर्शन

ब्रिटेन की मीडिया में आई खबरों के अनुसार, प्रदर्शनकारी एक बहुत बड़े नए दूतावास के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराना चाहते थे, जिसके बारे में उन्हें डर है कि अगर इसे यूरोप में चीन के सबसे बड़े राजनयिक मिशनों में से एक के रूप में आगे बढ़ने की अनुमति दी गई तो इसका इस्तेमाल ‘‘जासूसी केंद्र’’ के रूप में किया जा सकता है। जेनरिक ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हम नहीं चाहते कि हमारे पीछे स्थित यह ऐतिहासिक इमारत – टॉवर ऑफ लंदन के पीछे – चीनी कम्युनिस्ट पार्टी का एक बड़ा दूतावास बन जाए।’’ पूर्व आवास मंत्री ने कहा, ‘‘यह गलत स्थान है। यह गलत प्रक्रिया है और यह हमारे देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ठीक नहीं है।

ढाका: “ऑपरेशन डेविल हंट” के तहत बांग्लादेश में 40 लोग हुए गिरफ्तार, जानें पूरी खबर

बांग्लादेश में ऑपरेशन डेविल हंट के तहत कम से कम 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। बतायाजा रहा है कि ढाका के बाहरी इलाके में अवामी लीग के एक नेता के घर में तोड़फोड़ के दौरान एक छात्र समूह के कार्यकर्ताओं पर हुए हिंसक हमले के बाद इन सभी की गिरफ्तारी की गई है। मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है।

इस हमले में कई लोग घायल हो गए। मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस की सरकार ने शुक्रवार रात गाजीपुर जिले में छात्रों और आम लोगों पर हुए हमले के बाद शनिवार को “ऑपरेशन डेविल हंट” का आदेश दिया था। ‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ बांग्लादेश’ की खबर के अनुसार गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) चौधरी जाबेर सादिक ने कहा कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न हिस्सों से 40 लोगों को पकड़ा गया।

शेख हसीना के सभी चिन्हों को नष्ट करने का आरोप

पकड़े गए लोगों पर शुक्रवार की रात, अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के सभी चिह्नों को नष्ट करने और तोड़फोड़ करने का आरोप है। उस उग्र भीड़ के कारण कम से कम 14 लोग गाजीपुर शहर के दक्षिणखान इलाके में हमले की चपेट में आकर घायल हो गए। यह हिंसा पूर्व मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री मोजम्मेल हक के आवास पर हमले के दौरान हुई थी। इसके बाद हमलावरों की गिरफ्तारी का प्रयास तेज हो गया है। कार्यवाहक मोहम्मद यूनिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन डेविल हंट चलाया था।

न्यूयॉर्क: अमेरिका में बर्ड फ्लू का आया कहर, न्यूयॉर्क के चिड़ियाघरों में 15 पक्षियों की हुई मौत

अमेरिका में बर्ड फ्लू के डंक से दहशत फैल गई है। न्यूयॉर्क सिटी के दो चिड़ियाघरों में अब तक कम से कम 15 पक्षियों की मौत बर्ड फ्लू (एवियन फ्लू) से होने का संदेह है। इससे चिड़ियाघर के कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है। चिड़ियाघरों का संचालन करने वाले एक संस्था ने यह जानकारी दी। वन्यजीव संरक्षण सोसायटी के अनुसार, क्वींस चिड़ियाघर में तीन बत्तखों की मौत एवियन फ्लू से हुई।

मृत बत्तखों के नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। ब्रोंक्स चिड़ियाघर में भी नौ जंगली पक्षियों की शायद संक्रमण से मौत हुई। अधिकारियों ने कहा, ‘‘ पिछले दो सप्ताहों में हमने संकटग्रस्त पक्षी प्रजातियों को एहतियात के तौर पर पार्क के संरक्षित क्षेत्रों में स्थानांतरित कर दिया है।” राज्य के अधिकारियों ने शुक्रवार को मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के सभी पक्षी बाजारों को एक हफ्ते के लिए बंद करने का आदेश दिया। ब्रोंक्स, ब्रुकलिन और क्वींस में नियमित निरीक्षण के दौरान एवियन फ्लू के सात मामले मिलने के बाद यह फैसला लिया गया।

जन स्वास्थ्य को नहीं है खतरा

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने कहा कि फिलहाल इस वायरस से जन स्वास्थ्य को कोई खतरा नहीं है, लेकिन एहतियात के तौर पर पक्षी बाजारों को बंद करने का फैसला लिया गया है। एवियन फ्लू ने पूरे अमेरिका में कुक्कुट पालन क्षेत्र को प्रभावित किया है। फ्लू के कारण लाखों पक्षियों को मारना पड़ा और अंडों की कीमतों में वृद्धि देखी गई। ‘अमेरिकी सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन’ के अनुसार, यह वायरस आम जनता के लिए कम जोखिम वाला है। अब तक अमेरिका में बर्ड फ्लू के 67 मामलों की पुष्टि हुई है, लेकिन न्यूयॉर्क में कोई मामला नहीं है।

इस्लामाबाद: इमरान खान ने पाकिस्तानी सेना को दी नसीहत, “फौज को अपनी संवैधानिक सीमाओं में रहना चाहिए”

जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपने देश की सेना को एक खास नसीहत दी है। उन्होंने रविवार को सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर को एक खुला पत्र लिखा है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री ने सेना की गैरकानूनी कार्रवाइयों और राजनीति में इसकी भागीदारी की आलोचना की है। इसके साथ ही इमरान खान ने सेना से ‘‘अपनी संवैधानिक सीमाओं में लौटने’’ का आग्रह किया।

बता दें कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक खान ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए पत्र में जेल में दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है, जिसमें उन्हें 20 दिन तक मौत की सजा वाली कोठरी में एकांत कारावास में रखा गया, जहां सूर्य की रोशनी या बिजली की सुविधा भी नहीं थी।

1 साल से अधिक समय से जेल में हैं इमरान

बता दें कि इमरान खान एक वर्ष से अधिक समय से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। यह पत्र उनके तीन फरवरी के पहले पत्र के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सेना से राष्ट्रीय सुरक्षा और शासन के प्रति अपने दृष्टिकोण की समीक्षा करने का आग्रह किया था। पहले पत्र के बाद सुरक्षा सूत्रों ने कहा कि यह पत्र सेना को प्राप्त नहीं हुआ है तथा उन्होंने इस बारे में मीडिया में आई खबरों को खारिज किया था। ऐसा पहली बार नहीं है, जब इमरान ने सेना से सीधे मोर्चा लिया हो, इससे पहले भी कई बार वह सेना को आड़े हाथों ले चुके हैं।