Home Blog Page 925

ढाका:बांग्लादेश में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई ज्यादतियों पर कार्रवाई, 41 पूर्व अधिकारी गिरफ्तार

 बांग्लादेश में पुलिस ने 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व अधिकारी छात्रों के नेतृत्व वाले आंदोलन के दौरान अत्याचार करने के आरोपी 1,059 पूर्व पुलिसकर्मियों में शामिल हैं। सोमवार को मीडिया में आई खबरों में इस बारे में जानकारी दी गई है। इस आंदोलन की वजह से अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी और उन्हें देश से जाना पड़ा था।

कितने लोगों की हुई मौत

आरक्षण प्रणाली के खिलाफ छात्रों के भेदभाव विरोधी प्रदर्शन ने एक आंदोलन का रूप ले लिया था और हसीना की सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था। बीते साल जुलाई और अगस्त के बीच हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान करीब 1,400 लोगों की जान चली गई थी।

दर्ज कराए गए हैं सैकड़ों मामले

समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ ने पुलिस मुख्यालय के गुमनाम अधिकारियों के हवाले से कहा कि अत्याचारों के जीवित बचे पीड़ितों या मारे गए लोगों के परिवार के सदस्यों ने मुख्य कानून प्रवर्तन एजेंसी के 1,059 अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए थानों और अदालतों में सैकड़ों मामले दर्ज कराए हैं। पुलिस ने अब तक 41 पूर्व अधिकारियों को गिरफ्तार किया है।

इन अधिकारियों को किया गया गिरफ्तार

पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों में पुलिस के दो पूर्व महानिरीक्षक (आईजीपी) चौधरी अब्दुल्ला अल मामुन और एकेएन शाहिद-उल-हक और ढाका और दक्षिणपूर्वी बंदरगाह शहर चट्टोग्राम के पूर्व पुलिस आयुक्त – मोहम्मद असद-उज-जमां और मियां सैफ-उल- इस्लाम शामिल हैं। हक के अलावा ये अधिकारी हसीना के देश से चले जाने तक सेवारत थे।

देश छोड़कर भागे कुछ अधिकारी

सबसे अधिक 174 मामले ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त भगोड़े हारुन-उर- रशीद के खिलाफ दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार पूर्व आईजीपी अल मामून पर 159 मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस प्रमुख और एक पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी फरार हैं, जबकि माना जा रहा है कि उनमें से कुछ देश छोड़कर भाग गए हैं।

भारत और कतर संबंधों में आई नई ऊर्जा, पीएम मोदी ने एयरपोर्ट पर किया कतर के अमीर का गर्मजोशी से स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर कतर के अमीर शेख तमिम बिन हमद अल थानी का स्वागत किया। शेख तमिम बिन हमद अल थानी 17-18 फरवरी तक भारत की राज्य यात्रा पर आए हैं। इस यात्रा के दौरान, कतर के अमीर का विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का कार्यक्रम है।

कतर के अमीर के भारत आगमन पर प्रधानमंत्री मोदी ने एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से गले लगाकर स्वागत किया। पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “अपने भाई, कतर के अमीर महामहिम शेख तमीम बिन हमद अल थानी का स्वागत करने के लिए हवाई अड्डे पर गया। भारत में उनके सफल प्रवास की कामना करता हूं और कल होने वाली हमारी मुलाकात का इंतजार कर रहा हूं।”

दूसरी बार भारत दौरे पर आए हैं अल थानी 

बता दें कि कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी दूसरी बार भारत दौरे पर आए हैं। इससे पहले वह 2015 में भारत आए थे। भारत के दौरे पर आए कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।

क्या-क्या है कार्यक्रम?

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा था कि उनकी यात्रा विभिन्न क्षेत्रों में हमारी बढ़ती साझेदारी को और गति प्रदान करेगी। विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, विदेश मंत्री एस जयशंकर अल-थानी से मुलाकात करेंगे। मंगलवार की सुबह कतर के अमीर का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद ‘हैदराबाद हाउस’ में प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी बैठक होगी। इस बैठक में द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

मंगलवार दोपहर को सहमति पत्रों का आदान-प्रदान होगा, जिसके बाद कतर के अमीर राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाकात करेंगे। अल-थानी प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर भारत दौरे पर आए हैं। भारत और कतर के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं।

मॉस्को:यूक्रेन युद्ध पर बदले समीकरण? रूसी अधिकारी सऊदी अरब में अमेरिका संग करेंगे चर्चा

 शीर्ष रूसी अधिकारी अमेरिका के साथ संबंधों को बहाल करने और यूक्रेन के मुद्दे पर मंगलवार को सऊदी अरब में अमेरिकी समकक्षों के साथ वार्ता करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बैठक की तैयारियों पर भी बातचीत करेंगे।

बहाल होंगे अमेरिका-रूस संबंध

क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव और पुतिन के विदेश मामलों के सलाहकार यूरी उशाकोव मंगलवार को होने वाली वार्ता में भाग लेने के लिए सऊदी अरब की राजधानी के लिए उड़ान भरेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ता मुख्य रूप से ‘‘अमेरिका-रूस संबंधों को संपूर्ण रूप से बहाल करने’’ के साथ-साथ यूक्रेन समझौते पर संभावित वार्ता और दोनों राष्ट्रपतियों की बैठक की तैयारियों पर केंद्रित होगी।

डोनाल्ड ट्रंप ने दिया था संकेत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने ‘फॉक्स न्यूज संडे’ को बताया कि वह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइक वाल्ट्ज यूक्रेन मुद्दे पर बातचीत के लिए सऊदी अरब जाएंगे। राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले सप्ताह संकेत दिया था कि वह सऊदी अरब में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे।

समाप्त होगी रूस-यूक्रेन जंग?

इस बीच यहां यह भी बता दें कि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की संयुक्त अरब अमीरात पहुंचे हैं। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सऊदी अरब के दौरे पर अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे जो आगामी दिनों में रूसी अधिकारियों के साथ सीधी बातचीत करेगा। अमेरिका के एक अधिकारी ने बताया कि रुबियो की इस यात्रा का उद्देश्य रूस-यूक्रेन जंग को समाप्त कराना है।

WPL 2025 Updates : डिफेंडिंग चैंपियन का प्वाइंट्स टेबल में दबदबा बरकरार, मुंबई इंडियंस की स्थिति गंभीर

विमेंस प्रीमियर लीग यानी WPL के तीसरे सीजन का आगाज 14 फरवरी से हो गया है जिसमें अब तक तीन मुकाबले खेले जा चुके हैं और इसमें से शुरुआती 2 मैचों का अंत काफी रोमांचक देखने को मिला। स्मृति मंधाना की कप्तानी में खेल रही डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम ने इस सीजन के अपने पहले ही मैच में 200 से अधिक रनों के टारगेट का सफलतापूर्वक पीछा किया और WPL के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड भी बनाने का काम किया। वहीं हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियंस महिला टीम के लिए तीसरे सीजन की शुरुआत बिल्कुल भी उम्मीद के अनुसार नहीं रही और उन्हें अपने पहले मुकाबले में 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। अब तक सभी 5 टीमों ने कम से कम एक मुकाबला इस सीजन खेल लिया है ऐसे में हम आपको प्वाइंट्स टेबल की पूरी स्थिति तीन मैचों के बाद बताने जा रहे हैं।

आरसीबी की टीम पहले नंबर पर तो गुजरात दूसरे नंबर पर काबिज

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने WPL के तीसरे सीजन में अपना पहला मुकाबला गुजरात जाएंट्स की टीम के खिलाफ वडोदरा के मैदान पर खेला, जिसमें उन्हें 202 रनों का टारगेट मिला था और इसे उन्होंने सिर्फ 4 विकेट के नुकसान पर 18.3 ओवर्स में हासिल कर लिया। आरसीबी ने इस जीत के साथ जहां प्वाइंट्स टेबल में अपना खाता खोला तो वहीं उनका नेट रनरेट 0.869 का है। इसके बाद दूसरे नंबर पर गुजरात जाएंट्स की टीम है जिनको अपने पहले मैच में तो हार का सामना करना पड़ा लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने बेहतरीन वापसी करते हुए यूपी वॉरियर्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। गुजरात जाएंट्स के नेट रनरेट को लेकर बात की जाए तो वह 0.118 का है।

मुंबई इंडियंस चौथे स्थान पर, दिल्ली तीसरे नंबर पर

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने भी तीसरे सीजन की शुरुआत जीत के साथ की जिसमें उन्होंने अपने पहले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस की टीम को 2 विकेट से मात दी। इस मैच में उन्होंने आखिरी गेंद पर जीत हासिल की थी। दिल्ली कैपिटल्स का नेट रनरेट अभी 0.050 का है। इसके बाद चौथे नंबर पर WPL के पहले सीजन की विजेता टीम मुंबई इंडियंस है जिनको अपने पहले ही मुकाबले में करीबी हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस के नेट रनरेट को लेकर बात की जाए तो वह -0.050 का है। WPL के तीसरे सीजन की प्वाइंट्स टेबल में अभी अंतिम पायदान पर यूपी वॉरियर्स की टीम है जिनको अपने पहले मुकाबले में जहां एकतरफा हार का सामना करना पड़ा तो वहीं उनका नेट रनरेट भी -0.850 का है।

हेल्थ टिप्स :मेमोरी को तेज करने के लिए बादाम या अखरोट, इनमें से कौन है ज्यादा प्रभावी? एक्सपर्ट से जानें

स्वस्थ शरीर को बनाने के लिए ड्राई फ्रूट्स का सेवन करते हैं। याददाश्त बढ़ाने के लिए ज्यादातर लोग अखरोट या फिर बादाम खाते हैं। दोनों ही मेवे के दिमाग के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। इनमें ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो दिमाग को तेज और स्वस्थ बनाए रखता है। जब याददाश्त बढ़ाने की बात आती है, तो अखरोट को सबसे फायदेमंद माना जाता है। क्योंकि एक्सपर्ट ने बताया है कि अखरोट में ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनॉल की अधिक मात्रा है। लेकिन बादाम भी विटामिन ई और मैग्नीशियम के सबसे बेहतर स्त्रोत है, जो दिमाग के लिए सबसे बढ़िया होता है।

अखरोट में पाए जाने वाले पोषक तत्व

अखरोट में सबसे ज्यादा पोषक तत्व पाएं जाते हैं। इसमें ओमेग-3 फैटी एसिड (2.5 प्रति औंस) ज्यादा होता है, जो कि दिमाग के लिए काफी फायदेमंद है। अखरोट में एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनॉल अधिक होते हैं, जो दिल और दिमाग की सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं। अखरोट में पॉलीअनसैचुरेटेड फैट्स सबसे ज्यादा होते है, जो दिमाग के लिए लाभकारी है।

बादाम में पाए जाने वाले पोषक तत्व

बादाम में विटामिन ई (7.3 मिलीग्राम बनाम अखरोट में 0.7 मिलीग्राम) ज्यादा होता है, जो दिमाग और त्वचा के लिए अच्छे माने जाते हैं। वहीं, बादाम में कैलोरी और फैट (4 ग्राम होता है जबकि अखरोट में 18 ग्राम) कम होते हैं। बादाम के अंदर पाया जाने वाला प्रोटीन की बात करें, तो इसमें ( 6 ग्राम बनाम अखरोट में 4 ग्राम) और मैग्नीशियम ( 76 मिलीग्राम बनाम अखरोट में 45 मिलीग्राम) ज्यादा होत है, जो कि मांसपेशियां और नसों के लिए फायदेमंद होता है।

अखरोट बनाम बादाम

आमतौर पर अखरोट में ALA (प्लांट-बेस्ड ओमेगा-3 फैटी एसिड ) पाया जाता है, जो दिमाग के लिए सबसे बढ़िया माना जाता है। शोध के मुताबिक, अखरोट में पाए जाने वाला ओमेगा-3 से याददाश्त, सीखने की क्षमता और दिमागी प्रदर्शन बेहतर होता है। इतना ही नहीं, अखरोट में एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है, जो दिमाग की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं और सूजन को कम करते हैं। जबकि, बादाम में विटामिन ई होता है, जो दिमाग की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाता है। बादाम के सेवन से, इसमें पाए जाने वाले मैग्नीशियम दिमाग की नसों को मजबूत करते हैं औऱ मेमोरी को बढ़ाता है। इसमें राइबोफ्लेविन ( विटामिन B2) और L-कार्निटाइन दिमाग की कार्यक्षमता को सुधारने में मदद करता है। इसके साथ ही दिमाग की कमजोरी को दूर करता है।

अखरोट या बादाम, क्या खाएं

वैसे तो अखरोट और बादाम दोनो ही दिमाग के लिए सबसे बढ़िया है। अगर याददाश्त बढ़ाने केलिए अखरोट ज्यादा फायदेमंद होता है, क्योंकि इसमें ओमेगा-3, एंटीऑक्सीडेंट और पॉलीफेनॉल अधिक मात्रा में पाया जाता है। जबकि दोनो ही ड्राई फ्रूट को रोजाना खाने से दिमाग को जरुर न्यूट्रिशन प्राप्त होंगे, इससे आपका दिमाग तेज होगा।